होम / सोशल मीडिया / राणा यशवंत का तीखा सवाल : क्या पानी अब दूध से भी महँगा बिकेगा? देखें वीडियो
राणा यशवंत का तीखा सवाल : क्या पानी अब दूध से भी महँगा बिकेगा? देखें वीडियो
वरिष्ठ पत्रकार राणा यशवंत ने पानी की कीमतों में हो रही भारी बढ़ोतरी पर सवाल उठाते हुए कॉर्पोरेट कंपनियों की मुनाफाखोरी को उजागर किया। कैसे एक समय ₹5 की पानी बोतल अब ₹70 तक पहुँच गई।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 6 months ago
वरिष्ठ पत्रकार राणा यशवंत ने हाल ही में एक वीडियो के माध्यम से कॉर्पोरेट कंपनियों की मुनाफाखोरी पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने बताया कि कैसे ₹5 से ₹8 में मिलने वाला पानी अब ₹70 में बिक रहा है, यानी दूध से भी महँगा हो चुका है। उनके अनुसार, अगर देश में इसी तरह पानी को लेकर हाय-तौबा मचती रही, तो बड़ी कंपनियाँ इस संकट का फायदा उठाकर अरबों का कारोबार करती रहेंगी। राणा यशवंत की यह टिप्पणी न सिर्फ पानी की बढ़ती कीमतों पर सवाल उठाती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि किस तरह आम जनता की ज़रूरत को मुनाफे का जरिया बनाया जा रहा है।
इस मुद्दे पर उन्होंने एक पोस्ट और की। उन्होंने लिखा, यह कोई पाँच सितारा होटल नहीं, बल्कि दिल्ली-मेरठ रोड पर स्थित एक सामान्य रेस्तराँ है। मुझे यह ज्ञात है कि अधिकतर बोतलबंद पानी ₹20 में उपलब्ध होता है। मैं स्वयं भी वही पीता हूँ, लेकिन यह जानकर आश्चर्य होता है कि ₹70 में भी पानी बिक रहा है और इसकी सरकारी मंज़ूरी भी है। किसान कई बार अपने आलू ₹4–5 प्रति किलो में भी नहीं बेच पाते।
कई वर्षों तक उचित मूल्य न मिलने के कारण वे खेत में ट्रैक्टर चला देते हैं। वहीं दूसरी ओर, लेज़, अंकल चिप्स जैसी कंपनियों को 50 ग्राम आलू के चिप्स ₹20 में बेचने की छूट है। यानी ₹400 प्रति किलो का मूल्य निर्धारण। यही स्थिति अस्पतालों की है, जहाँ दवा कंपनियाँ स्वयं ही अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) तय करती हैं और अस्पताल उन्हीं दरों पर मरीज़ों से वसूली करते हैं और इस पर सरकार की मौन स्वीकृति भी प्राप्त है।
उदाहरण के लिए, कई आवश्यक दवाएं जो सामान्य मेडिकल स्टोर पर ₹120 में मिलती हैं, वही दवाएं अस्पताल की फार्मेसी में ₹240 में बेची जाती हैं। यही स्थिति बोतलबंद पानी की है। चाहे वह टाटा का हो या अडानी का, अंततः वह H2O ही है। उनके नाम भर से उसमें कोई ‘सुरख़ाब के पर’ नहीं लग जाते। इसलिए ज़रूरी है कि इन कीमतों पर नियंत्रण लगाया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
इस देश में पानी 5-8 रुपए बोतल से आज 70 रुपए पर आ गया. दूध से महंगा पानी हो गया. अगर पानी की हाय तौबा ऐसी ही रही तो कॉर्पोरेट कंपनियाँ पानी पर ही अरबों का कारोबार बढ़ाती रहेंगी. pic.twitter.com/GHZafnXEs0
— Rana Yashwant (@RanaYashwant1) July 28, 2025
टैग्स