होम / ओटीटी / WAVES की बढ़ती लोकप्रियता के बीच सरकार करेगी स्मार्ट टीवी में प्री-इंस्टॉल
WAVES की बढ़ती लोकप्रियता के बीच सरकार करेगी स्मार्ट टीवी में प्री-इंस्टॉल
WAVES नवंबर 2024 में लॉन्च हुआ था। यह ऐप लाइव टीवी, ऑन-डिमांड वीडियो, रेडियो, गेम्स, ई-बुक्स और ई-कॉमर्स को एक ही प्लेटफॉर्म पर पेश करता है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
प्रसार भारती (Prasar Bharati) के ओटीटी ऐप WAVES की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय अब टीवी निर्माता कंपनियों को पत्र भेजने वाली है ताकि वे अपने स्मार्ट टीवी में यह ऐप पहले से इंस्टॉल करके बेचें। 'द न्यू इंडियन एक्सप्रेस' की एक खबर में यह जानकारी निकलकर सामने आयी है। फिलहाल ज्यादातर स्मार्ट टीवी में Netflix, YouTube और Amazon Prime Video जैसे बड़े ओटीटी ऐप्स पहले से इंस्टॉल होकर आते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस कदम से कुछ हफ्ते पहले, संचार मंत्रालय ने सभी स्मार्टफोन में Sanchar Saathi ऐप प्री-इंस्टॉल करने का आदेश दिया था, लेकिन फोन निर्माता कंपनियों के विरोध के बाद इसे वापस लेना पड़ा।
WAVES नवंबर 2024 में लॉन्च हुआ था। यह ऐप लाइव टीवी, ऑन-डिमांड वीडियो, रेडियो, गेम्स, ई-बुक्स और ई-कॉमर्स को एक ही प्लेटफॉर्म पर पेश करता है। एक साल से भी कम समय में इसने 38 लाख डाउनलोड और 23 लाख रजिस्टर्ड यूजर्स का आंकड़ा पार कर लिया है। WAVES में अभी कम से कम 65 चैनल हैं, जिनमें 40 लाइव चैनल शामिल हैं। ये चैनल हिंदी, अंग्रेजी, मराठी, तमिल और असमिया जैसी दस भाषाओं में न्यूज़, एंटरटेनमेंट, फिल्में, टीवी शो और गेम्स पेश करते हैं।
इसमें दूरदर्शन और आकाशवाणी के क्लासिक प्रोग्राम्स के साथ-साथ नए शो भी उपलब्ध हैं। Prasar Bharati ने हाल ही में लाइसेंसी सैटेलाइट टीवी चैनलों को भी अपने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर शामिल होने का आमंत्रण दिया है, जिसमें कमाई साझा करने का व्यावसायिक मॉडल लागू होगा।
गुणवत्तापूर्ण कंटेंट लाने के लिए Prasar Bharati ने अक्टूबर में WAVES के लिए Pay-Per-View कंटेंट सोर्सिंग पॉलिसी भी शुरू की है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अनुसार WAVES का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अच्छा खासा यूजर बेस है। 181 देशों में इसके यूजर्स हैं। भारत अभी भी सबसे बड़ा बाजार है, जहां 42 लाख से ज्यादा यूजर्स हैं। इसके अलावा अमेरिका, ब्रिटेन, यूएई, ऑस्ट्रेलिया और फ्रांस में भी WAVES को अच्छी लोकप्रियता मिली है।
टैग्स