होम / सोशल मीडिया / डोनाल्ड ट्रंप ने लॉन्च किया अपना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, जानें कहां होगा उपलब्ध
डोनाल्ड ट्रंप ने लॉन्च किया अपना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, जानें कहां होगा उपलब्ध
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने अपना एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लॉन्च कर दिया है, जिसका नाम ट्रुथ सोशल (Truth Social) है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने अपना एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लॉन्च कर दिया है, जिसका नाम 'ट्रुथ सोशल' (Truth Social) है और यह ऐप्पल के ऐप स्टोर पर उपलब्ध है। अमेरिका में आईफोन (iPhone) का एक बड़ा यूजरबेस है।
'ट्रुथ सोशल' को फ्री में डाउनलोड किया जा सकता है। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति का यह ऐप सोमवार को सुबह ऐप्पल के ऐप स्टोर पर टॉप फ्री ऐप की लिस्ट में सबसे ऊपर था। बता दें कि जिन यूजर्स ने इस ऐप के लिए प्री-रजिस्टर किया था, उनके ऐप्पल डिवाइसेस पर यह ऑटोमेटिक डाउनलोड हो रहा है।
वैसे लॉन्च होने के बाद, कई यूजर्स शिकायत कर रहे हैं कि उन्हें इस ऐप पर रजिस्ट्रेशन करने में दिक्कत हो रही है। वहीं कई यूजर्स का कहना है कि उन्हें वेट लिस्ट का मैसेज आ रहा है, जिसमें लिखा है कि ज्यादा मांग के कारण हमने आपको वेट लिस्ट में रखा है।
बता दें कि ट्रंप को ट्विटर, फेसबुक और यू-ट्यूब पर 6 जनवरी, 2021 को बैन कर दिया गया था। ट्रंप के समर्थकों द्वारा यूएस कैपिटल पर हमले और विरोध प्रदर्शन के बाद इन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ट्रंप को बैन कर दिया गया था। ट्रंप पर हिंसा भड़काने वाले संदेश पोस्ट करने का आरोप लगा था, जिसके बाद उन्होंने अपना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लाने का ऐलान किया था। इससे पहले उनके बेटे भी इस ऐप के बारे में संकेत दे चुके हैं।
15 फरवरी को डोनाल्ड ट्रंप के बेटे डोनाल्ट जूनियर ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर अपने वेरेफाइड ट्विटर अकाउंट से पिता ट्रंप के वेरिफाई (@realDonaldTrump) ट्रुथ सोशल अकाउंट का स्क्रीनशॉट शेयर कर चुके हैं। जूनियर ट्रंप ने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रुथ सोशल अकाउंट का स्क्रीनशॉट्स शेयर करते हुए लिखा था कि आपके पसंदीदा राष्ट्रपति जल्द ही आपसे मिलेंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रुथ सोशल ऐप को ट्रंप मीडिया एंड टेक्नोलॉजी ग्रुप ने डेवलप किया है। ट्रंप की मीडिया कंपनी का कार्यभार पूर्व अमेरिकी प्रतिनिधि डेविन नून्स देख रहे हैं। ट्रुथ सोशल रंबल के साथ काम करेगा, जो एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जो खुद को यू-ट्यूब और एमेजॉन वेब सर्विसेज (AWS) के ऑप्शन के रूप में स्थापित करने का प्रयास कर रहा है।
टैग्स डोनाल्ड ट्रंप सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ट्रुथ सोशल