होम / मीडिया फोरम / गाजियाबाद में बेटियों के सामने पत्रकार को मारी गोली, CCTV में कैद हुई घटना
गाजियाबाद में बेटियों के सामने पत्रकार को मारी गोली, CCTV में कैद हुई घटना
दिल्ली से सटे गाजियाबाद में कुछ अज्ञात बदमाशों ने 20 जुलाई की रात एक पत्रकार पर हमला कर दिया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
दिल्ली से सटे गाजियाबाद में कुछ अज्ञात बदमाशों ने 20 जुलाई की रात एक पत्रकार पर हमला कर दिया। घटना विजयनगर इलाके की है, जहां कुछ बदमाशों ने बीच सड़क पर पत्रकार विक्रम जोशी को गोली मार दी। विक्रम जोशी को गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। गोली उनके सिर में लगी है।
हमले की पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया है कि विक्रम जोशी अपनी दो बेटियों के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और गोली मार दी। करीब 5-6 बदमाशों ने पहले विक्रम जोशी को घेरा और फिर उनके साथ मारपीट की, बाद में विक्रम जोशी को गोली मारकर फरार हो गए। पिता को घायल देख बेटी मदद की गुहार लगाती रही। अब पुलिस इसी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। विक्रम जोशी एक स्थानीय अखबार में काम करते हैं।
वहीं, विक्रम जोशी के भाई अनिकेत जोशी के मुताबिक, कुछ दिन पहले उनकी भांजी के साथ कुछ लड़के छेड़खानी कर रहे थे, जिसका विरोध उनके भाई विक्रम जोशी ने किया था। 16 जुलाई को विक्रम जोशी ने इसकी तहरीर थाने में भी दी थी और इसके अगले ही दिन, एसएसपी ऑफिस में एप्लीकेशन दी गई थी। इसके बाद सोमवार को उन लोगों ने मेरे भाई पर हमला कर दिया।
परिवार का आरोप है कि तहरीर पर पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई। परिवार ने कहा कि अगर इस पर कार्रवाई की होती तो आज जोशी अस्पताल में जिंदगी से नहीं लड़ रहे होते।
दूसरी तरफ, एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि विजय नगर में एक पत्रकार पर हमला हुआ है और उनको गोली मारी गई है। इसके बाद उन्हें गाजियाबाद के यशोदा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है। जल्दी हमलावरों की गिरफ्तारी की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस को इस मामले में कुछ सुराग और जानकारी मिली हैं।
टैग्स पत्रकार गाजियाबाद विजयनगर विक्रम जोशी