होम / मीडिया फोरम / हाथरस में अज्ञात पत्रकार के खिलाफ राजद्रोह का केस दर्ज, शिकायत में लगाए गए गंभीर आरोप
हाथरस में अज्ञात पत्रकार के खिलाफ राजद्रोह का केस दर्ज, शिकायत में लगाए गए गंभीर आरोप
यूपी के हाथरस जिले में एक पत्रकार और एक राजनेता के खिलाफ राजद्रोह और लोगों को उकसाने की साजिश का मामला दर्ज किया गया है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
यूपी के हाथरस जिले में एक पत्रकार और एक राजनेता के खिलाफ राजद्रोह और लोगों को उकसाने की साजिश का मामला दर्ज किया गया है। दोनों के खिलाफ अज्ञात के रूप से हाथरस के चंदप्पा थाने में मुकदमा लिखवाया गया है। इन दोनों पर लोगों को उकसाने, आपराधिक साजिश रचने और हाथरस कांड पर अफवाह फैलाने का आरोप है।
‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, हाथरस में दर्ज हुई तीन एफआईआर में भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर समेत कुल 680 लोगों पर धारा 144 के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज हुआ है। ये एफआईआर यूपी में दर्ज हुई 19 प्राथमिक रिपोर्ट्स के बाद हुई है। इनमें से 13 सोशल मीडिया पर गलत सूचनाएं फैलाने और शांति भंग करने की साजिश में दर्ज की गई हैं। इससे पहले रविवार को एक पुलिसकर्मी की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में पीड़िता के परिवार पर दबाव बनाए जाने के आरोप लगाए गए थे।
शिकायत में कहा गया था कि पीड़िता के परिवार पर गलत बयान देने का दबाव था और उन्हें एक राजनेता की ओर से 50 लाख रुपए देने का वादा भी किया गया था। इसके अलावा शिकायत में यह भी कहा गया है कि एक पत्रकार की ओर से पीड़िता के भाई को यह कहा गया था कि वह अपने पिता को मीडिया में बयान देने के लिए मनाए। साथ ही वह अपने पिता को यह कहने के लिए कहे कि वह सरकार की कार्रवाई से खुश नहीं हैं।
वहीं सोमवार को दर्ज हुई रिपोर्ट्स के बारे में एडीजी प्रशांत कुमार ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि सोशल मीडिया के जरिए राज्य में अशांति फैलाने की कोशिश की जा रही थी। बाद में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी कहा कि विदेशों से मंगाए पैसे के जरिए यूपी में जाति और धर्म के नाम पर मतभेद फैलाने का प्रयास किया जा रहा था। इस मामले में सब इंस्पेक्टर अवधेश कुमार की ओर से की गई शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया।
शिकायत में कहा गया था कि असामाजिक तत्व सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने के लिए सरकार के खिलाफ सुनियोजित साजिश कर रहे हैं। दर्ज की गई एफआईआर में आईपीसी की धारा 124-ए, 153-ए, 153-बी, 195 और 195-ए को जोड़ा गया है। इसके अलावा चंदप्पा और हाथरस गेट थाने में दर्ज दो अन्य मुकदमों में सेक्शन 144 के उल्लंघन के मामले दर्ज कराए गए हैं।
टैग्स रिपोर्टर पत्रकार हाथरस केस राजद्रोह