ChatGPT Wallet लॉन्च : अब AI एजेंट करेंगे ऑनलाइन शॉपिंग और पेमेंट

OpenAI ने ChatGPT Wallet पेश किया है। इसके जरिए AI एजेंट प्रोडक्ट खोजकर खरीदारी कर सकेंगे, लेकिन हर पेमेंट से पहले बायोमेट्रिक मंजूरी जरूरी होगी।

Last Modified:
Monday, 16 November, 2026
chatgptwaallet


अब ऑनलाइन शॉपिंग के लिए अलग-अलग वेबसाइट पर जाकर प्रोडक्ट खोजने और पेमेंट करने की जरूरत कम हो सकती है। ओपनएआई (OpenAI) ने चैटजीपीटी वॉलेट (ChatGPT Wallet) नाम का नया फीचर पेश किया है। इसकी मदद से चैटजीपीटी के एआई एजेंट यूजर की पसंद के सामान खोजने, उनकी तुलना करने और खरीदारी की प्रक्रिया पूरी करने में मदद कर सकेंगे।

कंपनी ने 13 नवंबर 2026 को इस फीचर की घोषणा की। इसके जरिए यूजर अपने एजेंट को बताते हुए खरीदारी करवा सकेंगे कि उन्हें क्या सामान चाहिए। प्रोडक्ट चुनने के बाद एजेंट चेकआउट की प्रक्रिया भी पूरी कर सकेगा।

इस फीचर की खास बात इसकी पेमेंट सुरक्षा है। खरीदारी पूरी होने से पहले यूजर को चुने गए प्रोडक्ट, उसकी कुल कीमत और इस्तेमाल होने वाले कार्ड की जानकारी दिखाई जाएगी। इसके बाद फेस आईडी (Face ID) या फिंगरप्रिंट जैसे बायोमेट्रिक तरीके से मंजूरी देनी होगी।

ओपनएआई के मुताबिक, पेमेंट के दौरान यूजर के वास्तविक कार्ड की जानकारी एजेंट या दुकानदार के साथ साझा नहीं होगी। इसके स्थान पर पेमेंट टोकन का इस्तेमाल किया जाएगा। इस सुविधा को अमेरिकन एक्सप्रेस (American Express), मास्टरकार्ड (Mastercard) और वीजा (Visa) के साथ मिलकर तैयार किया गया है।

शुरुआत में चैटजीपीटी वॉलेट को अमेरिका में 18 साल से अधिक उम्र के चैटजीपीटी प्रो (ChatGPT Pro) यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए पात्र अमेरिकी बैंक कार्ड और अमेरिकी बिलिंग एड्रेस होना जरूरी है।

कंपनी की योजना भविष्य में यूजर्स को खर्च की सीमा और खरीदारी की कैटेगरी तय करने की सुविधा देने की भी है। इससे लोग अपने एआई एजेंट को पहले से निर्धारित नियमों के तहत खरीदारी की जिम्मेदारी सौंप सकेंगे।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

विप्रो एंटरप्राइजेज में चीफ इन्फॉर्मेशन एंड ट्रांसफॉर्मेशन ऑफिसर बने विवेक शर्मा

विवेक शर्मा को विप्रो एंटरप्राइजेज में चीफ इन्फॉर्मेशन एंड ट्रांसफॉर्मेशन ऑफिसर नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह पिडिलाइट इंडस्ट्रीज में चीफ इन्फॉर्मेशन एंड डिजिटल ऑफिसर थे।

Last Modified:
Monday, 16 November, 2026
wipro

विवेक शर्मा (Vivek Sharma) को विप्रो एंटरप्राइजेज (Wipro Enterprises) में चीफ इन्फॉर्मेशन एंड ट्रांसफॉर्मेशन ऑफिसर नियुक्त किया गया है। उन्होंने लिंक्डइन (LinkedIn) पर पोस्ट साझा कर अपनी नई भूमिका की जानकारी दी।

अपनी पोस्ट में शर्मा ने लिखा, “मुझे यह साझा करते हुए खुशी हो रही है कि मैं विप्रो एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड में चीफ इन्फॉर्मेशन एंड ट्रांसफॉर्मेशन ऑफिसर के रूप में नई जिम्मेदारी संभाल रहा हूं।”

शर्मा को कंज्यूमर गुड्स इंडस्ट्री, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और बिजनेस सर्विसेज के क्षेत्र में करीब 20 साल का अनुभव है। वह टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल से बिजनेस के बेहतर नतीजे हासिल करने पर काम करते रहे हैं।

विप्रो एंटरप्राइजेज से जुड़ने से पहले वह पिडिलाइट इंडस्ट्रीज लिमिटेड (Pidilite Industries Limited) में चीफ इन्फॉर्मेशन एंड डिजिटल ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

जेंसेन हुआंग के बाद किसे मिलेगी Nvidia की कमान? रेने हास का नाम चर्चा में

एनवीडिया के नए CEO की तलाश में आर्म प्रमुख रेने हास का नाम सामने आया है। जेंसेन हुआंग के इस्तीफे के बाद कंपनी नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है।

Last Modified:
Saturday, 14 November, 2026
renehas

दुनिया की प्रमुख टेक्नोलॉजी कंपनियों में शामिल एनवीडिया (Nvidia) में नए CEO की तलाश के बीच आर्म (Arm) के प्रमुख रेने हास (Rene Haas) का नाम चर्चा में आ गया है।

ब्रिटिश अखबार द फाइनेंशियल टाइम्स (The Financial Times) की रिपोर्ट के मुताबिक, एनवीडिया के बोर्ड ने हास से कंपनी की कमान संभालने की संभावना को लेकर संपर्क किया है। हालांकि, अभी उनके नाम पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है और न ही यह तय है कि उन्हें पद का प्रस्ताव मिलेगा या वह इसे स्वीकार करेंगे।

रेने हास फिलहाल आर्म होल्डिंग्स के CEO हैं। उन्होंने 2022 में इस कंपनी की जिम्मेदारी संभाली थी। इससे पहले वह करीब सात साल तक एनवीडिया में काम कर चुके हैं। इस दौरान वह कंपनी के कंप्यूटिंग प्रोडक्ट्स बिजनेस के वाइस प्रेसिडेंट और जनरल मैनेजर के पद तक पहुंचे थे। वर्ष 2013 में उन्होंने एनवीडिया छोड़कर आर्म का रुख किया था।

रेने हास का नाम सामने आने के बाद एनवीडिया के बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि नए CEO की नियुक्ति के लिए फिलहाल सर्च फर्म चुनने की प्रक्रिया चल रही है। बोर्ड के मुताबिक, अभी किसी भी संभावित उम्मीदवार से औपचारिक रूप से संपर्क नहीं किया गया है। कंपनी ने आंतरिक और बाहरी दोनों तरह के उम्मीदवारों पर विचार करने की बात कही है।

जेंसेन हुआंग के इस्तीफे के बाद कंपनी की CFO कोलेट क्रेस (Colette Kress) अंतरिम CEO के रूप में काम कर रही हैं। बोर्ड की तलाश पूरी होने तक वह वित्त विभाग की जिम्मेदारी भी संभालती रहेंगी।

हास के अलावा अन्य संभावित नामों पर भी चर्चा है। इनमें एनवीडिया की वरिष्ठ अधिकारी कोलेट क्रेस और कंपनी के अनुभवी इंजीनियर इयान बक (Ian Buck) शामिल हैं। फिलहाल कंपनी ने किसी भी नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

एनवीडिया के CEO जेंसेन हुआंग ने दिया इस्तीफा

एनवीडिया के CEO जेंसेन हुआंग ने पद से इस्तीफा दे दिया है। कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO बनाया गया है। कंपनी ने स्थायी उत्तराधिकारी की तलाश शुरू कर दी है।

Last Modified:
Friday, 13 November, 2026
nvidia

दुनिया की प्रमुख चिप निर्माता कंपनियों में शामिल एनवीडिया (NVIDIA) में अचानक नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। कंपनी के सह-संस्थापक और लंबे समय से मुख्य कार्यकारी अधिकारी रहे जेंसेन हुआंग (Jensen Huang) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

उनके साथ कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की सदस्यता भी समाप्त हो गई है। इस बदलाव के बाद कंपनी की वित्त प्रमुख कोलेट क्रेस (Colette Kress) को अंतरिम CEO की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

एनवीडिया के बोर्ड ने गुरुवार को इस फैसले की घोषणा की। कंपनी के मुताबिक, क्रेस अंतरिम CEO के साथ-साथ CFO का पद भी संभालती रहेंगी। इस बीच बोर्ड ने नए स्थायी CEO की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए कंपनी के भीतर और बाहर, दोनों जगहों से संभावित उम्मीदवारों पर विचार किया जाएगा।

जेंसेन हुआंग के पद छोड़ने के बाद कंपनी का संचालन फिलहाल कोलेट क्रेस के हाथों में रहेगा। वह सितंबर 2013 में एनवीडिया से जुड़ी थीं और तब से कंपनी के वित्त विभाग की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।

एनवीडिया आने से पहले क्रेस ने सिस्को (Cisco) और माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) जैसी टेक्नोलॉजी कंपनियों में करीब 25 साल तक काम किया है। स्थायी CEO की नियुक्ति होने तक वह अंतरिम प्रमुख और CFO, दोनों भूमिकाओं में बनी रहेंगी।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

चीन के इन चार एंटरटेनमेंट चैनलों को दुनिया भर में पहुंचाएगी Amagi

Amagi ने चीनी कंपनी Golden Times Media Technology के साथ साझेदारी की है। इस साझेदारी के तहत चीनी एंटरटेनमेंट चैनलों को दुनिया भर के स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म और दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा।

Last Modified:
Friday, 13 November, 2026
amagi411

मीडिया टेक्नोलॉजी कंपनी Amagi ने चीनी कंपनी Golden Times Media Technology के साथ साझेदारी की है। इस साझेदारी के तहत चीनी एंटरटेनमेंट चैनलों को दुनिया भर के स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म और दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा। शुरुआत में Golden Times के चार चैनल Amagi के ग्लोबल कंटेंट मार्केटप्लेस Amagi CONNECT पर उपलब्ध कराए जाएंगे।

इन चैनलों में Drama Short, Chinese Kung Fu, AniVerse और C Drama+ शामिल हैं। इनके जरिए दुनियाभर के दर्शक शॉर्ट-फॉर्म ड्रामा, मार्शल आर्ट्स, एनिमेशन और चीनी टीवी सीरीज का कंटेंट देख सकेंगे।

Amagi ने 12 नवंबर 2026 को इस साझेदारी की घोषणा की। बीजिंग स्थित Golden Times Media Technology चीन में अपने एंटरटेनमेंट कंटेंट के लिए जानी जाती है और अब वह अपने चैनलों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी पहुंचाना चाहती है।

चार चैनलों पर मिलेगा अलग-अलग तरह का कंटेंट

इस साझेदारी के पहले चरण में शामिल चारों चैनलों पर अलग-अलग तरह का मनोरंजन देखने को मिलेगा।

  • Drama Short: इस चैनल पर छोटी अवधि वाले ड्रामा और कहानियां दिखाई जाएंगी।
  • Chinese Kung Fu: इस चैनल पर मार्शल आर्ट्स, फाइट और टूर्नामेंट से जुड़ा कंटेंट मिलेगा।
  • AniVerse: इस चैनल पर एनिमेशन से जुड़ा कंटेंट उपलब्ध होगा।
  • C Drama+: इस चैनल पर पीरियड ड्रामा और रोमांस जैसी प्रीमियम टीवी सीरीज दिखाई जाएंगी।

कंपनी की योजना आगे चलकर Amagi CONNECT पर और चैनल जोड़ने की है। इनमें मूवी, साइक्लिंग और फूड से जुड़े चैनल भी शामिल होंगे।

Amagi CONNECT के जरिए प्लेटफॉर्म तक पहुंचेगा कंटेंट

Amagi CONNECT एक ग्लोबल कंटेंट मार्केटप्लेस है, जहां स्ट्रीमिंग, FAST और कनेक्टेड टीवी (CTV) प्लेटफॉर्म अलग-अलग चैनलों और कंटेंट को देख सकते हैं और उन्हें अपने प्लेटफॉर्म पर शामिल करने का अनुरोध कर सकते हैं।

जब कोई प्लेटफॉर्म इन चैनलों को अपने यहां दिखाने के लिए सहमत होगा, तो Amagi की Direct Delivery सेवा के जरिए Golden Times से उस प्लेटफॉर्म तक कंटेंट पहुंचाया जाएगा। इससे कंटेंट की डिलीवरी आसान और व्यवस्थित होगी।

Golden Times Media Technology के ग्लोबल बिजनेस डेवलपमेंट मैनेजर Jason Cheung ने कहा कि चीन के बाहर के दर्शकों तक पहुंचना कंपनी का काफी समय से लक्ष्य रहा है। Amagi के जरिए उसे अपने चैनलों को अंतरराष्ट्रीय प्लेटफॉर्म के सामने पेश करने का सीधा रास्ता मिलेगा।

वहीं, Amagi के सीनियर डायरेक्टर Thomas Parsons ने कहा कि स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ऐसे कंटेंट की तलाश में रहते हैं, जो दर्शकों को अपने साथ जोड़े रख सके। शॉर्ट-फॉर्म ड्रामा, मार्शल आर्ट्स और एनिमेशन इस दिशा में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि Amagi CONNECT के जरिए Golden Times अपने चैनलों को दुनिया भर के प्लेटफॉर्म तक पहुंचा सकेगी।

2011 में शुरू हुई थी Golden Times

Golden Times Media Technology की स्थापना 2011 में हुई थी। यह कंपनी बीजिंग स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टेड है और इसका स्टॉक कोड 920021.BJ है। कंपनी अल्ट्रा हाई डेफिनिशन (UHD) वीडियो ट्रांसमिशन टेक्नोलॉजी और डिजिटल कंटेंट ऑपरेशन के क्षेत्र में काम करती है।

कंपनी वीडियो एन्कोडिंग-डिकोडिंग, UHD ट्रांसमिशन और ब्रॉडकास्ट व टेलीकॉम नेटवर्क के जरिए कंटेंट डिलीवरी जैसी सेवाएं देती है। अब यह कंटेंट लाइसेंसिंग और FAST चैनलों के जरिए अपने कारोबार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा रही है।

40 से ज्यादा देशों में Amagi की मौजूदगी

Amagi ब्रॉडकास्टर्स, स्ट्रीमिंग कंपनियों और कंटेंट मालिकों को वीडियो बनाने, पहुंचाने और उससे कमाई करने में मदद करती है। कंपनी का प्लेटफॉर्म लीनियर टीवी, FAST, स्ट्रीमिंग और सोशल मीडिया के लिए कंटेंट प्रोडक्शन, डिस्ट्रीब्यूशन और मोनेटाइजेशन की सुविधाएं देता है।

कंपनी के मुताबिक, वह 40 से ज्यादा देशों में 300 से अधिक डिस्ट्रीब्यूटर्स के लिए 16,000 से ज्यादा चैनल डिलीवरी मैनेज करती है।

इस साझेदारी के जरिए Amagi एशिया-पैसिफिक क्षेत्र के कंटेंट मालिकों को वैश्विक स्ट्रीमिंग, FAST और CTV प्लेटफॉर्म तक पहुंचाने की अपनी कोशिश को आगे बढ़ा रही है।

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

Amagi Media Labs के चीफ पीपल ऑफिसर प्रसाद मेनन ने दिया इस्तीफा

या टेक्नोलॉजी कंपनी Amagi Media Labs के चीफ पीपल ऑफिसर (CPO) प्रसाद मेनन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

Last Modified:
Friday, 13 November, 2026
PrasadMenon44154

मीडिया टेक्नोलॉजी कंपनी Amagi Media Labs के चीफ पीपल ऑफिसर (CPO) प्रसाद मेनन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने 11 नवंबर 2026 को अपना इस्तीफा सौंपा, जिसे कंपनी ने स्वीकार कर लिया है। वह 31 दिसंबर 2026 को कारोबारी समय समाप्त होने के बाद अपने पद से हट जाएंगे।

कंपनी ने 11 नवंबर को स्टॉक एक्सचेंजों को दी गई जानकारी में बताया कि प्रसाद मेनन ने निजी कारणों (Personal Exigencies) का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया है। वह चीफ पीपल ऑफिसर के साथ-साथ कंपनी के सीनियर मैनेजमेंट पर्सनल (SMP) का भी हिस्सा थे।

कंपनी ने शुरू की नए CPO की तलाश

प्रसाद मेनन के जाने के बाद कंपनी ने चीफ पीपल ऑफिसर के पद के लिए नए व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी है। कंपनी ने बताया कि इस भूमिका के लिए उपयुक्त उम्मीदवारों का मूल्यांकन किया जा रहा है।

अपने इस्तीफे में प्रसाद मेनन ने कहा है कि वह 31 दिसंबर तक अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे और इस दौरान पद छोड़ने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए कंपनी के मैनेजमेंट और लीडरशिप टीम के साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर वह 31 दिसंबर के बाद अपने उत्तराधिकारी को जिम्मेदारी संभालने में मदद और सलाह देने के लिए भी उपलब्ध रहेंगे।

कंपनी ने योगदान के लिए जताया आभार

Amagi Media Labs ने प्रसाद मेनन के कार्यकाल के दौरान उनके योगदान और सेवाओं के लिए आभार जताया है। कंपनी ने उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं। 

प्रसाद मेनन ने अपने इस्तीफे में कहा कि Amagi के साथ उनका अनुभव अच्छा और सीखने वाला रहा है। उन्होंने कंपनी और अपने सहयोगियों के बेहतर भविष्य की कामना की है।  

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

YouTube को टक्कर देने की तैयारी में X : लॉन्च किया नया Video Clipping Tool

X ने iOS और Android यूजर्स के लिए नया Video Clipping Tool पेश किया है। इसकी मदद से लंबे वीडियो की छोटी क्लिप बनाकर शेयर करने और कमाई का मौका मिलेगा।

Last Modified:
Thursday, 12 November, 2026
xvideotool

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) ने वीडियो कंटेंट को बढ़ावा देने के लिए एक नया फीचर पेश किया है। इस टूल के जरिए यूजर्स किसी लंबे वीडियो के चुनिंदा हिस्से को छोटी क्लिप में बदलकर अपनी टाइमलाइन पर पोस्ट कर सकेंगे।

इस सुविधा की खास बात यह है कि इससे केवल क्लिप बनाने वाले यूजर्स को ही नहीं, बल्कि मूल वीडियो तैयार करने वाले क्रिएटर्स को भी कमाई का अवसर मिल सकता है।

कंपनी ने सोमवार को अपने नए वीडियो क्लिपिंग टूल (Video Clipping Tool) की घोषणा की। फिलहाल यह सुविधा आईओएस (iOS) और एंड्रॉयड (Android) ऐप पर उपलब्ध कराई जा रही है। डेस्कटॉप और वेब यूजर्स को इसके लिए अभी इंतजार करना होगा।

इस नए फीचर से पहले एक्स पर किसी लंबे वीडियो का छोटा हिस्सा शेयर करने के लिए यूजर्स को वीडियो डाउनलोड करना पड़ता था। इसके बाद किसी दूसरे एडिटिंग टूल की मदद से उसे काटकर पोस्ट करना होता था। अब यह पूरा काम सीधे एक्स ऐप में किया जा सकेगा।

इसके लिए यूजर को वीडियो में मौजूद Clip बटन पर टैप करना होगा। इसके बाद वह अपनी पसंद का हिस्सा चुनकर 5 से 60 सेकंड तक की क्लिप तैयार कर सकेगा। तैयार क्लिप के साथ अपना कमेंट या विचार जोड़ने के बाद उसे सीधे टाइमलाइन पर शेयर किया जा सकता है।

एक्स ने इस फीचर के इस्तेमाल के लिए कुछ सीमाएं भी तय की हैं। फिलहाल कम से कम 2 मिनट की अवधि वाले पहले से रिकॉर्ड किए गए वीडियो से ही क्लिप बनाई जा सकती है।

क्लिप की अवधि 5 से 60 सेकंड के बीच होनी चाहिए। साथ ही, तैयार क्लिप मूल वीडियो की कुल अवधि के 30 प्रतिशत से अधिक नहीं हो सकती। अभी लाइवस्ट्रीम के दौरान प्रसारित होने वाले वीडियो को क्लिप करने का विकल्प उपलब्ध नहीं है। हालांकि, कंपनी भविष्य में इस सुविधा को भी शामिल करने की योजना बना रही है।

एक्स का नया टूल केवल वीडियो को छोटे हिस्सों में बांटने तक सीमित नहीं है। इसके जरिए प्लेटफॉर्म पर वीडियो की पहुंच बढ़ाने और कंटेंट क्रिएटर्स को नए अवसर देने की कोशिश की जा रही है।

जब कोई यूजर किसी लंबे वीडियो का छोटा और आकर्षक हिस्सा शेयर करेगा, तो उससे मूल वीडियो को भी ज्यादा दर्शक मिल सकते हैं। इस व्यवस्था में क्लिप बनाने वाले यूजर और ओरिजिनल वीडियो तैयार करने वाले क्रिएटर, दोनों के लिए कमाई का अवसर जुड़ा हुआ है।

एक्स लगातार अपने प्लेटफॉर्म पर वीडियो और लंबे फॉर्मेट वाले कंटेंट को बढ़ावा दे रहा है। कंपनी की यह रणनीति यूट्यूब (YouTube) और सबस्टैक (Substack) जैसे प्लेटफॉर्म के मुकाबले अपनी स्थिति मजबूत करने से भी जुड़ी है।

एक्स ने 2022 में लंबे वीडियो अपलोड करने का विकल्प शुरू किया था। इसके बाद प्रीमियम (Premium) सब्सक्राइबर्स के लिए पोस्ट की सामान्य कैरेक्टर सीमा भी हटा दी गई, जिससे वे प्लेटफॉर्म पर लंबे लेख और ब्लॉग प्रकाशित कर सकते हैं। नया Video Clipping Tool इसी दिशा में एक और कदम है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

ओपनएआई की कमाई में 50% की बढ़ोतरी : ऑपरेटिंग लॉस भी बढ़ा

ओपनएआई का तीसरी तिमाही का रेवेन्यू करीब 50 प्रतिशत बढ़कर 10 अरब डॉलर पहुंचा। हालांकि, कंपनी का ऑपरेटिंग लॉस भी बढ़ा और एडजस्टेड ऑपरेटिंग मार्जिन में सुधार दर्ज किया गया।

Last Modified:
Wednesday, 11 November, 2026
OpenAi

ओपनएआई (OpenAI) का तीसरी तिमाही का रेवेन्यू करीब 50 प्रतिशत बढ़कर 10 अरब डॉलर हो गया है। द वॉल स्ट्रीट जर्नल (The Wall Street Journal) की ओर से देखे गए दस्तावेजों में यह जानकारी सामने आई है। हालांकि, इस दौरान कंपनी का ऑपरेटिंग लॉस भी बढ़ा है।

कंपनी का एडजस्टेड ऑपरेटिंग मार्जिन पिछली तिमाही के -150 प्रतिशत से सुधरकर -109 प्रतिशत पर आ गया। यह यूनिट इकोनॉमिक्स में कुछ सुधार का संकेत देता है। हालांकि, तिमाही आधार पर ओपनएआई का ऑपरेटिंग लॉस 10.1 अरब डॉलर से बढ़कर 10.9 अरब डॉलर हो गया।

ये आंकड़े दिखाते हैं कि अत्याधुनिक एआई सिस्टम तैयार करने और उन्हें संचालित करने के लिए बड़े पैमाने पर निवेश की जरूरत है। ओपनएआई अपनी कंप्यूटिंग क्षमता, एंटरप्राइज प्रोडक्ट्स और उपभोक्ताओं के लिए सेवाओं का विस्तार कर रही है। इसके साथ ही कंपनी एआई एजेंट्स, ई-कॉमर्स और विज्ञापन के जरिए कमाई के नए रास्ते भी विकसित कर रही है।

द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट पर टिप्पणी के लिए रॉयटर्स (Reuters) ने ओपनएआई से संपर्क किया, लेकिन कंपनी की ओर से तत्काल कोई जवाब नहीं मिला।

यह खुलासा ऐसे समय में हुआ है, जब निवेशक इस बात पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं कि प्रमुख एआई कंपनियों की तेज रेवेन्यू ग्रोथ को टिकाऊ मुनाफे में बदला जा सकता है या नहीं।

ओपनएआई की प्रतिद्वंद्वी कंपनी एंथ्रोपिक (Anthropic) ने अपने आईपीओ (IPO) के लिए रोडशो शुरू कर दिया है। इस आईपीओ में कंपनी का मूल्यांकन करीब 1.4 ट्रिलियन डॉलर तक हो सकता है। इससे अत्याधुनिक एआई कारोबार की आर्थिक व्यवहार्यता सार्वजनिक बाजार के निवेशकों के लिए एक अहम सवाल बन गई है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

सर्वम एआई ने सशिकुमार श्रीधरन को बनाया प्रेसिडेंट और चीफ बिजनेस ऑफिसर

सर्वम एआई ने सशिकुमार श्रीधरन को प्रेसिडेंट और चीफ बिजनेस ऑफिसर नियुक्त किया है। वह एंटरप्राइज और सरकारी कारोबार का नेतृत्व करेंगे, साझेदारियां बढ़ाएंगे।

Last Modified:
Tuesday, 10 November, 2026
sarvamAI

सर्वम एआई (Sarvam AI) ने सशिकुमार श्रीधरन (Sashikumar Sreedharan) को प्रेसिडेंट और चीफ बिजनेस ऑफिसर (CBO) नियुक्त किया है। उन्हें कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में भी शामिल किया गया है। वह एंटरप्राइज और सरकारी क्षेत्रों में कंपनी के कारोबार का नेतृत्व करेंगे। इसके साथ ही डिजिटल-नेटिव कंपनियों, डेवलपर्स और पार्टनर्स के साथ कंपनी की भागीदारी बढ़ाने की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।

नई भूमिका में सशिकुमार मार्केटिंग, फाइनेंस, फॉरवर्ड डिप्लॉयड इंजीनियरिंग, सर्विस डिलीवरी और कमर्शियल ऑपरेशंस की देखरेख भी करेंगे। सर्वम एआई से पहले सशिकुमार गूगल क्लाउड (Google Cloud) के साथ जुड़े हुए थे। वहां वह हाल ही में भारत के मैनेजिंग डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे।

टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री में उन्हें तीन दशक से अधिक का अनुभव है। इससे पहले उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट इंडिया (Microsoft India) के एंटरप्राइज कारोबार का नेतृत्व किया था। वह पांच साल से अधिक समय तक कंपनी में मैनेजिंग डायरेक्टर रहे।

अपनी नियुक्ति पर सशिकुमार ने कहा कि भारत को ऐसी इंटेलिजेंस विकसित करने वाला देश बनना चाहिए, जिस पर पूरी दुनिया कामकाज के लिए निर्भर हो। उनके मुताबिक, सर्वम एआई से जुड़ना उनके लिए इस अवसर के प्रति प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि वह कंपनी की टीम और ग्राहकों के साथ मिलकर ऐसे प्रोडक्ट्स विकसित करने के लिए उत्साहित हैं, जो उद्योगों और सरकारों के कामकाज का अभिन्न हिस्सा बन सकें।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

स्पेसएक्स के बोर्ड से हटे गूगल के ग्लोबल पार्टनरशिप्स प्रेसिडेंट

गूगल के डोनाल्ड हैरिसन ने स्पेसएक्स के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने स्पष्ट किया कि उनका फैसला किसी मतभेद के कारण नहीं लिया गया।

Last Modified:
Monday, 09 November, 2026
alphabet

गूगल (Google) के ग्लोबल पार्टनरशिप्स एंड कॉरपोरेट डेवलपमेंट के प्रेसिडेंट डोनाल्ड हैरिसन (Donald Harrison) ने स्पेसएक्स (SpaceX) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने रेगुलेटरी फाइलिंग के जरिए इसकी जानकारी दी।

हैरिसन 2005 से गूगल के साथ जुड़े हुए हैं। स्पेसएक्स ने फाइलिंग में स्पष्ट किया कि उनके इस्तीफे का कारण कंपनी के संचालन, नीतियों या कार्यप्रणाली से जुड़ा कोई मतभेद नहीं है। कंपनी ने उनके योगदान और वर्षों की सेवाओं के लिए आभार भी जताया है।

यह घटनाक्रम गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट (Alphabet) और स्पेसएक्स के बीच मजबूत कारोबारी संबंधों के बीच सामने आया है। अल्फाबेट ने 2015 में एलन मस्क (Elon Musk) की कंपनी में निवेश किया था। उस समय स्पेसएक्स का मूल्यांकन करीब 12 अरब डॉलर था।

दोनों कंपनियों के बीच महत्वपूर्ण कारोबारी साझेदारी भी है। गूगल, स्पेसएक्स का एक प्रमुख ग्राहक है। गूगल ने स्पेसएक्स के एआई डिवीजन को टेनेसी के मेम्फिस क्षेत्र में स्थित डेटा सेंटर्स से कंप्यूटिंग क्षमता हासिल करने के लिए हर महीने 920 मिलियन डॉलर तक भुगतान करने पर सहमति जताई है।

हाल ही में दोनों कंपनियों ने प्रोजेक्ट सनकैचर (Project Suncatcher) पर भी साथ काम किया। इस पहल के तहत प्लैनेट लैब्स (Planet Labs) के साथ विकसित सैटेलाइट्स की मदद से गूगल की एआई चिप्स को अंतरिक्ष की कक्षा में भेजने की योजना शामिल है।

ईमेल के जरिए दिए गए बयान में गूगल ने कहा कि वह स्पेसएक्स के मिशन का समर्थन करता रहेगा। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि हैरिसन के बोर्ड से हटने के बावजूद स्पेसएक्स के साथ उसकी लंबे समय से चली आ रही साझेदारी जारी रहेगी।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

ओपनएआई में चीफ कॉरपोरेट अफेयर्स ऑफिसर बनीं जिल हेजलबेकर

जिल हेजलबेकर ओपनएआई में चीफ कॉरपोरेट अफेयर्स ऑफिसर के रूप में शामिल होंगी। वह कंपनी के वैश्विक कम्युनिकेशंस, कॉरपोरेट पोजिशनिंग और एआई को लेकर लोगों का भरोसा मजबूत करने पर काम करेंगी।

Last Modified:
Wednesday, 04 November, 2026
openai

जिल हेजलबेकर (Jill Hazelbaker) ओपनएआई (OpenAI) में चीफ कॉरपोरेट अफेयर्स ऑफिसर (Chief Corporate Affairs Officer) के रूप में शामिल होंगी। वह कंपनी के ग्लोबल कम्युनिकेशंस (Global Communications) और कॉरपोरेट पोजिशनिंग (Corporate Positioning) की जिम्मेदारी संभालेंगी।

नई भूमिका में जिल ओपनएआई के अलग-अलग लीडर्स के साथ मिलकर काम करेंगी। उनका मुख्य फोकस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (Artificial Intelligence) को लेकर लोगों की समझ बढ़ाने और कंपनी के मिशन के प्रति भरोसा मजबूत करने पर होगा।

जिल के पास टेक्नोलॉजी कंपनियों और राजनीतिक नेताओं के साथ काम करने का करीब दो दशक का अनुभव है। उन्होंने तेजी से विकास के दौर और कई बड़ी चुनौतियों के बीच संगठनों को रणनीतिक सलाह दी है।

ओपनएआई से पहले जिल उबर (Uber) में प्रेसिडेंट और चीफ कॉरपोरेट अफेयर्स ऑफिसर थीं। वहां उन्होंने कंपनी को एक महत्वाकांक्षी स्टार्टअप से दुनिया के बड़े ग्लोबल टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म्स में शामिल होने तक के सफर में अहम भूमिका निभाई।

जिल की नियुक्ति ओपनएआई की उस रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत कंपनी एआई के भविष्य को आकार देने वाले लोगों और संस्थानों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने के लिए अपनी नेतृत्व और संगठनात्मक क्षमताओं को मजबूत कर रही है।

ओपनएआई के को-फाउंडर और प्रेसिडेंट ग्रेग ब्रॉकमैन (Greg Brockman) ने कहा कि जैसे-जैसे एआई लोगों के जीवन का हिस्सा बन रहा है, वैसे-वैसे संवाद, जुड़ाव और लोगों का भरोसा हासिल करना पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गया है।

उन्होंने कहा कि जिल के पास बेहतर निर्णय लेने की क्षमता, अनुभवी नेतृत्व और बड़े स्तर पर टेक्नोलॉजी विकसित करने से जुड़े अवसरों और जिम्मेदारियों की गहरी समझ है। वह ओपनएआई के अगले चरण के लिए जरूरी नेतृत्व क्षमता लेकर आ रही हैं और कंपनी में उनका स्वागत करते हुए खुशी हो रही है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए