होम / सोशल मीडिया / घंटों परेशान रहे फेसबुक, वॉट्सऐप और इंस्टाग्राम यूजर्स, कंपनी ने यूं जताया खेद
घंटों परेशान रहे फेसबुक, वॉट्सऐप और इंस्टाग्राम यूजर्स, कंपनी ने यूं जताया खेद
तकनीकी खराबी के कारण सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप सोमवार को करीब छह घंटे तक पूरी दुनिया में बंद रहे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
तकनीकी खराबी के कारण सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप सोमवार की रात से करीब छह घंटे तक पूरी दुनिया में बंद रहे। इसके कारण इन तीनों प्लेटफॉर्म्स के अरबों यूजर्स को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मंगलवार की तड़के करीब साढ़े चार बजे फेसबुक ने सेवाएं फिर से बहाल होने की जानकारी दी। इसके साथ ही कंपनी यूजर्स को हुई असुविधा के लिए माफी भी मांगी।
बता दें कि यह समस्या सोमवार की रात करीब 9.15 बजे सामने आई थी। इसके बाद लोगों ने तुरंत ट्विटर पर प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। अपनी सेवाओं के बंद होने की घोषणा करने के लिए तीनों प्लेटफार्म्स ने भी ट्विटर का सहारा लिया।
फेसबुक ने एक ट्वीट में कहा, ‘हम जानते हैं कि कुछ लोगों को हमारे ऐप्स और उत्पादों को एक्सेस करने में परेशानी हो रही है। हम चीजों को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए काम कर रहे हैं और किसी भी असुविधा के लिए हम क्षमा चाहते हैं।’
We’re aware that some people are having trouble accessing our apps and products. We’re working to get things back to normal as quickly as possible, and we apologize for any inconvenience.
— Facebook (@Facebook) October 4, 2021
वॉट्सऐप ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर कहा, ‘हम जानते हैं कि कुछ लोग इस समय वॉट्सऐप पर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। हम चीजों को वापस सामान्य करने के लिए काम कर रहे हैं और जल्द से जल्द अपडेट भेजेंगे। धैर्य बनाए रखने के लिए आपका धन्यवाद।’
We’re aware that some people are experiencing issues with WhatsApp at the moment. We’re working to get things back to normal and will send an update here as soon as possible.
— WhatsApp (@WhatsApp) October 4, 2021
Thanks for your patience!
वहीं, इंस्टाग्राम ने ट्वीट किया, ‘इंस्टाग्राम और दोस्तों के लिए अभी थोड़ा समय कठिन है और आपको उनका उपयोग करने में समस्या हो सकती है। हम इस समस्या को दूर करने में जुटे हैं।’
Instagram and friends are having a little bit of a hard time right now, and you may be having issues using them. Bear with us, we’re on it! #instagramdown
— Instagram Comms (@InstagramComms) October 4, 2021
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फेसबुक के ‘डोमेन नेम सिस्टम’ (DNS) में खराबी के कारण यह परेशानी हुई। फेसबुक के पूर्व मुख्य सुरक्षा अधिकारी एलेक्स स्टैमोस (Alex Stamos) जो अब स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के इंटरनेट ऑब्जर्वेटरी के निदेशक हैं, के अनुसार इस समस्या का कारण नेटवर्क मैनेजमेंट सिस्टम का खराब कॉन्फ़िगरेशन या कोड पुश हो सकता है।
यूजर्स को विभिन्न वेबसाइट्स और सर्विसेज की वास्तविक जानकारी प्रदान करने वाले ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ’डाउनडिटेक्टर’ (Downdetector), ने वॉट्सऐप के लिए लगभग 80,000 और फेसबुक के लिए 50,000 से अधिक रिपोर्ट दर्ज की हैं।
फेसबुक के सह-संस्थापक मार्क जुकरबर्ग ने यूजर्स को हुई परेशानी के लिए माफी मांगी है। इन तीनों प्लेटफॉर्म्स की सेवाओं में आई दिक्कत एवं करोड़ों यूजर्स को हुई परेशानी के लिए उन्होंने अफसोस जताया है। इस तकनीकी खामी की जानकारी देते हुए जुकरबर्ग ने कहा कि इनकी सेवाएं बहाल होना शुरू हो गई हैं और लोग करीब छह घंटे के व्यावधान के बाद इनका इस्तेमाल करना शुरू कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि तकनीकी खामी की वजह से यूजर्स घंटों तक फेसबुक, इंस्टाग्राम और वाट्सऐप का इस्तेमाल नहीं कर पाए।
जुकरबर्ग ने अपने फेसबुक अकाउंट पर लिखे एक पोस्ट में कहा, 'फेसबुक, इंस्टाग्राम और वाट्सऐप एवं मैसेंजर अब दोबारा वापस आ रहे हैं। इन सेवाओं में हुई दिक्कत दुखद है। आप जिन लोगों के बारे में सोचते और चिंता करते हैं उनसे जुड़े रहने के लिए आप इन सेवाओं पर कितना निर्भर हैं, इसे हम जानते हैं।'
गौरतलब है कि स्मार्टफोन के प्रसार और सस्ते डेटा की उपलब्धता के कारण सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भारत में यूजर्स की संख्या काफी तेजी से बढ़ रही है। वॉट्सऐप के भारत में 53 करोड़ यूजर्स हैं। इसके बाद 44.8 करोड़ यूजर्स के साथ यूट्यूब का नंबर आता है। फेसबुक के 41 करोड़ यूजर्स हैं, जबकि इंस्टाग्राम और ट्विटर के क्रमश: 21 करोड़ और 1.75 करोड़ यूजर्स हैं।
टैग्स फेसबुक इंस्टाग्राम वॉट्सऐप मार्क जुकरबर्ग ग्लोबल आउटेज