होम / टीवी / आजतक ने राजनीतिक पूर्वाग्रह पर कुछ इस तरह साधा ‘निशाना’
आजतक ने राजनीतिक पूर्वाग्रह पर कुछ इस तरह साधा ‘निशाना’
‘आजतक सबसे तेज’ कैंपेन के तहत प्रदीप सरकार के निर्देशन में बनी पांचवी फिल्म ‘जरा झुक के’ (Zara Jhuk Ke) लॉन्च कर दी गई है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
अपनी लॉन्चिंग के 20 साल पूरे होने पर हिंदी न्यूज चैनल ‘आजतक’ (AajTak) द्वारा चलाए जा रहे ‘आजतक सबसे तेज’ (AajTakSabseTez) कैंपेन के तहत सीरीज की पांचवी फिल्म ‘जरा झुक के’ (Zara Jhuk Ke) लॉन्च कर दी गई है।
इस फिल्म के जरिये वरिष्ठ पत्रकार चित्रा त्रिपाठी बताती हैं कि आजकल तमाम न्यूज चैनल्स की रिपोर्टिंग में किस तरह राजनीतिक झुकाव और पक्षपात दिखता है, दूसरी ओर आजतक का इस तरह की चीजों से दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं है। इस फिल्म के जरिये बताया गया है कि आजतक बिना किसी राजनीतिक झुकाव के सीधे-सीधे रिपोर्टिंग में विश्वास करता है।
बता दें कि ‘आजतक’ द्वारा पिछले दिनों शुरू किया गया यह कैंपेन देश में मौजूदा समाचार चैनलों के माहौल पर तीखा और दिलचस्प व्यंग्य करता है। जाने-माने लेखक व निर्देशक प्रदीप सरकार के निर्देशन में बने #AajTakSabseTez कैंपेन में पांच छोटी फिल्में हैं। इस सीरीज की चार फिल्में 'सच का बैंड', 'अचार गली' (Achaar Gully), 'अफवाह' (Afwaah) और ‘खबरिस्तान’ (Khabaristan) शीर्षक से पिछले दिनों रिलीज हो चुकी हैं।
'सच का बैंड' में दिखाया गया है कि ‘आजतक’ किस तरह सच्चाई से खिलवाड़ करने वालों का बैंड बजाता है और सिर्फ सच्ची खबरें ही दिखाता है। वहीं, 'अचार गली' (Achaar Gully) फिल्म के जरिये दिखाया गया है कि कैसे ‘आजतक’ मसालेदार खबरें दिखाने में विश्वास नहीं करता और तमाम न्यूज चैनल्स द्वारा अपनाए जाने वाले इस तरह के ट्रेंड से बिल्कुल अलग होकर काम करता है। 'अफवाह' शीर्षक से जारी फिल्म खबरों के नाम पर तमाम न्यूज चैनल्स द्वारा अफवाहें दिखाने वाले चलन पर व्यंग्य करती है।
इस फिल्म के जरिये जानी-मानी न्यूज एंकर अंजना ओम कश्यप बताती हैं कि ‘आजतक’ में अफवाहों के लिए कोई जगह नहीं है और वह सिर्फ सही व प्रामाणिक खबरें दिखाने में विश्वास रखता है। इसके अलावा ‘खबरिस्तान’ के जरिये वरिष्ठ पत्रकार शम्स ताहिर खान खबरों में सनसनीखेज की बढ़ती संस्कृति और सच्चाई से पर्दा उठाते हैं। वह बताते हैं कि तमाम चैनल्स द्वारा चाहे जितनी भी सच की झूठी और सनसनीखेज कहानियां बना ली जाएं, लेकिन आजतक हमेशा सच्चाई को सामने लाता है।
कैंपेन के तहत जारी पांचवी फिल्म 'जरा झुक के' को आप यहां देख सकते हैं।
टैग्स चित्रा त्रिपाठी सबसे तेज कैंपेन प्रदीप सरकार जरा झुक के