होम / प्रिंट / फ्रंट पेज पर आज इन खबरों को मिली हिंदी अखबारों में जगह
फ्रंट पेज पर आज इन खबरों को मिली हिंदी अखबारों में जगह
विज्ञापनों की अधिकता के कारण नवभारत टाइम्स, अमर उजाला और हिन्दुस्तान में तीसरा जबकि दैनिक जागरण में पांचवा पेज फ्रंट पेज बनाया गया है
नीरज नैयर 6 years ago
दिल्ली से प्रकाशित होने वाले प्रमुख अखबारों में आज भी काफी विज्ञापन है। हालांकि देशबंधु और नवोदय टाइम्स के पाठकों के लिए फ्रंट पेज पर काफी खबरें हैं। सबसे पहले आज बात करते हैं नवोदय टाइम्स की। फ्रंट पेज की शुरुआत प्रियंका गांधी की बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना से मुलाकात की फोटो से हुई है। इसके पास सिंगल कॉलम में अयोध्या की सुरक्षा से जुड़ा समाचार है और लीड जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी की गिरफ्तारी है। मुंबई में पेड़ों की कटाई के खिलाफ छात्रों ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है, इस खबर को प्रमुखता के साथ फर्स्ट हाफ में लगाया गया है। इसके अलावा पेज पर विमान दुर्घटना में दो ट्रेनी पायलटों की मौत, झारखण्ड में मॉब लिंचिंग,जींस-टीशर्ट पहनने पर दिया तीन तलाक और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के हलफनामे पर विवाद की खबर भी है। एंकर में फिर एक बार कांग्रेस को जगह मिली है। खबर के अनुसार, राहुल गांधी के अध्यक्ष पद से हटते ही कांग्रेस में युवा भागीदारी में कमी आई है।
वहीं, देशबंधु के फ्रंट पेज पर नजर डालें तो सबसे अलग राफेल को लीड बनाया गया है। दरअसल, विवादित लड़ाकू विमान जल्द ही भारतीय बेड़े में शामिल होने वाले हैं और देशबंधु ने उसकी खूबियों पर प्रकाश डाला है। दक्षिण अफ्रीका पर टीम इंडिया की जीत बड़ी फोटो के साथ पेज पर है। घाटी में नजरबंद नेताओं की बैठक को भी फ्रंट पेज पर जगह मिली है। करीब दो महीने बाद नजर आये फारुख अब्दुल्ला ने नेशनल कांफ्रेंस के नेताओं से पंचायत चुनावों को लेकर बातचीत की। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल की बांग्लादेश की प्रधानमंत्री से मुलाकात और महाराष्ट्र चुनाव को लेकर भाजपा एवं शिवसेना की रस्साकशी से जुड़े समाचार को भी प्रमुखता मिली है। इसके अलावा, पेज पर विमान हादसे में दो ट्रेनी पायलटों की मौत, पेड़ों की कटाई के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका की खबर को भी लगाया गया है। एंकर में अयोध्या मामला है। राम जन्मभूमि पर अगले महीने फैसला आ सकता है, इसी के मद्देनजर शहर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
आज नवभारत टाइम्स में तीसरा पेज फ्रंट पेज है। अखबार ने पेड़ों की कटाई के खिलाफ छात्रों की मुहिम को लीड का दर्जा दिया है। छात्रों की अपील के बाद सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के लिए स्पेशल बेंच बनाई गई है। वहीं टीम इंडिया की दक्षिण अफ्रीका पर जीत को भी बेहद खूबसूरत अंदाज में पेश किया गया है। रंगीन बैकग्राउंड में फोटो के साथ लगाई गई खबर का शीर्षक ‘अष्टमी पर विराट सेना ने मनाई विजयदशमी’ आकर्षक है। कश्मीर में नजरबंद नेताओं की मुलाकात को भी तीन कॉलम में प्रमुखता के साथ पेज पर जगह मिली है। राफेल की जिस खबर को देशबंधु ने लीड लगाया है, वह नवभारत टाइम्स में सिंगल में है। इसके अलावा, मेट्रो की स्थानीय महत्व की खबर को भी पेज पर लगाया गया है।
इनके अलावा, अमर उजाला की बात करें तो आज तीसरा पेज फ्रंट पेज बनाया गया है। इस पेज पर केवल एक विज्ञापन है, जिसके चलते कई खबरों को जगह मिली है। टॉप बॉक्स में राफेल की खबर है। देशबंधु की तरह अमर उजाला ने भी राफेल की खूबियों को रेखांकित किया है। इसके पास ही एयरफोर्स डे के लिए फुल ड्रेस रिहर्सल का फोटो है। लीड पाकिस्तान की नई पैंतरेबाजी है। हमरा पड़ोसी घुसपैठ के लिए ‘एलओसी मार्च’ का ‘खेल’ खेल रहा है। लीड बॉक्स में जम्मू कश्मीर के डीजीपी के बयान और इमरान खान की प्रस्तावित चीन यात्रा का भी जिक्र है।
टीम इंडिया की जीत को फोटो के रूप में पेज पर जगह मिली है। इसके ठीक नीचे तीन कॉलम में संवेदनहीनता दर्शाती खबर है। दिल्ली के दरियागंज इलाके में एक व्यक्ति रात भर घायल अवस्था में पड़ा रहा, लेकिन किसी ने उसकी सुध नहीं ली, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। ट्रेनी पायलटों की मौत की खबर सिंगल कॉलम में है, जबकि सेना का अफसर बनकर लोगों को ठगने वाले की गिरफ्तारी से जुड़ी खबर को प्रमुखता से लगाया गया है। एंकर में रोचक खबर को स्थान मिला है। सिंगल यूज प्लास्टिक पर बैन के बाद रेलवे नया प्रयोग करने जा रहा है। ट्रेनों में जल्द ही खुद नष्ट होने वाली बोतलों में पानी दिया जाएगा। अमर उजाला ने मुंबई में पेड़ों की कटाई से जुड़ी खबर को तवज्जो नहीं दी है, जो कि चौंकाने वाला फैसला है।
अब दैनिक जागरण का रुख करें तो भारी विज्ञापनों के चलते पांचवें पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है। लीड अरविंद पाण्डेय की बाईलाइन स्टोरी है। उन्होंने बताया है कि किस तरह सरकारी और निजी स्कूलों में चल रहे फर्जीवाड़े को खत्म किया जाएगा। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की नई फजीहत को भी दैनिक जागरण ने प्रमुखता से जगह दी है। खबर के मुताबिक, इमरान से नाराज सऊदी प्रिंस ने अपना विमान वापस ले लिया था। मुंबई में पेड़ों की कटाई के मामले को तीन कॉलम में लगाया गया है, इसके अलावा चौथी और आखिरी बड़ी खबर के रूप में बिहार में डेंगू की आफत है। राज्य में डेंगू के 980 मरीजों की पहचान हुई है।
आखिर में हिन्दुस्तान की बात करें तो अखबार में आज तीसरा पेज फ्रंट पेज है। लीड सबसे अलग घाटी के नजरबंद नेताओं की खबर है, जिसे ‘फारुख 63 दिन बाद नजर आये’ शीर्षक के साथ पांच कॉलम में लगाया गया है। लीड में घाटी से जुड़ी अन्य खबरों को भी जगह मिली है। दक्षिण अफ्रीका पर टीम इंडिया की जीत की खबर सिंगल कॉलम में है और एयरफोर्स डे के लिए फुल ड्रेस रिहर्सल का फोटो टॉप में लगाया गया है। पेज पर दूसरी बड़ी खबर ट्रेन हादसा है। लखनऊ-दिल्ली डबल डेकर ट्रेन के पटरी से उतरने के चलते हजारों यात्री फंसे रहे। ये समाचार केवल हिन्दुस्तान के फ्रंट पेज पर है।
मदन जैड़ा और अभिजीत की बाईलाइन खबरों को भी पेज पर जगह मिली है। मदन ने बताया है कि पीजी कर रहे डॉक्टरों को जिला अस्पताल में इलाज करना होगा, जबकि अभिजीत ने ऑनलाइन शॉपिंग करने वालों को आगाह किया है। यदि आप भी ऑनलाइन खरीदारी को तवज्जो देते हैं तो ये खबर आपके लिए है। इसके अलावा, पेज पर मुंबई में पेड़ो की कटाई के साथ ही स्थानीय अपराध से जुड़ा समाचार भी है। राजौरी गार्डन में उधारी के पैसे मांगने पर 12वीं के छात्र की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
आज का ‘किंग’ कौन?
1: लेआउट और खबरों की प्रस्तुति के लिहाज से अमर उजाला आज बाकी अखबारों से आगे है. फ्रंट पेज खुला-खुला और आकर्षक नजर आ रहा है।
2: कलात्मक शीर्षक की बात करें तो नवभारत टाइम्स आज भी किंग है। ‘अष्टमी पर विराट सेना ने मनाई विजयदशमी’ ये शीर्षक रचनात्मकता का खूबसूरत उदाहरण है।
3: खबरों के लिहाज से आज हिन्दुस्तान को अव्वल कहा जा सकता है। फ्रंट पेज पर राष्ट्रीय के साथ-साथ स्थानीय खबरों को भी प्रमुखता के साथ लगाया गया है। इसके अलावा, ट्रेन हादसे का समाचार सिर्फ हिन्दुस्तान में ही है। हालांकि रफाल से जुड़ी खबर पेज पर नहीं है, लेकिन उसे लगाने के आगे भी मौके मिलेंगे।
टैग्स हिन्दुस्तान दैनिक जागरण अमर उजाला नवोदय टाइम्स नवभारत टाइम्स न्यूजपेपर कवरेज न्यूजपेपर्स अखबारों का विश्लेषण अखबार समीक्षा देशबंधु