होम / टीवी / ‘रॉकेट्री’ से जुड़े सवाल पर भावुक हुए आर. माधवन, कही ये बात
‘रॉकेट्री’ से जुड़े सवाल पर भावुक हुए आर. माधवन, कही ये बात
‘एबीपी न्यूज‘ पर रात आठ बजे प्रसारित होने वाले वीकेंड शो ‘प्रेस कॉन्फ्रेंस’ में फिल्म समीक्षक दीपक दुआ ने 16 जुलाई की रात आर. माधवन से उनकी हालिया फिल्म ‘रॉकेट्री’ को लेकर कई सवाल पूछे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
‘एबीपी न्यूज‘ के साप्ताहिक शो ‘प्रेस कॉन्फ्रेंस’ में अभिनेता-निर्देशक आर.माधवन अपनी फिल्म ‘रॉकेट्री’ से जुड़े एक सवाल पर बेहद भावुक और कृतज्ञ दिखाई दिए। फिल्म समीक्षक दीपक दुआ ने जब उनसे कहा कि जब यह फिल्म खत्म होती है तो हमें अपने अंदर गिल्टी महसूस होती है, अपराध बोध का अहसास होता है, तो माधवन ने जवाब दिया कि एक फिल्म मेकर के तौर पर मेरे लिए इससे बड़ा कोई कॉम्प्लीमेंट हो ही नहीं सकता। यह जो आप कह रहे हो न कि आपको गिल्टी महसूस होती है, यही हमारे देश की खासियत है। गिल्टी महसूस होना ही, मतलब बहुत बड़ा काम हमने कर लिया इस पिक्चर के दौरान।
16 जुलाई, शनिवार रात आठ बजे प्रसारित होने वाले इस एपिसोड में आर. माधवन से उनकी हालिया फिल्म ‘रॉकेट्री’ को लेकर कई सवाल पूछे गए। बता दें कि इस वीकेंड शो को रात आठ बजे वरिष्ठ टीवी पत्रकार सुमित अवस्थी होस्ट करते हैं।
यह फिल्म भारत के मेधावी रॉकेट साइंटिस्ट नंबी नारायण के जीवन पर आधारित है, जिन्होंने भारत के स्पेस प्रोग्राम को आगे ले जाने में अपना जीवन लगा दिया लेकिन 1994 में एक दिन केरल पुलिस ने उन्हें इस आरोप के साथ गिरफ्तार कर लिया था कि उन्होंने अपनी एक महिला मित्र के जरिए पाकिस्तान को खुफिया जानकारी बेची। हालांकि बाद में उन पर लगे आरोप झूठे साबित हुए लेकिन इस वजह से भारत का स्पेस प्रोग्राम काफी पीछे चला गया।
नंबी नारायण की इस कहानी को‘रॉकेट्री’ के जरिए सामने लाकर आर. माधवन ने इस फिल्म से बतौर निर्देशक भी अपनी पारी शुरू की है। इस फिल्म की समीक्षाओं में भी इसे बेहद सराहा गया है। फिल्म समीक्षक दीपक दुआ ने तो अपनी समीक्षा में यहां तक लिखा कि यह फिल्म एक से अधिक राष्ट्रीय पुरस्कारों की हकदार है। उससे भी बढ़कर यह फिल्म इस राष्ट्र के लोगों द्वारा देखे जाने की हकदार है। इसे देखिए ताकि अगली बार जब देश को महान बनाने वाले किसी शख्स पर आंच आए तो आप चुप न रहें क्योंकि कई बार लोगों की चुप्पी की कीमत देश को चुकानी पड़ती है।
इसी विषय पर उठाए गए एक सवाल के जवाब में माधवन ने माना कि यदि लोगों को इस फिल्म को देखने के बाद अपने भीतर अपराधबोध का अहसास हो रहा है तो यह इस फिल्म की और बतौर फिल्मकार उनकी सफलता है। आप आज रात आठ बजे ‘एबीपी न्यूज‘ पर इस एपिसोड को देख सकते हैं।
टैग्स एबीपी न्यूज सुमित अवस्थी टीवी शो आर. माधवन प्रेस कॉफ्रेंस रॉकेट्री दीपक दुआ