होम / प्रिंट / वरिष्ठ पत्रकार नवीन गौतम ने जॉइन किया ‘नवभारत’, मिली यह जिम्मेदारी
वरिष्ठ पत्रकार नवीन गौतम ने जॉइन किया ‘नवभारत’, मिली यह जिम्मेदारी
नवीन गौतम को मीडिया में काम करने का करीब तीन दशक का अनुभव है। हिंदी पत्रकारिता वर्तमान परिपेक्ष्य में और जोगिया द्वारे-द्वारे नाम से उनकी दो पुस्तकें प्रकाशित हुई हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 6 months ago
वरिष्ठ पत्रकार नवीन गौतम ने हिंदी दैनिक ‘नवभारत’ (Navabharat) के साथ मीडिया में अपनी नई पारी का आगाज किया है। समाचार4मीडिया से बातचीत में नवीन गौतम ने बताया कि उन्होंने इस अखबार के नेशनल ब्यूरो में स्पेशल करेसपॉन्डेंट के पद पर जॉइन किया है। वह दिल्ली से अपना कामकाज संभालेंगे।
उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ के मूल निवासी नवीन गौतम को मीडिया में काम करने का करीब तीन दशक का अनुभव है। पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत उन्होंने वर्ष 1996 में ‘दैनिक जागरण’ से की थी। यहां उन्होंने करीब 24 साल तक विभिन्न पदों पर अपनी भूमिका निभाई और दिल्ली सरकार, सभी राजनीतिक दल, नगर निगम, लोकल व्यापार, केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय सहित नगर निगम, विधानसभा एवं लोकसभा के चुनाव कवर किए। इसी अवधि के दौरान दिल्ली राज्य ब्यूरो प्रमुख और हरियाणा के गुरुग्राम ब्यूरो प्रमुख की जिम्मेदारी भी संभाली।
बाद में यहां से अपनी पारी को विराम देकर उन्होंने वर्ष 2019 से बतौर विशेष संवाददाता रोजनामा मेरा वतन (उर्दू दैनिक) में अपनी भूमिका निभाई और फिर अगस्त 2020 से मेट्रो मीडिया (राष्ट्रीय हिंदी दैनिक) में बतौर विशेष संवाददाता जुड़ गए। इसके बाद अब उन्होंने ‘नवभारत’ में अपनी जिम्मेदारी संभाली है।
नवीन गौतम केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी की तत्कालीन सरकार में दूरसंचार सलाहकार समिति एवं केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय की टास्क फोर्स के सदस्य भी रह चुके हैं। इसके अलावा केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में तत्कालीन रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने उन्हें रक्षा मंत्रालय की केंद्रीय हिंदी सलाहकार समिति का सदस्य मनोनीत किया था।
पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो नवीन गौतम ने दिल्ली विश्वविद्यालय से आर्ट्स में ग्रेजुएशन और पत्रकारिता एवं जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। हिंदी पत्रकारिता वर्तमान परिपेक्ष्य में और जोगिया द्वारे-द्वारे नाम से उनकी दो पुस्तकें प्रकाशित हुई हैं।
समाचार4मीडिया की ओर से नवीन गौतम को उनकी नई पारी के लिए ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।
टैग्स