होम / प्रिंट / प्रभात खबर में अंकित शुक्ला का ‘कद’ बढ़ा, अब मिली यह जिम्मेदारी
प्रभात खबर में अंकित शुक्ला का ‘कद’ बढ़ा, अब मिली यह जिम्मेदारी
इससे पहले अंकित शुक्ला इस अखबार में बतौर मैनेजिंग एडिटर अपनी भूमिका निभा रहे थे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
हिंदी अखबार ‘प्रभात खबर’ (Prabhat Khabar) ने वरिष्ठ पत्रकार अंकित शुक्ला को प्रमोशन का तोहफा देते हुए उन्हें ग्रुप एडिटर की जिम्मेदारी सौंपी है। इससे पहले अंकित शुक्ला इस अखबार में बतौर मैनेजिंग एडिटर अपनी भूमिका निभा रहे थे।
समाचार4मीडिया से बातचीत में अंकित शुक्ला ने बताया कि अब अपनी नई भूमिका में वह अखबार के प्रिंट और डिजिटल दोनों की संपादकीय जिम्मेदारी निभाएंगे। उनके ऊपर समूह के विभिन्न संस्करणों और डिजिटल विस्तार की स्ट्रैटेजी को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।
अंकित शुक्ला को मीडिया में काम करने का दो दशक से ज्यादा का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने विभिन्न राज्यों में हिंदी व अंग्रेजी के प्रतिष्ठित अखबारों में काम किया है।
भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय के विद्यार्थी रहे अंकित शुक्ला ने मीडिया में अपने करियर की शुरुआत ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ से की। फिर उन्होंने ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ और ’जागरण आईनेक्स्ट’ में अपनी भूमिका निभाई। इसके बाद ’दैनिक भास्कर समूह’ में उन्होंने 17 वर्षों तक विभिन्न भूमिकाओं में काम किया और चीफ सब एडिटर से लेकर स्टेट एडिटर (झारखंड और बिहार) तक के पद पर पहुंचे।
’दैनिक भास्कर’ के बाद अंकित शुक्ला ने ’अमर उजाला’, कानपुर में सीनियर एडिटर के रूप में काम किया और फिर ’प्रभात खबर’ से जुड़ गए, जहां उन्हें अब मैनेजिंग एडिटर से ग्रुप एडिटर के पद पर प्रमोट किया गया है। अंदरखाने के सूत्रों की मानें तो अंकित शुक्ला की इस अखबार में नियुक्ति बड़ी भूमिका निभाने के लिए ही की गई थी।
बता दें कि इससे पहले ‘प्रभात खबर’ में ग्रुप एडिटर की जिम्मेदारी वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष चतुर्वेदी के पास थी। हाल ही में केंद्रीय सूचना आयोग में सूचना आयुक्त के पद पर उनकी नियुक्ति के बाद अंकित शुक्ला को यह प्रभार सौंपा गया है।
टैग्स