होम / मीडिया फोरम / बाल पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए कैलाश सत्यार्थी संग एकजुट हुए ये दिग्गज
बाल पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए कैलाश सत्यार्थी संग एकजुट हुए ये दिग्गज
कैलाश सत्यार्थी चिल्ड्रेन्स फाउंडेशन ने बाल यौन शोषण और दुष्कर्म के शिकार बच्चों को न्याय सुनिश्चित कराने के लिए ‘जस्टिस फॉर एवरी चाइल्ड’ अभियान की शुरुआत की है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
कैलाश सत्यार्थी चिल्ड्रेन्स फाउंडेशन (केएससीएफ) ने बाल यौन शोषण और दुष्कर्म के शिकार बच्चों को न्याय सुनिश्चित कराने के लिए ‘जस्टिस फॉर एवरी चाइल्ड’ अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान को नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित कैलाश सत्यार्थी और हिंदी फिल्मों के मशहूर अभिनेता-निर्देशक और अभियान के ब्रैंड एम्बेसडर फरहान अख्तर द्वारा रविवार शाम को एनडीटीवी न्यूज चैनल पर लॉन्च किया गया।
सालभर चलने वाले इस देशव्यापी अभियान को बाल यौन शोषण और दुष्कर्म के शिकार बच्चों और उनके परिवारों को तय समय पर न्याय, स्वास्थ्य सहायता और पुनर्वास सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए शुरू किया गया है।
इस अभियान को देश के कार्पोरेट जगत के दिग्गजों ने भी अपना समर्थन दिया है, जिनमें इंफोसिस के संस्थापक नारायण मूर्ति, पीरामल ग्रुप के अध्यक्ष अजय पीरामल, बजाज फिनसर्व के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक संजीव बजाज, गोदरेज समूह के आदि गोदरेज शामिल हैं।
इन शीर्ष हस्तियों ने न केवल इस अभियान के सरोकारों और उद्देश्यों की सराहना की है, बल्कि व्यापारिक जगत के अन्य शीर्ष नेताओं से यह भी आग्रह किया है कि हमें इसके समर्थन के लिए इसलिए भी आगे आना चाहिए, क्योंकि बाल यौन शोषण एक राष्ट्रीय संकट बन गया है और इस पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है।
बता दें कि यह अभियान देश के उन 100 जिलों में चलाया जाएगा, जहां बाल उत्पीडन और बच्चों से दुष्कर्म की दृष्टि से अति संवेदनशील हैं। इसका लक्ष्य इन जिलों में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत चल रहे कम से कम 5000 मामलों में बच्चों को तय समय में त्वरित न्याय दिलाना है।
केएससीएफ बाल यौन शोषण के पीड़ितों और उनके परिवारों को विशेष रूप से मानसिक स्वास्थ्य सहायता भी संगठन मुहैया कराएगा। इस दौरान केएससीएफ लोगों को ‘बाल मित्र’ बनाने की प्रक्रिया के तहत न्यायपालिका और प्रशासनिक प्रणालियों से संबंधित हितधारकों को संवेदनशील बनाने के लिए बड़े पैमाने पर प्रशिक्षण कार्यशालाओं का भी आयोजन करेगा।
अभियान को लॉन्च करते हुए फरहान अख्तर ने कहा, ‘बाल यौन शोषण के मुद्दे के बारे में जागरुकता बढ़ाना महत्वपूर्ण है। लेकिन उसके साथ ही यह भी महत्वपूर्ण है कि लोग बाल यौन शोषण के प्रति चिंतित रहें और खतरों को फिर से उभरने नहीं दें। इस संकट को सभी को व्यक्तिगत रूप से महसूस करना चाहिए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि अभियान का हिस्सा बनने पर वह बदलाव कर सकें। हमें बच्चों के लिए बेहतर माहौल बनाने की आवश्यकता है और त्वरित न्याय दिलाना अभियान का उद्देश्य है।’
इस अवसर पर नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित कैलाश सत्यार्थी ने कहा, ‘हमें बाल यौन शोषण के खिलाफ इस लड़ाई में तत्परता के साथ एकजुट होकर काम करना होगा। मैं यह मानने से इनकार करता हूं कि बच्चों के खिलाफ सामूहिक रूप से जघन्य अपराध को हम रोक नहीं सकते। हम अपने बच्चों के लिए व्यवस्था या तंत्र को मजबूत करने में सहायता करना चाहते हैं। हम बच्चों के उत्पीड़न और उनके परिवारों पर होने वाले उसके असर को समाप्त करने को तत्पर हैं। मुझे विश्वास है कि यह अभियान इस दिशा में आगे बढ़ेगा।’
बजाज फिनसेर्व के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक संजीव बजाज ने कहा, ‘बाल यौन शोषण की समस्या बहुत गंभीर है। हमें उन सभी बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा और पुनर्वास देने की आवश्यकता है, जो बाल शोषण के शिकार हैं। एक बच्चा जिसको जबरन श्रम, दुर्व्यापार, यौन शोषण के दलदल में धकेला जाता है, उससे न केवल उनका भविष्य खराब होता है बल्कि वह हमें भी अपनी जिम्मेदारी की याद दिलाता है कि बच्चों को सुरक्षित करने के लिए बहुत कुछ करने की आवश्यकता है। हम अभियान का समर्थन करते हैं।’
विश्व प्रसिद्ध आईटी कंपनी इनफोसिस के संस्थापक नारायण मूर्ति ने कहा, ‘कैलाशजी के शब्दों में कहूं तो बाल यौन शोषण के केवल 34 से 35 प्रतिशत मामलों में ही न्याय मिल पाता है। हमें सांस्कृतिक परिवर्तन के साथ-साथ अपराधियों के लिए कठोर और तेज सजा के नियमों की आवश्यकता है। यह अपराध पर अंकुश लगाने और पीड़ितों एवं उनके परिवारों के दर्द और आघात को कम करने में मदद कर सकता है। पीड़ितों और उनके परिवारों को नैतिक और वित्तीय सहायता प्रदान करने की आवश्यकता है।’
पीरामल ग्रुप के अध्यक्ष अजय पीरामल ने कहा, ‘समाज के कमजोर वर्गों के बीच शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के महत्व पर प्रकाश डालना, न केवल जागरुकता बढ़ाने के लिए जरूरी है बल्कि महिलाओं को सशक्त बनाने और समाज में उनकी स्थिति को ऊपर उठाने के ख्याल से भी महत्वपूर्ण है।’
उन्होंने अपनी बात को दोहराते हुए कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कोरोना महामारी का विनाशकारी प्रभाव पड़ेगा। स्कूलों से बाहर हो जाने वाले जो 1 करोड 50 लाख बच्चे हैं, उनमें से आधे गरीबी रेखा से नीचे हैं और उनका सबसे अधिक ट्रैफिकिंग और शोषण होने का खतरा है।
विवेक गंभीर और मदन बहल जैसी अन्य कॉरपोरेट हस्तियों ने भी अभियान को अपना समर्थन दिया है। इस अवसर पर बाल श्रम और उत्पीड़न से मुक्त दो युवा कार्यकर्ता अमरलाल और पायल जांगिड ने भी अपने अनुभव साझा किए और अपने जीवन को बदलने के लिए कैलाश सत्यार्थी और केएससीएफ को धन्यवाद दिया।
गौरतलब है कि केएससीएफ लंबे समय से बाल यौन शोषण के खिलाफ अभियान चला रहा है। संगठन ने 2017 में नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित कैलाश सत्यार्थी के नेतृत्व में बाल यौन शोषण और ट्रैफिकिंग (दुर्व्यापार) के खिलाफ देशव्यापी ‘भारत यात्रा’ का भी आयोजन किया था।
टैग्स कैलाश सत्यार्थी चिल्ड्रेन्स फाउंडेशन केएससीएफ बाल यौन शोषण दुष्कर्म के शिकार बच्चों को न्याय जस्टिस फॉर एवरी चाइल्ड अभियान