होम / मीडिया फोरम / लेदर पार्क के लिए जल्द उठाए जाएंगे ये ठोस कदम: डॉ. महेंद्र नाथ पांडे
लेदर पार्क के लिए जल्द उठाए जाएंगे ये ठोस कदम: डॉ. महेंद्र नाथ पांडे
आगरा में तीन दिवसीय लेदर, फुटवियर कंपोनेंट्स और तकनीकी मेला ‘मीट एट आगरा’ शुरू
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
‘भारत सरकार ने लेदर सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए दो साल पहले 2600 करोड़ रुपए का स्पेशल पैकेज दिया। इसमें 696 करोड़ रुपए रोजगार के लिए निर्धारित हैं। लेदर फील्ड में आगरा की बड़ी भूमिका है। यह उद्योग और आगे बढ़े, इसके लिए जरूरी है आगरा में लेदर पार्क का बनाया जाना। इसके लिए पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर से मिलकर इस समस्या को शीघ्र ही दूर कराया जाएगा।‘ यह कहना था केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडे का। डॉ. पांडे शुक्रवार को सींगना स्थित आगरा ट्रेड सेंटर में एफमेक द्वारा आयोजित तीन दिवसीय लेदर, फुटवियर कंपोनेंट्स और तकनीकी मेला ‘मीट एट आगरा’ के 13वें संस्करण के उद्घाटन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि लेदर सेक्टर में हमको ऐसा काम करना है कि दुनिया 130 करोड़ लोगों के मार्केट भारत की अनदेखी नहीं कर सके।
इससे पूर्व उन्होंने दीप जलाकर ‘मीट एट आगरा’ के 13वें संस्करण का शुभारंभ किया। उन्होंने गरीबों का जीवन बेहतर बनाने के मुख्य उद्देश्य के साथ फुटपाथ पर बैठकर जूता सिलने वाले मोचियों को स्किल इंडिया अभियान के तहत सम्मान प्रदान करने के लिए शुरुआती तौर पर 10 मोचियों को टूल किट व छतरी वितरित कीं। पांडे ने एक्सपोर्ट्स परफॉर्मेंस अवार्ड भी प्रदान किए। इनमें गुप्ता ओवरसीज के गोपाल गुप्ता को प्रथम, लाइनर शूज प्राइवेट लिमिटेड के गौतम मेहरा को द्वितीय और डावर फुटवियर इंडस्ट्री के पूरन डावर को तृतीय अवार्ड प्रदान किया गया।
इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार में श्रम एवं रोजगार मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, एमएसएमई राज्यमंत्री चौधरी उदय भान सिंह, सांसद प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल, सांसद राजकुमार चाहर, सीएलई के चेयरमैन अकील अहमद, रफीक अहमद, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक योगेंद्र उपाध्याय, भारत सरकार में डीआईपीपी के संयुक्त सचिव अनिल अग्रवाल, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के चीफ जनरल मैनेजर विजय रंजन, महापौर नवीन जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम भदौरिया, महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे, पूर्व मंत्री केशो मेहरा, डॉक्टर एके सिंह व गागन दास रामानी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
इससे पूर्व एफमैक के प्रेजिडेंट पूरन डावर ने कहा कि ग्लोबल मार्केट में हम तभी स्थापित होंगे, जब सामूहिक प्रयास हों। विश्व में लगने वाले लेदर के हर प्रमुख फेयर में आगरा की प्रमुख भागीदारी है। 3378 करोड़ का सीधा निर्यात आगरा कर रहा है। इस फेयर में सप्लायर्स नहीं, बायर्स खुद सप्लायर्स को आमंत्रित करते हैं। जिन विश्व स्तरीय मेलों तक दस्तकार व छोटे उद्यमियों की पहुंच नहीं हो पाती, उनको इस इंटरनेशनल फेयर से एक ही छत के नीचे नए उत्पाद, नई तकनीक, नई डिजाइन व नई गुणवत्ता की जानकारी मिलती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हम गुणवत्ता की दृष्टि से जीरो डिफेक्ट और पर्यावरण के लिए जीरो इफेक्ट ध्यान में रखते हुए जूता बनाते हैं। इस मेले में प्लास्टिक से मुक्ति कैसे मिले, इस पर भी ध्यान दिया गया है। पॉलीथिन प्रयोग में न आए, इसलिए जूतों को रखने के लिए पेपर के बैग के इस्तेमाल पर इस मेले में जागरूकता की जा रही है।
पूरन डावर ने मंत्रियों का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि आगरा 3 वर्ष से ‘ताज ट्रिपेजियम जोन’ (टीटीजेड) से जूझ रहा है। आगरा का जूता उद्योग पूरी तरह प्रदूषण मुक्त है। इसलिए इसे पर्यावरण के नाम पर ना उजाड़ा जाए। इस मौके पर श्रम एवं रोजगार मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने सरकार बनते ही प्राथमिकता पर अपने श्रमिक कानूनों में 15 संशोधन करके व्यापार व उद्योग को सुचारु करने व बढ़ावा देने का प्रयास किया है। उत्तर प्रदेश सरकार उद्योग व श्रमिकों के हित में लगातार काम कर रही है। जितने उद्योग बढ़ेंगे, उतना ही श्रमिकों को रोजगार मिलेगा। उनका कल्याण होगा।
राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह ने कहा कि टीटीजेड को तमाशा ना बनाएं। इसको समझें। इसने उद्योगों को समेट कर रख दिया है। लेदर पार्क के नाम पर इतनी बड़ी भूमि दिल्ली की ओर निहार रही है। कृपया मंत्रीजी इस ओर ध्यान दें। सीएलई के चेयरमैन पीआर अकील अहमद ने कहा कि प्रधानमंत्री इस उद्योग को पूरा बढ़ावा दे रहे हैं। लाखों लोगों को रोजगार मिला है। जल्दी ही भारत में सरकार की मदद से वर्ल्ड क्लास मैन्युफैक्चरिंग सिस्टम हासिल करेंगे।
कौशल विकास व व्यावसायिक शिक्षा मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार में ऊपर से एक रुपया चलता है तो नीचे एक रुपया ही पहुंचता है। इसलिए देश का विकास हो रहा है और उद्योग भी तेजी से पनप रहे हैं। योगी सरकार ने करोड़ों रुपए के एमओयू उद्योगों की भलाई के लिए साइन किए हैं। प्रदेश में व्यापार बढ़ रहा है। सांसद एसपी सिंह बघेल ने कहा कि आगरा एनजीटी, टीटीजैड व सुप्रीम कोर्ट की तमाम पाबंदियों के कारण पिछड़ रहा है। कहीं ऐसा न हो कि आगरा सीनियर सिटीजन व पेंशनर का शहर होकर रह जाए। उन्होंने कहा कि केवल 7 पेड़ों की वजह से आगरा का लेदर पार्क कई सालों से अटका पड़ा है। हम सात की जगह 7000 पेड़ लगाने को तैयार हैं। सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि आगरा को आगरा का हक मिलना चाहिए। हम सभी मिलकर आगरा के इस उद्योग को बचाने का प्रयास करें। अनिल अग्रवाल ने सरकार से बाधाएं दूर कर कानपुर व आगरा में लेदर क्लस्टर बनाने में मदद करने की अपील की।
कन्वीनर कैप्टन एएस राणा ने सब का आभार व्यक्त किया। सचिव ललित अरोरा, प्रदीप वासन, गोपाल गुप्ता, राजेश सहगल व राजीव वासन ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन नाइला खान ने किया। इस दौरान विश्व स्तरीय लेदर, फुटवियर कंपोनेंट्स और तकनीकी के मेला को देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में विजिटर्स का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। मनीष अग्रवाल के निर्देशन में रावी ईवेंट ने समूचे आयोजन का प्रबंधन संभाला। तीन दिवसीय इस आयोजन के दूसरे दिन नौ नवंबर को सुबह 10:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक प्रदर्शनी जारी रहेगी। वहीं 11:00 बजे से तकनीकी सत्र होंगे।
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स मीट एट आगरा पूरन डावर लेदर पार्क