होम / मीडिया फोरम / कोरोना से हो गई थी पत्रकार की मौत, सरकार ने परिजनों के लिए की ये बड़ी घोषणा
कोरोना से हो गई थी पत्रकार की मौत, सरकार ने परिजनों के लिए की ये बड़ी घोषणा
महाराष्ट्र के पुणे शहर में बुधवार को एक निजी चैनल के पत्रकार की कोरोना से मौत हो गई थी। पत्रकार का नाम पांडुरंग रायकर था
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
महाराष्ट्र के पुणे शहर में बुधवार को एक निजी चैनल के पत्रकार की कोरोना से मौत हो गई थी। पत्रकार का नाम पांडुरंग रायकर था और वे मराठी न्यूज चैनल ‘टीवी9 मराठी’ में कॉरेस्पोंडेंट थे। वहीं अब जिला प्रशासन ने पांडुरंग को 50 लाख रुपए कोरोना वॉरियर बीमा कवर के रूप में देने की घोषणा की है। बीमा कवर की राशि उनके परिवार को दी जाएगी।
पुणे जिला कलेक्टर राजेश देशमुख ने ‘इंडिया टुडे’ को बताया कि टीवी पत्रकार पांडुरंग, जिन्होंने हाल ही में कोरोना अस्पताल में कोरोना वायरस के उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था, कोरोना वॉरियर श्रेणी में फिट बैठते हैं। उन्हें प्रमाणित कोरोना वॉरियर सर्टिफिकेट दिया जाएगा और उनके परिवार को 50 लाख रुपये का बीमा कवर दिया जाएगा।
बता दें कि पुणे में पांडुरंग कोरोना वायरस से संक्रमित थे और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जिसके बाद अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया जा रहा है। इस मामले में प्रशासन के जरिए जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।
पत्रकार के परिजनों का आरोप है कि पांडुरंग को जम्बो कोविड सेंटर से पुणे के ही दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में भर्ती करना था, लेकिन न तो समय पर कार्डियक एंबुलेंस उपलब्ध हुई और न ही अस्पताल में बेड उपलब्ध हुआ, जिसके चलते उनकी मौत हुई है। इस घटना ने पुणे शहर की व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
पांडुरंग 42 वर्ष के थे और 2 सितंबर सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। पांडुरंग के परिवार में उनकी पत्नी एक बेटा, बेटी और मां- बाप हैं।
टैग्स पत्रकार सरकार कोरोना परिजन बीमा