होम / मीडिया फोरम / पत्रकारोें की आम की दावत में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री
पत्रकारोें की आम की दावत में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री
प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में तीसरे मिथिला आम महोत्सव का आयोजन किया गया
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
मैथिल पत्रकार ग्रुप की ओर से दो जुलाई को प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में तीसरे मिथिला आम महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्वनी चौबे ने कहा कि मिथिला के आम को दुनिया के बाजार में जगह दिलाने की कवायद की जाएगी। वाणिज्य मंत्रालय और अन्य व्यावसायिक संगठनों से इसके लिए चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि यहां के मालदा, जर्दालु, बंबई किस्म के आम दुनिया के किसी भी अन्य आम की तुलना में किसी तरह कम नहीं हैं, जरूरत सिर्फ उन्हें बाजार तक पहुंच देने की है। अपनी क्वालिटी से ये आम अपनी जगह स्वयं बना लेंगे।
अश्वनी चौबे ने कहा, ‘केंद्र की नरेंद मोदी सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए हर कदम उठा रही है। ऐसे में फलों के बड़े बाजार को भी हम इसके लिए उपयोग करना चाहते हैं। बिहार के मिथिलांचल में आम की कई किस्म ऐसी हैं कि वे दुनिया के श्रेष्ठतम आम का मुकाबला कर सकती हैं। उन्हें बाजार कैसे मिलेगा। उनकी पैदावर में किस तरह के सुधार या बेहतरी की जरूरत है, इसके लिए कैसे एक विस्तृत बाजार प्रवेश का अभियान चलाया जा सकता है, इस पर कार्य करने की जरूरत है। हम इसके लिए समुचित कदम उठाएंगे। मैथिल पत्रकार ग्रुप ने मिथिला के आम को दिल्ली में लोगों के बीच रखा है, इसके लिए हम उनका धन्यवाद भी करते हैं।‘
मैथिल पत्रकार ग्रुप के संतोष ठाकुर और दीपक झा ने कहा, ‘हमारा प्रयास होगा कि हम अगले वर्ष से मिथिला के आम उत्पादकों को भी यहां पर लाएं। उनके आम को बिक्री के लिए यहां पर रखें। अब तक हम केवल आम खाने के लिए लोगों को आमंत्रित करते रहे हैं। लेकिन अगले वर्ष से आम की बिक्री का विकल्प भी दिया जाएगा, क्योंकि मिथिला के आम की काफी मांग यहां पर है। हमें उम्मीद है कि इसके माध्यम से हम मिथिलांचल बिहार के आम को एक बाजार देने में सफल रहेंगे।’ कार्यक्रम के सह आयोजक प्रेस एसोसिएशन, द वूमेंस प्रेस कॉपर्स एवं प्रेस क्लब ऑफ इंडिया थे। इस मौके पर जयशंकर गुप्त, गीता श्री, हर्षवर्धन त्रिपाठी, संजीव सिन्हा समेत कई वरिष्ठ पत्रकार शामिल हुए।
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स अश्वनी चौबे मिथिला का आम आम महोत्सव मैथिल पत्रकार ग्रुप संतोष ठाकुर दीपक झा