होम / प्रिंट / आज इन खबरों को मिली अखबारों के फ्रंट पेज पर तवज्जो
आज इन खबरों को मिली अखबारों के फ्रंट पेज पर तवज्जो
विज्ञापनों की अधिकता के कारण नवभारत टाइम्स और अमर उजाला में तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है, दैनिक जागरण में दो फ्रंट पेज हैं
नीरज नैयर 6 years ago
वायुसेना के बेड़े में विवादित लड़ाकू विमान राफेल शामिल हो गया है। इस खबर को दिल्ली से प्रकाशित होने वाले सभी अखबारों ने प्रमुखता से उठाया है। किसी अखबार में यह खबर लीड है, तो किसी में टॉप बॉक्स। आज सबसे पहले शुरुआत करते हैं ‘हिन्दुस्तान’ से। अखबार के फ्रंट पेज पर मात्र एक बड़ा विज्ञापन है, इसलिए काफी दिनों के बाद पेज पर कई खबरें देखने को मिली हैं। टॉप बॉक्स में राफेल को रखा गया है, जबकि उसके पास से ही दो-दो कॉलम में तीन खबरों-बीमा कंपनियों के विलय पर फैसला जल्द, भागवत बोले, भीड़ हिंसा पर बदनाम न करें और फिरोजपुर में सीमा पर पाकिस्तानी ड्रोन दिखा को लगाया गया है। लीड विजयदशमी पर पीएम नरेंद्र मोदी का भाषण है। मोदी ने जनता से देशहित में अपने संकल्पों को आंदोलन बनाने का आह्वान किया है।
इसके अलावा संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक संकट और कश्मीर पर चीन के बदलते रुख को भी फ्रंट पेज पर जगह मिली है। संयुक्त राष्ट्र का खजाना जहां खाली होने को है, वहीं चीन का कहना है कि कश्मीर मसला दोनों देशों के बीच बातचीत से हल होना चाहिए। वहीं, नोबल पुरस्कारों की घोषणा सहित दो अन्य खबरें सिंगल कॉलम में हैं। एंकर में खगोल विज्ञान से जुड़ा समाचार है, जिसमें 20 से ज्यादा चंद्रमा की खोज का जिक्र किया गया है।
अब नवोदय टाइम्स पर नजर डालें तो लीड राफेल है, जिसे काफी बड़ी जगह दी गई है। पेज पर दूसरी बड़ी खबर पीएम मोदी की देशवासियों से अपील है, जबकि अलकायदा के आतंकी की मौत की खबर को दो कॉलम में रखा गया है। इस खबर का शीर्षक ‘मारा गया अलकायदा का रावण आसिम उमर’ काफी आकर्षक है। मोहन भागवत को डीप दो कॉलम में लगाया गया है, जबकि नोबल पुरस्कारों की घोषणा और भारतीय सीमा में घुसे पाकिस्तानी ड्रोन की खबर को भी फ्रंट पेज पर जगह दी गई है। एंकर में बैंक और बीमा से जुड़ी एक अच्छी खबर है। जो यह बताती है कि दुनिया में सबसे कम बैंक जमाखाता बीमा भारत में हैं।
आज नवभारत टाइम्स ने तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया है। टॉप बॉक्स में पीएम मोदी की देशवासियों से अपील और संघ प्रमुख का बयान है। एक ही नेचर की दो खबरों को अलग-अलग लगाने के बजाय उन्हें एकसाथ रखकर नवभारत टाइम्स ने पैकेजिंग का अच्छा उदाहरण पेश किया है। लीड राफेल है, जिसे बेहद कलात्मक शीर्षक ‘वायुसेना अब होगी आंधी से लैस’ के साथ डीप तीन कॉलम जगह दी गई है। दिल्ली के सीएम केजरीवाल की खबर दो कॉलम में है, जबकि नोबल पुरस्कार और सिलेंडर धमाके से जुड़ी खबरों को सिंगल कॉलम में रखा गया है। दिल्ली के करावल नगर में लीकेज ठीक करते समय सिलेंडर में हुए विस्फोट से दो लोगों की मौत हो गई है।
वहीं, अमर उजाला में भी विज्ञापनों के चलते तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है। लीड नवभारत टाइम्स की तरह राफेल है, लेकिन उसे ज्यादा विस्तृत ढंग से पेश किया गया है। ‘विजय पर्व पर शक्ति और शौर्य की उड़ान, देश को मिला पहला राफेल’ शीर्षक के साथ यह खबर चार कॉलम में है। वायुसेना दिवस और पीएम मोदी द्वारा रावण दहन को फोटो के रूप में पेज पर रखा गया है। संघ प्रमुख मोहन भागवत के बयान को जरूर प्रमुखता से लगाया गया है। भागवत का कहना है कि लिंचिंग जैसे शब्दों से भारत को बदनाम किया जा रहा है।
एंकर में अलकायदा के भारतीय सरगना की मौत से जुड़ी खबर है। आसिम उमर को अमेरिका ने अफगानिस्तान में मार गिराया है। उमर उत्तर प्रदेश में जन्मा था, इस बात को सबहेड में दिया गया है, जो पाठकों को पूरी खबर पढ़ने के लिए आकर्षित करेगा। इसके अलावा, सिग्नेचर ब्रिज पर हादसा और भारतीय सीमा में घुसे पाकिस्तानी ड्रोन से जुड़ा समाचार भी पेज पर है।
इसके अलावा दैनिक जागरण की बात करें तो आज पाठकों को दो फ्रंट पेज मिले हैं। पहला पेज नंबर 3 और दूसरा नंबर पांच। पहले पेज पर टॉप बॉक्स में विजयदशमी पर पीएम मोदी का बयान है जबकि लीड मोहन भागवत के बयान को बनाया गया है। भागवत का कहना है कि भारत हिंदू राष्ट्र है और हिंदुओं को एकजुट करने का अर्थ इस्लाम का विरोध नहीं है। इसके अलावा पेज पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी जगह मिली है। उनका डेनमार्क दौरा केंद्र की मंजूरी नहीं मिलने के चलते रद्द हो गया है। दूसरे फ्रंट पेज की लीड भी बयान पर केंद्रित है। वायुसेना दिवस पर वायुसेना प्रमुख ने आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब देने की बात कही है। राफेल को दैनिक जागरण ने बॉक्स में एक बड़ी फोटो और महत्वपूर्ण जानकारी के साथ पेज पर रखा है। इसके अलावा, कश्मीर पर चीन के बदलते रुख से जुड़ी न्यूज प्रमुखता के साथ चार कॉलम में है।
आज आखिर में दैनिक भास्कर की बात करें तो अखबार का फ्रंट पेज आकर्षक नजर आ रहा है। इसकी एक वजह राफेल की फोटो को हेडर से लगाना है। अखबार ने देश के लिए राफेल की अहमियत के अनुसार खबर को तवज्जो दी है। लीड संघ प्रमुख मोहन भागवत का बयान है, जबकि पीएम मोदी की अपील को दो कॉलम में जगह मिली है। इसी खबर में रामलीला कायर्क्रम के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी का फोटो भी है। नोबल पुरस्कार और चीन का बदला रुख भी डेढ़-डेढ़ कॉलम में पेज पर है। एंकर की बात करें तो रेलवे से जुड़ी खबर को यहां सजाया गया है। शेखर घोष की इस बाईलाइन के अनुसार, फिटनेस जांचने के लिए सभी बड़े रेलवे स्टेशनों पर हेल्थ चेकअप मशीनें लगाई जा रही हैं।
आज का ‘किंग’ कौन?
1: लेआउट के लिहाज से आज हिन्दुस्तान बाकी अखबारों से आगे है और पेज बेहद आकर्षक दिखाई दे रहा है। हिन्दुस्तान शीर्षक की शुरुआत में जो ‘टैग’ लगाता है, उससे खबर एक अलग ही रूप में नजर आने लगती है। ये काम जितना आसान दिखाई देता है, असल में उतना है नहीं।
2: ख़बरों की प्रस्तुति आज भी अमर उजाला में सबसे बेहतर है। लीड को जिस अंदाज में पेश किया गया है, वो काबिले तारीफ है। हालांकि, बाकी समाचारों की प्रेजेंटेशन सामान्य है, लेकिन लीड ने अखबार को दूसरों से आगे रख दिया है।
3: कलात्मक शीर्षक की बात करें तो नवभारत टाइम्स और अमर उजाला बराबरी पर हैं। दोनों ने लीड की हेडलाइन को कुछ अलग तरह से पेश करने का प्रयास किया है।
4: खबरों के लिहाज से देखें तो हिन्दुस्तान एक बार फिर अव्वल है। बीमा कंपनियों के विलय सहित सभी प्रमुख राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खबरों को फ्रंट पेज पर रखा गया है।
टैग्स हिन्दुस्तान दैनिक जागरण अमर उजाला दैनिक भास्कर नवोदय टाइम्स नवभारत टाइम्स न्यूजपेपर कवरेज न्यूजपेपर्स अखबारों का विश्लेषण अखबार समीक्षा