होम / प्रिंट / आज कुछ ऐसा है हिंदी अखबारों के फ्रंट पेज का हाल

आज कुछ ऐसा है हिंदी अखबारों के फ्रंट पेज का हाल

विज्ञापनों की अधिकता के कारण आज दैनिक जागरण, हिन्दुस्तान और नवभारत टाइम्स के पाठकों को दो फ्रंट पेज मिले हैं

नीरज नैयर 6 years ago

कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त हुए भले ही काफी समय हो गया हो, लेकिन इस बारे में बयानबाजी बदस्तूर जारी है। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मुद्दे पर विपक्ष को घेरा है। मोदी ने विपक्ष को अनुच्छेद 370 को बहाल करने का वादा करने की चुनौती दी है और उनकी इसी चुनौती से जुड़ी खबर को दिल्ली से प्रकाशित अधिकांश अखबारों ने प्रमुखता से लगाया है।

आज शुरुआत करते हैं अमर उजाला से। लीड पीएम की चुनौती की खबर है, जिसमें राजनाथ सिंह, राहुल गांधी और अमित शाह के बयानों का भी जिक्र है। क्रिकेट में भारत की एक और उपलब्धि को फोटो के साथ रखा गया है। टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका को हराकर लगातार 11 बार घरेलू मैदान पर सीरीज जीतने वाली पहली टीम बन गई है। इसी खबर के नीचे बीसीसीआई से जुड़ा समाचार है। पूर्व कप्तान सौरव गांगुली बीसीसीआई के अध्यक्ष बन सकते हैं।

पीएम मोदी की भतीजी को लूटने वालों की गिरफ्तारी को अमर उजाला ने सेकंड हाफ में जगह दी है, जबकि अयोध्या विवाद को तीन कॉलम में इसके ऊपर रखा गया है। अयोध्या विवाद की सुनवाई इसी हफ्ते पूरी हो जाएगी। एंकर में दिल्ली की खराब होती हवा की खबर है, इसकी वजह पंजाब में 45 प्रतिशत ज्यादा जलाई गई पराली है। इसके अलावा, सुरक्षा बलों को पाकिस्तानी ड्रोन मार गिराने के आदेश सिंगल कॉलम में है।

अब दैनिक जागरण की बात करें तो अखबार में आज पाठकों को दो फ्रंट पेज मिले हैं। पहले पेज पर लीड मोदी की कांग्रेस को चुनौती है, जिसे काफी बड़ी जगह में सजाया गया है। पेज पर दूसरी बड़ी खबर के रूप में सौरव गांगुली की बीसीसीआई अध्यक्ष पद से जुड़ी खबर है। गांगुली के अलावा अमित शाह के बेटे को बोर्ड का सचिव बनाया जा सकता है। पेज पर तीसरी और आखिरी खबर नीलू रंजन की है, जिसमें उन्होंने बताया है कि आयुष्मान भारत योजना के मरीजों को घर के पास मुफ्त इलाज मिलेगा।

दूसरे पेज का रुख करें तो लीड यहां रेलवे से जुड़ी है। रेलवे को निजी हाथों में सौंपने जा रही सरकार ने अब वेतन बिल सहित अन्य खर्चों को घटाने के लिए नॉन-कोर गतिविधियों को आउटसोर्स करने का फैसला लिया है। पीएम की भतीजी को लूटने वालों की गिरफ्तारी की खबर दो कॉलम में है। इसके साथ ही एम्स में अग्निकांड की जांच में लीपापोती की खबर को भी दो कॉलम में रखा गया है। इस तरह दूसरे फ्रंट पेज पर केवल तीन बड़ी खबरें ही हैं।

दैनिक भास्कर का रुख करें तो फ्रंट पेज के टॉप बॉक्स में सकारात्मक स्टोरी है। मंडे पॉजिटिव टैग के साथ लगी इस स्टोरी में मुंबई निवासी एक शख्स का जिक्र है, जिसने कैंसर पीड़ितों की मदद के लिए अपना होटल किराये पर दिया और रोजाना 700 लोगों को खाना खिलाते हैं। लीड मोदी की चुनौती है, जिसे राहुल के पलटवार के साथ लगाया गया है। टीम इंडिया की उपलब्धि दो कॉलम में फोटो के साथ है, जबकि मंजू रानी संक्षिप्त में हैं।

पीएम की भतीजी को लूटने वालों की गिरफ्तारी की खबर को दैनिक भास्कर ने ज्यादा तवज्जो नहीं देते हुए सिंगल कॉलम में लगाया है। इसके अलावा, पेज पर अयोध्या विवाद की सुनवाई, बीसीसीआई के नए अध्यक्ष और मरियम थ्रेसिया से जुड़ा समाचार भी है। मरियम थ्रेसिया के बारे में विस्तार से बताया गया है। इसके अलावा दिल्ली महिला आयोग से जुड़ी महिला की करतूत को दैनिक भास्कर ने तीन कॉलम जगह दी है। आरोप है कि महिला ने अपने पति की पीटकर हत्या कर दी। इस खबर को नि:संदेह सबसे ज्यादा पढ़ा जाएगा।

आज हिन्दुस्तान में भी विज्ञापनों के चलते दो फ्रंट पेज बने हैं। पहले पेज की लीड मोदी की चुनौती है, जिसमें राहुल गांधी के पलटवार को भी रखा गया है। सैनिकों की सेवानिवृत्ति आयु सीमा बढ़ाने पर विचार और विश्व बैंक द्वारा घटाई गई भारत की आर्थिक वृद्धि दर को दो-दो कॉलम जगह मिली है। इसके अलावा पेज पर दो बाईलाइन खबरें हैं। पहली, सुहेल हामिद की है जो बता रहे हैं कि सरकार डीजल की होम डिलीवरी की तैयारी कर रही है। दूसरी, एंकर में सजी मदन जैड़ा की स्टोरी है। इसमें ईपीएफओ की रिपोर्ट के हवाले से बताया गया है कि 22 से 25 साल के युवा ज्यादा नौकरी बदल रहे हैं।

दूसरे फ्रंट पेज पर लीड दिल्ली की बिगड़ती हवा है, जबकि टीम इंडिया की उपलब्धि को फोटो के साथ लगाया गया है। पाकिस्तान को काली सूची में डालने पर फैसला आज, मरियम थ्रेसिया मृत्यु के 93 साल बाद संत घोषित और अयोध्या पर आज से आखिरी सुनवाई की खबरों को भी पेज पर जगह मिली है। एंकर में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे है, जहां अब 120 की रफ्तार से फर्राटा भरा जा सकता है। इसके अलावा पेज पर पांच सिंगल खबरें हैं, लेकिन पीएम की भतीजी और बीसीसीआई से जुड़े समाचार को दोनों में से किसी फ्रंट पेज पर नही लगाया गया है।

अब बात करते हैं नवोदय टाइम्स की। फ्रंट पेज की शुरुआत टीम इंडिया की उपलब्धि से हुई है, जिसे रंगीन बैकग्राउंड वाले सिंगल कॉलम में रखा गया है। टॉप बॉक्स में दिल्ली महिला आयोग से जुड़ी महिला द्वारा अपने पति की हत्या से जुड़ी खबर है। लीड मोदी की चुनौती है, लेकिन राहुल गांधी के पलटवार को इसमें जगह नहीं मिली है। उसे अलग से तीन कॉलम में लगाया गया है।

अयोध्या विवाद की सुनवाई को नवोदय टाइम्स ने प्रमुखता के साथ रखा है, जबकि पीएम की भतीजी वाली खबर के मामले में अखबार से चूक हो गई है। इसके अलावा, सीमा पर जवान की शहादत और मरियम थ्रेसिया का समाचार भी पेज पर है। एंकर में सांसदों के मेहमानों के कारनामे हैं, जो लुटियंस के बंगलों में अभी तक जमे हुए हैं। बीसीसीआई अध्यक्ष पद से जुड़ा समाचार फ्रंट पेज पर नहीं है।

वहीं, देशबंधु ने आज भी सबसे अलग लीड लगाई है। विश्व बैंक की रिपोर्ट के आधार पर अखबार ने यह बताने का प्रयास किया है कि विकास की रफ्तार में भारत, भूटान और नेपाल से भी पिछड़ गया है। लीड के पास ही टीम इंडिया की उपलब्धि को फोटो के साथ सजाया गया है। मोदी की चुनौती को राहुल के पलटवार के साथ पांच कॉलम जगह मिली है, जबकि दिल्ली की बिगड़ती हवा एंकर में है।

इसके अलावा पेज पर पाकिस्तान को काली सूची में डाले जाने पर फैसला आज, एयर इंडिया के सौ से अधिक पायलट छोड़ेंगे नौकरी, यूपी में कर्जदार किसानों की आत्महत्या और महाराष्ट्र में एक और बैंक घोटाले से जुड़ा समाचार भी है। बैंक घोटाले की खबर इतनी प्रमुखता के साथ केवल देशबंधु ने ही फ्रंट पेज पर लगाई है। देशबंधु ने मरियम थ्रेसिया को संक्षिप्त में रखा है, वहीं पीएम मोदी की भतीजी को लूटने वालों की गिरफ्तारी की खबर पेज पर नहीं है। 

आज सबसे आखिरी में नवभारत टाइम्स की बात करते हैं। इस अखबार के पाठकों को भी आज दो फ्रंट पेज मिले हैं। पहले पेज की शुरुआत टीम इंडिया की उपलब्धि से है, जिसे रंगीन बैकग्राउंड में बड़ी फोटो के साथ सजाया गया है। बॉक्सिंग में मैरीकॉम की बराबरी करने वालीं मंजू रानी को नवभारत टाइम्स ने अलग से रखा है, जबकि बाकी अखबारों ने उन्हें क्रिकेट के साथ ही जगह दी है। पीएम मोदी की भतीजी से जुड़ी खबर को सबसे अच्छी तरह से नवभारत टाइम्स ने प्रस्तुत किया है। इस लीड खबर को तीन लाइन के शीर्षक ‘700 पुलिसवाले लगे, 24 घंटे में पीएम की भतीजी का बैग छीनने वाले दो पकड़े’ के साथ लगाया गया है। साथ ही इसमें आम जनता की प्रतिक्रिया का भी जिक्र है, जो यह जानना चाहती है कि आखिर उनका नंबर कब आएगा? इसके अलावा पेज पर चार सिंगल कॉलम समाचार हैं।

दूसरे फ्रंट पेज की बात करें तो यहां भी पहले पेज जैसा टॉप बॉक्स है। इसमें दिल्ली की बिगड़ती हवा का जिक्र है। लीड मोदी की कांग्रेस को चुनौती है. राजनाथ सिंह और राहुल गांधी के बयानों को भी लीड में शामिल किया गया है। एंकर मनीष अग्रवाल की लोगों को सावधान करने वाली स्टोरी है। मनीष बता रहे हैं कि किस तरह सोने में पाउडर की मिलावट की जा रही है। लिहाजा, यदि आप सोना खरीदने का मन बना रहे हैं तो इस खबर पर एक नजर जरूर डाल लें। संत मरियम थ्रेसिया का समाचार डीप सिंगल में है। हालांकि, बीसीसीआई से जुड़ी न्यूज को तवज्जो नहीं दी गई है। नवभारत टाइम्स के पहले फ्रंट पेज पर आधा पेज विज्ञापन होने के कारण खबरों वाला भाग ही शो हो रहा है, इसलिए यहां पर खबरों वाले भाग को ही लगाया गया है। हालांकि दूसरे फ्रंट पेज पर भी आधा पेज विज्ञापन है, लेकिन वह पूरा शो हो रहा है। 

आज का ‘किंग’ कौन?

1: सबसे पहले बात करते हैं लेआउट की। नवोदय टाइम्स और अमर उजाला आज इस मामले में सबसे बेहतर नजर आ रहे हैं।

2: खबरों की प्रस्तुति में नवभारत टाइम्स का पक्ष मजबूत है। इसकी सबसे प्रमुख वजह है पीएम मोदी की भतीजी को लूटने वालों की गिरफ्तारी। ये खबर अपने आप में काफी कुछ कहती है, इसलिए इसे बेहतर अंदाज में प्रस्तुत किया जाना चाहिए था, लेकिन बाकी अखबारों ने खबर को इस एंगल से नहीं देखा। ये खबर सरकार और पुलिस से सवाल कर रही है कि आखिरी आम जनता से जुड़े मामलों को इतनी तवज्जो क्यों नहीं दी जाती?


टैग्स हिन्दुस्तान दैनिक जागरण अमर उजाला दैनिक भास्कर नवोदय टाइम्स नवभारत टाइम्स न्यूजपेपर कवरेज न्यूजपेपर्स अखबारों का विश्लेषण अखबार समीक्षा देशबंधु
सम्बंधित खबरें

भारत को समझने का नया नजरिया देती रोहित सरन की किताब का विमोचन

वरिष्ठ पत्रकार रोहित सरन की नई पुस्तक ‘100 Ways to See India: Stats, Stories, and Surprises’ का विमोचन 17 फरवरी 2026 को नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम में किया गया।

4 hours ago

जागरण प्रकाशन में बड़ा घटनाक्रम: 8 निदेशकों को हटाने का प्रस्ताव

जागरण मीडिया नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड (JMNIPL) ने 7 स्वतंत्र निदेशकों और एक पूर्णकालिक निदेशक (Whole-time Director) को हटाने के लिए विशेष नोटिस जारी किया है।

6 days ago

HT मीडिया ने पोस्टल बैलेट नोटिस में किया बदलाव, नए स्क्रूटिनाइजर की नियुक्ति

HT मीडिया लिमिटेड ने अपने पोस्टल बैलेट नोटिस में बदलाव किया है, जिसकी जानकारी कंपनी ने शेयर बाजार को दी है।

6 days ago

AI के इस्तेमाल से बढ़ रही है कंपनी के काम की रफ्तार व प्रोडक्टिविटी: अन्ना अब्राहम

एचटी मीडिया ग्रुप की डिप्टी CFO व इन्वेस्टर रिलेशंस हेड अन्ना अब्राहम ने कॉन्फ्रेंस कॉल के दौरान कहा कि कंपनी ने इस तिमाही में ऑपरेशनल स्तर पर लगातार सुधार दिखाया है।

05-February-2026

देश में न्यूजप्रिंट की भारी कमी, INS बोला– घरेलू उत्पादन नाकाफी

इंडियन न्यूजपेपर सोसाइटी (INS) ने मंगलवार को देश में न्यूजप्रिंट की भारी कमी को लेकर गहरी चिंता जताई है।

04-February-2026


बड़ी खबरें

सिर्फ सत्ता नहीं, बदलाव की कहानी है ‘Revolutionary Raj’: आलोक मेहता

वरिष्ठ संपादक (पद्मश्री) और जाने-माने लेखक आलोक मेहता ने अपनी कॉफी टेबल बुक “Revolutionary Raj: Narendra Modi’s 25 Years” से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर समाचार4मीडिया से खास बातचीत की है।

23 hours ago

ENIL के प्रमोटर ढांचे में जल्द होगा बड़ा बदलाव, NCLT के बाद अब CCI की भी मंजूरी

एफएम चैनल ‘रेडियो मिर्ची’ का संचालन करने वाली कंपनी एंटरटेनमेंट नेटवर्क (इंडिया) लिमिटेड (ENIL) के कॉर्पोरेट ढांचे में बड़ा बदलाव अब लगभग अंतिम चरण में पहुंच गया है।

8 hours ago

Decode ने पूरे किए 200 एपिसोड: यूट्यूब व्यूज़ और सब्सक्राइबर में बना नंबर 1

डीडी न्यूज के प्राइम टाइम शो डिकोड विद सुधीर चौधरी ने 200 एपिसोड पूरे कर लिए हैं। यूट्यूब पर मिले कुल व्यूज़ में इसका योगदान 74 प्रतिशत और नए सब्सक्राइबर में 75 प्रतिशत रहा।

4 hours ago

AI में 10 लाख करोड़ का निवेश करेगी रिलायंस: मुकेश अंबानी

मुकेश अंबानी ने AI क्षेत्र में 10 लाख करोड़ रुपये निवेश का ऐलान किया। जियो सस्ता और सुलभ इंटेलिजेंस इंफ्रास्ट्रक्चर बनाएगा, जिससे भारत को इंटेलिजेंस के नए युग से जोड़ने की तैयारी है।

9 hours ago

विशाखापट्टनम बनेगा गूगल का बड़ा AI हब, सुंदर पिचाई ने जताया भरोसा

गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने कहा है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि विशाखापट्टनम एक दिन ग्लोबल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हब बन जाएगा।

6 hours ago