होम / प्रिंट / अखबारों के फ्रंट पेज पर आज इन खबरों को मिली जगह
अखबारों के फ्रंट पेज पर आज इन खबरों को मिली जगह
नवभारत के फ्रंट पेज पर आज कोई विज्ञापन नहीं है, हिन्दुस्तान में फ्रंट पेज पर एक बड़ा विज्ञापन है जबकि नवोदय टाइम्स में तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है
नीरज नैयर 6 years ago
अखबार के फ्रंट पेज पर काम करने वाले पत्रकारों को अक्सर लीड के लिए ‘संघर्ष’ करना पड़ता है, लेकिन कभी-कभी इतनी बड़ी खबरें एक साथ आ जाती हैं कि समझ नहीं आता कि किसे लीड बनायें और किसे नहीं। कल भी कुछ ऐसा ही हुआ, पीएम का रूस दौरा, करतारपुर कॉरिडोर पर पाकिस्तानी रुख और नए कानून के तहत दाऊद, सईद और लखवी को आतंकी घोषित करने सहित कई प्रमुख खबरें थीं। इसलिए सबने अपने-अपने ढंग से खबरों को पाठकों के समक्ष पेश किया है।
आज सबसे पहले बात नवभारत टाइम्स की करते हैं। काफी दिनों के बाद अखबार के फ्रंट पेज पर कोई विज्ञापन नहीं है। पेज की शुरुआत ‘चालान’ और उसके खौफ को दर्शाते टॉप बॉक्स से हुई है। नए यातायात नियम लागू होने के बाद से जहां पुलिस भारी-भरकम चालान बना रही है, वहीं दिल्ली-एनसीआर में वाहन चालक प्रदूषण नियंत्रण सर्टिफिकेट लेने के लिए लाइन में लगे हैं। महज 4 दिनों में दिल्ली–एनसीआर में सवा लाख सर्टिफिकेट जारी हो चुके हैं। लीड करतारपुर कॉरिडोर पर पाकिस्तानी रुख है, जिसका शीर्षक ‘करतारपुर पर अड़ंगे का कॉरिडोर ढूंढा पाक ने’ बेहद कलात्मक है। लीड में ही पीएम मोदी की पुतिन से मुलाकात को बतौर फोटो रखा गया है और दाऊद, लखवी को आतंकी घोषित करने का समाचार भी इसी में है। यानी यह एक पैकेज बन गया है।
पंजाब में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके की खबर को बड़ी जगह दी गई है। इस हादसे में 23 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 27 घायल हैं। दिल्ली में ज्वेलर की गला काटकर हत्या से जुड़े समाचार को दो कॉलम में प्रमुखता से लगाया गया है और इसी के नीचे मोबाइल चोर गैंग के सरगना की गिरफ्तारी की खबर है। स्थानीय महत्व रखने वाले इन दोनों ही समाचारों को काफी पढ़ा जाएगा। मुंबई में फिर आफत बनी बारिश बड़े फोटो के साथ पेज पर रिवर्स में है। एंकर में नरेंद्र मिश्रा की बाईलाइन स्टोरी है। नरेंद्र मिश्रा बता रहे हैं कि सरकार जल्द ही फेसबुक और वॉट्सऐप जैसी कंपनियों की जिम्मेदारी तय करने के लिए कानून ला रही है। हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी खत्म करने के प्रयासों को डीप सिंगल कॉलम में रखा गया है, जबकि मारुति पर मंदी की मार, आम्रपाली के 43 प्रोजेक्ट्स का रजिस्ट्रेशन रद्द और शिवकुमार को कस्टडी सिंगल कॉलम में हैं।
आज दैनिक जागरण का फ्रंट पेज देखें तो लीड नए आतंकरोधी कानून के तहत कार्रवाई यानी दाऊद, लखवी और हाफिज सईद को आतंकी घोषित करने से जुड़ी खबर है। सभी आतंकियों की कारगुजारियों को उनकी फोटो के साथ प्रस्तुत किया गया है ताकि पाठक को एक ही झटके में सबकुछ समझ आ जाये। पेज पर दूसरी सबसे बड़ी खबर मोदी-पुतिन की मुलाकात है, जिसे तीन कॉलम में रखा गया है।
अक्टूबर से कर्ज सस्ता होने को जागरण ने प्रमुखता से लगाया है, जबकि केंद्रीय विश्वविद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने की सरकारी तैयारियों को तीन कॉलम जगह दी गई है। यह समाचार केवल जागरण के फ्रंट पेज पर ही है। एंकर में करतारपुर कॉरिडोर है और पटाखा फैक्ट्री के हादसे की खबर को संक्षिप्त में रखा गया है। जागरण ने ट्रैफिक पुलिस की ‘चालानी’ कार्रवाई को तवज्जो नहीं दी है।
वहीं, हिन्दुस्तान के फ्रंट पेज पर एक बड़ा विज्ञापन है। टॉप बॉक्स में मोदी-पुतिन मुलाकात की खबर है। दोनों देशों ने साफ कहा है कि उन्हें आंतरिक मामलों में किसी का हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं है। लीड ‘दाऊद, हाफिज, लखवी पर नए कानून का फंदा’ है और दो आतंकियों की गिरफ्तारी की खबर को भी इसी में रखा गया है। करतारपुर कॉरिडोर की न्यूज को हिन्दुस्तान ने अलग से दो कॉलम जगह दी है, इसके पास ही दो कॉलम में पंजाब की पटखा फैक्ट्री में हुए धमाके का समाचार है।
एंकर में आम्रपाली के 43 प्रोजेक्ट्स के रजिस्ट्रेशन रद्द करने से जुड़ी कार्रवाई की न्यूज है। हिन्दुस्तान ने ट्रैफिक पुलिस की ‘चालानी’ कार्रवाई को आज फ्रंट पेज पर नहीं लिया है, जबकि कांग्रेस नेता शिवकुमार की मुश्किलें और हरियाणा कांग्रेस में फेरबदल की खबरें सिंगल कॉलम में हैं।
अब अमर उजाला की बात करें तो कॉरिडोर की खबर को लीड के पैकेज में सबसे नीचे रखते हुए भारत के गुनाहगारों को आतंकी घोषित करने की कार्रवाई को प्रमुखता दी गई है। भारतीय सेना द्वारा पकड़े गए दो पाकिस्तानी आतंकियों का समाचार भी पैकेज के अंतर्गत दो कॉलम में रखा गया है। पीएम मोदी की रूस के राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात को लीड के पास दो कॉलम में जगह मिली है। पंजाब की पटाखा फैक्ट्री में धमाका और ज्वेलर की हत्या से जुड़ी खबर डेढ़-डेढ़ कॉलम में है।
फ्रंट पेज पर जगह कम होने के चलते पारंपरिक एंकर के बजाय दो खबरों को लगाया गया है। पहली, एक अक्टूबर से सस्ता होगा कर्ज और दूसरी, गूगल पर 1224 करोड़ का जुर्माना है। कांग्रेस नेता शिवकुमार और हरियाणा कांग्रेस में फेरबदल की खबर को संक्षिप्त में जगह मिली है। अमर उजाला ने आज नए यातायात नियमों से जुड़ी किसी खबर को पेज पर नहीं लगाया है।
इनके अलावा, नवोदय टाइम्स में आज फ्रंट पेज पर विज्ञापन होने के चलते तीसरे पेज को फ्रंट पेज बनाया गया है। अखबार का फ्रंट पेज आज आकर्षक दिखाई नहीं दे रहा है। ऐसा लग रहा है जैसे ठूंस-ठूंसकर खबरों को भरा गया है। लीड सबसे अलग घुसपैठ की नाकाम कोशिश को बनाया गया है। करतारपुर कॉरिडोर को अलग से एंकर में सजाया गया है।
ट्रैफिक पुलिस की चालानी कार्रवाई टॉप में है, पंजाब में पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके की खबर को भी प्रमुखता मिली है। दिल्ली में ज्वेलर की हत्या के समाचार को स्थानीय महत्व के आधार पर चार कॉलम में रखा गया है। इसके अलावा मोदी-पुतिन की मुलाकात और हरियाणा कांग्रेस में फेरबदल की खबर भी फ्रंट पेज पर है।
टैग्स हिन्दुस्तान दैनिक जागरण अमर उजाला नवोदय टाइम्स नवभारत टाइम्स न्यूजपेपर कवरेज न्यूजपेपर्स अखबारों का विश्लेषण अखबार समीक्षा