होम / टीवी / इन तीन पत्रकारों ने लूट ली इस हफ्ते पूरे देश की मीडिया की ‘महफिल’
इन तीन पत्रकारों ने लूट ली इस हफ्ते पूरे देश की मीडिया की ‘महफिल’
इस हफ्ते हैदराबाद रेप केस के अलावा दो बड़ी राजनीतिक खबरें रहीं, जिनको लेकर पूरे देश में राजनीतिक घमासान मचा रहा
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
इस हफ्ते हैदराबाद रेप केस के अलावा दो बड़ी राजनीतिक खबरें रहीं, जिनको लेकर पूरे देश में राजनीतिक घमासान मचा रहा। ये दो खबरें थीं शरद पवार का मोदी के बारे में बयान और राहुल बजाज का अमित शाह के सामने सरकार को घेरना, खासतौर पर साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के मुद्दे को लेकर। ऐसे में उन तीन पत्रकारों का जिक्र होना बेहद जरूरी है, जो इन दोनों खबरों से जुड़े हुए हैं। जिनके सवालों की वजह से यह खबरें इतनी बड़ी बनीं, यहां तक कि उनके विरोधी चैनल्स और अखबारों ने भी इन्हें ब्रेकिंग के साथ चलाया।
यह तीनों पत्रकार है ‘एबीपी न्यूज’ के राजनीतिक संपादक पंकज झा, ‘एबीपी मांझा’ के मैनेजिंग एडिटर ‘राजीव खांडेकर’ और ‘न्यूज24’ के ब्यूरो चीफ अमित कुमार। शरद पवार ने यह खुलासा किया था कि पीएम मोदी ने किसानों के मुद्दे पर उनके साथ मीटिंग करने के बाद उन्हें अपने साथ हाथ मिलाने का ऑफर दिया था और सुप्रिया सुले को केंद्रीय मंत्री पद तक का ऑफर दिया था, लेकिन शरद पवार ने विनम्रता के साथ इनकार कर दिया। जाहिर है कि इतनी बड़ी खबर को बाकी चैनल्स, अखबार और मीडिया वेबसाइट्स चलाए बिना रह न सके और वह भी बाकायदा ‘एबीपी न्यूज’ को क्रेडिट देने के साथ। शरद पवार का इंटरव्यू ‘एबीपी मांझा’ के राजीव खांडेकर और ‘एबीपी न्यूज’ के पंकज झा ने किया था, ऐसे में दोनों को इस बड़े ‘राजनीतिक तूफान’ का क्रेडिट मिलना चाहिए।
इसी तरह उद्योगपति राहुल बजाज ने जब एक कार्यक्रम में गृहमंत्री अमित शाह के सामने देश में बढ़ती असहिष्णुता को लेकर सवाल उठाया, साथ ही साध्वी प्रज्ञा को लेकर भी सरकार को घेरा और कहा एक तरफ तो वो नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताती हैं और पीएम कहते हैं कि उसे कभी मन से माफ नहीं करेंगे और दूसरी तरफ आप उसे रक्षा मामलों की समिति में सदस्य चुन लेते हैं। ऐसे में अमित शाह ने बताया कि प्रज्ञा ठाकुर को उस समिति से हटा दिया गया है और बीजेपी संसदीय पार्टी की मीटिंग में शामिल होने पर रोक लगा दी गई है।
ऐसे में तमाम पत्रकारों ने राहुल बजाज के सवाल के लिए ‘न्यूज24’ के ब्यूरो चीफ अमित कुमार को क्रेडिट दिया। दरअसल, अमित कुमार ने 2019 के चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी से इंटरव्यू के दौरान साध्वी प्रज्ञा को लेकर सवाल पूछा था कि वह गोडसे को देशभक्त बताती हैं। मोदी ने इसी इंटरव्यू में कहा था कि वे साध्वी को मन से कभी माफ नहीं कर पाएंगे और ये वो इकलौता बयान है जो मोदी ने साध्वी प्रज्ञा को लेकर दिया है। बार-बार मीडिया अमित कुमार के उसी इंटरव्यू में दिए गए मोदी के बयान को दोहराती है। विपक्ष भी इसी आरोप को उनके इंटरव्यू से उठाता है। राहुल बजाज ने भी इंटरव्यू की उसी लाइन को उठाया और सवाल पूछा। पंकज झा और राजीव खांडेकर के साथ-साथ अमित कुमार को इस हफ्ते की दो बड़ी राजनीतिक खबरों से जुड़े रहने के लिए समाचार4मीडिया की तरफ से ढेरों बधाइयां।
टैग्स पंकज झा राजीव खांडेकर अमित कुमार