बीडीओ इंडिया ने राधिका शाह को एसोसिएट डायरेक्टर – ब्रांड मार्केटिंग एंड कम्युनिकेशंस नियुक्त किया है। उन्हें B2B और B2C सेक्टर में 15 साल से अधिक का अनुभव है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
बीडीओ इंडिया (BDO India) ने राधिका शाह (Radhika Shah) को एसोसिएट डायरेक्टर – ब्रांड मार्केटिंग एंड कम्युनिकेशंस नियुक्त किया है। अपनी नई भूमिका में वह कंपनी की ब्रांड बिल्डिंग और कम्युनिकेशंस से जुड़ी गतिविधियों का नेतृत्व करेंगी। उनका फोकस बाजार में कंपनी की मौजूदगी मजबूत करने और ब्रांड की पहचान को बेहतर बनाने पर रहेगा।
राधिका को बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) और बिजनेस-टू-कंज्यूमर (B2C) सेक्टर में 15 साल से अधिक का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर का करीब एक दशक विजिटब्रिटेन (VisitBritain) के साथ बिताया। यहां उन्होंने मार्केटिंग और कम्युनिकेशंस से जुड़े कामकाज का अनुभव हासिल किया।
उनकी नियुक्ति को बीडीओ इंडिया की मार्केटिंग और कम्युनिकेशंस लीडरशिप टीम को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। कंपनी का लक्ष्य ब्रांड पोजिशनिंग को बेहतर बनाने और बाजार में अपनी विजिबिलिटी बढ़ाने पर है।
15 नवंबर की सुबह वह बाइक टैक्सी से अपने ऑफिस जा रही थीं। इसी दौरान भोपाल के भदभदा चौराहे पर हुए हादसे में उनकी जान चली गई।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
हिंदी न्यूज चैनल ‘विस्तार न्यूज’ (Vistaar News) की युवा पत्रकार सपना कुमारी का सड़क हादसे में निधन हो गया। वह महज 25 साल की थीं और विस्तार न्यूज में असिस्टेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत थीं। 15 नवंबर की सुबह वह बाइक टैक्सी से अपने ऑफिस जा रही थीं। इसी दौरान भोपाल के भदभदा चौराहे पर हुए हादसे में उनकी जान चली गई।
पुलिस के मुताबिक, हादसा रविवार सुबह करीब 8 बजे कमला नगर थाना क्षेत्र के भदभदा चौराहे पर हुआ। सपना बाइक टैक्सी पर सवार थीं, तभी एक अन्य बाइक सवार उनके पास से तेजी से गुजरा और अचानक कट मार दिया। इससे बाइक टैक्सी चालक का संतुलन बिगड़ गया और सपना सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान पीछे से आ रहे डंपर ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद कमला नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है। हादसे में शामिल दूसरे बाइक सवार और डंपर चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
सपना कुमारी मूल रूप से बिहार के बक्सर जिले की रहने वाली थीं। विस्तार न्यूज की ओर से प्रकाशित श्रद्धांजलि के मुताबिक, वह दो बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थीं। उनके माता-पिता असम में पदस्थ हैं। सपना ने पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद 2 मार्च 2026 को विस्तार न्यूज में बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर अपने करियर की शुरुआत की थी। संस्थान में कम समय के दौरान ही उन्होंने अपने काम और व्यवहार से सहयोगियों के बीच पहचान बनाई थी।
बता दें कि हादसे के ठीक दो दिन पहले ही 13 नवंबर को विस्तार न्यूज के कार्यालय में सपना कुमारी के साथियों ने उनका जन्मदिन मनाया था। सपना कुमारी के निधन से उनके परिवार व परिचितों के साथ ही विस्तार न्यूज के साथियों में शोक की लहर है। संस्थान ने सपना कुमारी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके काम के प्रति लगन, समर्पण और सौम्य व्यवहार को याद किया है।
विस्तार न्यूज की एग्जिक्यूटिव एडिटर श्वेता राय ने भी सोशल मीडिया पर सपना के निधन पर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने दिवाली के दिन सपना के साथ ली गई तस्वीर को याद करते हुए लिखा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह उनकी आखिरी तस्वीर होगी। उन्होंने सपना को अपनी प्यारी लाड़ली बताते हुए उनके असमय चले जाने पर दुख जताया।
हमारी प्यारी सी लाड़ली सपना हम लोगों को इतना जल्दी छोड़कर चली गई.. सिर्फ़ एक हफ़्ते पहले दिवाली के दिन ये तस्वीर लिए तब कभी नहीं सोचा था ये हमारी आख़िरी तस्वीर होगी.. अभी तो सफर शुरू ही हुआ था.. इतनी जल्दी तुम्हारा जाना.. निःशब्द हूँ मेरी गुड़िया रानी तुम्हारे लिए.. Vistaar News की होनहार पत्रकार सपना कुमारी का सड़क हादसे में निधन हो गया.. ईश्वर सपना की आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को ये दुःख सहने की शक्ति दें.. ओम शांति 🙏
— Shweta Rai (Vistaar News) (@Shwetaraiii) November 16, 2026
फूड एम्पायर ने अभिनव धायल को प्रमोट कर इंडोनेशिया का कंट्री हेड बनाया है। इससे पहले वह वियतनाम में सेल्स डायरेक्टर थे। कंपनी के साथ उन्हें तीन साल से अधिक का अनुभव है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
फूड एम्पायर (Food Empire) ने अभिनव धायल (Abhinav Dhayal) को प्रमोट कर इंडोनेशिया का कंट्री हेड नियुक्त किया है। इससे पहले वह कंपनी में वियतनाम के सेल्स डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। धायल ने लिंक्डइन (LinkedIn) पोस्ट के जरिए अपनी नई भूमिका की जानकारी साझा की।
अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा, “करियर से जुड़ा एक नया अपडेट साझा करते हुए खुशी हो रही है। मैंने फूड एम्पायर में सेल्स डायरेक्टर-वियतनाम की भूमिका से कंट्री हेड, इंडोनेशिया की जिम्मेदारी संभाल ली है। अब तक के सफर के लिए आभारी हूं और इंडोनेशियाई बाजार में कंपनी की अगली विकास यात्रा का नेतृत्व करने को लेकर उत्साहित हूं।”
नई भूमिका में धायल इंडोनेशिया में कंपनी की मार्केट एंट्री, कमर्शियल ऑपरेशंस और प्रॉफिट एंड लॉस (P&L) की पूरी जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके साथ ही वह कॉर्पोरेट सेटअप, रूट-टू-मार्केट रणनीति, थर्ड-पार्टी लॉजिस्टिक्स (3PL) सप्लाई चेन पार्टनरशिप, रेगुलेटरी कंप्लायंस और स्थानीय बाजार के मुताबिक प्रोडक्ट पोर्टफोलियो तैयार करने का काम भी देखेंगे।
उनका फोकस पारंपरिक रिटेल, मॉडर्न रिटेल और डिजिटल चैनलों के जरिए कंपनी की बाजार पहुंच और कारोबार को मजबूत करने पर रहेगा। अभिनव धायल तीन साल से अधिक समय से फूड एम्पायर के साथ जुड़े हैं। इससे पहले वह एबॉट (Abbott) में रीजनल सेल्स मैनेजर – साउथ के पद पर कार्यरत थे।
मीडिया और एंटरटेनमेंट कंपनी बोधिट्री मल्टीमीडिया (Bodhi Tree Multimedia Limited) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही और पहली छमाही के नतीजे जारी किए हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मीडिया और एंटरटेनमेंट कंपनी बोधिट्री मल्टीमीडिया (Bodhi Tree Multimedia Limited) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही और पहली छमाही के नतीजे जारी किए हैं। कंपनी की ओर से जारी कंसोलिडेटेड नतीजों के मुताबिक, जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में कुल आय सालाना आधार पर 60.6% बढ़कर 39.19 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह 24.40 करोड़ रुपये थी। वहीं, दूसरी तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 3.68 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान अवधि के 3.05 करोड़ रुपये से 20.5% अधिक है।
पहली छमाही यानी अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान कंपनी की कुल आय 65.3% की बढ़त के साथ 70.77 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। पिछले वित्त वर्ष की पहली छमाही में यह 42.81 करोड़ रुपये थी। इस दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफा भी 26.5% बढ़कर 4.46 करोड़ रुपये हो गया, जबकि H1 FY26 में यह 3.53 करोड़ रुपये था।
EBITDA में भी मजबूत बढ़त
कंपनी के EBITDA में भी अच्छी बढ़त देखने को मिली। Q2 FY27 में EBITDA 6.90 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही के 4.91 करोड़ रुपये से 40.5% अधिक है। पिछली तिमाही यानी Q1 FY27 के मुकाबले इसमें 69.8% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। Q2 में EBITDA मार्जिन 17.60% रहा।
वहीं, पहली छमाही में EBITDA 69.4% बढ़कर 10.96 करोड़ रुपये हो गया। H1 FY26 में यह 6.47 करोड़ रुपये था। इस दौरान EBITDA मार्जिन 15.49% रहा। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि EBITDA और EBITDA मार्जिन में अन्य आय भी शामिल है।
5 शो प्रोडक्शन के अलग-अलग चरणों में
कंपनी के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में उसने टेलीविजन, OTT और डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए 100 घंटे से अधिक का ओरिजिनल कंटेंट तैयार किया। इसके अलावा, पांच शो प्रमुख ब्रॉडकास्टर्स और OTT प्लेटफॉर्म के लिए प्रोडक्शन के अलग-अलग चरणों में हैं।
कंपनी ने बताया कि उसे असम सरकार से राज्य के आधिकारिक डिजिटल कंटेंट प्लेटफॉर्म को तैयार करने और उसका प्रबंधन करने का रणनीतिक काम भी मिला है। इसके जरिए कंपनी कंटेंट प्रोडक्शन से आगे बढ़कर सरकारी डिजिटल मीडिया इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भी अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है।
Bodhi Tree Multimedia के पास 100 से अधिक शो और 5,000 घंटे से ज्यादा प्रोग्रामिंग का अनुभव है। कंपनी अब केवल दूसरे ब्रॉडकास्टर्स और प्लेटफॉर्म के लिए कंटेंट बनाने के बजाय अपने खुद के IP यानी कंटेंट और उससे जुड़े अधिकारों के स्वामित्व, कमाई और अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर उनके विस्तार पर भी ध्यान दे रही है।
क्या बोले कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर?
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO मौतिक टोलिया ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही कंपनी के लिए अहम रही है। इस दौरान कंसोलिडेटेड कुल आय 65.3% बढ़कर 70.77 करोड़ रुपये हो गई। वहीं, दूसरी तिमाही में आय 60.6% बढ़कर 39.19 करोड़ रुपये रही।
उन्होंने कहा कि कंपनी टेलीविजन, OTT, डिजिटल, FAST और YouTube जैसे प्लेटफॉर्म पर अपने IP तैयार करने और उनका स्वामित्व रखने की रणनीति पर काम कर रही है। उनके मुताबिक, मीडिया और एंटरटेनमेंट सेक्टर में डिजिटल, क्षेत्रीय भाषाओं और अलग-अलग प्लेटफॉर्म का महत्व बढ़ रहा है। ऐसे में कंटेंट के स्वामित्व और उसके कई माध्यमों से वितरण के जरिए कंपनी के लिए नए अवसर बन रहे हैं।
टोलिया ने यह भी बताया कि कंपनी अपने कंटेंट डेवलपमेंट और प्रोडक्शन के काम में AI का इस्तेमाल बढ़ा रही है। इससे काम की गति, कार्यक्षमता और फैसले लेने की प्रक्रिया बेहतर बनाने में मदद मिल रही है। कंपनी का कहना है कि वित्त वर्ष 2026-27 में उसका ध्यान अपने IP और डिजिटल क्षमताओं को बढ़ाने तथा कारोबार के विकास के नए रास्ते तैयार करने पर रहेगा।
मीडिया इंडस्ट्री के बदलावों पर भी कंपनी की नजर
कंपनी ने अपने नतीजों के साथ मीडिया और एंटरटेनमेंट सेक्टर से जुड़े कुछ नियामकीय बदलावों का भी जिक्र किया है। इनमें टेलीविजन ब्रॉडकास्टर्स के लिए विज्ञापन की सीमा में बदलाव, AI से तैयार गैरकानूनी कंटेंट और डीपफेक पर प्रस्तावित कार्रवाई, टेलीविजन रेटिंग से जुड़े बदलाव और प्रसारण सेवाओं के लिए एकीकृत नियामकीय ढांचे का प्रस्ताव शामिल है।
कंपनी के मुताबिक, इन बदलावों का असर ब्रॉडकास्टर्स, विज्ञापनदाताओं और डिजिटल प्लेटफॉर्म के कामकाज पर पड़ सकता है। ऐसे माहौल में Bodhi Tree Multimedia अपने कंटेंट कारोबार को कई प्लेटफॉर्म पर फैलाने और टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल से मजबूत बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
मोबाइल पर आने वाली अनचाही प्रमोशनल कॉल और मैसेज यानी स्पैम से परेशान लोगों के लिए एक अहम खबर है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मोबाइल पर आने वाली अनचाही प्रमोशनल कॉल और मैसेज यानी स्पैम से परेशान लोगों के लिए एक अहम खबर है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने जुलाई से सितंबर 2026 की तिमाही में अनचाहे कमर्शियल कम्युनिकेशन (UCC) के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की है। इस दौरान 1.10 लाख से ज्यादा टेलीकॉम संसाधनों को 15 दिनों के लिए बंद किया गया, जबकि करीब 13,777 संसाधनों को एक साल के लिए डिस्कनेक्ट किया गया। इसके अलावा 374 सेंडर्स को एक साल के लिए ब्लैकलिस्ट भी किया गया है।
TRAI ने 13 नवंबर को वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर 2026) के लिए UCC के खिलाफ की गई कार्रवाई की रिपोर्ट जारी की। यह रिपोर्ट देश की टेलीकॉम कंपनियों से मिली जानकारी के आधार पर तैयार की गई है।
तीन महीने में मिलीं 15.29 लाख स्पैम शिकायतें
TRAI की रिपोर्ट के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 तक देश में कुल टेलीकॉम सब्सक्राइबर्स की संख्या करीब 134.9 करोड़ थी। वहीं, जुलाई से सितंबर के बीच टेलीकॉम नेटवर्क पर 71,401 करोड़ कॉल और 70,228 करोड़ SMS किए गए।
इस दौरान अनचाहे कमर्शियल कम्युनिकेशन को लेकर कुल 15.29 लाख शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 7.23 लाख शिकायतें ऐसी थीं, जिन पर कार्रवाई की जा सकती थी। TRAI के मुताबिक, इस तिमाही में हर 10 लाख आउटगोइंग कॉल पर औसतन 2.14 UCC शिकायतें दर्ज हुईं।
कार्रवाई के तहत 1,10,325 टेलीकॉम संसाधनों को पहली बार नियमों का उल्लंघन करने पर 15 दिनों के लिए आउटगोइंग कम्युनिकेशन से रोका गया। वहीं, बार-बार नियम तोड़ने पर 13,777 संसाधनों को एक साल के लिए डिस्कनेक्ट किया गया। इसके अलावा 3,725 SMS हेडर ब्लॉक किए गए।
DND ऐप पर आईं 92.9% शिकायतें
स्पैम कॉल और मैसेज के खिलाफ कार्रवाई में TRAI के DND ऐप की भूमिका भी अहम रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान UCC से जुड़ी कुल 15.29 लाख शिकायतों में से 14.21 लाख शिकायतें TRAI DND ऐप के जरिए मिलीं। यानी कुल शिकायतों में करीब 92.9 फीसदी इसी ऐप के माध्यम से दर्ज की गईं।
30 सितंबर 2026 तक इस ऐप के कुल डाउनलोड की संख्या 42.36 लाख पहुंच गई थी। TRAI ने लोगों को ऐप के इस्तेमाल और स्पैम की शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से कई अभियान भी चलाए।
इन अभियानों के तहत 132 FM चैनलों, 15 ऑल इंडिया रेडियो (AIR) FM चैनलों, 23 निजी टीवी चैनलों, दो दूरदर्शन चैनलों और 97 अखबारों के जरिए लोगों तक जानकारी पहुंचाई गई।
इसके अलावा, जून से अगस्त 2026 के बीच MyGov पोर्टल पर 'TRAI DND Reel Challenge' आयोजित किया गया। सोशल मीडिया पर चलाए गए एक डिजिटल अभियान को 2.48 करोड़ से ज्यादा इम्प्रेशन मिले। वहीं, देशभर में 322 उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें करीब 31 हजार लोगों ने सीधे हिस्सा लिया।
TRAI ने जुलाई से सितंबर के बीच उपभोक्ताओं को DND ऐप के बारे में जागरूक करने के लिए 300 करोड़ से ज्यादा SMS भी भेजे।
अब भी 112 करोड़ से ज्यादा लोगों ने नहीं चुनी DND सुविधा
रिपोर्ट का एक अहम पहलू यह भी है कि देश में बड़ी संख्या में मोबाइल यूजर्स ने अभी तक DND रजिस्ट्री में अपनी पसंद दर्ज नहीं कराई है।
30 सितंबर 2026 तक DND रजिस्ट्री में कुल 22.449 करोड़ उपभोक्ताओं ने अपनी प्राथमिकताएं दर्ज कराई थीं। यह देश के कुल 134.9 करोड़ टेलीकॉम सब्सक्राइबर्स का करीब 16.64 फीसदी है।
इसका मतलब है कि 112 करोड़ से ज्यादा उपभोक्ताओं ने अभी तक अपनी DND प्राथमिकताएं रजिस्टर नहीं कराई हैं। ऐसे उपभोक्ता रजिस्टर्ड टेलीमार्केटर्स और सेंडर्स की कमर्शियल कम्युनिकेशन के लिए उपलब्ध हैं।
उपभोक्ता TRAI DND ऐप, अपनी टेलीकॉम कंपनी की वेबसाइट या ऐप के जरिए DND प्राथमिकताएं दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा 1909 नंबर पर कॉल या SMS करके भी प्रमोशनल कम्युनिकेशन को ब्लॉक करने या अपनी पसंद के मुताबिक अनुमति देने का विकल्प मौजूद है।
140 और 1600 सीरीज से पहचानना आसान हुई कॉल
अनचाही कॉल पर लगाम लगाने के लिए TRAI ने अलग-अलग तरह के कम्युनिकेशन के लिए विशेष नंबरिंग सीरीज भी निर्धारित की हैं।
140 सीरीज का इस्तेमाल प्रमोशनल कॉल के लिए किया जाता है। इन नंबरों से आने वाली कॉल को उपभोक्ताओं की रजिस्टर्ड DND प्राथमिकताओं के आधार पर जांचने के बाद ही डिलीवर किया जाता है।
वहीं, 1600 सीरीज को बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और बीमा (BFSI) सेक्टर की सर्विस और ट्रांजैक्शन से जुड़ी कॉल के साथ-साथ सरकारी संस्थाओं के नागरिकों से संपर्क के लिए शुरू किया गया है।
इसके अलावा, 10 अगस्त 2026 को TRAI ने यूटिलिटी, लॉजिस्टिक्स और डिलीवरी सेक्टर की सर्विस और ट्रांजैक्शन कॉल के लिए 1601 सीरीज भी शुरू की।
रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान 140 सीरीज से 1,527 करोड़ प्रमोशनल कॉल की गईं। इनमें से 170 करोड़ कॉल उपभोक्ताओं की DND प्राथमिकताओं के आधार पर ब्लॉक कर दी गईं। इसी अवधि में रजिस्टर्ड सेंडर्स और टेलीमार्केटर्स ने 66,071 करोड़ कमर्शियल SMS भेजे, जबकि DND प्राथमिकताओं के आधार पर 1,109 करोड़ प्रमोशनल SMS ब्लॉक किए गए।
इस दौरान 1600 सीरीज से कुल 127 करोड़ कॉल की गईं।
AI ने पकड़ीं 1828 करोड़ संदिग्ध स्पैम कॉल
स्पैम पर लगाम लगाने के लिए टेलीकॉम कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सिस्टम का भी इस्तेमाल कर रही हैं। ये सिस्टम सामान्य 10 अंकों वाले मोबाइल नंबरों से आने वाली संदिग्ध कॉल और SMS की पहचान कॉलिंग पैटर्न के आधार पर करते हैं।
TRAI की रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान टेलीकॉम नेटवर्क पर कुल 70,596 करोड़ इनकमिंग कॉल आईं। इनमें से AI आधारित सिस्टम ने 1,828 करोड़ कॉल को संदिग्ध स्पैम के तौर पर चिह्नित किया।
इसी तरह, कुल 85,440 करोड़ इनकमिंग SMS में से 162 करोड़ SMS को संदिग्ध स्पैम के रूप में फ्लैग किया गया। यानी कॉल और SMS मिलाकर करीब 1,990 करोड़ संदिग्ध कम्युनिकेशन की पहचान की गई।
AI सिस्टम की मदद से संदिग्ध स्पैम भेजने वाली संस्थाओं को 45.95 लाख से ज्यादा चेतावनी नोटिफिकेशन भी भेजे गए। इसके अलावा, 34,025 संदिग्ध UCC सेंडर्स का e-KYC किया गया। KYC वेरिफिकेशन में नाकाम रहने पर 9,977 टेलीकॉम संसाधनों को डिस्कनेक्ट किया गया।
TRAI के मुताबिक, स्पैम के खिलाफ कार्रवाई अब सिर्फ मोबाइल नंबरों तक सीमित नहीं है। इसमें टेलीकॉम संसाधनों को बंद करने, सेंडर्स को ब्लैकलिस्ट करने, SMS हेडर ब्लॉक करने और AI आधारित पहचान जैसे कई स्तरों पर कदम उठाए जा रहे हैं।
आउटडोर विज्ञापन कारोबार से जुड़ी कंपनी ब्राइट आउटडोर मीडिया (Bright Outdoor Media Limited) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में अच्छा प्रदर्शन किया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
आउटडोर विज्ञापन कारोबार से जुड़ी कंपनी ब्राइट आउटडोर मीडिया (Bright Outdoor Media Limited) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में अच्छा प्रदर्शन किया है। सितंबर 2026 को समाप्त छह महीनों में कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर करीब 13.9% बढ़कर 71.19 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 62.51 करोड़ रुपये था। वहीं, इस दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफा 11.03 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 10.08 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने 14 नवंबर 2026 को हुई बोर्ड मीटिंग के बाद सितंबर तिमाही और पहली छमाही के वित्तीय नतीजे जारी किए। ये नतीजे स्टैंडअलोन आधार पर हैं और इनकी ऑडिटर्स की ओर से लिमिटेड रिव्यू किया गया है।
दूसरी तिमाही में रेवेन्यू 24% बढ़ा
वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही यानी जुलाई-सितंबर 2026 में कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 41.80 करोड़ रुपये रहा। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 33.71 करोड़ रुपये था। इस तरह इसमें करीब 24% की बढ़ोतरी हुई।
दूसरी तिमाही में कंपनी का कुल रेवेन्यू 42.01 करोड़ रुपये रहा, जिसमें अन्य आय भी शामिल है। वहीं, कंपनी का शुद्ध मुनाफा 7.05 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही के 6.75 करोड़ रुपये से करीब 4.3% ज्यादा है। तिमाही के दौरान कंपनी का टैक्स से पहले मुनाफा 9.36 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 9.15 करोड़ रुपये था।
पहली छमाही में मुनाफा 9.5% बढ़ा
पहली छमाही के आंकड़ों पर नजर डालें तो कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 71.19 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल की समान अवधि में यह 62.51 करोड़ रुपये था। वहीं, कुल रेवेन्यू 71.85 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल यह 63.31 करोड़ रुपये था।
इस दौरान कंपनी का टैक्स से पहले मुनाफा 14.62 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान अवधि के 13.57 करोड़ रुपये से करीब 7.7% अधिक है। टैक्स खर्च के बाद कंपनी का शुद्ध मुनाफा 11.03 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल की पहली छमाही में यह 10.08 करोड़ रुपये था। इस तरह शुद्ध मुनाफे में करीब 9.5% की बढ़ोतरी हुई।
हालांकि, कंपनी के कुल खर्च में भी इजाफा हुआ है। पहली छमाही में कुल खर्च 57.23 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 49.74 करोड़ रुपये था।
विज्ञापन और रियल एस्टेट, दो कारोबार में सक्रिय है कंपनी
कंपनी की वित्तीय रिपोर्ट के मुताबिक, उसका कारोबार मुख्य रूप से दो सेगमेंट में बंटा है। इनमें एडवर्टाइजिंग एंड पब्लिसिटी और रियल एस्टेट शामिल हैं। पहली छमाही में विज्ञापन सेवाओं से कंपनी को 70.43 करोड़ रुपये का रेवेन्यू मिला, जबकि रियल एस्टेट सेगमेंट से 76.85 लाख रुपये की आय हुई।
कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर योगेश जीवानलाल लखानी हैं। कंपनी के वित्तीय नतीजों को ऑडिट कमेटी की समीक्षा के बाद बोर्ड ने 14 नवंबर 2026 को मंजूरी दी।
ऑडिटर्स ने किस बात पर दिलाया ध्यान?
कंपनी के लिमिटेड रिव्यू रिपोर्ट में ऑडिटर्स ने एक खास बात की ओर ध्यान दिलाया है। कंपनी ने बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म से एनएसई के मेन बोर्ड में माइग्रेशन किया था, जो नवंबर 2025 से प्रभावी हुआ। इसके साथ ही कंपनी इंडियन अकाउंटिंग स्टैंडर्ड्स (Ind AS) को पहली बार अपनाने के असर का आकलन कर रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, वित्तीय नतीजों को मंजूरी दिए जाने तक यह आकलन पूरा नहीं हुआ था और इसके वित्तीय असर का आंकड़ा भी तय नहीं किया गया था। हालांकि, ऑडिटर्स ने अपनी लिमिटेड रिव्यू रिपोर्ट में इस बात को विशेष रूप से रेखांकित करने के बावजूद अपनी निष्कर्ष संबंधी राय में कोई बदलाव नहीं किया है।
पैनोरमा स्टूडियोज इंटरनेशनल (Panorama Studios International Limited) की इंडिपेंडेंट डायरेक्टर रेखा अग्रवाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
पैनोरमा स्टूडियोज इंटरनेशनल (Panorama Studios International Limited) की इंडिपेंडेंट डायरेक्टर रेखा अग्रवाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी को 13 नवंबर 2026 को उनका इस्तीफा मिला, जिसमें उन्होंने उसी दिन कारोबारी घंटे समाप्त होने के साथ पद छोड़ने की बात कही है। कंपनी ने 14 नवंबर को इसकी जानकारी स्टॉक एक्सचेंज को दी।
कंपनी की ओर से बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) को दी गई सूचना के मुताबिक, रेखा अग्रवाल ने अपने इस्तीफे की वजह बढ़ती पेशेवर और व्यक्तिगत जिम्मेदारियों को बताया है। उन्होंने अपने इस्तीफे में कहा कि इन जिम्मेदारियों के कारण वह कंपनी के कामकाज के लिए पर्याप्त समय और ध्यान नहीं दे पा रही हैं।
रेखा अग्रवाल ने यह भी पुष्टि की है कि इस्तीफे में बताई गई वजहों के अलावा उनके पद छोड़ने का कोई अन्य महत्वपूर्ण कारण नहीं है। उन्होंने कंपनी के बोर्ड, प्रमुख प्रबंधकीय कर्मचारियों और मैनेजमेंट टीम को अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए धन्यवाद भी दिया है।
दो अन्य कंपनियों में भी हैं डायरेक्टर
कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, रेखा अग्रवाल दो अन्य लिस्टेड कंपनियों के बोर्ड में भी डायरेक्टर हैं। इनमें Foce India Limited में वह नॉन-एग्जीक्यूटिव नॉन-इंडिपेंडेंट डायरेक्टर और Jain Vanijya Udyog Limited में नॉन-एग्जिक्यूटिव इंडिपेंडेंट डायरेक्टर के पद पर हैं।
वरिष्ठ पत्रकार खुशदीप सहगल ने अपने फेसबुक पोस्ट में एक ऐसे शख्स की मीडिया जगत में मौजूदगी पर सवाल उठाए हैं, जिस पर पहले गंभीर आर्थिक अनियमितताओं और धोखाधड़ी के आरोपों का जिक्र सामने आ चुका है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
वरिष्ठ पत्रकार खुशदीप सहगल ने अपने फेसबुक पोस्ट में एक ऐसे शख्स की मीडिया जगत में मौजूदगी पर सवाल उठाए हैं, जिस पर पहले गंभीर आर्थिक अनियमितताओं और धोखाधड़ी के आरोपों का जिक्र सामने आ चुका है। सहगल ने पोस्ट में यह भी लिखा है कि दो दिन पहले यही शख्स मीडिया हाउस के मालिक के तौर पर दिवाली पार्टी में शामिल हुआ और वहां की सेल्फी सोशल मीडिया पर शान से साझा की। इस पूरे घटनाक्रम के जरिए उन्होंने सवाल उठाया है कि किसी को ऐसे आयोजनों में न्योता देने से पहले क्या उसकी पृष्ठभूमि की पड़ताल की जाती है?
यहां पढ़िए उनका ये पूरा लेख-
नवभारत टाइम्स कोई छोटा-मोटा अखबार तो है नहीं। इसने 7 नवंबर 2025 को एक खबर छापी, जिसका लिंक नीचे दिया गया है-
"कभी खुद को शिक्षा सुधारक बताने वाले बिजेंद्र सिंह हुड्डा आज उत्तर प्रदेश के सबसे चर्चित आर्थिक अपराधियों में से एक बन चुके हैं। हापुड़ (पिलखुवा) से लेकर मेरठ, गाजियाबाद और दिल्ली तक, उनका नाम ठगी, फर्जीवाड़े और अरबों की हेराफेरी के मामलों में गूंजता है। बिजेंद्र सिंह हुड्डा की कहानी एक फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं, एक ऐसा शख्स जो 10वीं पास था, लेकिन करोड़ों की संपत्ति का मालिक बन बैठा।
हुड्डा ने अपनी शुरुआत चीन में लैपटॉप और टैबलेट के कारोबार से की थी। वहां से उसने करोड़ों रुपये कमाए और 2010 में भारत लौट आया। लौटते ही उसने यही बिजनेस देश में शुरू किया और फिर धीरे-धीरे मीडिया, शिक्षा और राजनीति की दुनिया में अपने पांव पसारने लगा। न्यूज चैनलों में हिस्सेदारी, अफसरों और पत्रकारों से संपर्क और फिर शिक्षा के नाम पर साम्राज्य खड़ा करने का सपना, लेकिन इस सपने की बुनियाद ठगी और धोखाधड़ी पर रखी गई थी।
मोनाड यूनिवर्सिटी, जो कभी शिक्षा का प्रतीक मानी जाती थी, आज हुड्डा की फर्जी डिग्रियों और वित्तीय गड़बड़ियों के कारण जांच के घेरे में है। वहीं दूसरी ओर, बाइक बोट घोटाला, जिसमें 15 हजार करोड़ रुपये की ठगी का आरोप है, ने हुड्डा की साख पूरी तरह ध्वस्त कर दी। जैसे ही इस घोटाले का खुलासा हुआ, हुड्डा ने अपने न्यूज चैनल और कारोबार से किनारा कर लिया और देश छोड़कर फरार हो गया था।
गाजियाबाद, दिल्ली और गौतमबुद्धनगर की अदालतों में हुड्डा के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक षड्यंत्र और साक्ष्य मिटाने जैसे 100 से अधिक मामले दर्ज हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में दाखिल शपथपत्र में बिजेंद्र ने खुद स्वीकार किया कि उसकी कुल संपत्ति 28 करोड़ रुपये है, जबकि देनदारी 230 करोड़ रुपये से अधिक है। दिलचस्प यह है कि उसकी वार्षिक आय मात्र 15 लाख रुपये बताई गई। ऐसे में सवाल उठता है कि इतनी अकूत संपत्ति आखिर आई कहां से?
अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) बिजेंद्र सिंह हुड्डा के पूरे आर्थिक नेटवर्क की तहकीकात में जुट गया है। सूत्रों के अनुसार, ईडी अब यह जांच कर रही है कि बाइक बोट से जुटाई गई 15 हजार करोड़ रुपये की राशि कहां-कहां निवेश की गई और मोनाड यूनिवर्सिटी का साम्राज्य कैसे खड़ा हुआ।"
एक साल पहले की खबर आपने पढ़ ली।
फेसबुक यूजर सचिन गुप्ता की पोस्ट के मुताबिक, सालभर पहले ही यूपी-एसटीएफ ने छापेमारी कर विजेंद्र सिंह हुड्डा को जेल भेजा था। जेल से जमानत पर बाहर आते ही बिजेंद्र हुड्डा ने दो टीवी चैनल खरीद लिए। दो दिन पहले मीडिया हाउस के मालिक होने के नाते दिवाली पार्टी में शिरकत की। उस अवसर की सेल्फी भी शान के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट कीं।
अब ये सवाल अलग है कि न्योता देने से पहले किसी शख्स के इतिहास-भूगोल की स्क्रूटनी होती है या नहीं।
बाकी जो है सो है...
(साभार: खुशदीप सहगल की फेसबुक वॉल से)
श्रीनिवास वनामा प्राइम वीडियो और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज में क्रिएटिव स्पेशलिस्ट के रूप में शामिल हुए हैं। इससे पहले वह अमेजन और लक्ष्य डिजिटल में काम कर चुके हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
श्रीनिवास वनामा (Srinivas Vanama) प्राइम वीडियो (Prime Video) और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज (Amazon MGM Studios) से क्रिएटिव स्पेशलिस्ट के रूप में जुड़ गए हैं। उन्होंने लिंक्डइन (LinkedIn) पर पोस्ट साझा कर अपनी नई भूमिका की जानकारी दी।
अपनी पोस्ट में वनामा ने लिखा, “मुझे यह साझा करते हुए खुशी हो रही है कि मैं प्राइम वीडियो और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज में क्रिएटिव स्पेशलिस्ट के रूप में नई जिम्मेदारी संभाल रहा हूं।”
इससे पहले वनामा अमेजन (Amazon) में लेवल 4 3डी टीम लीड – वेंडर मैनेजमेंट, प्रोजेक्ट और प्रोग्राम मैनेजमेंट की भूमिका में कार्यरत थे।
अमेजन से पहले वह लक्ष्य डिजिटल (Lakshya Digital) के साथ जुड़े हुए थे।
Yu Foods आज सुपरमार्केट से लेकर एयरलाइन के मेन्यू तक अपनी जगह बना चुका है। इस ब्रैंड को खड़ा करने में इसके को-फाउंडर वरुण कपूर की अहम भूमिका रही है, जिनका जन्मदिन 15 नवंबर को है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
एक छोटी-सी लैब, दो पूर्व इन्वेस्टमेंट बैंकर और बिना प्रिजर्वेटिव्स के इंस्टेंट फूड बनाने का एक आइडिया। इसी सोच के साथ शुरू हुआ Yu Foods आज सुपरमार्केट से लेकर एयरलाइन के मेन्यू तक अपनी जगह बना चुका है। इस ब्रैंड को खड़ा करने में इसके को-फाउंडर वरुण कपूर की अहम भूमिका रही है, जिनका जन्मदिन 15 नवंबर को है।
वरुण कपूर और Bharat Bhalla ने साल 2020 में सिर्फ 12 फीट लंबी और 8 फीट चौड़ी लैब से इस सफर की शुरुआत की थी। दोनों यह समझने की कोशिश कर रहे थे कि बिना किसी प्रिजर्वेटिव्स के ऐसा इंस्टेंट खाना कैसे तैयार किया जाए, जिसे लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सके।
Yu Foods लॉन्च करने से पहले दोनों ने 500 से ज्यादा ग्राहकों से बातचीत की। उन्होंने यह जानने की कोशिश की कि लोग क्या खरीदते हैं, क्या खाना पसंद करते हैं और पैकेज्ड फूड खरीदते समय किन बातों से परहेज करते हैं। इसी रिसर्च के आधार पर उन्होंने अपने फूड ब्रैंड की योजना तैयार की।
बैंकिंग से फूड बिजनेस तक का सफर
चार्टर्ड अकाउंटेंट वरुण कपूर ने साल 2004 में YES BANK से अपने करियर की शुरुआत की थी। यहां काम करते हुए वह आगे चलकर सीनियर प्रेसिडेंट के पद तक पहुंचे। इसके बाद उन्होंने DOIT Group में प्रिंसिपल के तौर पर काम किया।
बैंकिंग और फाइनेंस सेक्टर में अनुभव हासिल करने के बाद उन्होंने Bharat Bhalla के साथ मिलकर Yu Foodlabs की शुरुआत की। दोनों का मकसद ऐसे इंस्टेंट फूड प्रोडक्ट्स तैयार करना था, जो बनाने में आसान हों और जिनमें प्रिजर्वेटिव्स का इस्तेमाल न करना पड़े।
अक्टूबर 2021 में बाजार में उतारे प्रोडक्ट्स
Yu Foods ने अक्टूबर 2021 में अपने प्रोडक्ट्स बाजार में उतारे। शुरुआत पास्ता और ओट्स बाउल से हुई, जिन्हें तैयार करने के लिए सिर्फ गर्म पानी की जरूरत होती थी।
कंपनी ने इन प्रोडक्ट्स को तैयार करने के लिए फ्रीज-ड्राइंग तकनीक का इस्तेमाल किया। इस तकनीक की मदद से खाने को बिना फ्रिज में रखे एक साल तक सुरक्षित रखने की क्षमता मिली।
इसी साल कंपनी ने गाजर का हलवा और मूंग दाल का हलवा भी लॉन्च किया। वरुण कपूर ने इन डेजर्ट्स में गाजर के हलवे को अपना पसंदीदा बताया था।
कंपनी को शुरुआत में ही एयरलाइन सेक्टर से भी अच्छा मौका मिला। कारोबार शुरू होने के पहले 10 महीनों के भीतर ही Yu Foods का थ्री-चीज पास्ता और गाजर का हलवा SpiceJet की फ्लाइट्स में परोसा जाने लगा। इससे ब्रैंड को नए ग्राहकों तक पहुंचने का मौका मिला।
Hardik Pandya बने निवेशक और ब्रैंड का चेहरा
साल 2023 में भारतीय क्रिकेटर Hardik Pandya भी Yu Foods से बतौर निवेशक जुड़ गए। इसके साथ ही वह कंपनी के पहले ब्रैंड कैंपेन का चेहरा भी बने।
इसके अगले साल यानी 2024 में कंपनी ने 55 करोड़ रुपये की फंडिंग जुटाई। यह कंपनी का Series B फंडिंग राउंड था, जिसका नेतृत्व निवेशक Ashish Kacholia और Asian Paints के प्रमोटर ग्रुप के सदस्यों ने किया।
इस दौरान Yu Foods ने अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो का भी विस्तार किया। कंपनी ने सिर्फ इंस्टेंट मील बाउल तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि होल व्हीट नूडल्स, नारियल पानी और फ्रूट जूस जैसे प्रोडक्ट्स भी बाजार में उतारे।
FY26 में 75 करोड़ रुपये तक पहुंचा रेवेन्यू
Yu Foods के कारोबार में अब तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। कंपनी के को-फाउंडर Bharat Bhalla ने Inc42 को बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 (FY26) में कंपनी का ऑपरेटिंग रेवेन्यू बढ़कर 75 करोड़ रुपये हो गया।
इससे पिछले वित्त वर्ष यानी FY25 में कंपनी का ऑपरेटिंग रेवेन्यू 35 करोड़ रुपये था। इस तरह एक साल में कंपनी के रेवेन्यू में करीब 114 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
कंपनी की इस ग्रोथ में होल व्हीट नूडल्स, कोरियन रामेन और बेवरेजेज की बिक्री का बड़ा योगदान रहा।
क्विक कॉमर्स से मिल रही कारोबार को रफ्तार
Yu Foods की कमाई में अब क्विक कॉमर्स की बड़ी भूमिका है। कंपनी के कुल रेवेन्यू का ज्यादातर हिस्सा इसी माध्यम से आ रहा है।
क्विक कॉमर्स के जरिए ग्राहक कम समय में अपनी जरूरत के प्रोडक्ट घर पर मंगवा सकते हैं। यह सुविधा उसी सोच से मेल खाती है, जिसके साथ वरुण कपूर और Bharat Bhalla ने शुरुआत में इंस्टेंट मील बाउल तैयार किए थे। उनका मकसद ग्राहकों को ऐसा खाना उपलब्ध कराना था, जिसे आसानी से और कम समय में तैयार किया जा सके।
इस तरह 12x8 फीट की छोटी-सी लैब से शुरू हुआ Yu Foods का सफर अब एक बड़े फूड ब्रैंड के रूप में आगे बढ़ रहा है। कंपनी ने इंस्टेंट मील से शुरुआत की, फिर नूडल्स और बेवरेजेज जैसे प्रोडक्ट्स जोड़े और अब क्विक कॉमर्स के जरिए अपने कारोबार को नई रफ्तार दे रही है।
इस नई जिम्मेदारी के साथ अब वह ब्रैंड के संपूर्ण डिजाइन विभाग का नेतृत्व करेंगे। वह कंपनी में वर्ष 2017 से जुड़े हुए हैं और इससे पहले हेड ऑफ डिजाइन क्रिएशन के पद पर कार्यरत थे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
जर्मन वाहन निर्माता कंपनी Volkswagen Commercial Vehicles (VWCV) ने मार्टिन पोहांका को हेड ऑफ डिजाइन नियुक्त किया है। इस नई जिम्मेदारी के साथ अब वह ब्रैंड के संपूर्ण डिजाइन विभाग का नेतृत्व करेंगे। वह कंपनी में वर्ष 2017 से जुड़े हुए हैं और इससे पहले हेड ऑफ डिजाइन क्रिएशन के पद पर कार्यरत थे।
मार्टिन पोहांका को ऑटोमोबाइल डिजाइन के क्षेत्र में लंबा अनुभव है। हेड ऑफ डिजाइन क्रिएशन के तौर पर वह इंटीरियर, एक्सटीरियर, UI/UX और कलर एंड ट्रिम से जुड़े डिजाइन कार्यों की देखरेख कर रहे थे। Volkswagen Commercial Vehicles में उन्होंने शुरुआत में इंटीरियर डिजाइन का नेतृत्व किया था। इसके बाद वर्ष 2023 में उन्हें डिजाइन क्रिएशन की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इससे पहले मार्टिन पोहांका Audi, Porsche और Jaguar Land Rover जैसी प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनियों में डिजाइन से जुड़ी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। उन्होंने वर्ष 1997 में फ्रीलांस इंडस्ट्रियल डिजाइनर के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी। वर्ष 1998 में वह Audi से जुड़े और वर्ष 2001 में Porsche चले गए, जहां उन्होंने इंटीरियर और एडवांस्ड डिजाइन के क्षेत्र में काम किया। वर्ष 2015 में उन्होंने Jaguar Land Rover में चीफ डिजाइनर (इंटीरियर क्रिएशन) के तौर पर जिम्मेदारी संभाली।
Volkswagen Commercial Vehicles में अपने कार्यकाल के दौरान मार्टिन पोहांका ने Multivan, ID. Buzz, नई Transporter जनरेशन और Amarok जैसे मॉडलों के डिजाइन में योगदान दिया है। वहीं, उनके पिछले अनुभव में Porsche 911, Boxster और Macan के साथ Land Rover Defender और Range Rover जैसे चर्चित मॉडल्स का डिजाइन कार्य भी शामिल रहा है।