होम / सोशल मीडिया / Twitter डील को एलन मस्क ने फिलहाल किया Hold, बताई ये वजह
Twitter डील को एलन मस्क ने फिलहाल किया Hold, बताई ये वजह
इसके साथ ही मस्क ने कहा है कि वह अभी भी अधिग्रहण के लिए प्रतिबद्ध हैं। गौरतलब है कि मास्क ने हाल ही कहा था कि उनकी प्राथमिकताओं में ट्विटर से स्पैम हटाना शामिल है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
खरबपति बिजनेसमैन और अमेरिकी इलेक्ट्रिक कार कंपनी ‘टेस्ला’ (Tesla) के चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (CEO) एलन मस्क (Elon Musk) ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट ‘ट्विटर’ (Twitter) के अधिग्रहण की डील को अस्थायी रूप से होल्ड पर रख दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बारे में मस्क ने बाकायदा एक ट्वीट कर कहा है कि वह इस प्लेटफॉर्म पर स्पैम या फेक अकाउंट्स के बारे में लंबित डिटेल्स के कारण ट्विटर सौदे को ‘अस्थायी रूप से’ रोक रहे हैं। मस्क ने ट्विटर से फेक अकाउंट्स का डाटा भी मांगा है।
मस्क ने इस ट्वीट में अंतरराष्ट्रीय न्यूज एजेंसी ‘रॉयटर्स’ (Reuters) की एक खबर को शेयर किया है। इस खबर के मुताबिक ट्विटर ने अनुमान लगाया था कि पहली तिमाही के दौरान फेक और स्पैम अकाउंट्स की संख्या इसके मोनेटाइज किए जा सकने वाले डेली एक्टिव यूजर्स का पांच फीसदी से भी कम है। बताया जा रहा है कि डील के तहत ये एलन मस्क के लिए जरूरी मुद्दा है, क्योंकि समझौता फाइनल करने के बाद उन्होंने कहा था कि प्लेटफॉर्म से ‘स्पैम बॉट’ हटाना उनकी प्राथमिकताओं में एक है।
Twitter deal temporarily on hold pending details supporting calculation that spam/fake accounts do indeed represent less than 5% of usershttps://t.co/Y2t0QMuuyn
— Elon Musk (@elonmusk) May 13, 2022
हालांकि, इसके साथ ही मस्क ने यह भी कहा है कि वह अभी भी अधिग्रहण के लिए प्रतिबद्ध हैं। गौरतलब है कि पिछले दिनों एलन मस्क ने लगभग 44 अरब डॉलर में ट्विटर का अधिग्रहण करने की घोषणा की थी।
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि स्पैम एवं फर्जी खातों से जुड़ा ब्योरा इस सौदे को जारी रखने में कितना बड़ा जोखिम खड़ा कर सकता है। ट्विटर में पारदर्शिता की वकालत करने वाले मस्क शुरू से ही इस सोशल मीडिया मंच को फर्जी खातों से मुक्त करने की बात करते रहे हैं।
टैग्स सोशल मीडिया ट्विटर सीईओ अधिग्रहण एलन मस्क टेस्ला मुख्य कार्यकारी अधिकारी