होम / सोशल मीडिया / Twitter के अंतरिम शिकायत अधिकारी धर्मेंद्र चतुर ने दिया इस्तीफा
Twitter के अंतरिम शिकायत अधिकारी धर्मेंद्र चतुर ने दिया इस्तीफा
नए आईटी नियमों को लेकर भारत सरकार से चल रही तनातनी के बीच माइक्रोब्लॉगिंग साइट ‘ट्विटर’ (Twitter) के अंतरिम शिकायत अधिकारी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
नए आईटी नियमों को लेकर भारत सरकार से चल रही तनातनी के बीच माइक्रोब्लॉगिंग साइट ‘ट्विटर’ (Twitter) के अंतरिम शिकायत अधिकारी (interim grievance officer) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बता दें कि नए आईटी नियमों के तहत भारत के यूजर्स की शिकायतों पर कार्रवाई के लिए प्रमुख सोशल मीडिया कंपनियों में शिकायत अधिकारी की नियुक्ति जरूरी है। इसी के तहत ट्विटर इंडिया ने धर्मेंद्र की नियुक्ति कुछ हफ्तों पहले ही की थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चतुर के इस्तीफे के बाद अब ट्विटर ने कैलिफोर्निया स्थित जेरेमी केसल (Jeremy Kessel) को भारत में नया शिकायत अधिकारी नियुक्त किया है। केसल ट्विटर के ग्लोबल लीगल पॉलिसी डाइरेक्टर हैं। हालांकि, उनकी नियुक्ति नए आईटी नियमों का पालन नहीं करती है, जिसके लिए शिकायत निवारण अधिकारी को भारत का निवासी होना आवश्यक है।
गौरतलब है कि सरकार ने सोशल मीडिया कंपनियों के लिए 25 मई से नए आईटी नियमों की घोषणा की है। नए नियमों के तहत ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप जैसे बड़े सोशल मीडिया मंचों को अतिरिक्त उपाय करने की जरूरत होगी। इसमें भारत में मुख्य अनुपालन अधिकारी, नोडल अधिकारी और शिकायत अधिकारी की नियुक्ति आदि शामिल हैं। जहां तक ओटीटी प्लेटफॉर्म्स का सवाल है, उनमें से कुछ ने अभी तक इन गाइडलाइंस का पालन नहीं किया है।
इससे पहले इस महीने की शुरुआत में सरकार ने ट्विटर को नियमों के अनुपालन का आखिरी मौका देते हुए कहा था कि अगर वह इसमें विफल रहती है, तो उसे आइटी कानून के तहत मध्यस्थ मंच के नाते दायित्व से जो छूट मिली है, वह वापस ले ली जाएगी। इसके साथ ही उसे आइटी कानून और अन्य दंडात्मक प्रावधानों के तहत कार्रवाई के लिए तैयार रहना होगा।
नए नियमों के मुताबिक, 50 लाख से अधिक यूजर वाली सभी सोशल मीडिया कंपनियों के लिए शिकायतों के निपटान के लिए अधिकारी की नियुक्ति करना अनिवार्य है। इसके अलावा इन अधिकारियों के नाम, पते और कॉन्टैक्ट डिटेल्स को भी शेयर करना होगा।
टैग्स ट्विटर मध्यवर्ती दिशानिर्देश और डिजिटल मीडिया आचार संहिता आईटी नियम धर्मेंद्र चतुर जेरेमी केसल