होम / प्रिंट / HT मीडिया को पहली तिमाही में राहत: राजस्व बढ़ा, घाटा घटा
HT मीडिया को पहली तिमाही में राहत: राजस्व बढ़ा, घाटा घटा
HT मीडिया ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में साल-दर-साल आधार पर 6% की वृद्धि के साथ ₹451 करोड़ की समेकित आय (consolidated revenue) दर्ज की है
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 6 months ago
HT मीडिया ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में साल-दर-साल आधार पर 6% की वृद्धि के साथ ₹451 करोड़ की समेकित आय (consolidated revenue) दर्ज की है, जो पिछले साल इसी अवधि में ₹427 करोड़ थी। कंपनी ने अपने प्रिंट और डिजिटल व्यवसायों में हुई वृद्धि के चलते शुद्ध घाटे को भी काफी हद तक कम कर लिया है। तिमाही का शुद्ध घाटा ₹28 करोड़ से घटकर ₹11 करोड़ रह गया।
कंपनी का प्रिंट कारोबार अब भी उसकी आमदनी का मुख्य स्रोत बना हुआ है। इस क्षेत्र की परिचालन आय (operating revenue) में साल-दर-साल 8% की बढ़त दर्ज की गई है, जो ₹324 करोड़ रही। विज्ञापन से मिलने वाली आय 17% बढ़कर ₹255 करोड़ हो गई, जबकि सर्कुलेशन (डिस्ट्रीब्यूशन) से आय 8% घटकर ₹51 करोड़ रही।
यदि भाषा आधारित प्रदर्शन की बात करें, तो अंग्रेजी प्रिंट विज्ञापन में 19% की सालाना वृद्धि देखी गई, जिसका श्रेय सरकारी और व्यावसायिक खर्चों में बढ़ोतरी को दिया गया। वहीं, हिंदी विज्ञापन में 14% की बढ़त दर्ज हुई, जिसमें राज्य स्तरीय सरकारी अभियानों की अहम भूमिका रही। सर्कुलेशन से मिलने वाली आय तिमाही-दर-तिमाही स्थिर बनी रही।
प्रिंट सेगमेंट का ऑपरेटिंग EBITDA (ब्याज, कर, मूल्यह्रास और परिशोधन से पहले की कमाई) भी उल्लेखनीय रूप से सुधरा। जहां पिछले साल की पहली तिमाही में यह ₹1 करोड़ का मामूली घाटा था, वहीं इस तिमाही में यह ₹15 करोड़ का मुनाफा हो गया। मार्जिन भी 0% से बढ़कर 5% पर पहुंच गया।
डिजिटल कारोबार ने भी मजबूत प्रदर्शन किया। यहां राजस्व में सालाना आधार पर 21% की वृद्धि हुई, जो ₹56 करोड़ तक पहुंच गया। साथ ही, घाटे में भी कमी आई। डिजिटल सेगमेंट का ऑपरेटिंग EBITDA 15% सुधरकर ₹21 करोड़ के घाटे पर रहा, जिससे संकेत मिलता है कि कंपनी ने निवेशों के तर्कसंगत प्रबंधन के साथ-साथ राजस्व वृद्धि भी हासिल की है।
इसके उलट, रेडियो कारोबार ने 13% की सालाना गिरावट दर्ज की और राजस्व ₹31 करोड़ पर आ गया। इस क्षेत्र में घाटा और गहराया, जहां पिछले साल का EBITDA संतुलित (₹0 करोड़) था, वहीं इस तिमाही में यह ₹7 करोड़ के घाटे में चला गया।
HT मीडिया की चेयरपर्सन शोभना भारतीय ने कहा कि समूह का ध्यान डिजिटल विकास को गति देने, प्रिंट पाठकों के साथ जुड़ाव को और गहराने और रेडियो को अनुभव आधारित फॉर्मेट्स के जरिए नए रूप में पेश करने पर केंद्रित है।
टैग्स