होम / मीडिया फोरम / उपेंद्र राय ने विद्यार्थियों को सिखाईं पत्रकारिता की बारीकियां, शेयर किए अनुभव
उपेंद्र राय ने विद्यार्थियों को सिखाईं पत्रकारिता की बारीकियां, शेयर किए अनुभव
‘भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क’ के चेयरमैन, एमडी और एडिटर-इन-चीफ उपेंद्र राय ने एपीजे इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन के दिल्ली स्थित द्वारका कैंपस में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों से किया संवाद
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
‘एपीजे इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन’ (Apeejay Institute of Mass Communication) के दिल्ली स्थित द्वारका कैंपस में 24 अगस्त को इंडस्ट्री कम ओरिएंटेशन 2023 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ‘भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क’ के चेयरमैन, एमडी और एडिटर-इन-चीफ उपेंद्र राय शामिल हुए व पत्रकारिता में अपना भविष्य तलाश रहे युवाओं के साथ अपने अनुभव शेयर किए। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को खोजी पत्रकारिता, खबरों की दुनिया का सार और मीडिया जगत से जुड़ी तमाम बारीकियों से रूबरू कराया।
सैकड़ों विद्यार्थियों और शिक्षकों की मौजूदगी में इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपेंद्र राय का कहना था, ‘पत्रकारों को हमेशा मौजू और फैशनेबल होना चाहिए। आज की पत्रकारिता ग्लैमरस है और काफी आगे निकल चुकी है। यह सबसे ज्यादा जरूरी है कि आप सबसे पहले एक बेहतर इंसान बनें।’ कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने उपेंद्र राय से कई सवाल भी पूछे, जिसका उन्होंने बेबाकी से जवाब दिया और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
उपेंद्र राय ने इस दौरान लामा बनने की एक कहानी का भी जिक्र किया, जिसमें लामा बनने के लिए गुरुकुल गए एक बच्चे की उसके गुरु द्वारा कड़ी परीक्षा ली गई। उन्होंने कहा कि हमारी जिंदगी में गुरु का होना बहुत जरूरी होता है। गुरु के बिना ज्ञान पाना मुश्किल है। वहीं, जिंदगी में एक उम्र के बाद अपने जीवन के फैसले खुद लेने चाहिए।
इसके साथ ही उपेंद्र राय का कहना था, ‘जिंदगी में हमें रोज एक कदम आगे बढ़ना चाहिए। हर दिन एक नई चीज सीखिए। उसके लिए अखबार पढ़िए। अंग्रेजी का कोई नया शब्द सीखिए। एक मौलिक आदमी बनिए। क्योंकि हम 22वीं सदी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, इसलिए हमारे व्यक्तित्व में जो भी पुराना है, उधार का है उसे अलग कर दीजिए।’
उपेंद्र राय ने चन्द्रयान-3 की सफलता का श्रेय ‘इसरो’ के वैज्ञानिकों के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी दिया। उन्होंने कहा कि भारत के वैज्ञानिकों का लोहा पूरा विश्व मान रहा है, क्योंकि उन्होंने सबसे कम खर्च में इस मिशन को पूरा किया।
टैग्स एपीजे इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन उपेंद्र राय भारत एक्सप्रेस