होम / मीडिया फोरम / सरकार देगी पत्रकार शशिकांत वारिशे के परिजनों को 25 लाख की मदद
सरकार देगी पत्रकार शशिकांत वारिशे के परिजनों को 25 लाख की मदद
महाराष्ट्र सरकार ने पत्रकार शशिकांत वारिशे के परिजनों को 25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
महाराष्ट्र सरकार ने पत्रकार शशिकांत वारिशे के परिजनों को 25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है। रत्नागिरी के जिला संरक्षक मंत्री उदय सामंत ने कहा कि सरकार वारिशे के बेटे को स्थायी नौकरी भी देगी।
सामंत ने पत्रकारों से कहा, ‘पत्रकार वारिशे के परिवार को 25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। दस लाख रुपए मुख्यमंत्री राहत कोष से और 15 लाख रुपए अन्य स्रोतों से दिए जाएंगे।'
उन्होंने कहा कि पत्रकारों के विभिन्न संगठन मांग कर रहे हैं कि सरकार वारिशे के परिवार की मदद करे। हत्या के आरोप में गिरफ्तार अम्बेरकर इलाके में प्रस्तावित रिफाइनरी के लिए भूमि अधिग्रहण का विरोध करने वाले हर किसी को कथित रूप से धमकाता रहता था।
दरअसल, छह फरवरी को 48 वर्षीय पत्रकार को रत्नागिरी जिले में एक एसयूवी कार ने टक्कर मार दी थी और अगले दिन अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी।
पत्रकार शशिकांत वारिशे की दुर्घटना में मौत के बाद मामला तूल पकड़ चुका है। दरअसल ऐसा इसलिए क्योंकि सुबह जिसके खिलाफ रिपोर्ट लिखी थी, दोपहर को उसी की गाड़ी की टक्कर से पत्रकार की मौत हुई।
यह घटना महाराष्ट्र के रत्नागिरि जिले के राजापुर कोदवली की है। 6 फरवरी को दोपहर 1 बज कर 15 मिनट पर राजापुर कोदवली के पास पेट्रोल पंप के सामने तेजी से आती हुई महिंद्रा थार गाड़ी से पत्रकार की स्कूटी को टक्कर मार दी थी, जिसमें पत्रकार बुरी तरह जख्मी हो गया था। इलाज के लिए उन्हें कोल्हापुर के एक अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उनकी मौत हो गई थी।
पत्रकार शशिकांत वारीशे की उम्र 48 साल थी और वह मराठी अखबार ‘महानगरी टाइम्स’ में कार्यरत थे। पत्रकार शशिकांत ने अपने अखबार में 6 फरवरी की सुबह जमीन के कारोबार से जुड़े पंढरीनाथ आंबेरकर के खिलाफ खबर प्रकाशित की थी। आरोप है कि इसी से नाराज होकर पंढरीनाथ ने अपनी जीप से शशिकांत की स्कूटी को टक्कर मार दी थी।
पत्रकार वारीशे ने रत्नागिरि रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड से जुड़ी खबरों को कवर कर रहे थे और कुछ दिनों पहले ही रत्नागिरी रिफाइनरी परियोजना पर खुलासा किया था। शशिकांत वारिशे रिफाइनरी परियोजना के खिलाफ खड़े होने वाले लोगों में से एक थे। वहीं, पंढरीनाथ रिफाइनरी समर्थक है। आरोपी पंढरीनाथ के खिलाफ कुछ एफआईआर दर्ज हैं, जिनमें उन पर आरोप है कि वे रत्नागिरि के रिफाइनरी प्रोजेक्ट का विरोध करने वाले आंदोलनकारियों को धमकाते हैं और रिफाइनरी के समर्थन में आने का निर्देश देते हैं। उन्हीं पर पत्रकार ने मराठी अखबार ‘महानगरी टाइम्स’ में एक खबर लिखी थी, जिसका शीर्षक था- ‘पीएम, सीएम और डिप्टी सीएम के बैनर पर गंभीर गुनाह के आरोपी की तस्वीर’
टैग्स पत्रकार दुर्घटना हत्या साजिश