होम / मीडिया फोरम / एबीपी न्यूज के शिखर सम्मेलन में राजनीति के दिग्गजों ने कुछ यूं रखी अपनी बात
एबीपी न्यूज के शिखर सम्मेलन में राजनीति के दिग्गजों ने कुछ यूं रखी अपनी बात
देश में लोकसभा चुनाव को लेकर इन दिनों पक्ष-विपक्ष चुनावी नारों और वादों के साथ जनता को लुभाने की कोशिश में लगे हुए हैं
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
देश में लोकसभा चुनाव को लेकर इन दिनों पक्ष-विपक्ष चुनावी नारों और वादों के साथ जनता को लुभाने की कोशिश में लगे हुए हैं। ऐसे में इस बड़े सियासी समर से ठीक पहले ‘एबीपी न्यूज़’ ने दिल्ली के हयात रीजेंसी होटल में आठ अप्रैल को 'शिखर सम्मेलन' का आयोजन किया। इस शिखर सम्मेलन में ‘एबीपी न्यूज़’ की ओर से पक्ष और विपक्ष के तमाम दिग्गजों से जनता से जुड़े सवाल पूछे गए। इसके साथ ही घोषणा पत्र में किए गए वादों, भविष्य की नीतियों और चुनाव जैसे तमाम मुद्दों पर भी सियासी मेहमानों और अन्य मेहमानों की राय ली गई।
कार्यक्रम में सांसद शत्रुघ्न सिन्हा, राज्यसभा सदस्य राकेश सिन्हा, कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी, बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया, बीजेपी प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी, कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नाइक, बीजेपी के वाइस प्रेजिडेंट शिवराज सिंह चौहान, रेलमंत्री पीयूष गोयल जैसे दिग्गज शामिल हुए। इस सम्मेलन को ‘एबीपी न्यूज’ के स्टार एंकर सुमित अवस्थी, रूबिका लियाकत अली, रोमाना खान और अनुराग मुस्कान ने होस्ट किया।
पिछले दिनों कांग्रेस में शामिल हुए सांसद शत्रुघ्न सिन्हा का इस शिखर सम्मेलन में कहना था, ‘विपक्ष के महागठबंधन को लेकर बीजेपी सवाल उठाती है, वहीं खुद देशभर की 40 से अधिक पार्टियों के गठबंधन पर चल रही है। कहा जा रहा है कि टिकट न मिलने पर मैंने बीजेपी छोड़ी, यह गलत है, बल्कि मुझे पार्टी छोड़ने पर मजबूर किया गया। पटना साहेब सीट से मेरा टिकट काटने से पहले मुझसे पूछा तक नहीं गया।’ कांग्रेस की प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी का कहना था, ‘बीजेपी ने किसानों, नौजवानों के साथ धोखा किया है। बीजेपी अब दलितों के अलावा समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर किसानों, युवाओं और महिलाओं को लुभाने के लिए वादे करने की कोशिश कर रही है।’
बीजेपी के वाइस प्रेजिडेंट शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के लोग कांग्रेस का असली रंग देख चुके हैं और वे लोक सभा चुनाव में कांग्रेस को दोबारा वोट नहीं देंगे।’ सम्मेलन में रेलमंत्री पीयूष गोयल ने कहा, ‘फारूक अब्दुला जैसी सोच का होना राजनीति के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। कश्मीर के लिए अलग कानून की जरूरत नहीं है, कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। वो समय भी जल्द आएगा जब हम श्रीनगर की सीट भी जीतेंगे।‘ इस मौके पर ‘एबीपी न्यूज नेटवर्क’ के सीईओ अविनाश पांडे ने कहा, ‘चुनाव नजदीक आने के साथ ही एबीपी न्यूज की ओर से पक्ष-विपक्ष से जुड़े नेताओं की राय जानने के लिए यह सम्मेलन किया गया।’
टैग्स एबीपी न्यूज शिखर सम्मेलन इलेक्शन 2019