होम / मीडिया फोरम / राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में 'ZEE स्टूडियोज' को बड़ी सफलता
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में 'ZEE स्टूडियोज' को बड़ी सफलता
'जी स्टूडियोज' ने 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में कुल 6 प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किए हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 6 months ago
देश की अग्रणी कंटेंट व टेक्नोलॉजी कंपनी जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (ZEE) के मूवी बिजनेस वर्टिकल 'ZEE स्टूडियोज' ने 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में कुल 6 प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किए हैं।
Mrs. Chatterjee Vs Norway में दमदार अभिनय के लिए रानी मुखर्जी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। इस फिल्म का निर्माण 'ZEE स्टूडियोज' ने किया था।
सर्वश्रेष्ठ बाल फिल्म का पुरस्कार मराठी फिल्म 'नाल 2' को मिला, जिसे 'ZEE स्टूडियोज' ने प्रड्यूस किया था। इसी फिल्म के लिए त्रिषा थोसर, श्रीनिवास पोकले और भार्गव जगताप को उनके शानदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार का पुरस्कार भी प्रदान किया गया।
'सिर्फ एक बंदा काफी है' फिल्म के लिए दीपक किंगरानी को सर्वश्रेष्ठ संवाद का पुरस्कार मिला। इस फिल्म का निर्माण भी 'ZEE स्टूडियोज' ने किया था।
'ZEE स्टूडियोज' द्वारा निर्मित एक और फिल्म 'आत्मपॅम्फ्लेट' को सर्वश्रेष्ठ पहली फिल्म (डायरेक्टर के रूप में डेब्यू) का पुरस्कार मिला।
'गड्ढे गड्ढे चा', जो एक पंजाबी फीचर फिल्म है, को सर्वश्रेष्ठ पंजाबी फिल्म का खिताब मिला। इसका निर्माण भी 'ZEE स्टूडियोज' द्वारा किया गया था।
इसके अलावा, 'ZEE स्टूडियोज' द्वारा डिस्ट्रीब्यूट फिल्म '12th फेल' को दो प्रमुख पुरस्कार मिले- सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म और सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (मुख्य भूमिका), जो कि विक्रांत मैसी को मिला।
इस उपलब्धि पर 'ZEE स्टूडियोज' और जी म्यूजिक कंपनी के चीफ बिजनेस ऑफिसर उमेश कुमार बंसल ने कहा, “यह हमारे लिए सम्मान की बात है कि हम ऐसी गुणवत्तापूर्ण फिल्मों से जुड़े हैं, जिन्हें प्रतिष्ठित 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में मान्यता मिली है। यह सफलता हमारे पैन-इंडिया स्टूडियो के उस संकल्प का प्रमाण है जिसके तहत हम हर भाषा में दमदार कहानियां और प्रभावशाली कथानक दर्शकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमें अपने प्रतिभाशाली फिल्मकारों और टीमों पर गर्व है, जिनकी मेहनत से हम यह सामूहिक सफलता हासिल कर सके हैं। हम आगे भी ऐसी फिल्में बनाते और वितरित करते रहेंगे जो केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि प्रेरणा भी दें और भारतीय सिनेमा की समृद्ध विविधता का उत्सव मनाएं।”
टैग्स