होम / / जब अपनी प्रतिमा से राजेन्द्र माथुर बाहर निकल आए तो मेरी आंखें तो फटी की फटी रह गईं: प्रकाश हिन्दुस्तानी
जब अपनी प्रतिमा से राजेन्द्र माथुर बाहर निकल आए तो मेरी आंखें तो फटी की फटी रह गईं: प्रकाश हिन्दुस्तानी
प्रकाश हिन्दुस्तानी, वरिष्ठ पत्रकार ।।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
प्रकाश हिन्दुस्तानी,
वरिष्ठ पत्रकार ।।
मुड़कर देखा तो मुझे पत्रकारिता में लानेवाले मेरे गुरू राजेन्द्र माथुर साहब अपनी प्रतिमा से निकलकर सामने खड़े मुस्करा रहे थे। साक्षात ! मेरी तो आंखें फटी की फटी रह गई।
''सर, आप प्रतिमा से बाहर, जीवित!!'' मैं चौंक गया...
''कहां जा रहे हो?'' उन्होंने पूछा
''प्रेस क्लब के उम्मीदवार ने पार्टी दी है, कल 7 अगस्त को चुनाव है।"
''मुझ से मिलने नहीं आओगे, कल तो मेरा भी जन्म दिन है...''
''क्यों नहीं सर'', मैं खिसियाकर बोला '' 7 अगस्त को आपका जन्मदिन है और इन्दौर के उस प्रेस क्लब के चुनाव भी हैं, आप कभी जिसके अध्यक्ष हुआ करते थे'' मैंने बात संभालने की कोशिश की। फिर और संभालता हुआ बोले -''सर, वोट देने के पहले आपकी प्रतिमा पर हार-फूल चढ़ाकर, आशीर्वाद लेकर ही जाएंगे।''
''खूब पार्टियां हो रही हैं, क्या प्रेस क्लब अध्यक्ष को तनख़्वाह मिलने लगी है?''
''ना, सर ना, घर फूंक, तमाशा देख ही है''
''तो फिर यह क्या है? रोज-रोज काकटेल पार्टियां ? 'जैन पत्रकार', 'ब्राह्मण पत्रकार', 'मुस्लिम-पत्रकार', 'सांध्य दैनिक के पत्रकार', 'टीवी पत्रकार', 'कैमरामैन पत्रकार', फोटोग्राफर, 'भोपाल में रह रहे इन्दौर के पत्रकारों' आदि के लिए अलग अलग दावतें ! 'पत्रकार वोटरों' के लिए कव्वाली, भंडारे, वाटर पार्क, वन भोज, फैमिली गेट टुगेदर......प्रेस क्लब चुनाव में होर्डिंग, पोस्टर, बैनर ! कितने मेंबर हैं?''
''1 हज़ार 321 हैं सर."
''इतने पत्रकार !''
''हां, सर कित्ते तो चैनल, पेपर, वेबसाइट आ गई हैं, अभी भी वेटिंग में हैं कई....''
''इत्ते वोटर हैं तो खर्च भी होता होगा.....''
''हां, सर महंगाई भी तो बढ़ गई है, चार करोड़ तो हो ही जाएंगे 'पत्रकार नेताओं' के''
अरे ! ये क्या, मेरी बात पूरी हुई ही नहीं थी कि आदरणीय राजेन्द्र माथुर साहब की काया वापस प्रतिमा में समाहित होने लगी. मैं चिल्लाया --सर, वापस मत जाइये, वापस मत जाइये, चुनाव तक तो रुकिए, लेकिन वे मेरी बात कहां सुननेवाले थे। ..... और फिर इतने में मेरी नींद खुल गई।
( आदरणीय माथुर साहब को श्रद्धांजलि)
(साभार: फेसबुक वॉल से)
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स