होम / प्रिंट / हिंदी अखबारों में आज फ्रंट पेज पर इन खबरों को मिली प्राथमिकता
हिंदी अखबारों में आज फ्रंट पेज पर इन खबरों को मिली प्राथमिकता
विज्ञापनों की अधिकता के कारण दैनिक जागरण में बनाए गए हैं दो फ्रंट पेज, हिन्दुस्तान और अमर उजाला में जैकेट विज्ञापन के कारण तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है
नीरज नैयर 6 years ago
कश्मीर पर पाकिस्तान, चीन के कंधे पर सवार होकर भारत को घेरना चाहता है, लेकिन उसकी यह कोशिश परवान नहीं चढ़ रही है। वहीं, परमाणु हमले को लेकर रक्षामंत्री के बयान के भी बड़े मतलब निकाले जा रहे हैं। यही दो खबरें आज दिल्ली से प्रकाशित होने वाले लगभग सभी प्रमुख अखबारों की सुर्खियां हैं।
शुरुआत सबसे पहले नवोदय टाइम्स से करते हैं। अखबार ने कश्मीर पर सुरक्षा परिषद में पाकिस्तान की हार को लीड रखा है और कश्मीर में सुधरते हालातों को भी लीड जैसा दर्जा दिया है। इन दो खबरों के लिए पूरे आठ कॉलम समर्पित किये गए हैं। राजनाथ सिंह के बयान को अलग से तीन कॉलम जगह मिली है और मेजर जनरल को महज सिंगल कॉलम में समेट दिया गया है। अगर राजनाथ को लीड का हिस्सा बनाकर मेजर जनरल की बर्खास्तगी को प्राथमिकता दी जाती तो पेज पर एक अतिरिक्त समाचार लग सकता था। ‘बिना कागजात के उड़ा विमान, लौटा’ इस खबर को डीप दो कॉलम में रखा गया है जो कि अच्छा फैसला है। यह खबर ज्यादा पढ़ी जाएगी। इसके अलावा पेज पर अमित शाह, बजरंग पूनिया और इमरान की ट्रम्प से बातचीत भी है। नवोदय टाइम्स के फ्रंट पेज के एंकर में आज मिसाल पेश करने वाली स्टोरी है, जिसे निश्चित रूप से न केवल पढ़ा जाएगा बल्कि यह दूसरों को भी कुछ अच्छा करने के लिए प्रोत्साहित करेगी। इंदौर जिले के एक गांव में लोगों ने पैसे इकठ्ठा करके शहीद जवान के परिवार के लिए पक्का घर बनवाया है।
आज नवभारत टाइम्स ने परमाणु हथियारों पर राजनाथ के बयान को लीड लगाते हुए सुरक्षा परिषद् में कश्मीर पर पाक की पिटाई को उसका हिस्सा बनाया है। नवभारत ने हादसे की स्थानीय खबर को प्राथमिकता देते हुए ऊपर तीन कॉलम में जगह दी है, जिसमें बताया गया है कि मांझे से गला कटने के चलते एक स्कूटर सवार की मौत हो गई है। इसके नीचे तीन सिंगल हैं, जिनमें रवि शास्त्री, बजरंग पूनिया के साथ ही प्रॉपर्टी डी-सील करने से जुड़ा समाचार है। यौन उत्पीड़न के दोषी मेजर जनरल की खबर को भी अखबार ने प्रमुखता से लगाया है।
दैनिक जागरण की बात करें तो अखबार में आज भी काफी विज्ञापन है, इसलिए दो फ्रंट पेज बनाये गए हैं। पहले पेज पर परमाणु हथियारों पर रक्षामंत्री का बयान लीड है और इसके पास ही दो कॉलम में कश्मीर में सामान्य होते हालात हैं। जबकि दूसरे पेज पर कश्मीर पर पाकिस्तान को पटखनी को लीड लगाया गया है। हरियाणा के जींद में गृहमंत्री अमित शाह की रैली को ऊपर चार कॉलम जगह मिली है। इसके नीचे अनुच्छेद 370 पर दोषपूर्ण याचिकाओं को लेकर सुप्रीम कोर्ट की नाराजगी है। इसके अलावा पेज पर चार धाम यात्रा की अड़चन दूर होने का समाचार है। दो फ्रंट पेज होने के बावजूद जागरण ने मेजर जनरल की बर्खास्तगी की खबर को नहीं लगाया है।
वहीं, हिन्दुस्तान में जैकेट विज्ञापन के चलते तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है। ‘कश्मीर पर पाक सुरक्षा परिषद् में पिटा’ शीर्षक के साथ चार कॉलम में लीड है, और इसके पास तीन कॉलम में राजनाथ सिंह का परमाणु हथियारों को लेकर दिया गया बयान है। इसके नीचे अमित शाह को रखा गया है, जो हरियाणा में दो तिहाई सीटें जीतने का भरोसा जता रहे हैं। अयोध्या सुनवाई को आज भी प्रमुखता मिली है। आम आदमी से जुड़ी खबर ‘केबल सेवाएं सस्ती करने की तैयारी’ भी हिन्दुस्तान के फ्रंट पेज पर है। रवि शास्त्री और बजरंग पूनिया को सिंगल कॉलम में रखा गया है, शास्त्री जहां टीम इंडिया के कोच बने रहेंगे, वहीं पूनिया को खेल रत्न से नवाजा जाएगा। सबसे नीचे डीसीपी की खुदकुशी का फॉलोअप और यौन उत्पीड़न में सेना के मेजर जनरल की बर्खास्तगी का समाचार है।
आज अमर उजाला का फ्रंट पेज देखें तो जैकेट विज्ञापन के चलते तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है। लीड कश्मीर पर पाकिस्तान को झटका है और इसी में परमाणु हथियारों पर राजनाथ के बयान को रखा गया है। इसके पास डेढ़ कॉलम में यौन शोषण के आरोपी मेजर जनरल की बर्खास्तगी है। स्थानीय हादसे के समाचार को भी प्रमुखता दी गई है। जिसका शीर्षक है ‘राखी बंधवाने जा रहे युवक का चीनी मांझे से कटा गला, मौत’। एंकर में अयोध्या मामले की सुनवाई है। रामलला विराजमान की तरफ से सुप्रीम कोर्ट में दलील दी गई है कि सड़क पर नमाज पढ़ने से उसे मस्जिद नहीं मान लिया जाता। ‘न्यूज डायरी’ में रवि शास्त्री, अमित शाह सहित पांच महत्वपूर्ण समाचार हैं।
टैग्स हिन्दुस्तान दैनिक जागरण अमर उजाला नवोदय टाइम्स नवभारत टाइम्स न्यूजपेपर कवरेज न्यूजपेपर्स अखबारों का विश्लेषण अखबार समीक्षा