होम / प्रिंट / हिंदी अखबारों के फ्रंट पेज की सुर्खियां बनीं आज ये खबरें
हिंदी अखबारों के फ्रंट पेज की सुर्खियां बनीं आज ये खबरें
नवभारत टाइम्स में विज्ञापन की अधिकता के कारण आज तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है, जबकि नवोदय टाइम्स के फ्रंट पेज पर आज कोई विज्ञापन नहीं है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
दिल्ली से प्रकाशित होने वाले प्रमुख अखबारों के फ्रंट पेज की बात करें तो आज सबसे पहले नजर हिन्दुस्तान पर डालते हैं। अखबार में लीड मोदी-ट्रम्प मुलाकात है, जिसकी हेडलाइन ‘मोदी के ट्रम्प कार्ड से पाक बिफरा’ है। इमरान खान की धमकी को भी लीड के पैकेज में जगह मिली है। जैश द्वारा आतंकी हमले की आशंका को हिन्दुस्तान ने दो कॉलम में रखा है, जबकि दूसरे अखबारों के फ्रंट पेज से यह खबर गायब है। इसके अलावा हिन्दुस्तान ने सोने और सेंसेक्स में उछाल की खबर को भी तवज्जो दी है। 22 अधिकारियों के जबरन रिटायरमेंट की खबर को सिंगल कॉलम में रखा गया है, वहीं चिदंबरम की मुश्किलों से जुड़ी न्यूज को बड़ी जगह मिली है। एंकर में अभिषेक सिंह की ‘अच्छी खबर’ है। अपनी स्टोरी में अभिषेक ने बताया है कि कैसे टेनरी, नाले बंद होते ही गंगा निर्मल होने लगी है। केंद्र को आरबीआई की मदद से जुड़ी खबर को संक्षिप्त में लगाया गया है, इसके अलावा पेज पर कुछ महत्वपूर्ण सिंगल भी हैं।
आज अमर उजाला का फ्रंट पेज देखें तो यहां भी काफी विज्ञापन है। लीड कश्मीर पर भारत की कूटनीतिक जीत है और इसी में इमरान खान की धमकी सहित दो अन्य संबंधित खबरों को स्थान मिला है। इस तरह विदेश नीति का एक बड़ा पैकेज तैयार हो गया है। अर्थव्यवस्था की सुस्ती को दूर करने के लिए रिजर्व बैंक द्वारा सरकार को 1.76 करोड़ देने का फैसला लिया गया है, यह खबर काफी अहम् है और अमर उजाला ने उसी के अनुरूप इसे टॉप में उपयुक्त जगह प्रदान की है। इसके नीचे चिदंबरम की मुश्किलों से जुड़ी खबर तीन कॉलम में है। अखबार ने भ्रष्टाचार के आरोपित 22 अधिकारियों के जबरन रिटायरमेंट को भी प्रमुखता से लगाया है। इसके अलावा पेज पर बस ‘न्यूज डायरी’ में तीन अन्य समाचार हैं।
इसके अलावा, नवोदय टाइम्स के फ्रंट पेज पर आज कोई विज्ञापन नहीं है। अखबार ने आज फिर कुछ नया करने की कोशिश की है। टॉप बॉक्स में दो अलग-अलग खबरों को लगाया गया है। पहली मनमोहन सिंह की एसपीजी सुरक्षा वापस और दूसरी आम्रपाली को पैसे देने के निर्देश। अच्छी बात यह है कि फ्रंट पेज पर आज भी पिछले कुछ दिनों की तरह पैकेजिंग को प्राथमिकता दी गई है। आरबीआई द्वारा केंद्र को दी गई आर्थिक सहायता के साथ ही सेंसेक्स और सोने में उछाल की खबरों को भी लगाया गया है। लीड मोदी-ट्रम्प मुलाकात है और इमरान खान की धमकी को भी लीड का हिस्सा बनाया गया है। चिदंबरम की मुश्किलें चार कॉलम में हैं और 22 अधिकारियों के जबरन रिटायरमेंट को डेढ़ कॉलम में रखा गया है। इसके अलावा पेज पर दो स्थानीय समाचार भी हैं। छेड़छाड़ का विरोध करने पर भाई की हत्या और भरे बाजार में पत्नी से कहा तलाक...तलाक...तलाक। दोनों ही खबर काफी पढ़ी जाएंगी।
वहीं, नवभारत टाइम्स में आज फ्रंट पेज पर काफी विज्ञापन होने के कारण तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है, जिस पर भी काफी विज्ञापन है और ज्यादा खबरों की गुंजाइश नहीं है। अखबार ने लीड भारत की कूटनीतिक कोशिशों को बनाया है, जिसके चलते अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अब कश्मीर मसले पर मध्यस्थता की पेशकश से पीछे हट गए हैं। ‘मोदी के आगे ट्रम्प के सुर बदले, पाक बिलबिलाया’ शीर्षक तले लगी इस खबर में इमरान खान की धमकी को भी शामिल किया गया है। इमरान ने अब परमाणु युद्ध की धमकी दी है। चिदंबरम की मुश्किलों को ऊपर दो कॉलम में जगह मिली है, इसके नीचे वेस्टइंडीज़ में टीम इंडिया के शानदार प्रदर्शन को फोटो के रूप में लगाया गया है। इसके अलावा पेज पर कुछ महत्वपूर्ण समाचार सिंगल कॉलम में हैं, लेकिन नवभारत से एक बड़ी चूक हो गई है। भ्रष्टाचार के आरोप में 22 अधिकारियों के जबरन रिटायरमेंट की न्यूज फ्रंट पेज पर नहीं है, जबकि यह बेहद अहम् समाचार था।
आज दैनिक जागरण का फ्रंट पेज लेआउट और प्रेजेंटेशन के लिहाज से एकदम सपाट नजर आ रहा है। ‘मोदी के सामने मध्यस्थता राग से पीछे हटे ट्रम्प’ शीर्षक के साथ लीड पूरे छह कॉलम में है। लेकिन इसमें इमरान खान की धमकी को शामिल नहीं किया गया है। इसके पास सिंगल कॉलम में बैंक घोटाले में शरद और अजीत पवार के खिलाफ केस दर्ज होने का समाचार है। 22 अधिकारियों के जबरन रिटायरमेंट और सरकार को रिजर्व बैंक की आर्थिक मदद से जुड़ी खबर को भी प्रथम पृष्ठ पर प्रमुखता से जगह मिली है। इनके अलावा पेज पर एकमात्र बड़ी खबर चिदंबरम की मुश्किलें हैं, जिसे डीप डबल कॉलम में लगाया गया है।
टैग्स हिन्दुस्तान दैनिक जागरण अमर उजाला नवोदय टाइम्स नवभारत टाइम्स न्यूजपेपर कवरेज न्यूजपेपर्स अखबारों का विश्लेषण अखबार समीक्षा