होम / प्रिंट / कांग्रेसी विधायक ने अखबार में दिया ऐसा विज्ञापन, हो गया हंगामा
कांग्रेसी विधायक ने अखबार में दिया ऐसा विज्ञापन, हो गया हंगामा
यह मामला ऐसे समय में हुआ है, जब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गुजरात के दौरे पर आने वाले हैं
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
गुजरात में कांग्रेसी विधायक की एक हरकत से राजनीतिक हलकों में हंगामा मचा हुआ है। दरअसल, यहां कच्छ के अबडासा विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक प्रद्युमन सिंह जडेजा ने भाजपा सरकार की प्रशंसा करते एक विज्ञापन अखबार में छपवा दिया है, जिससे कांग्रेस में अंतर्कलह शुरू हो गई है। कांग्रेसी सवाल उठा रहे हैं कि अपनी धुर विरोधी पार्टी की तारीफ क्यों की गई? संभवत: चुनावों के बाद ऐसा पहली बार हुआ है, जब किसी कांग्रेसी विधायक ने बाकायदा विज्ञापन देकर भाजपा सरकार की तारीफ की हो।
देखा गया है कि पूर्व में अगर कांग्रेस का कोई विधायक पार्टी छोड़ता था, तभी वह भाजपा का पक्ष लेता था, लेकिन प्रद्युमन सिंह ने कांग्रेस में रहते हुए ही ऐसा कर दिया है। बताया जाता है कि करीब एक माह पूर्व भी जडेजा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा सरकार की प्रशंसा की थी। जडेजा का कहना था कि भाजपा सरकार विकास के अच्छे काम कर रही है।
अब प्रद्युमन सिंह ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए स्थानीय अखबार में विज्ञापन देकर रूपाणी सरकार की तारीफ की। यह विज्ञापन कच्छ जिले के स्थानीय अखबारों में पब्लिश हुआ है। इस विज्ञापन में विधायक के साथ मुख्यमंत्री विजय रूपाणी व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल की भी फोटो छपी है।
विज्ञापन छपवाने का मामला ऐसे समय में हुआ है, जब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गुजरात के दौरे पर आने वाले हैं। बता दें कि, प्रद्युमन सिंह पहले भाजपा में थे। पार्टी द्वारा टिकट न दिए जाने पर वह कांग्रेस में शामिल हो गये थे। भाजपा की तारीफ वाले विज्ञापन के बारे में प्रद्युमन सिंह का कहना है कि उन्हें अपने क्षेत्र में विकास कराना है, इसलिए सरकार के साथ बेहतर रिश्ते जरूरी हैं। ् आप भी इस विज्ञापन को यहां देख सकते हैं।
टैग्स विज्ञापन कांग्रेस विधायक प्रद्युमन सिंह