होम / मीडिया फोरम / पत्रकारों को दूर रखने के लिए पुलिस की ये है 'रणनीति'...
पत्रकारों को दूर रखने के लिए पुलिस की ये है 'रणनीति'...
हर साल जनवरी के पहले हफ्ते में होने वाली दिल्ली पुलिस की सालाना पत्रकार वार्ता अभी तक नहीं हुई है, और अब इसके न होने की संभावना न के बराबर ही है। हिंदी अखबार दैनिक जागरण में पत्रकार राकेश कुमार सिंह की एक खबर के मुताबिक, तिहाड़ जेल के महानिदेशक रहे आलोक कुमार वर्मा ने दिल्ली पुलिस
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
हर साल जनवरी के पहले हफ्ते में होने वाली दिल्ली पुलिस की सालाना पत्रकार वार्ता अभी तक नहीं हुई है, और अब इसके न होने की संभावना न के बराबर ही है।
हिंदी अखबार दैनिक जागरण में पत्रकार राकेश कुमार सिंह की एक खबर के मुताबिक, तिहाड़ जेल के महानिदेशक रहे आलोक कुमार वर्मा ने दिल्ली पुलिस के मुखिया और अब सीबीआई का निदेशक बनाए जाने तक पूरे 11 महीने मीडिया से दूरी बनाए रखी। मीडिया से दूर रहने के लिए उन्होंने राजन भगत को दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता पद से हटाकर तीन अधिकारियों को प्रवक्ता बना दिया। इसमें दो वरिष्ठ अधिकारी हैं। इससे पहले 2012 में तत्कालीन पुलिस आयुक्त नीरज कुमार ने भी सालाना पत्रकार वार्ता नहीं की थी।
खबर के मुताबिक, 16 दिसंबर, 2012 को वसंत विहार सामूहिक दुष्कर्म की घटना होने के बाद दिल्ली में पुलिस के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू हो गया था, जो तीन महीने तक चला था। इस वजह से जनवरी, 2013 में पत्रकार वार्ता कर पाना संभव नहीं था, लेकिन इस साल ऐसी कोई बात नहीं थी। बावजूद इसके सालाना पत्रकार वार्ता नहीं करने के पीछे पुलिस के मुखिया का क्या उद्देश्य है यह महकमे के ही किसी अधिकारी को समझ में नहीं आ रहा है।
जागरण को सूत्रों ने बताया कि पिछले साल दिसंबर में राजन भगत को प्रवक्ता पद से इसलिए हटाया गया ताकि पत्रकारों का मीडिया सेंटर में आना-जाना कम हो सके। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या दिल्ली पुलिस के मुखिया को ऐसा सुझाव गृह मंत्रालय अथवा उपराज्यपाल भवन से दिया गया है। संभावना जताई जा रही है कि भविष्य में सालाना पत्रकार वार्ता पूरी तरह बंद हो सकती है। वर्तमान पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक को आयुक्त बनाने में अलोक कुमार वर्मा की बहुत बड़ी भूमिका मानी जा रही है। दिल्ली पुलिस के कुछ अधिकारियों का कहना है कि पटनायक भी इस मामले में वर्मा के पद्चिह्नों पर चल रहे हैं और मीडिया से दूरी रखना चाहते हैं।
शनिवार को पटनायक ने आलोक कुमार वर्मा के लिए चाणक्यपुरी स्थित मदर टेरेसा क्रिसेंट में शानदार फेयरवेल पार्टी दी। पार्टी में दिल्ली पुलिस के एडिशनल डीसीपी से लेकर विशेष आयुक्त तक के सभी अधिकारी परिवार समेत शामिल हुए थे।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स