पंचायत सीजन 5 का इंतजार बढ़ा : प्राइम वीडियो ने दिया बड़ा अपडेट

पंचायत 5 का इंतजार कर रहे दर्शकों को झटका लगा है। प्राइम वीडियो ने साफ कर दिया है कि जितेंद्र कुमार की यह लोकप्रिय वेब सीरीज 2026 में रिलीज नहीं होगी।

Last Modified:
Monday, 16 November, 2026
panchayatseason5


लोकप्रिय वेब सीरीज 'पंचायत' के पांचवें सीजन का इंतजार कर रहे दर्शकों को अभी थोड़ा और रुकना होगा। प्राइम वीडियो (Prime Video) ने साफ कर दिया है कि 'पंचायत 5' इस साल रिलीज नहीं होगी।

प्लेटफॉर्म ने 15 नवंबर को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करके इसकी जानकारी दी। पोस्ट में बनराकस के किरदार में नजर आने वाले अभिनेता दुर्गेश कुमार की तस्वीर भी दिखाई गई।

मेकर्स ने पोस्ट के साथ लिखा कि पंचायत का अगला सीजन फिलहाल कैद है। इसके साथ ही स्पष्ट किया कि पांचवां सीजन 2026 में नहीं आएगा। हालांकि, इसकी नई रिलीज डेट की घोषणा अभी नहीं की गई है।

सीरीज के अगले सीजन में फुलेरा गांव की बदली हुई राजनीति देखने को मिलेगी। पिछले सीजन में क्रांति देवी नई प्रधान बनी थीं, जबकि प्रधान जी और मंजू देवी को हार का सामना करना पड़ा था।

अब अभिषेक त्रिपाठी यानी सचिव जी को नए नेतृत्व के बीच काम करना होगा। वह एमबीए की पढ़ाई की तैयारी भी करेंगे, लेकिन इससे पहले गांव के कुछ अधूरे मामले सुलझाने होंगे।

इस सीरीज में जितेंद्र कुमार, नीना गुप्ता, रघुबीर यादव और दुर्गेश कुमार जैसे कलाकार नजर आते हैं। फिलहाल दर्शकों को सचिव जी और फुलेरा की टोली की वापसी के लिए आधिकारिक रिलीज डेट का इंतजार करना होगा।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

अमिताभ बच्चन के घर के बाहर हमले का प्लान : गैंगस्टर के दो गुर्गे गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने दो शूटर गिरफ्तार किए। मुंबई में एक अभिनेता के घर के बाहर फायरिंग की कथित योजना सामने आई। मीडिया रिपोर्टों में अमिताभ बच्चन का नाम भी सामने आया है।

Last Modified:
Monday, 16 November, 2026
amitabh

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस (Delhi Police) की स्पेशल सेल (Special Cell) ने मुंबई स्थित उनके बंगले 'जलसा' के बाहर गोलीबारी की कथित साजिश के सिलसिले में दो शूटरों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी एक विदेशी गैंगस्टर के निर्देश पर मुंबई के एक बड़े अभिनेता को निशाना बनाने की तैयारी कर रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास ठाकुर उर्फ विक्की और दीपक सिंह उर्फ दीप के रूप में हुई है। विकास को दिल्ली से, जबकि दीपक को मुंबई से पकड़ा गया।

पुलिस के मुताबिक, विकास दिल्ली के एक कारोबारी से रंगदारी वसूलने के लिए उसके घर पर फायरिंग करने की योजना में भी शामिल था। उसकी गिरफ्तारी के बाद मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मुंबई में छिपे दीपक को गिरफ्तार किया।

मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, विदेश में बैठे गैंगस्टर ने 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े अमिताभ बच्चन के कथित बयान को लेकर नाराजगी जताई थी। इसी वजह से अभिनेता के घर के बाहर गोलीबारी करने का निर्देश दिया गया था। हालांकि, अमिताभ बच्चन पहले भी इन आरोपों से इनकार कर चुके हैं।

दीपक सिंह अमृतसर में 3 अक्टूबर को इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में भी वांछित था। पुलिस के अनुसार, इस मामले में उसका साथी पलविंदर उर्फ काका पहले ही गिरफ्तार हो चुका है।

मामले के सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ने अमिताभ बच्चन के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। अतिरिक्त बैरिकेडिंग भी की गई है। इस बीच अमिताभ ने सोशल मीडिया पर 'बच गए' लिखकर एक पोस्ट साझा की, हालांकि उन्होंने इसका कोई संदर्भ नहीं बताया। यह भी स्पष्ट नहीं है कि उनका पोस्ट इस मामले से जुड़ा था या नहीं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

शरद कपूर की मदद को आगे आए सोनू सूद : सलमान खान ने भी बढ़ाया हाथ

अभिनेता शरद कपूर की मदद के लिए सोनू सूद आगे आए हैं। सलमान खान ने भी संपर्क किया है। शरद को हॉलीवुड फिल्म का ऑफर मिला है, जिसकी शूटिंग जनवरी में शुरू होगी।

Last Modified:
Monday, 16 November, 2026
salmankhan

फिल्म 'जोश' में शाहरुख खान के साथ नजर आ चुके अभिनेता शरद कपूर इन दिनों अपने करियर को दोबारा पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से काम देने की अपील की थी। अब उनकी मदद के लिए सोनू सूद आगे आए हैं। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सलमान खान ने भी उनसे संपर्क किया है।

कुछ मीडिया रिपोर्टस के अनुसार, सोनू सूद (Sonu Sood) ने रविवार को शरद कपूर (Sharad Kapoor) से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शरद को मेडिकल सहायता देने के साथ अपने एक आगामी बॉलीवुड प्रोजेक्ट में काम देने की संभावना पर भी बातचीत की। इससे पहले सोनू ने उनके इलाज के लिए डॉक्टरों की टीम और जरूरी मेडिकल सुविधाओं का इंतजाम करने की बात भी कही थी।

इस बीच सलमान खान (Salman Khan) ने शरद कपूर से बात कर उनका हालचाल जाना और आर्थिक मदद का भरोसा दिया है। हालांकि, शरद ने स्पष्ट किया है कि उनका वीडियो आर्थिक सहायता मांगने के लिए नहीं था। वह मुख्य रूप से दोबारा काम करना चाहते हैं।

इस बीच शरद कपूर ने खुलासा किया है कि उन्हें एक हॉलीवुड फिल्म का ऑफर मिला है। हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि जनवरी 2027 में इसकी शूटिंग शुरू करने की योजना है। पैर की चोट से पूरी तरह ठीक होने के बाद वह बॉलीवुड में भी काम जारी रखना चाहते हैं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

कंगना रनौत की नई हॉरर फिल्म का ऐलान : राणा दग्गुबाती ने जारी किया पहला पोस्टर

कंगना रनौत की नई हॉरर फिल्म स्केरी पिक्चर का ऐलान हो गया है। राणा दग्गुबाती ने पहला पोस्टर जारी किया है। फिल्म 2027 में रिलीज होगी।

Last Modified:
Friday, 13 November, 2026
kangna

बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत (Kangana Ranaut) एक बार फिर हॉरर जॉनर में वापसी करने जा रही हैं। उनकी अगली फिल्म का नाम 'स्केरी पिक्चर' (Scary Picture) रखा गया है।

इस प्रोजेक्ट की जानकारी अभिनेता राणा दग्गुबाती (Rana Daggubati) ने साझा की है। उन्होंने फिल्म का पहला लुक पोस्टर भी जारी किया, जिसके साथ दर्शकों को इस नई हॉरर फिल्म की झलक मिली है।

इस फिल्म के निर्माण की जिम्मेदारी मशहूर निर्माता सुरेश बाबू (Suresh Babu) ने संभाली है। इसका निर्माण सुरेश प्रोडक्शन (Suresh Productions) के बैनर तले किया जा रहा है, जबकि फ्लाइंग फ्रॉग्स प्रोडक्शन (Flying Frogs Productions) भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा है। फिल्म का निर्देशन रवि बाबू (Ravi Babu) कर रहे हैं।

'स्केरी पिक्चर' को अगले साल यानी 2027 में रिलीज करने की तैयारी है। फिल्म का पहला पोस्टर साझा करते हुए राणा दग्गुबाती ने इसे एक नए डरावने अनुभव की शुरुआत बताया।

कंगना रनौत के लिए हॉरर फिल्मों का जॉनर नया नहीं है। वह इससे पहले 2009 में रिलीज हुई इमरान हाशमी (Emraan Hashmi) की फिल्म 'राज: द मिस्ट्री कंटीन्यूज' में नजर आई थीं।

इसके बाद 2023 में उन्होंने दक्षिण भारतीय फिल्म 'चंद्रमुखी 2' में काम किया। अब 'स्केरी पिक्चर' के साथ अभिनेत्री एक बार फिर डर और रहस्य से भरी कहानी का हिस्सा बनने जा रही हैं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

यश के साथ इंटीमेट सीन पर क्या बोले सिद्धार्थ मल्होत्रा? कियारा ने किया खुलासा

कियारा आडवाणी ने कॉफी विद करण में फिल्म टॉक्सिक के इंटीमेट सीन पर हुई ट्रोलिंग और पति सिद्धार्थ मल्होत्रा की प्रतिक्रिया को लेकर खुलकर बात की और अपना पक्ष रखा।

Last Modified:
Thursday, 12 November, 2026
kiyara

अभिनेत्री कियारा आडवाणी (Kiara Advani) और सिद्धार्थ मल्होत्रा (Sidharth Malhotra) हाल ही में कॉफी विद करण (Koffee with Karan) के 9वें सीजन में पहुंचे।

शो के दौरान कियारा ने फिल्म 'टॉक्सिक' में यश (Yash) के साथ अपने इंटीमेट सीन को लेकर हुई सोशल मीडिया ट्रोलिंग पर बात की। इस सीन को लेकर अभिनेत्री की काफी आलोचना हुई थी। अब उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले पर सिद्धार्थ की क्या प्रतिक्रिया थी।

करण जौहर (Karan Johar) से बातचीत में कियारा ने बताया कि सिद्धार्थ ने इस मामले को कभी परेशानी नहीं माना। उन्होंने न तो इस बारे में कोई सवाल किया और न ही दोनों के बीच इस विषय पर कभी चर्चा हुई।

कियारा ने कहा, "उन्हें इसकी परवाह नहीं थी। उन्होंने कभी इस बारे में बात नहीं की। हमने इस पर कभी चर्चा भी नहीं की। इसका उन पर कभी कोई असर नहीं पड़ा और न वो इसे लेकर परेशान थे।"

अभिनेत्री ने यह भी स्वीकार किया कि सिनेमा में महिलाओं को इस तरह की आलोचनाओं का सामना लंबे समय से करना पड़ता रहा है।

सोशल मीडिया पर हुई आलोचना को लेकर कियारा ने कहा कि यह सिलसिला कई सालों और दशकों से चला आ रहा है। उन्होंने ऐश्वर्या समेत कई शानदार अभिनेत्रियों का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्हें भी इस तरह की बातों का सामना करना पड़ा है।

कियारा के मुताबिक, उस समय उन्हें अपनी ओर से सफाई देने की जरूरत महसूस नहीं हुई। इंटरनेट पर कई लोग पहले ही इस दोहरे रवैये के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। इसलिए उन्होंने आलोचनाओं को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

अपनी पत्नी अन्ना लेझनेवा से अलग होंगे अभिनेता पवन कल्याण

अभिनेता और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण पत्नी अन्ना लेझनेवा से शादी के 13 साल बाद अलग होंगे। दोनों ने साझा बयान में बच्चों की परवरिश मिलकर करने की बात कही।

Last Modified:
Tuesday, 10 November, 2026
pawankalyan

दक्षिण भारतीय सिनेमा के अभिनेता और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण (Pawan Kalyan) अपनी पत्नी अन्ना लेझनेवा (Anna Lezhneva) से अलग होने जा रहे हैं। शादी के 13 साल बाद दोनों ने आपसी सहमति से यह फैसला लिया है।

अपने बयान में पवन और अन्ना ने लिखा, 'हमने अपनी जिंदगी का एक अहम हिस्सा साथ बिताया है। अब आपसी सहमति और सम्मान के साथ अलग होने का फैसला लिया है। भले ही हमारा वैवाहिक रिश्ता खत्म हो गया है, लेकिन हम अच्छे दोस्त बने रहेंगे और अपने बच्चों की परवरिश मिलकर करेंगे। उनकी खुशी और भलाई हमेशा हमारी पहली प्राथमिकता रहेगी। इस मुश्किल समय में हम सभी से हमारी निजी जिंदगी का सम्मान करने की अपील करते हैं।'

पवन कल्याण और अन्ना लेझनेवा के अलग होने की अफवाहें पहली बार 2023 में सामने आई थीं। हालांकि, बाद में अन्ना कई पारिवारिक कार्यक्रमों और पवन की चुनावी जीत से जुड़े समारोहों में उनके साथ नजर आई थीं। इसके बाद अलग होने की खबरों पर विराम लग गया था।

अन्ना रूस की मॉडल और अभिनेत्री हैं। पवन कल्याण से उनकी मुलाकात 2011 में फिल्म 'तीन मार' (Teen Maar) के सेट पर हुई थी। दोनों ने 30 सितंबर, 2013 को हैदराबाद में शादी की थी। उनके दो बच्चे हैं, जिनके नाम मार्क शंकर और पोलेना अंजना हैं।

पवन कल्याण की यह तीसरी शादी थी। इससे पहले उन्होंने 1997 में नंदिनी से शादी की थी, जो 2008 में तलाक के साथ खत्म हुई। इसके बाद 2009 में उन्होंने रेणु देसाई से शादी की। इस रिश्ते से उनके दो बच्चे हैं और 2012 में दोनों का तलाक हो गया था।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

रामायण ने भारत में कमाए 238 करोड़ : विदेशी बाजार में भी मजबूत पकड़

रणबीर कपूर की फिल्म रामायण ने रिलीज के चार दिनों में दुनियाभर में 499.20 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। फिल्म भारत और विदेशी बाजार में शानदार प्रदर्शन कर रही है।

Last Modified:
Monday, 09 November, 2026
ramayana

रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण: भाग 1' बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के चार दिन पूरे होने के बाद फिल्म की दुनियाभर में कुल कमाई 499.20 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। इस तरह फिल्म 500 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने से बस कुछ कदम दूर है।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी यह फिल्म भारत में हिंदी समेत पांच भाषाओं में रिलीज हुई है। फिल्म में यश की मौजूदगी का फायदा कन्नड़ संस्करण की कमाई में भी देखने को मिल रहा है।

रिलीज के चौथे दिन यानी रविवार को फिल्म ने भारत में 56.15 करोड़ रुपये कमाए। इसमें हिंदी संस्करण की 17,755 शो से 36.75 करोड़ रुपये की कमाई शामिल है। वहीं, कन्नड़ में 910 शो से 7.25 करोड़ रुपये, तेलुगु में 6.25 करोड़, तमिल में 3.15 करोड़ और मलयालम में 2.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ।

इससे पहले फिल्म ने तीसरे दिन 69.80 करोड़ रुपये, दूसरे दिन 48.05 करोड़ रुपये और पहले दिन 64.85 करोड़ रुपये कमाए थे। इस तरह भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 238.85 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 285.20 करोड़ रुपये हो गया है।

विदेशी बाजार में भी फिल्म को अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। चौथे दिन फिल्म ने विदेशों में 45 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ ही इसका कुल विदेशी कलेक्शन 214 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। भारत और विदेश की कमाई मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 499.20 करोड़ रुपये हो गया है।

फिल्म में रणबीर कपूर के साथ साई पल्लवी, यश, रवि दुबे, अरुण गोविल, लारा दत्ता और रकुल प्रीत सिंह समेत कई कलाकार नजर आ रहे हैं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

इमरान हाशमी की हॉरर फिल्म ‘रूह’ का पहला मोशन पोस्टर जारी

इमरान हाशमी की म्यूजिकल हॉरर फिल्म ‘रूह’ का पहला मोशन पोस्टर जारी हो गया है। मयंक शर्मा निर्देशित फिल्म 2027 में हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज होगी।

Last Modified:
Tuesday, 03 November, 2026
rooh

इमरान हाशमी (Emraan Hashmi) की म्यूजिकल-हॉरर फिल्म ‘रूह’ का पहला मोशन पोस्टर निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर जारी कर दिया है। फिल्म का ऐलान इसी साल जून में हुआ था। मयंक शर्मा (Mayank Sharma) के निर्देशन में बनी यह सुपरनैचुरल-थ्रिलर इमरान की हॉरर जॉनर में वापसी है।

इससे पहले इमरान हाशमी ‘राज 2’ और ‘एक थी डायन’ जैसी फिल्मों में हॉरर जॉनर का हिस्सा रह चुके हैं। ‘रूह’ का निर्माण टिप्स फिल्म्स (Tips Films) और विकेड फिल्म्स (Wicked Films) के सहयोग से किया जा रहा है। फिल्म की पटकथा मयंक शर्मा और विशाल कपूर (Vishal Kapoor) ने मिलकर लिखी है।

मोशन पोस्टर में एक घना और रहस्यमयी जंगल दिखाई देता है। एक पेड़ के पीछे इमरान हाशमी लंबे बालों में डरावने अंदाज में नजर आते हैं। बैकग्राउंड में तेज और डरावना म्यूजिक सुनाई देता है। पोस्टर के साथ कैप्शन में लिखा गया है, ‘डर जितना गहरा होगा। म्यूजिक उतना ही बड़ा होगा।’

फिलहाल फिल्म की कहानी और बाकी कलाकारों से जुड़ी जानकारी को गुप्त रखा गया है। ‘रूह’ हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में 2027 में रिलीज होगी।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

IIFA 2026 में Jio Studios का जलवा, 'धुरंधर' ने जीते सबसे ज्यादा 12 अवॉर्ड

IIFA 2026 में Jio Studios ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 15 अवॉर्ड अपने नाम किए हैं। इस बार स्टूडियो की फिल्म 'धुरंधर' सबसे आगे रही, जिसने 12 अवॉर्ड जीते।

Last Modified:
Monday, 02 November, 2026
IIFA65421

IIFA 2026 में Jio Studios ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 15 अवॉर्ड अपने नाम किए हैं। इस बार स्टूडियो की फिल्म 'धुरंधर' सबसे आगे रही, जिसने 12 अवॉर्ड जीते। वहीं, 'बारामूला' को दो और 'मिसेज' को एक अवॉर्ड मिला। खास बात यह है कि Jio Studios ने लगातार दूसरे साल IIFA में 15 ट्रॉफियां जीतने का रिकॉर्ड बनाया है।

स्टूडियो के मुताबिक, IIFA 2025 में भी उसने सबसे ज्यादा अवॉर्ड जीते थे। उस साल 'लापता लेडीज' को 10 ट्रॉफियां मिली थीं, जबकि 'आर्टिकल 370' और 'सेक्टर 36' ने दो-दो और 'शैतान' ने एक अवॉर्ड अपने नाम किया था।

ज्योति देशपांडे के नेतृत्व में Jio Studios लगातार अलग-अलग विषयों और कहानियों पर फिल्में बना रहा है। स्टूडियो की फिल्मों में कई तरह की शैलियों और भाषाओं की कहानियां शामिल हैं। कंपनी का कहना है कि उसकी कोशिश ऐसी कहानियां पेश करने की है, जो देशभर के दर्शकों से जुड़ सकें।

'धुरंधर' ने इन 12 कैटेगरी में जीते अवॉर्ड

IIFA 2026 में 'धुरंधर' को फीचर फिल्म की 12 प्रमुख कैटेगरी में सम्मान मिला। इनमें बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड ज्योति देशपांडे, आदित्य धर और लोकेश धर को मिला। वहीं, बेस्ट डायरेक्टर का अवॉर्ड आदित्य धर ने जीता।

फिल्म के लिए रणवीर सिंह को बेस्ट एक्टर (लीड रोल) और संजय दत्त को बेस्ट एक्टर (सपोर्टिंग रोल) चुना गया। अक्षय खन्ना को नेगेटिव रोल में बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला।

इसके अलावा शाश्वत सचदेव को बेस्ट म्यूजिक डायरेक्शन, आदित्य धर को बेस्ट ओरिजिनल स्टोरी, बेस्ट स्क्रीनप्ले और बेस्ट डायलॉग्स के लिए सम्मानित किया गया। विकाश नौलखा को बेस्ट सिनेमैटोग्राफी और शिवकुमार वी. पाणिकर को बेस्ट एडिटिंग का अवॉर्ड मिला। वहीं, बिस्वदीप चटर्जी को बेस्ट साउंड डिजाइन के लिए ट्रॉफी मिली।

'बारामूला' और 'मिसेज' को भी मिला सम्मान

डिजिटल फिल्म कैटेगरी में 'बारामूला' ने दो अवॉर्ड जीते। फिल्म को बेस्ट पिक्चर और बेस्ट ओरिजिनल स्टोरी के लिए चुना गया। वहीं, फिल्म 'मिसेज' के लिए सान्या मल्होत्रा को बेस्ट परफॉर्मेंस इन ए लीडिंग रोल (फीमेल) का अवॉर्ड मिला।

IIFA 2026 में मिली इन ट्रॉफियों के साथ Jio Studios ने अपनी फिल्मों से जुड़े कलाकारों, निर्देशकों, तकनीशियनों और दूसरी क्रिएटिव टीमों के काम को भी पहचान दिलाई है। 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

करण जौहर की पोस्ट ने बढ़ाई हलचल : क्या देख ली नितेश तिवारी की ‘रामायण’?

नितेश तिवारी की ‘रामायण’ की रिलीज से पहले करण जौहर की एक इंस्टाग्राम पोस्ट चर्चा में है। फैंस इसे फिल्म से जोड़कर देख रहे हैं, हालांकि करण ने फिल्म का नाम नहीं लिया है।

Last Modified:
Monday, 02 November, 2026
ramayana

नितेश तिवारी (Nitesh Tiwari) की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। पिछले सप्ताह लॉस एंजिल्स में फिल्म की स्क्रीनिंग हुई थी, जिसके बाद विदेशी समीक्षकों की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। फिल्म को लेकर अब तक मिली प्रतिक्रियाएं मिली-जुली रही हैं।

इसी बीच ऐसा लग रहा है कि करण जौहर (Karan Johar) ने भी फिल्म देख ली है। उन्होंने इंस्टाग्राम (Instagram) स्टोरी पर एक पोस्ट साझा की है, जिसे फैंस ‘रामायण’ से जोड़कर देख रहे हैं।

करण ने पोस्ट में लिखा, “दिमाग एकदम चकरा गया है और कुछ नहीं कहूंगा, बस इतना कहूंगा कि यह बहुत ही शानदार और बेहद खुशियों भरी दिवाली होने वाली है।” हालांकि, करण ने अपनी पोस्ट में कहीं भी फिल्म ‘रामायण’ का नाम नहीं लिया है। इसलिए अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उनका इशारा इसी फिल्म की ओर है या नहीं। फैंस उनके पोस्ट को ‘रामायण’ की तारीफ के तौर पर देख रहे हैं।

फिल्म की स्क्रीनिंग देखने वाले लोगों ने रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) और यश (Yash) के अभिनय के साथ-साथ नितेश तिवारी के निर्देशन की भी तारीफ की है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में, साई पल्लवी (Sai Pallavi) माता सीता के किरदार में, यश रावण और सनी देओल (Sunny Deol) हनुमान के रूप में नजर आएंगे।

‘रामायण’ में रवि दुबे (Ravi Dubey), अनुपम खेर (Anupam Kher), काजल अग्रवाल (Kajal Aggarwal), रकुल प्रीत सिंह (Rakul Preet Singh), विवेक ओबेरॉय (Vivek Oberoi), कुणाल कपूर (Kunal Kapoor), आदिनाथ कोठारे (Adinath Kothare), अरुण गोविल (Arun Govil), इंदिरा कृष्णन (Indira Krishnan) और लारा दत्ता (Lara Dutta) भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

अभिनेता अनुज ठाकुर का 33 साल की उम्र में निधन : नींद में आया साइलेंट अटैक

टीवी अभिनेता अनुज ठाकुर का 33 साल की उम्र में निधन हो गया। ‘बंधन सात जन्मों का’ फेम अभिनेता की नींद में हार्ट अटैक से मौत की जानकारी सामने आई है।

Last Modified:
Monday, 02 November, 2026
anujthakur

टीवी इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। चर्चित धारावाहिक ‘बंधन सात जन्मों का’ से पहचान बनाने वाले अभिनेता अनुज ठाकुर (Anuj Thakur) का 33 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके अचानक निधन से परिवार, दोस्तों और टीवी जगत में शोक का माहौल है।

अनुज अपनी फिटनेस और अनुशासित दिनचर्या को लेकर काफी सजग रहते थे। उनके करीबी दोस्त और कास्टिंग डायरेक्टर रूपेश सोनार (Rupesh Sonar) ने उनके निधन की जानकारी साझा की। उनके मुताबिक, अनुज रोज सुबह करीब 4:30 बजे उठते थे और फिटनेस रूटीन के तहत जॉगिंग के लिए जाते थे।

घटना वाले दिन भी सुबह 4:30 बजे अनुज का अलार्म बजा, लेकिन वह नहीं उठे। अलार्म लगातार बजने के बाद उनकी मां उन्हें जगाने के लिए कमरे में पहुंचीं, जहां उन्होंने अनुज को बेसुध पाया। डॉक्टरों के मुताबिक, नींद के दौरान उन्हें दिल का दौरा या साइलेंट अटैक आया, जिसके कारण उनकी मौत हो गई।

रूपेश सोनार ने अनुज को याद करते हुए बताया कि वह उन्हें साल 2008 से जानते थे। दोनों की पहचान ‘बंधन सात जन्मों का’ के सेट पर हुई थी। रूपेश ने अनुज को अपना दोस्त ही नहीं, बल्कि छोटे भाई जैसा बताया।

उन्होंने बताया कि निधन से करीब 10 दिन पहले अनुज ने दोबारा एक्टिंग में वापसी को लेकर भी बात की थी। अचानक उनके निधन से उनके करीबी लोग सदमे में हैं।

अनुज ठाकुर ने अपने करियर में कई चर्चित टीवी धारावाहिकों में काम किया था। ‘बंधन सात जन्मों का’ के अलावा वह ‘धूम मचाओ धूम’, ‘बींद बनूंगा घोड़ी चढ़ऊंगा’ और ‘महिसागर’ जैसे शोज का हिस्सा रहे थे।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए