होम / सोशल मीडिया / नई प्राइवेसी पॉलिसी को लेकर सरकार ने WhatsApp को भेजा नोटिस, कही ये बात
नई प्राइवेसी पॉलिसी को लेकर सरकार ने WhatsApp को भेजा नोटिस, कही ये बात
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय’ की ओर से भेजे गए इस नोटिस का जवाब देने के लिए सात दिन का समय दिया गया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
भारत सरकार ने फेसबुक के स्वामित्व वाले मोबाइल मैसेजिंग ऐप ‘वॉट्सऐप’ (Whatsapp) को अपनी प्राइवेसी पॉलिसी 2021 को वापस लेने के लिए कहा है। सरकार का मानना है कि प्राइवेसी पॉलिसी में किए गए बदलाव गोपनीयता और डेटा सुरक्षा के मूल्यों को कमजोर करते हैं तथा भारतीय नागरिकों के अधिकारों को नुकसान पहुंचाते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सरकार ने कहा है कि अगर वॉट्सऐप अपनी नई प्राइवेसी पॉलिसी वापस नहीं लेता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय’ (MeitY) ने इस बारे में वॉट्सऐप को एक नोटिस भेजा है। वॉट्सऐप को भेजे नोटिस में सात दिन के भीतर जवाब देने के लिए कहा गया है। अपने नोटिस में मंत्रालय ने यह भी बताया है कि वॉट्सऐप की संशोधित गोपनीयता नीति (revised privacy policy) किस तरह से मौजूदा भारतीय कानूनों और नियमों के कई प्रावधानों का उल्लंघन करती है।
गौरतलब है कि वॉट्सऐप की नई प्राइवेसी पॉलिसी 15 मई से अमल में आ गई है। वॉट्सऐप की नई प्राइवेसी पॉलिसी को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार और वॉट्सऐप से जवाब मांगा है। इस नई प्राइवेसी पॉलिसी के कारण तमाम वॉट्सऐप यूजर्स पहले ही अन्य मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स जैसे ‘टेलिग्राम’ (Telegram) व ‘सिग्नल’ (Signal) का रुख कर चुके हैं।
क्या है वॉट्सऐप की नई पॉलिसी?
वॉट्सऐप नेे साफतौर पर कहा है कि उसकी नई प्राइवेसी पॉलिसी पैरेंट कंपनी फेसबुक को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। नई प्राइवेसी के तहत वॉट्सऐप का डाटा फेसबुक, इंस्टाग्राम और पार्टनर कंपनियों के साथ शेयर किया जाएगा। यानी वॉट्सऐप यूजर जो कंटेंट अपलोड, सबमिट, स्टोर, सेंड या रिसीव करते हैं, कंपनी उसका इस्तेमाल कहीं भी कर सकती है। कंपनी उस डेटा को शेयर भी कर सकती है। पहले दावा किया गया था कि अगर यूजर इस पॉलिसी को 'एग्री' नहीं करता है तो वह अपने अकाउंट का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा। हालांकि, बाद में कंपनी ने इसे ऑप्शनल बताया था।
लेकिन यहां बता दें कि वॉट्सऐप यूजर्स को ऐप के सारे फंक्शंस इस्तेमाल करते रहने के लिए नई पॉलिसी को स्वीकार करना जरूरी होगा, क्योंकि यदि यूजर्स ऐसा नहीं करेंगे, तो उनका अकाउंट डिलीट तो नहीं किया जाएगा, लेकिन अकाउंट के कई फंक्शन्स सीमित कर दिये जाएंगे। यानी धीरे-धीरे कुछ फीचर्स बंद कर दिए जाएंगे। मसलन आपको किसी के मैसेज आने का नोटिफिकेशन तो दिखगा, लेकिन आप उसे पढ़ नहीं पाएंगे। हालांकि, कंपनी उन्हें वॉयस और वीडियो कॉल्स का जवाब देने के साथ-साथ मिस्ड वॉयस और वीडियो कॉल्स के लिए कॉल बैक करने की सहूलियत दे रही है।
टैग्स फेसबुक वॉट्सऐप भारत सरकार प्राइवेसी फीचर यूजर प्राइवेसी वॉट्सऐप अपडेट्स प्राइवेसी पॉलिसी इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय