होम / टीवी / कोरोना से ‘जंग’ में BBC भी कूदा, इस तरह निभा रहा अपनी भूमिका
कोरोना से ‘जंग’ में BBC भी कूदा, इस तरह निभा रहा अपनी भूमिका
कोरोना वायरस से निपटने में सरकारी संगठनों द्वारा उठाए गए कदमों को समर्थन देने के लिए ‘बीबीसी ग्लोबल न्यूज’ (BBC Global News) ने बड़ा फैसला लिया है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
कोरोना वायरस से निपटने में सरकारी संगठनों द्वारा उठाए गए कदमों को समर्थन देने के लिए ‘बीबीसी ग्लोबल न्यूज’ (BBC Global News) ने बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत ‘बीबीसी ग्लोबल न्यूज’ ने कोरोना संकट से संबंधित सार्वजनिक स्वास्थ्य संदेश (public health messages) देने वाले विज्ञापनों को 20 प्रतिशत तक मुफ्त विज्ञापन स्पेस (free ad space) देने की घोषणा की है।
कहा गया है कि ऐसे प्रमुख संस्थान और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, जो लोगों को कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के बारे में बीबीसी टीवी के माध्यम से अथवा इसके ऑनलाइन ऑडियंस के बीच किसी तरह का जागरूकता संदेश देना चाहते हैं, वे बीबीसी ग्लोबल न्यूज की एडवर्टाइजिंग टीम (internationalsales@bbc.com) से संपर्क कर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
इस बारे में बीबीस ग्लोबल न्यूज के सीईओ जिम एगान (Jim Egan) का कहना है, ‘पूरी दुनिया में आए इस संकट दौरान जब लोगों को विश्वसनीय खबरें चाहिए, हमारा काम उन्हें यह जानकारी देना है, लेकिन इस नाजुक समय में यदि हम जनस्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी एजेंसियों को सपोर्ट कर सकें तो मुझे लगता है कि हमें उनकी मदद की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।’
लोगों की बढ़ती मांग पर ‘बीबीसी ग्लोबल न्यूज’ द्वारा इन दिनों कोरोना संबंधित कंटेंट उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके तहत कई नए प्रोग्राम्स शामिल किए गए हैं, जिनके द्वारा बताया जा रहा है कि कोरोना कैसे फैलता है, इसके संक्रमण को किस तरह फैलने से रोका जा सकता है और कैसे लोग इससे खुद का बचाव कर सकते हैं। इसके अलावा कोरोना के बारे में जागरूक करने के साथ ही ताजा अपडेट्स के लिए प्रोग्राम शुरू किए गए हैं। बता दें कि ‘बीबीसी ग्लोबल न्यूज’ के तहत बीबीसी के इंटरनेशनल न्यूज चैनल ‘BBC World News’ और ‘BBC.com’ का संचालन किया जाता है।
टैग्स फेक न्यूज बीबीसी कोरोना वायरस कोविड-19 जिम एगान