एनवीडिया के CEO जेंसेन हुआंग ने दिया इस्तीफा

एनवीडिया के CEO जेंसेन हुआंग ने पद से इस्तीफा दे दिया है। कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO बनाया गया है। कंपनी ने स्थायी उत्तराधिकारी की तलाश शुरू कर दी है।

Last Modified:
Friday, 13 November, 2026
nvidia


दुनिया की प्रमुख चिप निर्माता कंपनियों में शामिल एनवीडिया (NVIDIA) में अचानक नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। कंपनी के सह-संस्थापक और लंबे समय से मुख्य कार्यकारी अधिकारी रहे जेंसेन हुआंग (Jensen Huang) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

उनके साथ कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की सदस्यता भी समाप्त हो गई है। इस बदलाव के बाद कंपनी की वित्त प्रमुख कोलेट क्रेस (Colette Kress) को अंतरिम CEO की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

एनवीडिया के बोर्ड ने गुरुवार को इस फैसले की घोषणा की। कंपनी के मुताबिक, क्रेस अंतरिम CEO के साथ-साथ CFO का पद भी संभालती रहेंगी। इस बीच बोर्ड ने नए स्थायी CEO की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए कंपनी के भीतर और बाहर, दोनों जगहों से संभावित उम्मीदवारों पर विचार किया जाएगा।

जेंसेन हुआंग के पद छोड़ने के बाद कंपनी का संचालन फिलहाल कोलेट क्रेस के हाथों में रहेगा। वह सितंबर 2013 में एनवीडिया से जुड़ी थीं और तब से कंपनी के वित्त विभाग की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।

एनवीडिया आने से पहले क्रेस ने सिस्को (Cisco) और माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) जैसी टेक्नोलॉजी कंपनियों में करीब 25 साल तक काम किया है। स्थायी CEO की नियुक्ति होने तक वह अंतरिम प्रमुख और CFO, दोनों भूमिकाओं में बनी रहेंगी।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

चीन के इन चार एंटरटेनमेंट चैनलों को दुनिया भर में पहुंचाएगी Amagi

Amagi ने चीनी कंपनी Golden Times Media Technology के साथ साझेदारी की है। इस साझेदारी के तहत चीनी एंटरटेनमेंट चैनलों को दुनिया भर के स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म और दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा।

Last Modified:
Friday, 13 November, 2026
amagi411

मीडिया टेक्नोलॉजी कंपनी Amagi ने चीनी कंपनी Golden Times Media Technology के साथ साझेदारी की है। इस साझेदारी के तहत चीनी एंटरटेनमेंट चैनलों को दुनिया भर के स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म और दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा। शुरुआत में Golden Times के चार चैनल Amagi के ग्लोबल कंटेंट मार्केटप्लेस Amagi CONNECT पर उपलब्ध कराए जाएंगे।

इन चैनलों में Drama Short, Chinese Kung Fu, AniVerse और C Drama+ शामिल हैं। इनके जरिए दुनियाभर के दर्शक शॉर्ट-फॉर्म ड्रामा, मार्शल आर्ट्स, एनिमेशन और चीनी टीवी सीरीज का कंटेंट देख सकेंगे।

Amagi ने 12 नवंबर 2026 को इस साझेदारी की घोषणा की। बीजिंग स्थित Golden Times Media Technology चीन में अपने एंटरटेनमेंट कंटेंट के लिए जानी जाती है और अब वह अपने चैनलों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी पहुंचाना चाहती है।

चार चैनलों पर मिलेगा अलग-अलग तरह का कंटेंट

इस साझेदारी के पहले चरण में शामिल चारों चैनलों पर अलग-अलग तरह का मनोरंजन देखने को मिलेगा।

  • Drama Short: इस चैनल पर छोटी अवधि वाले ड्रामा और कहानियां दिखाई जाएंगी।
  • Chinese Kung Fu: इस चैनल पर मार्शल आर्ट्स, फाइट और टूर्नामेंट से जुड़ा कंटेंट मिलेगा।
  • AniVerse: इस चैनल पर एनिमेशन से जुड़ा कंटेंट उपलब्ध होगा।
  • C Drama+: इस चैनल पर पीरियड ड्रामा और रोमांस जैसी प्रीमियम टीवी सीरीज दिखाई जाएंगी।

कंपनी की योजना आगे चलकर Amagi CONNECT पर और चैनल जोड़ने की है। इनमें मूवी, साइक्लिंग और फूड से जुड़े चैनल भी शामिल होंगे।

Amagi CONNECT के जरिए प्लेटफॉर्म तक पहुंचेगा कंटेंट

Amagi CONNECT एक ग्लोबल कंटेंट मार्केटप्लेस है, जहां स्ट्रीमिंग, FAST और कनेक्टेड टीवी (CTV) प्लेटफॉर्म अलग-अलग चैनलों और कंटेंट को देख सकते हैं और उन्हें अपने प्लेटफॉर्म पर शामिल करने का अनुरोध कर सकते हैं।

जब कोई प्लेटफॉर्म इन चैनलों को अपने यहां दिखाने के लिए सहमत होगा, तो Amagi की Direct Delivery सेवा के जरिए Golden Times से उस प्लेटफॉर्म तक कंटेंट पहुंचाया जाएगा। इससे कंटेंट की डिलीवरी आसान और व्यवस्थित होगी।

Golden Times Media Technology के ग्लोबल बिजनेस डेवलपमेंट मैनेजर Jason Cheung ने कहा कि चीन के बाहर के दर्शकों तक पहुंचना कंपनी का काफी समय से लक्ष्य रहा है। Amagi के जरिए उसे अपने चैनलों को अंतरराष्ट्रीय प्लेटफॉर्म के सामने पेश करने का सीधा रास्ता मिलेगा।

वहीं, Amagi के सीनियर डायरेक्टर Thomas Parsons ने कहा कि स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ऐसे कंटेंट की तलाश में रहते हैं, जो दर्शकों को अपने साथ जोड़े रख सके। शॉर्ट-फॉर्म ड्रामा, मार्शल आर्ट्स और एनिमेशन इस दिशा में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि Amagi CONNECT के जरिए Golden Times अपने चैनलों को दुनिया भर के प्लेटफॉर्म तक पहुंचा सकेगी।

2011 में शुरू हुई थी Golden Times

Golden Times Media Technology की स्थापना 2011 में हुई थी। यह कंपनी बीजिंग स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टेड है और इसका स्टॉक कोड 920021.BJ है। कंपनी अल्ट्रा हाई डेफिनिशन (UHD) वीडियो ट्रांसमिशन टेक्नोलॉजी और डिजिटल कंटेंट ऑपरेशन के क्षेत्र में काम करती है।

कंपनी वीडियो एन्कोडिंग-डिकोडिंग, UHD ट्रांसमिशन और ब्रॉडकास्ट व टेलीकॉम नेटवर्क के जरिए कंटेंट डिलीवरी जैसी सेवाएं देती है। अब यह कंटेंट लाइसेंसिंग और FAST चैनलों के जरिए अपने कारोबार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा रही है।

40 से ज्यादा देशों में Amagi की मौजूदगी

Amagi ब्रॉडकास्टर्स, स्ट्रीमिंग कंपनियों और कंटेंट मालिकों को वीडियो बनाने, पहुंचाने और उससे कमाई करने में मदद करती है। कंपनी का प्लेटफॉर्म लीनियर टीवी, FAST, स्ट्रीमिंग और सोशल मीडिया के लिए कंटेंट प्रोडक्शन, डिस्ट्रीब्यूशन और मोनेटाइजेशन की सुविधाएं देता है।

कंपनी के मुताबिक, वह 40 से ज्यादा देशों में 300 से अधिक डिस्ट्रीब्यूटर्स के लिए 16,000 से ज्यादा चैनल डिलीवरी मैनेज करती है।

इस साझेदारी के जरिए Amagi एशिया-पैसिफिक क्षेत्र के कंटेंट मालिकों को वैश्विक स्ट्रीमिंग, FAST और CTV प्लेटफॉर्म तक पहुंचाने की अपनी कोशिश को आगे बढ़ा रही है।

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

Amagi Media Labs के चीफ पीपल ऑफिसर प्रसाद मेनन ने दिया इस्तीफा

या टेक्नोलॉजी कंपनी Amagi Media Labs के चीफ पीपल ऑफिसर (CPO) प्रसाद मेनन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

Last Modified:
Friday, 13 November, 2026
PrasadMenon44154

मीडिया टेक्नोलॉजी कंपनी Amagi Media Labs के चीफ पीपल ऑफिसर (CPO) प्रसाद मेनन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने 11 नवंबर 2026 को अपना इस्तीफा सौंपा, जिसे कंपनी ने स्वीकार कर लिया है। वह 31 दिसंबर 2026 को कारोबारी समय समाप्त होने के बाद अपने पद से हट जाएंगे।

कंपनी ने 11 नवंबर को स्टॉक एक्सचेंजों को दी गई जानकारी में बताया कि प्रसाद मेनन ने निजी कारणों (Personal Exigencies) का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया है। वह चीफ पीपल ऑफिसर के साथ-साथ कंपनी के सीनियर मैनेजमेंट पर्सनल (SMP) का भी हिस्सा थे।

कंपनी ने शुरू की नए CPO की तलाश

प्रसाद मेनन के जाने के बाद कंपनी ने चीफ पीपल ऑफिसर के पद के लिए नए व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी है। कंपनी ने बताया कि इस भूमिका के लिए उपयुक्त उम्मीदवारों का मूल्यांकन किया जा रहा है।

अपने इस्तीफे में प्रसाद मेनन ने कहा है कि वह 31 दिसंबर तक अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे और इस दौरान पद छोड़ने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए कंपनी के मैनेजमेंट और लीडरशिप टीम के साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर वह 31 दिसंबर के बाद अपने उत्तराधिकारी को जिम्मेदारी संभालने में मदद और सलाह देने के लिए भी उपलब्ध रहेंगे।

कंपनी ने योगदान के लिए जताया आभार

Amagi Media Labs ने प्रसाद मेनन के कार्यकाल के दौरान उनके योगदान और सेवाओं के लिए आभार जताया है। कंपनी ने उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं। 

प्रसाद मेनन ने अपने इस्तीफे में कहा कि Amagi के साथ उनका अनुभव अच्छा और सीखने वाला रहा है। उन्होंने कंपनी और अपने सहयोगियों के बेहतर भविष्य की कामना की है।  

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

YouTube को टक्कर देने की तैयारी में X : लॉन्च किया नया Video Clipping Tool

X ने iOS और Android यूजर्स के लिए नया Video Clipping Tool पेश किया है। इसकी मदद से लंबे वीडियो की छोटी क्लिप बनाकर शेयर करने और कमाई का मौका मिलेगा।

Last Modified:
Thursday, 12 November, 2026
xvideotool

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) ने वीडियो कंटेंट को बढ़ावा देने के लिए एक नया फीचर पेश किया है। इस टूल के जरिए यूजर्स किसी लंबे वीडियो के चुनिंदा हिस्से को छोटी क्लिप में बदलकर अपनी टाइमलाइन पर पोस्ट कर सकेंगे।

इस सुविधा की खास बात यह है कि इससे केवल क्लिप बनाने वाले यूजर्स को ही नहीं, बल्कि मूल वीडियो तैयार करने वाले क्रिएटर्स को भी कमाई का अवसर मिल सकता है।

कंपनी ने सोमवार को अपने नए वीडियो क्लिपिंग टूल (Video Clipping Tool) की घोषणा की। फिलहाल यह सुविधा आईओएस (iOS) और एंड्रॉयड (Android) ऐप पर उपलब्ध कराई जा रही है। डेस्कटॉप और वेब यूजर्स को इसके लिए अभी इंतजार करना होगा।

इस नए फीचर से पहले एक्स पर किसी लंबे वीडियो का छोटा हिस्सा शेयर करने के लिए यूजर्स को वीडियो डाउनलोड करना पड़ता था। इसके बाद किसी दूसरे एडिटिंग टूल की मदद से उसे काटकर पोस्ट करना होता था। अब यह पूरा काम सीधे एक्स ऐप में किया जा सकेगा।

इसके लिए यूजर को वीडियो में मौजूद Clip बटन पर टैप करना होगा। इसके बाद वह अपनी पसंद का हिस्सा चुनकर 5 से 60 सेकंड तक की क्लिप तैयार कर सकेगा। तैयार क्लिप के साथ अपना कमेंट या विचार जोड़ने के बाद उसे सीधे टाइमलाइन पर शेयर किया जा सकता है।

एक्स ने इस फीचर के इस्तेमाल के लिए कुछ सीमाएं भी तय की हैं। फिलहाल कम से कम 2 मिनट की अवधि वाले पहले से रिकॉर्ड किए गए वीडियो से ही क्लिप बनाई जा सकती है।

क्लिप की अवधि 5 से 60 सेकंड के बीच होनी चाहिए। साथ ही, तैयार क्लिप मूल वीडियो की कुल अवधि के 30 प्रतिशत से अधिक नहीं हो सकती। अभी लाइवस्ट्रीम के दौरान प्रसारित होने वाले वीडियो को क्लिप करने का विकल्प उपलब्ध नहीं है। हालांकि, कंपनी भविष्य में इस सुविधा को भी शामिल करने की योजना बना रही है।

एक्स का नया टूल केवल वीडियो को छोटे हिस्सों में बांटने तक सीमित नहीं है। इसके जरिए प्लेटफॉर्म पर वीडियो की पहुंच बढ़ाने और कंटेंट क्रिएटर्स को नए अवसर देने की कोशिश की जा रही है।

जब कोई यूजर किसी लंबे वीडियो का छोटा और आकर्षक हिस्सा शेयर करेगा, तो उससे मूल वीडियो को भी ज्यादा दर्शक मिल सकते हैं। इस व्यवस्था में क्लिप बनाने वाले यूजर और ओरिजिनल वीडियो तैयार करने वाले क्रिएटर, दोनों के लिए कमाई का अवसर जुड़ा हुआ है।

एक्स लगातार अपने प्लेटफॉर्म पर वीडियो और लंबे फॉर्मेट वाले कंटेंट को बढ़ावा दे रहा है। कंपनी की यह रणनीति यूट्यूब (YouTube) और सबस्टैक (Substack) जैसे प्लेटफॉर्म के मुकाबले अपनी स्थिति मजबूत करने से भी जुड़ी है।

एक्स ने 2022 में लंबे वीडियो अपलोड करने का विकल्प शुरू किया था। इसके बाद प्रीमियम (Premium) सब्सक्राइबर्स के लिए पोस्ट की सामान्य कैरेक्टर सीमा भी हटा दी गई, जिससे वे प्लेटफॉर्म पर लंबे लेख और ब्लॉग प्रकाशित कर सकते हैं। नया Video Clipping Tool इसी दिशा में एक और कदम है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

ओपनएआई की कमाई में 50% की बढ़ोतरी : ऑपरेटिंग लॉस भी बढ़ा

ओपनएआई का तीसरी तिमाही का रेवेन्यू करीब 50 प्रतिशत बढ़कर 10 अरब डॉलर पहुंचा। हालांकि, कंपनी का ऑपरेटिंग लॉस भी बढ़ा और एडजस्टेड ऑपरेटिंग मार्जिन में सुधार दर्ज किया गया।

Last Modified:
Wednesday, 11 November, 2026
OpenAi

ओपनएआई (OpenAI) का तीसरी तिमाही का रेवेन्यू करीब 50 प्रतिशत बढ़कर 10 अरब डॉलर हो गया है। द वॉल स्ट्रीट जर्नल (The Wall Street Journal) की ओर से देखे गए दस्तावेजों में यह जानकारी सामने आई है। हालांकि, इस दौरान कंपनी का ऑपरेटिंग लॉस भी बढ़ा है।

कंपनी का एडजस्टेड ऑपरेटिंग मार्जिन पिछली तिमाही के -150 प्रतिशत से सुधरकर -109 प्रतिशत पर आ गया। यह यूनिट इकोनॉमिक्स में कुछ सुधार का संकेत देता है। हालांकि, तिमाही आधार पर ओपनएआई का ऑपरेटिंग लॉस 10.1 अरब डॉलर से बढ़कर 10.9 अरब डॉलर हो गया।

ये आंकड़े दिखाते हैं कि अत्याधुनिक एआई सिस्टम तैयार करने और उन्हें संचालित करने के लिए बड़े पैमाने पर निवेश की जरूरत है। ओपनएआई अपनी कंप्यूटिंग क्षमता, एंटरप्राइज प्रोडक्ट्स और उपभोक्ताओं के लिए सेवाओं का विस्तार कर रही है। इसके साथ ही कंपनी एआई एजेंट्स, ई-कॉमर्स और विज्ञापन के जरिए कमाई के नए रास्ते भी विकसित कर रही है।

द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट पर टिप्पणी के लिए रॉयटर्स (Reuters) ने ओपनएआई से संपर्क किया, लेकिन कंपनी की ओर से तत्काल कोई जवाब नहीं मिला।

यह खुलासा ऐसे समय में हुआ है, जब निवेशक इस बात पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं कि प्रमुख एआई कंपनियों की तेज रेवेन्यू ग्रोथ को टिकाऊ मुनाफे में बदला जा सकता है या नहीं।

ओपनएआई की प्रतिद्वंद्वी कंपनी एंथ्रोपिक (Anthropic) ने अपने आईपीओ (IPO) के लिए रोडशो शुरू कर दिया है। इस आईपीओ में कंपनी का मूल्यांकन करीब 1.4 ट्रिलियन डॉलर तक हो सकता है। इससे अत्याधुनिक एआई कारोबार की आर्थिक व्यवहार्यता सार्वजनिक बाजार के निवेशकों के लिए एक अहम सवाल बन गई है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

सर्वम एआई ने सशिकुमार श्रीधरन को बनाया प्रेसिडेंट और चीफ बिजनेस ऑफिसर

सर्वम एआई ने सशिकुमार श्रीधरन को प्रेसिडेंट और चीफ बिजनेस ऑफिसर नियुक्त किया है। वह एंटरप्राइज और सरकारी कारोबार का नेतृत्व करेंगे, साझेदारियां बढ़ाएंगे।

Last Modified:
Tuesday, 10 November, 2026
sarvamAI

सर्वम एआई (Sarvam AI) ने सशिकुमार श्रीधरन (Sashikumar Sreedharan) को प्रेसिडेंट और चीफ बिजनेस ऑफिसर (CBO) नियुक्त किया है। उन्हें कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में भी शामिल किया गया है। वह एंटरप्राइज और सरकारी क्षेत्रों में कंपनी के कारोबार का नेतृत्व करेंगे। इसके साथ ही डिजिटल-नेटिव कंपनियों, डेवलपर्स और पार्टनर्स के साथ कंपनी की भागीदारी बढ़ाने की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।

नई भूमिका में सशिकुमार मार्केटिंग, फाइनेंस, फॉरवर्ड डिप्लॉयड इंजीनियरिंग, सर्विस डिलीवरी और कमर्शियल ऑपरेशंस की देखरेख भी करेंगे। सर्वम एआई से पहले सशिकुमार गूगल क्लाउड (Google Cloud) के साथ जुड़े हुए थे। वहां वह हाल ही में भारत के मैनेजिंग डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे।

टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री में उन्हें तीन दशक से अधिक का अनुभव है। इससे पहले उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट इंडिया (Microsoft India) के एंटरप्राइज कारोबार का नेतृत्व किया था। वह पांच साल से अधिक समय तक कंपनी में मैनेजिंग डायरेक्टर रहे।

अपनी नियुक्ति पर सशिकुमार ने कहा कि भारत को ऐसी इंटेलिजेंस विकसित करने वाला देश बनना चाहिए, जिस पर पूरी दुनिया कामकाज के लिए निर्भर हो। उनके मुताबिक, सर्वम एआई से जुड़ना उनके लिए इस अवसर के प्रति प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि वह कंपनी की टीम और ग्राहकों के साथ मिलकर ऐसे प्रोडक्ट्स विकसित करने के लिए उत्साहित हैं, जो उद्योगों और सरकारों के कामकाज का अभिन्न हिस्सा बन सकें।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

स्पेसएक्स के बोर्ड से हटे गूगल के ग्लोबल पार्टनरशिप्स प्रेसिडेंट

गूगल के डोनाल्ड हैरिसन ने स्पेसएक्स के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने स्पष्ट किया कि उनका फैसला किसी मतभेद के कारण नहीं लिया गया।

Last Modified:
Monday, 09 November, 2026
alphabet

गूगल (Google) के ग्लोबल पार्टनरशिप्स एंड कॉरपोरेट डेवलपमेंट के प्रेसिडेंट डोनाल्ड हैरिसन (Donald Harrison) ने स्पेसएक्स (SpaceX) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने रेगुलेटरी फाइलिंग के जरिए इसकी जानकारी दी।

हैरिसन 2005 से गूगल के साथ जुड़े हुए हैं। स्पेसएक्स ने फाइलिंग में स्पष्ट किया कि उनके इस्तीफे का कारण कंपनी के संचालन, नीतियों या कार्यप्रणाली से जुड़ा कोई मतभेद नहीं है। कंपनी ने उनके योगदान और वर्षों की सेवाओं के लिए आभार भी जताया है।

यह घटनाक्रम गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट (Alphabet) और स्पेसएक्स के बीच मजबूत कारोबारी संबंधों के बीच सामने आया है। अल्फाबेट ने 2015 में एलन मस्क (Elon Musk) की कंपनी में निवेश किया था। उस समय स्पेसएक्स का मूल्यांकन करीब 12 अरब डॉलर था।

दोनों कंपनियों के बीच महत्वपूर्ण कारोबारी साझेदारी भी है। गूगल, स्पेसएक्स का एक प्रमुख ग्राहक है। गूगल ने स्पेसएक्स के एआई डिवीजन को टेनेसी के मेम्फिस क्षेत्र में स्थित डेटा सेंटर्स से कंप्यूटिंग क्षमता हासिल करने के लिए हर महीने 920 मिलियन डॉलर तक भुगतान करने पर सहमति जताई है।

हाल ही में दोनों कंपनियों ने प्रोजेक्ट सनकैचर (Project Suncatcher) पर भी साथ काम किया। इस पहल के तहत प्लैनेट लैब्स (Planet Labs) के साथ विकसित सैटेलाइट्स की मदद से गूगल की एआई चिप्स को अंतरिक्ष की कक्षा में भेजने की योजना शामिल है।

ईमेल के जरिए दिए गए बयान में गूगल ने कहा कि वह स्पेसएक्स के मिशन का समर्थन करता रहेगा। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि हैरिसन के बोर्ड से हटने के बावजूद स्पेसएक्स के साथ उसकी लंबे समय से चली आ रही साझेदारी जारी रहेगी।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

ओपनएआई में चीफ कॉरपोरेट अफेयर्स ऑफिसर बनीं जिल हेजलबेकर

जिल हेजलबेकर ओपनएआई में चीफ कॉरपोरेट अफेयर्स ऑफिसर के रूप में शामिल होंगी। वह कंपनी के वैश्विक कम्युनिकेशंस, कॉरपोरेट पोजिशनिंग और एआई को लेकर लोगों का भरोसा मजबूत करने पर काम करेंगी।

Last Modified:
Wednesday, 04 November, 2026
openai

जिल हेजलबेकर (Jill Hazelbaker) ओपनएआई (OpenAI) में चीफ कॉरपोरेट अफेयर्स ऑफिसर (Chief Corporate Affairs Officer) के रूप में शामिल होंगी। वह कंपनी के ग्लोबल कम्युनिकेशंस (Global Communications) और कॉरपोरेट पोजिशनिंग (Corporate Positioning) की जिम्मेदारी संभालेंगी।

नई भूमिका में जिल ओपनएआई के अलग-अलग लीडर्स के साथ मिलकर काम करेंगी। उनका मुख्य फोकस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (Artificial Intelligence) को लेकर लोगों की समझ बढ़ाने और कंपनी के मिशन के प्रति भरोसा मजबूत करने पर होगा।

जिल के पास टेक्नोलॉजी कंपनियों और राजनीतिक नेताओं के साथ काम करने का करीब दो दशक का अनुभव है। उन्होंने तेजी से विकास के दौर और कई बड़ी चुनौतियों के बीच संगठनों को रणनीतिक सलाह दी है।

ओपनएआई से पहले जिल उबर (Uber) में प्रेसिडेंट और चीफ कॉरपोरेट अफेयर्स ऑफिसर थीं। वहां उन्होंने कंपनी को एक महत्वाकांक्षी स्टार्टअप से दुनिया के बड़े ग्लोबल टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म्स में शामिल होने तक के सफर में अहम भूमिका निभाई।

जिल की नियुक्ति ओपनएआई की उस रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत कंपनी एआई के भविष्य को आकार देने वाले लोगों और संस्थानों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने के लिए अपनी नेतृत्व और संगठनात्मक क्षमताओं को मजबूत कर रही है।

ओपनएआई के को-फाउंडर और प्रेसिडेंट ग्रेग ब्रॉकमैन (Greg Brockman) ने कहा कि जैसे-जैसे एआई लोगों के जीवन का हिस्सा बन रहा है, वैसे-वैसे संवाद, जुड़ाव और लोगों का भरोसा हासिल करना पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गया है।

उन्होंने कहा कि जिल के पास बेहतर निर्णय लेने की क्षमता, अनुभवी नेतृत्व और बड़े स्तर पर टेक्नोलॉजी विकसित करने से जुड़े अवसरों और जिम्मेदारियों की गहरी समझ है। वह ओपनएआई के अगले चरण के लिए जरूरी नेतृत्व क्षमता लेकर आ रही हैं और कंपनी में उनका स्वागत करते हुए खुशी हो रही है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

निधि बाविशी ने जॉइन किया यूट्यूब : स्ट्रैटेजिक पार्टनर मैनेजर की मिली जिम्मेदारी

निधि बाविशी ने ड्रीम स्पोर्ट्स के बाद यूट्यूब जॉइन किया है। वह मीडिया कंपनियों के लिए स्ट्रैटेजिक पार्टनर मैनेजर की भूमिका संभालेंगी और स्पोर्ट्स, मीडिया, गेमिंग अनुभव को आगे बढ़ाएंगी।

Last Modified:
Monday, 02 November, 2026
youtube

निधि बाविशी (Nidhi Bavishi) ने यूट्यूब (YouTube) में स्ट्रैटेजिक पार्टनर मैनेजर, मीडिया कंपनियों के तौर पर नई पारी शुरू की है। वह इससे पहले ड्रीम स्पोर्ट्स (Dream Sports) से जुड़ी थीं, जहां उन्होंने करीब दो साल काम किया।

ड्रीम स्पोर्ट्स में बाविशी की आखिरी जिम्मेदारी सीनियर मैनेजर, कॉरपोरेट डेवलपमेंट की थी। यूट्यूब जॉइन करने की जानकारी उन्होंने लिंक्डइन (LinkedIn) पोस्ट के जरिए दी।

बाविशी ने पोस्ट में कहा कि ड्रीम स्पोर्ट्स के साथ शानदार सफर और भारत के स्पोर्ट्स, मीडिया और गेमिंग लैंडस्केप को करीब से देखने के बाद वह यूट्यूब से जुड़कर उत्साहित हैं। उन्होंने यूट्यूब को उस प्लेटफॉर्म के तौर पर बताया, जिसने इस सफर की शुरुआत की।

ड्रीम स्पोर्ट्स से पहले वह लुमिकाई फंड (Lumikai Fund), (रेड) ((RED)) और एऑन (Aon) समेत कई संगठनों के साथ काम कर चुकी हैं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

मेटा ने पेश किया स्टाइल स्केच : मिलेगी वर्चुअल ट्रायल सुविधा

मेटा ने स्टाइल स्केच नाम का नया एआई ऐप पेश किया है, जो यूजर्स की मौजूदा अलमारी से नए लुक सुझाएगा। ऐप वर्चुअल ट्रायल और यात्रा के लिए कपड़े भी सुझाएगा.

Last Modified:
Saturday, 31 October, 2026
meta

फेसबुक (Facebook) और इंस्टाग्राम (Instagram) की पैरेंट कंपनी मेटा (Meta) ने स्टाइल स्केच (Style Sketch) नाम का नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ऐप पेश किया है। यह ऐप यूजर्स को उनकी मौजूदा अलमारी में रखे कपड़ों से नए और अलग लुक तैयार करने में मदद करेगा। यानी नए कपड़े खरीदे बिना अलग-अलग स्टाइल आजमाए जा सकेंगे।

स्टाइल स्केच यह भी दिखाएगा कि चुने गए कपड़े ऐसे मॉडल पर कैसे नजर आएंगे, जिसकी त्वचा का रंग और शरीर की बनावट यूजर से मिलती-जुलती हो स्टाइल स्केच में यूजर अपना इंस्टाग्राम अकाउंट जोड़ सकेंगे। इसके बाद ऐप पुरानी तस्वीरों को देखकर उनमें मौजूद कपड़ों की पहचान करेगा और उनके आधार पर डिजिटल वॉर्डरोब तैयार करेगा।

यूजर अपने फोन से कपड़ों की तस्वीरें अपलोड कर सकते हैं या वीडियो के जरिए भी उन्हें ऐप में शामिल कर सकते हैं। डिजिटल अलमारी तैयार होने के बाद ऐप यूजर की पसंद के मुताबिक कपड़ों के अलग-अलग कॉम्बिनेशन सुझाएगा। किसी खास कपड़े को चुनकर उससे जुड़े नए स्टाइल भी पूछे जा सकेंगे।

ऐप में वर्चुअल ट्रायल की सुविधा भी मिलेगी। इसके जरिए यूजर अलग-अलग कपड़ों को अपनी त्वचा के रंग और शरीर की बनावट के हिसाब से वर्चुअली देख सकेंगे।

स्टाइल स्केच यात्रा के दौरान पहनने वाले कपड़ों का चुनाव करने में भी मदद करेगा। इसके लिए यूजर को यात्रा की जगह, कितने दिनों के लिए जाना है और वहां किस तरह की गतिविधियां होंगी, इसकी जानकारी देनी होगी।

इसके बाद ऐप मौसम और यात्रा की योजना को ध्यान में रखते हुए हर दिन के लिए कपड़ों के विकल्प सुझाएगा। स्टाइल स्केच फिलहाल इंडोनेशिया (Indonesia), सिंगापुर (Singapore) और थाईलैंड (Thailand) में आईफोन (iPhone) और एंड्रॉयड (Android) यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया गया है। मेटा ने दूसरे देशों में इसके विस्तार को लेकर अभी कोई जानकारी नहीं दी है।

कंपनी के पास इंस्टाग्राम पर मौजूद यूजर्स की पुरानी तस्वीरों का बड़ा डेटाबेस है, जिसकी मदद से ऐप उनकी पसंद और कपड़ों की शैली को समझने में सक्षम होगा।

मेटा इससे पहले वाइब्स (Vibes) और पॉकेट (PockeT) जैसे एआई आधारित ऐप भी पेश कर चुकी है। स्टाइल स्केच इसी दिशा में कंपनी का एक और नया कदम है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

गूगल ने पेश किया जेमिनी 4 कार्बन : मुश्किल कामों और साइबर सुरक्षा में दमदार

गूगल ने जेमिनी 4 कार्बन एआई मॉडल पेश किया है, जो 17 में से 15 परीक्षणों में आगे रहा और साइबर सुरक्षा, कोडिंग, सॉफ्टवेयर व वेबसाइट निर्माण जैसे कठिन काम कर सकता है।

Last Modified:
Thursday, 29 October, 2026
gemini4carbon

गूगल (Google) ने अपना नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मॉडल जेमिनी 4 कार्बन पेश किया है। कंपनी इसे अब तक का अपना सबसे मजबूत एआई मॉडल बता रही है। यह जेमिनी 4 आर्गन के जेमिनी ऐप पर आने के करीब दो सप्ताह बाद सामने आया है।

नए मॉडल के साथ गूगल ने खास तौर पर साइबर सुरक्षा और जटिल तकनीकी कार्यों को पूरा करने की क्षमता पर जोर दिया है। इसके प्रदर्शन से एआई मॉडल के बीच प्रतिस्पर्धा और तेज होने की संभावना है।

गूगल के अनुसार, जेमिनी 4 कार्बन ने तुलना के लिए किए गए 17 परीक्षणों में से 15 में सबसे अधिक अंक हासिल किए। इन परीक्षणों में इसकी तुलना जेमिनी 4 आर्गन, जीपीटी-6 एस्ट्रा (GPT-6 Astra) और क्लॉड ओपस 5.5 (Claude Opus 5.5) से की गई।

हालांकि, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग से जुड़े एक परीक्षण में जीपीटी-6 एस्ट्रा ने बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं, कंप्यूटर चलाने की क्षमता से जुड़े परीक्षण में क्लॉड ओपस 5.5 आगे रहा। जेमिनी 4 कार्बन को ऐसे कामों के लिए तैयार किया गया है, जिनमें कई चरण शामिल होते हैं और जिन्हें पूरा करने में लंबा समय लग सकता है।

गूगल का कहना है कि यह मॉडल कई दिनों तक इंजीनियरिंग से जुड़ी समस्याओं पर काम करने में सक्षम है। इसके अलावा सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करना, खराब कोड को ठीक करना और वेबसाइट तैयार करना जैसे कार्य भी कर सकता है।

गूगल ने जेमिनी 4 कार्बन में सुरक्षा से जुड़े कई बदलाव किए हैं। कंपनी की आंतरिक जांच के दौरान कोडिंग से जुड़े गंभीर गलत व्यवहार के अलर्ट पिछले मॉडल की तुलना में करीब 80 प्रतिशत कम दर्ज हुए। एक अन्य परीक्षण में मॉडल ने छिपे हुए निर्देशों के माध्यम से किए गए साइबर हमलों को रोकने में भी सफलता हासिल की। हालांकि, ये आंकड़े गूगल की अपनी जांच के हैं और स्वतंत्र परीक्षणों में परिणाम अलग हो सकते हैं।

गूगल आगे अन्य भरोसेमंद साझेदारों को भी इस कार्यक्रम में शामिल करने की योजना बना रहा है। इसके बाद डेवलपर्स, कारोबारियों और आम यूजर्स तक इसकी पहुंच बढ़ सकती है। हालांकि, कंपनी ने अभी इसके व्यापक रूप से उपलब्ध होने की तारीख नहीं बताई है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए