होम / सोशल मीडिया / एलन मस्क ने यूजर्स से पूछा सवाल, क्या मुझे ट्विटर चीफ का पद छोड़ देना चाहिए?
एलन मस्क ने यूजर्स से पूछा सवाल, क्या मुझे ट्विटर चीफ का पद छोड़ देना चाहिए?
ट्विटर के नए चीफ ने वादा किया है कि आगे से संस्थान में सभी नीतिगत बदलाव वोट के जरिये तय किए जाएंगे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
खरबपति बिजनेसमैन और अमेरिकी इलेक्ट्रिक कार कंपनी ‘टेस्ला’ (Tesla) के चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (CEO) एलन मस्क (Elon Musk) माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर (Twitter) की कमान संभालने के बाद आए दिन कोई न कोई बयान देकर मीडिया की सुर्खियों में लगातार बने हुए हैं।
अब एलन मस्क ने एक ट्वीट के जरिये यूजर्स से पूछा है कि क्या उन्हें ट्विटर के प्रमुख का पद छोड़ देना चाहिए? इसके साथ ही अपने ट्वीट में उन्होंने यह वादा भी किया है कि वह अपने इस सवाल के जवाबों के आधार पर अपना निर्णय लेंगे। इसके बाद उन्होंने हां या न के लिए एक पोल भी पोस्ट किया है।
Should I step down as head of Twitter? I will abide by the results of this poll.
— Elon Musk (@elonmusk) December 18, 2022
मस्क के इस ट्वीट के बाद उनके पक्ष और विपक्ष में तमाम यूजर्स ने अपनी-अपनी राय रखनी शुरू कर दी है। कई यूजर्स ने यह टिप्पणी भी की है कि मस्क के खिलाफ मतदान करने वालों को पता होना चाहिए कि वह इसके बाद भी ट्विटर के मालिक बने रहेंगे, चाहे हेड कोई भी बने।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस पोल के नतीजे ज्यादातर उनके पक्ष में नहीं हैं। ऐसे में अब यह देखना होगा कि क्या मस्क अपने वादे पर खरे उतरेंगे और जिस तरह उन्होंने इस प्लेटफॉर्म पर पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को वापस लाकर अपना वादा निभाया है, क्या वैसे ही अपना यह वादा भी निभाएंगे।
बता दें कि रविवार को मस्क ने ट्विटर की उस नई पॉलिसी के लिए खेद जताया था, जिसमें फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्रतिद्वंद्वी प्लेटफॉर्म से लिंक ट्विटर अकाउंट्स को निलंबित (Suspend) करने की बात कही गई थी। ट्विटर की इस नई पॉलिसी की काफी आलोचना हुई थी, इसके बाद मस्क ने कहा था कि आगे चलकर संस्थान में सभी नीतिगत बदलाव वोट के जरिये तय किए जाएंगे।
टैग्स ट्विटर एलन मस्क ट्विटर पॉलिसी पोल