होम / सोशल मीडिया / 'इंडिया टीवी' ने मानी गलती : उपराष्ट्रपति कार्यालय सील होने की खबर निकली झूठी
'इंडिया टीवी' ने मानी गलती : उपराष्ट्रपति कार्यालय सील होने की खबर निकली झूठी
इंडिया टीवी ने माना कि उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के कार्यालय को सील किए जाने की खबर बिना पुष्टि के चला दी गई थी। पीआईबी (PIB) ने इसे अफवाह बताया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 6 months ago
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक खबर वायरल हुई कि भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का कार्यालय सील कर दिया गया है और उन्हें तुरंत सरकारी आवास खाली करने को कहा गया है। इस पर कई न्यूज़ चैनलों ने भी रिपोर्टिंग की, जिनमें प्रमुख चैनल 'India TV' भी शामिल था।
हालांकि अब 'India TV' ने खुद यह स्वीकार किया है कि उनसे यह खबर बिना पुख्ता पुष्टि के चला दी गई थी, जो बाद में गलत साबित हुई। चैनल ने अपने आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) हैंडल से पोस्ट करते हुए लिखा, ज़रूरी जानकारी। कुछ दिन पहले हमसे खबर चल गई थी कि उपराष्ट्रपति का दफ्तर सील कर दिया गया है। तुरंत घर खाली करने के लिए कहा गया है। बाद में जब हमने इसकी और डिटेल चेक की तो पता चला हमारी खबर का सूत्र गलत था। इसके लिए हम अपने दर्शकों से माफी मांगते हैं।
इस पोस्ट के ज़रिए चैनल ने यह स्पष्ट कर दिया कि उनसे यह चूक अनजाने में हुई थी और अब वे इस गलती को स्वीकार करते हैं। आपको बता दें, सरकारी सूचना विभाग की फैक्ट चेक शाखा 'PIB Fact Check' ने भी इस खबर को अफवाह बताया और साफ किया कि उपराष्ट्रपति के कार्यालय को ना तो सील किया गया है और ना ही उन्हें तत्काल आवास खाली करने का कोई निर्देश दिया गया है।
'इंडिया टीवी' ने यह दर्शाया है कि मीडिया की गलती को स्वीकार करना और उसका सुधार करना ही जवाबदेही और भरोसे की पहचान है। साथ ही, यह घटना बताती है कि दर्शकों और पाठकों को किसी भी खबर को तथ्यात्मक रूप से जांचे बिना शेयर नहीं करना चाहिए।
जरूरी जानकारी - कुछ दिन पहले हमसे खबर चल गई थी कि उपराष्ट्रपति का दफ्तर सील कर दिया गया है.. तुरंत घर खाली करने के लिए कहा गया है.. बाद में जब हमने इसकी और डिटेल चेक की तो पता चला हमारी खबर का सूत्र गलत था.. इसके लिए हम अपने दर्शकों से माफी मांगते हैं.#VicePresident pic.twitter.com/nLtibeKOxM
— India TV (@indiatvnews) July 27, 2025
टैग्स