प्रसार भारती के अंतर्गत आने वाले आकाशवाणी मुंबई ने अपने ब्रॉडकास्टिंग हाउस परिसर में वॉटरप्रूफिंग और अन्य मरम्मत कार्यों के लिए टेंडर जारी किया है।
by
Vikas Saxena
प्रसार भारती के अंतर्गत आने वाले आकाशवाणी मुंबई ने अपने ब्रॉडकास्टिंग हाउस परिसर में वॉटरप्रूफिंग और अन्य मरम्मत कार्यों के लिए टेंडर जारी किया है। यह काम मुंबई के पी.बी. मार्ग स्थित ब्रॉडकास्टिंग हाउस में कराया जाएगा।
जारी नोटिस के मुताबिक, यह टेंडर “Providing Water Proofing Treatment and Allied Maintenance Works” के लिए निकाला गया है। पूरी प्रक्रिया ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल के जरिए होगी। इच्छुक ठेकेदार 5 जून 2026 की शाम 5 बजे तक आवेदन जमा कर सकते हैं।
नोटिस में कहा गया है कि केवल वही कॉन्ट्रैक्टर्स आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने CPWD, M.E.S., रेलवे, PWD, महाराष्ट्र हाउसिंग बोर्ड या अन्य सरकारी विभागों में इसी तरह के काम किए हों। इसके अलावा आवेदकों के पास वैध GST रजिस्ट्रेशन और GST रिटर्न से जुड़े जरूरी दस्तावेज होना भी अनिवार्य है।
टेंडर की शर्तों के अनुसार, चयनित एजेंसी को काम तय गुणवत्ता मानकों और सुरक्षा नियमों के तहत पूरा करना होगा। विभाग ने यह भी साफ किया है कि अधूरे दस्तावेज या नियमों का पालन नहीं करने वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
नोटिस में सिक्योरिटी डिपॉजिट और अन्य तकनीकी शर्तों का भी जिक्र किया गया है। साथ ही ठेकेदारों को सभी नियमों और सरकारी दिशानिर्देशों का पालन करना होगा।
यह नोटिस आकाशवाणी मुंबई के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (सिविल) कार्यालय की ओर से जारी किया गया है।
आकाशवाणी इस साल अपने 90 साल पूरे कर रहा है। नौ दशकों से भरोसेमंद प्रसारण, सांस्कृतिक जुड़ाव और जनसेवा का हिस्सा रही आकाशवाणी अब इस खास मौके को देशभर के लोगों के साथ मिलकर सेलिब्रेट कर रही है।
by
Samachar4media Bureau
इस ऐतिहासिक उपलब्धि को यादगार बनाने के लिए आकाशवाणी ने MyGov के साथ मिलकर दो राष्ट्रीय स्तर की क्रिएटिव प्रतियोगिताएं शुरू की हैं। इन प्रतियोगिताओं के जरिए देशभर के लोगों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
पहली प्रतियोगिता ‘Akashvani at 90 – National Signature Tune Contest’ है, जिसमें प्रतिभागियों को आकाशवाणी के लिए नई सिग्नेचर ट्यून तैयार करनी होगी।
दूसरी प्रतियोगिता ‘Akashvani at 90 – National Channel Jingle Contest’ है। इसमें लोग आकाशवाणी चैनल के लिए जिंगल बनाकर हिस्सा ले सकते हैं।
आकाशवाणी ने संगीत प्रेमियों, कंपोजर्स, क्रिएटर्स, छात्रों, कलाकारों और आम नागरिकों से इन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने की अपील की है। संस्था का कहना है कि यह सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि देश के सबसे पुराने और भरोसेमंद प्रसारण मंच के 90 साल के सफर का हिस्सा बनने का मौका है।
‘नेशनल चैनल जिंगल कॉन्टेस्ट’ की शुरुआत 23 अप्रैल 2026 से हो चुकी है और इसमें हिस्सा लेने की आखिरी तारीख 25 मई 2026 रखी गई है। यह प्रतियोगिता सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तहत आयोजित की जा रही है।
आकाशवाणी ने लोगों से अपील की है कि वे इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और इस जानकारी को अपने दोस्तों, परिवार और सोशल नेटवर्क्स पर भी ज्यादा से ज्यादा शेयर करें, ताकि देशभर की रचनात्मक प्रतिभाएं इस अभियान से जुड़ सकें।
रेडियो सिटी का संचालन करने वाली कंपनी म्यूजिक ब्रॉडकास्ट लिमिटेड (Music Broadcast Limited) ने अपने टेक्नोलॉजी विभाग को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है।
by
Vikas Saxena
रेडियो सिटी का संचालन करने वाली कंपनी म्यूजिक ब्रॉडकास्ट लिमिटेड (Music Broadcast Limited) ने अपने टेक्नोलॉजी विभाग को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने समीर कसारे को इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IT) के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और सीनियर मैनेजमेंट पर्सनल नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है। उनकी नियुक्ति 21 मई 2026 से प्रभावी मानी जाएगी।
कंपनी ने दी जानकारी में बताया कि यह नियुक्ति नॉमिनेशन और रेम्यूनरेशन कमेटी की सिफारिश के आधार पर की गई है।
समीर कसारे के पास कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग की डिग्री है और उन्हें 27 साल से ज्यादा का अनुभव है। उन्होंने मीडिया और टेक्नोलॉजी सेक्टर की कई बड़ी कंपनियों में काम किया है।
समीर कसारे इससे पहले Big FM, The Big Picture, Carnival Group, ABP News Network और India Today Group जैसी कंपनियों से जुड़े रहे हैं।
कंपनी के मुताबिक समीर कसारे को बड़े टेक्नोलॉजी सिस्टम्स को संभालने और उन्हें आधुनिक बनाने का लंबा अनुभव है। उनकी विशेषज्ञता क्लाउड और डेटा सेंटर ट्रांसफॉर्मेशन, डिजास्टर रिकवरी, बिजनेस कंटिन्युटी, एंटरप्राइज एप्लिकेशंस, IT गवर्नेंस, साइबर सिक्योरिटी और ब्रॉडकास्ट ऑटोमेशन सिस्टम्स जैसे क्षेत्रों में है।
अपने करियर में उन्होंने कई बड़े और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को लीड किया है। इनमें क्लाउड माइग्रेशन, AI आधारित ऑटोमेशन सॉल्यूशंस, ERP इम्प्लीमेंटेशन, नेटवर्क मॉडर्नाइजेशन और पूरे भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रांसफॉर्मेशन प्रोग्राम शामिल हैं।
म्यूजिक और मीडिया इंडस्ट्री में तेजी से बढ़ते AI के इस्तेमाल के बीच सारेगामा इंडिया लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर विक्रम मेहरा ने साफ कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एक बड़ा टूल जरूर बन रहा है
by
Vikas Saxena
म्यूजिक और मीडिया इंडस्ट्री में तेजी से बढ़ते AI के इस्तेमाल के बीच सारेगामा इंडिया लिमिटेड (Saregama India Limited) के मैनेजिंग डायरेक्टर विक्रम मेहरा ने साफ कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एक बड़ा टूल जरूर बन रहा है, लेकिन यह इंसानी सोच, इमोशन और क्रिएटिविटी की जगह नहीं ले सकता। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वही कंपनियां और कलाकार आगे बढ़ेंगे, जिनके पास ओरिजिनल और इंसानों द्वारा बनाया गया प्रीमियम कंटेंट होगा।
Saregama India Limited ने अर्निंग कॉफ्रेंस कॉल के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-2026 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी किए। इस दौरान, विक्रम मेहरा ने कंपनी के प्रदर्शन, म्यूजिक बिजनेस, AI के असर और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से बात की। उन्होंने बताया कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा “अंडरपेनेट्रेटेड” म्यूजिक मार्केट है और आने वाले 20 साल म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए बेहद बड़े अवसर लेकर आने वाले हैं।
उन्होंने कहा कि FY26 की चौथी तिमाही में कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू 287 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 19 फीसदी ज्यादा है। वहीं कंपनी का Adjusted EBITDA 133 करोड़ रुपये पहुंच गया, जिसमें 31 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
“भारत में म्यूजिक का बड़ा भविष्य”
विक्रम मेहरा ने कहा कि दुनिया का रिकॉर्डेड म्यूजिक मार्केट 32 बिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है, लेकिन भारत की हिस्सेदारी अभी भी 2 फीसदी से कम है, जबकि दुनिया की करीब 18 फीसदी आबादी भारत में रहती है। ऐसे में भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री के पास आने वाले वर्षों में जबरदस्त ग्रोथ की संभावना है।
उन्होंने बताया कि Saregama ने FY26 में करीब 1,200 नए गाने और प्रीमियम रीक्रिएशंस रिलीज किए। कंपनी ने नए म्यूजिक कंटेंट पर करीब 235 करोड़ रुपये खर्च किए, जबकि छोटे और मिड-साइज कैटलॉग खरीदने पर 105 करोड़ रुपये का निवेश किया गया।
AI पर क्या बोले विक्रम मेहरा?
AI को लेकर विक्रम मेहरा ने कहा कि Saregama इस टेक्नोलॉजी पर लगातार नजर बनाए हुए है, लेकिन फिलहाल कंपनी ने इसमें कोई बड़ा निवेश नहीं किया है। उनका मानना है कि AI के दौर में “ह्यूमन-क्रिएटेड” यानी इंसानों द्वारा बनाया गया असली म्यूजिक और ज्यादा कीमती हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि लोग सिर्फ गाने से नहीं जुड़ते, बल्कि उस कलाकार से भी जुड़ते हैं जिसने वह गाना गाया या निभाया है। AI हजारों गाने बना सकता है, लेकिन इंसानी भावनाओं और कलाकार की पहचान की बराबरी नहीं कर सकता।
विक्रम मेहरा ने यह भी बताया कि कंपनी ने AI आधारित एक नई “Efficiency Team” बनाई है, जो कंपनी के अलग-अलग प्रोसेस को ज्यादा स्मार्ट और तेज बनाने पर काम कर रही है। इसमें कॉपीराइट ट्रैकिंग और ऑपरेशनल सिस्टम को बेहतर बनाने पर फोकस किया जाएगा।
Pocket Aces और Live Events पर बड़ा दांव
उन्होंने कहा कि Saregama की डिजिटल कंपनी Pocket Aces अब ब्रेक-ईवन पर पहुंच चुकी है और आने वाले समय में इससे कंपनी की कमाई और बढ़ने की उम्मीद है।
इसके अलावा कंपनी ने “UN40” नाम से अपना पहला म्यूजिक फेस्टिवल भी लॉन्च किया, जिसे अच्छा रिस्पॉन्स मिला। इस इवेंट में करीब 12 हजार लोगों ने हिस्सा लिया और 8 बड़े ब्रांड्स जुड़े। कंपनी को उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में यह एक बड़ा ब्रांड बनेगा।
संजय लीला भंसाली के साथ बड़ी साझेदारी
विक्रम मेहरा ने बताया कि कंपनी ने Bhansali Productions में स्ट्रैटेजिक निवेश किया है। इससे Saregama को आने वाले बड़े हिंदी फिल्मों के म्यूजिक राइट्स तय फॉर्मूले और अनुमानित लागत पर मिल सकेंगे।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में “Love & War”, “Naagzilla”, “Paradise” और कई बड़ी फिल्मों का म्यूजिक Saregama के पास रहेगा।
“सब्सक्रिप्शन मॉडल से बदलेगा गेम”
विक्रम मेहरा ने कहा कि भारत में अभी पेड म्यूजिक सब्सक्रिप्शन बहुत कम है। उन्होंने दावा किया कि अगर मुफ्त म्यूजिक सेवाएं कम होती हैं, तो भारतीय ग्राहक भुगतान करने के लिए तैयार हैं।
उनके मुताबिक भारत में अभी पेड म्यूजिक स्ट्रीमिंग की पहुंच 3 फीसदी से भी कम है, जबकि स्वीडन में यह 67 फीसदी और अमेरिका में 57 फीसदी है। ऐसे में भारत में म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए बहुत बड़ा मौका मौजूद है।
मीडिया कंपनी एचटी मीडिया लिमिटेड (HT Media Limited) ने अपने कुछ एफएम रेडियो स्टेशनों को बंद करने का फैसला लिया है।
by
Vikas Saxena
मीडिया कंपनी एचटी मीडिया लिमिटेड (HT Media Limited) ने अपने कुछ एफएम रेडियो स्टेशनों को बंद करने का फैसला लिया है। कंपनी और उसकी सहयोगी कंपनियों के बोर्ड ने 15 मई 2026 को रेडियो लाइसेंस सरेंडर करने का निर्णय लिया।
इसके तहत मुंबई में चल रहा Radio Nasha 91.9, दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के Radio One 94.3 और चेन्नई का Fever 91.9 FM बंद किया जाएगा। इसके लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (MIB) को लाइसेंस सरेंडर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कंपनी ने बताया कि ये रेडियो स्टेशन अब आर्थिक और रणनीतिक रूप से फायदे का सौदा नहीं रह गए थे। इसी वजह से इन्हें बंद करने का फैसला लिया गया है।
HT Media के मुताबिक, इन रेडियो स्टेशनों से वित्त वर्ष 2024-25 में करीब 29.19 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था, जो कंपनी की कुल आय का लगभग 1.62% हिस्सा था।
कंपनी ने कहा कि इन रेडियो स्टेशनों का संचालन 15 जून 2026 तक बंद किए जाने का अनुमान है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने निजी FM रेडियो सेक्टर में नियमों के पालन को मजबूत करने के लिए एक नई इंटर-मिनिस्टीरियल कमेटी (IMC) का गठन किया है।
by
Vikas Saxena
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने FM रेडियो के नियमों की निगरानी के लिए नई इंटर-मिनिस्टीरियल कमेटी (IMC) बनाई, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने निजी FM रेडियो सेक्टर में नियमों के पालन को मजबूत करने के लिए एक नई इंटर-मिनिस्टीरियल कमेटी (IMC) का गठन किया है। यह कमेटी उन मामलों की जांच करेगी, जहां प्रोग्राम और ऐडवर्टाइजमेंट कोड के उल्लंघन की शिकायतें मिलती हैं।
यह आदेश 5 मई 2026 को जारी की गईं हैं और इसका उद्देश्य FM रेडियो पॉलिसी 2011 के तहत नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना है।
नई कमेटी में कई मंत्रालयों और संस्थानों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। इसमें सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी को चेयरपर्सन बनाया गया है। इसके अलावा गृह मंत्रालय, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, उपभोक्ता मामले विभाग, FICCI, प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया, बार काउंसिल ऑफ इंडिया और ऑल इंडिया रेडियो के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
यह कमेटी समय-समय पर बैठक करेगी और उन शिकायतों की सुनवाई करेगी, जो FM रेडियो पर प्रसारित कार्यक्रम या विज्ञापन कोड के उल्लंघन से जुड़ी होंगी।
सरकार ने साफ किया है कि अगर किसी तरह के नियम उल्लंघन के मामले सामने आते हैं, तो कमेटी जुर्माना लगाने, कंटेंट हटाने या फिर किसी प्रोग्राम/चैनल को तय समय के लिए बंद करने की सिफारिश भी कर सकती है।
हालांकि, किसी भी तरह की कार्रवाई से पहले संबंधित रेडियो ऑपरेटर को अपना पक्ष रखने का पूरा मौका दिया जाएगा।
कमेटी की सिफारिशों के आधार पर अंतिम फैसला सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ही लेगी।
सरकार का कहना है कि इस कदम से FM रेडियो में कंटेंट और विज्ञापन से जुड़े नियमों का बेहतर पालन सुनिश्चित होगा और शिकायतों पर तेज़ी से कार्रवाई हो सकेगी।
रेडियो जॉकी, अभिनेता और टीवी होस्ट सलिल अचार्य अब 'रेडियो सिटी' को छोड़कर 'बिग एफएम' (BIG FM) से जुड़ने जा रहे हैं।
by
Samachar4media Bureau
रेडियो जॉकी, अभिनेता और टीवी होस्ट सलिल अचार्य अब 'रेडियो सिटी' से अलग हो सकते हैं और जल्द ही 'बिग एफएम' (BIG FM) से जुड़ने की संभावना है। मीडिया इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों के मुताबिक वे नए रेडियो स्टेशन पर नई पारी शुरू कर सकते हैं, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सलिल अचार्य पिछले लंबे समय से रेडियो सिटी 91.1 से जुड़े हुए थे और 2009 से उन्होंने इस नेटवर्क के साथ अपनी मजबूत पहचान बनाई। वे मुंबई के लोकप्रिय मॉर्निंग शो “कसा काय मुंबई” को आरजे अर्चना के साथ को-होस्ट भी कर चुके हैं।
रेडियो सिटी में अपने करियर के दौरान सलिल अचार्य ने सिर्फ मनोरंजन ही नहीं, बल्कि कई सामाजिक अभियानों में भी हिस्सा लिया। उनकी ऑन-एयर मौजूदगी और लोकल कम्युनिटी से जुड़ाव के कारण उन्होंने एक मजबूत श्रोता वर्ग बनाया।
2021 में उन्होंने “Mission Green Mumbai” अभियान में भाग लिया था, जिसके तहत महाराष्ट्र के ग्रामीण इलाकों के लिए 41 हजार से ज्यादा आम के बीज इकट्ठा किए गए थे। उसी साल उन्होंने “Chillar Party” नाम के चिल्ड्रन डे इवेंट को भी होस्ट किया था।
रेडियो के अलावा सलिल अचार्य ने टीवी, फिल्मों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी काम किया है। उन्होंने मोहित सूरी की फिल्म Awarapan से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके साथ ही वे BBC Asian Network में फिल्म क्रिटिक और B4U में VJ के तौर पर भी काम कर चुके हैं।
वे फिटनेस और हेल्थ को लेकर भी काफी एक्टिव रहते हैं और सोशल मीडिया व मीडिया रिपोर्ट्स में उनकी फिटनेस जर्नी को लेकर अक्सर चर्चा होती रही है।
फिलहाल दोनों तरफ से किसी भी तरह की आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।
साल 2026 में भारतीय FM रेडियो इंडस्ट्री एक ऐसे चौराहे पर खड़ी है, जहां एक तरफ पुरानी पहचान यानी विज्ञापन आधारित कमाई तेजी से सिकुड़ रही है और दूसरी तरफ नए रास्ते धीरे-धीरे खुल रहे हैं।
by
Samachar4media Bureau
साल 2026 में भारतीय FM रेडियो इंडस्ट्री एक ऐसे चौराहे पर खड़ी है, जहां एक तरफ पुरानी पहचान यानी विज्ञापन आधारित कमाई तेजी से सिकुड़ रही है और दूसरी तरफ नए रास्ते धीरे-धीरे खुल रहे हैं। जो मीडियम कभी सुबह की चाय के साथ घरों में गूंजता था, वो आज Spotify, JioSaavn और YouTube जैसे दिग्गजों से मुकाबला कर रहा है। सवाल सिर्फ यह नहीं कि रेडियो जिंदा रहेगा या नहीं सवाल यह है कि यह किस रूप में जिंदा रहेगा?
विज्ञापन खर्च (AdEx) का संकट:
रेडियो के विज्ञापन खर्च (AdEx) पर अलग-अलग रिपोर्ट्स के आंकड़े अलग हैं यह अंतर पद्धति (methodology) के कारण है, इसलिए दोनों को अलग-अलग समझना जरूरी है।
वहीं Pitch Madison Advertising Report (PMAR) 2026 रेडियो पर विज्ञापन खर्च को 2025 में अपने Legacy Framework में ₹2,515 करोड़ के आसपास बताती है। इस रिपोर्ट के अनुसार 2026 में रेडियो सहित अन्य पारंपरिक मीडिया -5% से +5% की रेंज में रहेंगे।
दोनों रिपोर्ट्स इस बात पर सहमत हैं कि डिजिटल तेजी से आगे बढ़ रहा है और रेडियो का सापेक्षिक हिस्सा सिकुड़ रहा है। Dentsu के अनुसार 2025 में भारत का कुल विज्ञापन खर्च 8.3% बढ़कर ₹1,21,339 करोड़ तक पहुंचा, जिसमें Digital विज्ञापन खर्च 19% बढ़कर ₹71,621 करोड़ हो गया और कुल विज्ञापन खर्च में उसकी हिस्सेदारी 59% पहुंच गई।
TAM विज्ञापन खर्च के आंकड़े एक सकारात्मक पहलू दिखाते हैं 2025 में रेडियो विज्ञापन वॉल्यूम (ऐड वॉल्यूम) में साल-दर-साल 2% की वृद्धि हुई। 2021 की तुलना में 2025 में प्रति रेडियो स्टेशन औसत विज्ञापन वॉल्यूम 40% बढ़ा है। सर्विस सेक्टर का सबसे बड़ा योगदान रहा, जिसकी कुल रेडियो विज्ञापन वॉल्यूम में 30% हिस्सेदारी रही। प्रॉपर्टीज व रियल एस्टेट कैटेगरी 15% शेयर के साथ शीर्ष पर रही।
एक्सचेंज4मीडिया के अनुसार रियल एस्टेट 2025 में रेडियो का सबसे बड़ा ऐडवर्टाइजर सेक्टर रहा ₹393 करोड़ खर्च के साथ जबकि ऑटो सेक्टर ने 13% की बढ़त के साथ ₹299 करोड़ का योगदान दिया।
Red FM की COO निशा नारायणन के अनुसार 2025 के फेस्टिव सीजन में रेडियो का रेवेन्यू 12–15% बढ़ा और यह सालाना आय का करीब 20–25% लेकर आया। लेकिन बाकी महीनों में रेडियो की कमाई पर दबाव बना रहता है। कुछ विज्ञापनदाता (advertisers) अपना बजट घटाकर Audio OTT प्लेटफॉर्म्स की तरफ शिफ्ट कर रहे हैं
ENIL (रेडियो मिर्ची) का डिजिटल की ओर बड़ा दांव
ENIL यानी Entertainment Network (India) Ltd, जो रेडियो मिर्ची, मिर्ची लव और कूल एफएम+ जैसे ब्रैंड्स ऑपरेट करता है, इस चुनौतीपूर्ण दौर में भी अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति में रहा।
वित्तीय वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर–दिसंबर 2025) में कंपनी का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू ₹162.93 करोड़ रहा, जो पिछले वित्तीय वर्ष की समान तिमाही (₹157.13 करोड़) के मुकाबले 3.7% की बढ़त है। हालांकि, कंपनी को ₹6.42 करोड़ का नेट लॉस हुआ, जबकि Q3 FY25 में ₹9.14 करोड़ का मुनाफा दर्ज किया गया था, यानी मुनाफे से घाटे में बदलाव दिखा। इस दौरान Domestic EBITDA ₹13.7 करोड़ रहा।
सबसे अहम बात यह रही कि डिजिटल और IP रेवेन्यू का हिस्सा Q3 FY25 के 26.9% से बढ़कर Q3 FY26 में 49.5% हो गया, यानी लगभग दोगुना। डिजिटल रेवेन्यू में 99.9% की सालाना (YoY) ग्रोथ दर्ज की गई। Impact Properties का रेवेन्यू 10.5% बढ़ा, जबकि इंटरनेशनल बिजनेस से ₹5.38 करोड़ का रेवेन्यू आया।
वित्तीय वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही (जुलाई–सितंबर 2025) में कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू ₹141 करोड़ रहा, जिसमें 24.3% की साल-दर-साल (YoY) ग्रोथ दर्ज की गई। इस दौरान डिजिटल रेवेन्यू, Core Radio Ad Revenue का 52.5% तक पहुंच गया। वहीं, BSE की standalone फाइलिंग में रेवेन्यू ₹137.75 करोड़ बताया गया।
वित्तीय वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही (अप्रैल–जून 2025) में कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू ₹117 करोड़ रहा, जो 3% YoY ग्रोथ दर्शाता है। Domestic रेवेन्यू ₹113 करोड़ (3.2% YoY) रहा और EBITDA ₹6.2 करोड़ (3.6% YoY ग्रोथ) दर्ज किया गया। डिजिटल रेवेन्यू ₹21.7 करोड़ रहा, जिसमें 41.2% की YoY बढ़त हुई और यह Core Radio Ad Revenue का 40.7% हिस्सा बन गया (Q1 FY25 में यह 24.8% था)। Events और Solutions बिजनेस में 33% की ग्रोथ दर्ज हुई। 30 जून 2025 तक कंपनी के पास ₹349 करोड़ का कैश रिजर्व था।
ENIL अब खुद को “देश की मल्टी-प्लेटफॉर्म एंटरटेनमेंट कंपनी” के तौर पर पेश कर रहा है। Q3 FY26 के Investor Presentation के अनुसार, कंपनी की पहुंच 63 शहरों में करीब 6 करोड़ श्रोताओं तक है। हर साल 400 से ज्यादा इवेंट्स आयोजित किए जाते हैं, जिनमें 30 लाख से अधिक लोग भाग लेते हैं। कंपनी की सोशल मीडिया रीच 100 मिलियन से ज्यादा है और यह 13 भाषाओं व 25 से अधिक बोलियों में कंटेंट तैयार करती है। साथ ही, कंपनी Gaana ऑडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म का भी संचालन करती है।
रेडियो सिटी (Music Broadcast Ltd) चुनौती के बीच डायवर्सिफिकेशन
Q1 FY26 (अप्रैल–जून 2025): इस तिमाही में रेवेन्यू ₹49.32 करोड़ रहा, जो साल-दर-साल (YoY) 17.25% गिरावट दिखाता है। Operating EBITDA ₹8 करोड़ रहा, जिसमें 16.1% मार्जिन दर्ज किया गया। कंपनी को ₹2.17 करोड़ का नेट लॉस हुआ। 30 जून 2025 तक कैश रिजर्व ₹354 करोड़ था। Alternative Revenue Streams (Branded Properties, Digital Ventures, Sponsorships) ने कुल आय में 35% योगदान दिया, जबकि कुल क्लाइंट बेस में इनकी हिस्सेदारी 41% रही।
Q2 FY26 (जुलाई–सितंबर 2025): इस तिमाही में रेवेन्यू ₹37.84 करोड़ रहा, जो YoY 30.9% की गिरावट है। नेट लॉस ₹6.87 करोड़ रहा। H1 FY26 (पहली छमाही) में कुल रेवेन्यू ₹87.17 करोड़ रहा, जो YoY 23.8% कम है, जबकि नेट लॉस ₹9.05 करोड़ दर्ज किया गया। Alternate Revenue Streams का हिस्सा 34% रहा। 30 सितंबर 2025 तक कैश रिजर्व ₹362 करोड़ हो गया।
Q3 FY26 (अक्टूबर–दिसंबर 2025): इस तिमाही में रेवेन्यू ₹46.4 करोड़ रहा। कंपनी ने ₹4.1 करोड़ का मुनाफा (PAT) दर्ज किया और तिमाही-दर-तिमाही (QoQ) आधार पर रेवेन्यू में 23% की ग्रोथ हुई। 31 दिसंबर 2025 तक नेट कैश ₹373 करोड़ रहा, जबकि मार्केट शेयर 18% दर्ज किया गया।
उल्लेखनीय है कि रेडियो सिटी का कैश रिजर्व (₹373 करोड़) उसके कुल मार्केट कैप से भी ज्यादा है, जो कंपनी की मजबूत बैलेंस शीट को दिखाता है।
नए रेवेन्यू सोर्स: सिर्फ बात नहीं, काम भी हो रहा है
इवेंट्स और ब्रैंड एक्टिवेशन- Entertainment Network (India) Ltd (ENIL) आज भारत की बड़ी इवेंट कंपनियों में शामिल हो चुका है। कंपनी हर साल 400 से ज्यादा इवेंट्स- जैसे कॉन्सर्ट, अवॉर्ड शो, ब्रैंड एक्टिवेशन और ऑन-ग्राउंड प्रमोशन—करती है। FY26 की पहली तिमाही में इवेंट्स और सॉल्यूशंस बिजनेस में 33% की बढ़त दर्ज हुई, जबकि दूसरी तिमाही में इवेंट्स और आईपी बिजनेस ने 101.1% की सालाना उछाल दिखाई।
Music Broadcast Ltd (रेडियो सिटी) ने एसमिन्को डॉट इन नाम से एक AI-आधारित इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। इस प्लेटफॉर्म पर अब तक 60,000 से ज्यादा इन्फ्लुएंसर्स जुड़ चुके हैं और कंपनी ने भारत के टॉप 10,000 विज्ञापनदाताओं के साथ साझेदारी की है।
डिजिटल स्ट्रीमिंग और हाइब्रिड मॉडल- ENIL ने Gaana (गाना) ऑडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म को दिसंबर 2023 में टाइम्स इंटरनेट से करीब ₹25 लाख में खरीदा था। इसे इंडस्ट्री में एक तरह की ‘डिस्ट्रेस सेल’ के तौर पर देखा गया, क्योंकि गाना का पीक वैल्यूएशन 580 मिलियन डॉलर तक पहुंच चुका था और उसने 200 मिलियन डॉलर से ज्यादा फंड जुटाया था। ENIL ने इसे पूरी तरह सब्सक्रिप्शन मॉडल पर शिफ्ट कर दिया। FY26 की तीसरी तिमाही में कंपनी के डिजिटल रेवेन्यू में 99.9% की सालाना ग्रोथ दर्ज की गई।
Radio Mirchi, Red FM और BIG FM जैसे रेडियो नेटवर्क अब अपने ऑन-एयर प्रोग्राम को मोबाइल ऐप, OTT प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया पर एक साथ स्ट्रीम कर रहे हैं। रेडियो सिटी का प्लैनेट रेडियो सिटी डॉट कॉम, 17 वेब-आधारित स्टेशन और RC स्टूडियो (जियो टीवी पर 24/7 वीडियो चैनल) इसी रणनीति का हिस्सा हैं।
पॉडकास्ट इंटीग्रेशन- Deloitte की 2026 रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में पॉडकास्ट इंडस्ट्री अगले 3–5 साल में तेजी से बढ़ने वाली है। 2025 में पॉडकास्ट सुनने वालों की संख्या करीब 20 करोड़ तक पहुंच गई, जो 2024 के 10 करोड़ से दोगुनी है। भारत का पॉडकास्ट बाजार 2024 में करीब 560 मिलियन डॉलर (₹4,700 करोड़) का था और 2033 तक इसके 4,248 मिलियन डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है, जिसमें लगभग 25.5% की सालाना ग्रोथ रहेगी।
एफएम रेडियो स्टेशन अब अपने आरजे शो को ऑन-डिमांड पॉडकास्ट के रूप में Spotify, JioSaavn और Apple Podcasts पर उपलब्ध करा रहे हैं। ब्रैंडेड पॉडकास्ट, स्पॉन्सर्ड एपिसोड और पॉडकास्ट विज्ञापन—ये तीनों नए कमाई के स्रोत बन रहे हैं। रेडियो सिटी ने स्पॉटिफाई के साथ 4 राज्यों में एक्सक्लूसिव पार्टनरशिप भी की है।
लाइसेंसिंग और सिंडिकेशन रेवेन्यू- रेडियो मिर्ची जैसे ब्रैंड अब अपने कंटेंट—जैसे जिंगल, आरजे पर्सनालिटी और प्रोग्राम फॉर्मेट—को लाइसेंस पर देने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। ENIL 13 भाषाओं में कंटेंट तैयार करता है और इंटरनेशनल सिंडिकेशन की ओर भी कदम बढ़ा रहा है। FY26 की तीसरी तिमाही में कंपनी का इंटरनेशनल बिजनेस रेवेन्यू ₹5.38 करोड़ रहा।
डिजिटल रेडियो: बड़ा सपना, धीमी शुरुआत- ट्राई ने 4 ‘ए+’ और 9 ‘ए’ श्रेणी के शहरों में डिजिटल रेडियो के लिए नीलामी की सिफारिश की है, लेकिन इंडस्ट्री अभी भी इसे लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं है।
BIG FM के सीओओ सुनील कुमारन के मुताबिक, डिजिटल रेडियो के सामने हाई कॉस्ट, सीमित डिवाइस (रिसीवर), नियमों की अनिश्चितता और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म से कड़ी प्रतिस्पर्धा जैसी चुनौतियां हैं। वहीं विनीत सिंह हुक्मरानी का कहना था कि उपभोक्ताओं को अलग से डिजिटल रेडियो खरीदने की जरूरत नहीं है, क्योंकि मोबाइल और ब्लूटूथ ही इस पूरे सेगमेंट को नियंत्रित कर रहे हैं।
कुल मिलाकर, 2026 को इस दिशा में अहम साल माना जा रहा है, लेकिन बिना सरकारी समर्थन, पर्याप्त डिवाइस उपलब्धता और सही कीमत के, डिजिटल रेडियो का रास्ता अभी लंबा नजर आता है।
छंटनी और लागत कटौती दर्दनाक लेकिन जरूरी?
एक्सचेंज4मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, सितंबर 2025 में रेडियो इंडस्ट्री में विभिन्न नेटवर्क्स में लगभग 300 एम्प्लॉयी की छंटनी हुई। रेडियो सिटी ने अकेले 100–150 पद समाप्त किए। Big FM ने करीब 50–70 लोगों की छुट्टी की।
Music Broadcast Ltd ने Q2 FY26 Earnings Call में बताया कि उन्होंने Operating Costs में ₹6–7 करोड़ प्रति तिमाही की बचत हासिल की है बिना Operations को नुकसान पहुंचाए। Q3 FY26 में इसका असर दिखा Revenue QoQ 23% बढ़ा और PAT ₹4.1 करोड़ सकारात्मक रहा।
Tier 2 और Tier 3 शहर उम्मीद की किरण
जहां टियर-1 शहरों में डिजिटल का दबाव रेडियो को पीछे धकेल रहा है, वहीं टियर-2 और टियर-3 शहरों में रेडियो अब भी एक प्रभावशाली माध्यम बना हुआ है। Music Broadcast Ltd (रेडियो सिटी) ने भी माना है कि उसकी ग्रोथ अब टियर-2 और टियर-3 बाजारों की ओर शिफ्ट हो रही है। Pitch Madison Report 2025 के अनुसार, इन शहरों में रेडियो अब भी सबसे किफायती (Cost-Effective) विज्ञापन माध्यम बना हुआ है।
TAM के विज्ञापन आंकड़ों के मुताबिक, ऑटो सेक्टर ने 2025 में रेडियो पर 13% ज्यादा खर्च किया, और यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से इन्हीं बाजारों से आई।
भारतीय रेडियो इंडस्ट्री का भविष्य: 2026 और आगे
EY/Statista (2024) के अनुमान के मुताबिक, भारत की रेडियो इंडस्ट्री 2026 तक करीब ₹2,700 करोड़ तक पहुंच सकती है, जिसमें 7–9% की सालाना (CAGR) ग्रोथ का अनुमान है।
Dentsu Digital Advertising Report 2026 के अनुसार, भारत का कुल विज्ञापन खर्च 2026 में ₹1,30,416 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है, जिसमें 7.2% की ग्रोथ होगी। 2027 तक डिजिटल का हिस्सा कुल विज्ञापन खर्च का 70% तक पहुंच सकता है। वहीं, रेडियो और सिनेमा के लिए -5% से +5% के बीच सीमित ग्रोथ का अनुमान जताया गया है।
वैश्विक स्तर पर रेडियो बाजार 2026 में करीब $56.67 अरब का है और 2035 तक $77.9 अरब तक पहुंचने की उम्मीद है, जिसमें 3.6% CAGR की ग्रोथ होगी। भारत की हिस्सेदारी वैश्विक रेडियो ब्रॉडकास्टिंग बाजार में करीब 3.45% है और एशिया-प्रशांत क्षेत्र में इसे सबसे ज्यादा ग्रोथ संभावनाओं वाले बाजारों में गिना जा रहा है।
आखिरी बात: विज्ञापन खत्म नहीं हुआ, लेकिन अब अकेला काफी नहीं
एफएम रेडियो की विज्ञापन-आधारित कमाई खत्म नहीं हुई है, यह अब भी इंडस्ट्री की रीढ़ बनी हुई है। Dentsu के अनुसार 2025 में यह आंकड़ा ₹1,501 करोड़ रहा, जबकि Pitch Madison के अनुसार ₹2,515 करोड़। दोनों आंकड़े अलग-अलग मेथडोलॉजी पर आधारित हैं, लेकिन संकेत एक ही है, रेडियो का सापेक्षिक बाजार हिस्सा धीरे-धीरे घट रहा है।
इस दौर में वही कंपनियां आगे टिकेंगी, जो इवेंट्स, डिजिटल, पॉडकास्ट और लाइसेंसिंग जैसे नए रेवेन्यू सोर्स तेजी से विकसित कर रही हैं:
कुल मिलाकर, एफएम रेडियो का भविष्य अब सिर्फ ट्रांसमीटर तक सीमित नहीं है, बल्कि स्क्रीन, स्पीकर और स्मार्टफोन से भी जुड़ चुका है। जो ब्रॉडकास्टर्स इस बदलाव को समझ गए हैं, उनके लिए 2026 नई शुरुआत का साल है, जबकि जो अब भी सिर्फ स्पॉट विज्ञापन पर निर्भर हैं, उनके लिए कहा जा सकता है कि यह अलर्ट होने का समय है।
डिजिटल युग में जब हर जेब में स्मार्टफोन है, हर हाथ में इंटरनेट है- तब भी एक पुराना माध्यम न सिर्फ जिंदा है, बल्कि संकट की हर घड़ी में सबसे पहले खड़ा होता है। वह माध्यम है- रेडियो।
by
Vikas Saxena
डिजिटल युग में जब हर जेब में स्मार्टफोन है, हर हाथ में इंटरनेट है- तब भी एक पुराना माध्यम न सिर्फ जिंदा है, बल्कि संकट की हर घड़ी में सबसे पहले खड़ा होता है। वह माध्यम है- रेडियो। FM हो या AM, ट्रांजिस्टर हो या डिजिटल- रेडियो आज भी उस वक्त आवाज बनता है जब बाकी सब माध्यम चुप हो जाते हैं।
फरवरी 2026 में मनाए गए वर्ल्ड रेडियो डे का थीम था- "Radio and Artificial Intelligence: AI is a tool, not a voice"- यानी रेडियो की आत्मा आज भी इंसान की आवाज है, कोई एल्गोरिदम नहीं। यह थीम अपने आप में इस माध्यम की ताकत और उसकी अटूट प्रासंगिकता का संदेश देती है।
रेडियो का नेटवर्क: आंकड़ों में ताकत
ऑल इंडिया रेडियो (AIR), जिसे आकाशवाणी के नाम से भी जाना जाता है, भारत का सार्वजनिक प्रसारण सेवा संस्थान है। यह प्रसार भारती के अंतर्गत काम करता है और इसका आदर्श वाक्य है- "बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय।" 1936 में स्थापित AIR आज 591 प्रसारण केंद्रों के साथ भारत के लगभग 92 प्रतिशत भौगोलिक क्षेत्र और 98 प्रतिशत आबादी तक पहुंचता है।
यह आंकड़ा अपने आप में बहुत बड़ा है। देश का कोई भी अखबार, कोई भी न्यूज चैनल, कोई भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म इस पहुंच के करीब नहीं आता। AIR 23 भाषाओं और 179 बोलियों में मीडियम वेव, शॉर्ट वेव, FM और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिये प्रसारण करता है। इसकी पहुंच शहरी, ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों- सभी जगह है।
अगस्त 2024 में केंद्रीय कैबिनेट ने 234 नए शहरों और कस्बों में 730 नए FM चैनलों को मंजूरी दी, जहां अब तक कोई FM प्रसारण नहीं था। इस विस्तार की रिजर्व प्राइस 784.87 करोड़ रुपये रखी गई। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के मुताबिक, FM फेज-III पॉलिसी के तहत फिलहाल 119 शहरों में 391 प्राइवेट FM चैनल काम कर रहे हैं।
इसके अलावा, भारत में अब 531 कम्युनिटी रेडियो स्टेशन सक्रिय हैं, जो जमीनी स्तर पर संचार और सामुदायिक सशक्तिकरण का काम कर रहे हैं।
आपदा में रेडियो: जब सब बंद हो जाता है, रेडियो चलता रहता है
यह सवाल बहुत जरूरी है- जब भूकंप आता है, बाढ़ आती है, तूफान आता है- तो सबसे पहले क्या बंद होता है? बिजली। और बिजली गई तो इंटरनेट गया, मोबाइल नेटवर्क गया, टेलीविजन बंद।
रेडियो आपदा के समय सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जब प्राकृतिक आपदाएं या संकट की स्थिति बिजली, इंटरनेट सेवाओं या अन्य संचार नेटवर्क को बाधित कर देती हैं, तो रेडियो अक्सर भरोसेमंद और समय पर सूचना देने का सबसे विश्वसनीय स्रोत बना रहता है।
अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ (ITU) ने इसे स्पष्ट रूप से स्वीकार किया है। रेडियो ब्रॉडकास्टिंग का बुनियादी ढांचा बहुत मजबूत होता है और आम तौर पर तब भी चालू रहता है जब दूसरी संचार तकनीकें- जैसे दो-तरफा वॉयस और डेटा सेवाएं विफल हो जाती हैं। सार्वजनिक प्रसारकों का यह दायित्व होता है कि वे मुख्य स्थानों पर अतिरिक्त ट्रांसमीटर और स्थानीय पावर जनरेटर रखें, ताकि अन्य आवश्यक सेवाएं बाधित होने के बाद भी प्रसारण लंबे समय तक जारी रह सके।
AIR ने आपदाओं के दौरान जनता को सचेत करने के लिए DRM (Digital Radio Mondiale) तकनीक के साथ इमरजेंसी वार्निंग फंक्शनालिटी (EWF) का सफलतापूर्वक परीक्षण किया है। ये परीक्षण राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के सहयोग से किए गए।
उत्तराखंड का उदाहरण इस बात की सबसे सटीक मिसाल है। उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में 90.4 FM पर प्रसारित होने वाला "मंदाकिनी की आवाज" स्टेशन पाँच जिलों में करीब 3.5 लाख श्रोताओं तक पहुंचता है। यह स्टेशन बाढ़, भूस्खलन और जंगल की आग जैसी आपदाओं से संबंधित सार्वजनिक सेवा घोषणाओं (PSAs) पर विशेष जोर देता है। वहां के बुजुर्ग श्रोता कहते हैं, "पहले आपदा आती थी, हमें पता नहीं चलता था। अब रेडियो से जान जाते हैं, जान बच जाती है।"
सीमा पर रेडियो: 'रेडियो संगम' की क्रांतिकारी पहल
2026 की शुरुआत में एक ऐसी खबर आई जिसने रेडियो की रणनीतिक अहमियत को नई ऊंचाई दी।
जनवरी 2026 में जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास पहला सामुदायिक रेडियो स्टेशन स्थापित किया गया। "रेडियो संगम" नाम का यह स्टेशन भारतीय सेना ने नागरिक प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से LoC से महज एक किलोमीटर दूर केरी गांव में बनाया है।
अधिकारियों के मुताबिक, रेडियो संगम सीमा पर रहने वाले लोगों को विश्वसनीय और सत्यापित जानकारी देने के लिए बनाया गया है, साथ ही यह सीमा पार से आने वाली गलत सूचनाओं और दुश्मन के प्रोपेगेंडा का मुकाबला करने का काम भी करता है। रेडियो संगम शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आपदा तैयारी, सरकारी योजनाओं, संस्कृति और सामुदायिक कल्याण पर कार्यक्रम प्रसारित करता है, ताकि दूरदराज और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोग जागरूक और जुड़े रहें।
यह महज एक रेडियो स्टेशन नहीं है- यह एक सामरिक हथियार है। डिजिटल युग में दुश्मन के झूठ का जवाब रेडियो की सच्ची आवाज से दिया जा रहा है।
इससे पहले जून 2025 में भारतीय सेना ने उत्तराखंड के ज्योतिर्मठ में "Ibex Tarana 88.4 FM" भी लॉन्च किया था, जो स्थानीय आवाजों को बुलंद करने और शिक्षा, स्वास्थ्य व आपदा तैयारी की जानकारी फैलाने के लिए बनाया गया था।
इंटरनेट बंद, मोबाइल ठप- रेडियो चालू
भारत में इंटरनेट बंद होने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। 2025 में भारत में 65 इंटरनेट शटडाउन दर्ज किए गए। जम्मू-कश्मीर, मणिपुर, राजस्थान जैसे राज्यों में बार-बार इंटरनेट सेवाएं काटी गई हैं। अप्रैल 2026 में भी जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में इंटरनेट शटडाउन लगाया गया।
ऐसी स्थितियों में रेडियो ही एकमात्र माध्यम बचता है जो न सिर्फ सूचना देता है, बल्कि अफवाहों पर भी लगाम लगाता है।
वैश्विक स्तर पर भी यही स्थिति है। Access Now की 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में दुनिया के 52 देशों में कम से कम 313 इंटरनेट शटडाउन हुए- यह 2016 के बाद सबसे ज्यादा संख्या है। ऐसे में जो देश और समाज रेडियो को मजबूत रखे हुए हैं, वे इन डिजिटल ब्लैकआउट की चपेट में कम आते हैं।
चुनाव और रेडियो: जनतंत्र की आवाज
भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है- और इस लोकतंत्र को अपनी बात हर नागरिक तक पहुंचाने के लिए रेडियो से बेहतर कोई माध्यम नहीं है।
शायद भारत ही दुनिया का एकमात्र ऐसा लोकतंत्र है जहां रेडियो न्यूज का एकाधिकार सरकारी माध्यम के पास है। 1.34 अरब से अधिक लोगों के इस विशाल देश में केवल सरकारी स्वामित्व वाला AIR ही रेडियो पर समाचार और करंट अफेयर्स प्रसारित कर सकता है। इसका मतलब यह है कि चुनावों के दौरान भी, देश के सबसे दूरदराज के गांव तक चुनाव संबंधी जानकारी रेडियो के जरिये पहुंचती है।
'मन की बात' इस बात का सबसे बड़ा उदाहरण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम 3 अक्टूबर 2014 को शुरू हुआ था। अप्रैल 2026 तक इसके 132 से अधिक एपिसोड प्रसारित हो चुके हैं। यह कार्यक्रम AIR पर कई भाषाओं में प्रसारित होता है और दूरदराज के इलाकों तक पहुंचता है। IIM रोहतक द्वारा कराए गए एक सर्वे के अनुसार कम से कम 23 करोड़ लोगों ने इस कार्यक्रम को नियमित रूप से सुना या देखा है और एक अरब से अधिक लोगों ने इसे कम से कम एक बार सुना है।
ग्रामीण भारत में रेडियो बनाम TV बनाम मोबाइल
यह तुलना बहुत जरूरी है क्योंकि अक्सर यह सवाल उठता है- क्या मोबाइल और इंटरनेट ने रेडियो को बेकार कर दिया?
AIR ने कोविड-19 महामारी के दौरान ग्रामीण बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में शैक्षणिक प्रसारण की बड़ी भूमिका निभाई, जब स्कूल बंद थे और डिजिटल पहुंच सीमित थी।
ओडिशा और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में मछुआरे नियमित रूप से AIR के मौसम बुलेटिन पर निर्भर रहते हैं, जिसमें 2019 के चक्रवात फणी के दौरान दी गई जानकारी शामिल है।
राजस्थान के बुंदेलखंड में रेडियो बुंदेलखंड स्टेशन के 150 गांवों में 2.5 लाख से अधिक श्रोता हैं। यहां न टीवी का सिग्नल मजबूत है, न इंटरनेट की गुणवत्ता भरोसेमंद।
रेडियो की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे निरक्षर व्यक्ति भी सुन सकता है। TV के लिए बिजली चाहिए, स्मार्टफोन के लिए डेटा चाहिए- लेकिन एक छोटी सी बैटरी से चलने वाला ट्रांजिस्टर हर मौसम, हर आपदा, हर इलाके में काम करता है।
आपदा संचार का नया ढांचा और रेडियो की जगह
भारत सरकार का SACHET (इंटीग्रेटेड अलर्ट सिस्टम) 19 से अधिक भारतीय भाषाओं में SMS-आधारित अलर्ट भेजता है। Common Alerting Protocol (CAP) के जरिये यह रेडियो, TV, साइरन, SMS और इंटरनेट अलर्ट के साथ एकीकृत हो सकता है। यानी सरकार खुद रेडियो को आपदा संचार के मुख्य स्तंभों में से एक मानती है।
AIR के डिजिटल रेडियो (DRM) से लैस 1.3 करोड़ से अधिक नई कारें भारत की सड़कों पर हैं। Maruti Suzuki, Hyundai, Toyota, MG Motor, Mahindra और Mercedes Benz जैसी कंपनियां अपने इन्फोटेनमेंट सिस्टम में DRM का इस्तेमाल कर रही हैं। यानी रेडियो अब डिजिटल होकर और शक्तिशाली हो गया है।
'रेडियो मैन ऑफ इंडिया' और सांस्कृतिक विरासत
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के गजरौला निवासी राम सिंह बौद्ध, जिन्हें "रेडियो मैन ऑफ इंडिया" के नाम से जाना जाता है, उन्हें 2025 में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने दुनिया का सबसे बड़ा रेडियो संग्रह- 1,257 रेडियो सेट- रखने के लिए मान्यता दी। यह रेडियो के प्रति उस प्रेम की कहानी है जो पीढ़ियों में उतरी हुई है।
क्या रेडियो आज भी सबसे भरोसेमंद माध्यम है?
इस सवाल का जवाब आंकड़े खुद देते हैं:
आवाज जो कभी नहीं रुकती
डिजिटल दुनिया में रेडियो को "पुराना" कहना उतना ही गलत है जितना यह कहना कि हवा अब जरूरी नहीं। जब सब बंद होता है- जब नेटवर्क टूटता है, बिजली जाती है, इंटरनेट कटता है- तब एक छोटा सा ट्रांजिस्टर रेडियो करोड़ों लोगों की जिंदगी और मौत के बीच का फर्क बन सकता है।
आपदा में यह सचेत करता है। चुनाव में यह जागरूक करता है। युद्ध में यह सच बोलता है। और रोजमर्रा की जिंदगी में- यह साथ देता है।
वर्ल्ड रेडियो डे 2026 की थीम ने एक सच कहा- AI एक उपकरण है, रेडियो की आवाज नहीं। क्योंकि रेडियो की आवाज इंसानी है, जमीनी है, भरोसेमंद है।
रेडियो मरा नहीं है- रेडियो अमर है।
'रेडियो सिटी' (Radio City) का संचालन करने वाली कंपनी 'म्यूजिक ब्रॉडकास्ट' (Music Broadcast Ltd) ने अपनी बोर्ड कमेटियों में बड़ा बदलाव किया है।
by
Vikas Saxena
'रेडियो सिटी' (Radio City) का संचालन करने वाली कंपनी 'म्यूजिक ब्रॉडकास्ट' (Music Broadcast Ltd) ने अपनी बोर्ड कमेटियों में बड़ा बदलाव किया है। कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 27 अप्रैल 2026 को हुई बैठक में कई अहम कमेटियों के पुनर्गठन (re-constitution) की मंजूरी दे दी है।
कंपनी ने ऑडिट कमेटी, नॉमिनेशन और रेम्युनरेशन कमेटी और CSR (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) कमेटी में नए सदस्यों को शामिल किया है और कुछ पदों पर बदलाव किए हैं।
ऑडिट कमेटी की कमान अब रवि सरदाना के पास होगी, जबकि अनुज पुरी को नॉमिनेशन और रेम्युनरेशन कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है। वहीं CSR कमेटी की अगुवाई शैलेश गुप्ता करेंगे।
इस बदलाव में कुछ नए मेंबर्स को भी शामिल किया गया है, जिससे कंपनी की गवर्नेंस और फैसले लेने की प्रक्रिया को और मजबूत करने की कोशिश की गई है।

एफएम चैनल 'रेडियो मिर्ची' का संचालन करने वाली कंपनी 'एंटरटेनमेंट नेटवर्क (इंडिया) लिमिटेड' (ENIL) ने इनकम टैक्स विभाग के एक बड़े टैक्स डिमांड के खिलाफ अपील दायर की है।
by
Vikas Saxena
एफएम चैनल 'रेडियो मिर्ची' का संचालन करने वाली कंपनी 'एंटरटेनमेंट नेटवर्क (इंडिया) लिमिटेड' (ENIL) ने इनकम टैक्स विभाग के एक बड़े टैक्स डिमांड के खिलाफ अपील दायर की है।
कंपनी को 27 मार्च 2026 को इनकम टैक्स विभाग की ओर से असेसमेंट ऑर्डर मिला था, जिसमें साल 2023-24 के लिए करीब 113.20 करोड़ रुपये (ब्याज समेत) का टैक्स देने को कहा गया था।
अब कंपनी ने 26 अप्रैल 2026 को इस आदेश के खिलाफ अपील दाखिल कर दी है। कंपनी का कहना है कि वह टैक्स विभाग के इस फैसले से सहमत नहीं है और उसके पास इसे चुनौती देने के लिए मजबूत कानूनी आधार हैं।
कंपनी ने यह भी साफ किया है कि इस मामले का फिलहाल उसके कारोबार या वित्तीय स्थिति पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा।