होम / मीडिया फोरम / दिनदहाड़े ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर ‘प्रभात खबर’ के पत्रकार की हत्या
दिनदहाड़े ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर ‘प्रभात खबर’ के पत्रकार की हत्या
मोटरसाइकिल सवार पांच बदमाशों ने घात लगाकर दिया वारदात को अंजाम, परिजनों ने लगाया चुनावी रंजिश में हत्या का आरोप
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
बिहार के जमुई में बेखौफ बदमाशों द्वारा बुधवार को दिनदहाड़े गोली मारकर ‘प्रभात खबर‘ के पत्रकार गोकुल कुमार की हत्या का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गोकुल कुमार (35) सिमुलतल्ला थाना क्षेत्र के लीलावरण गांव के रहने वाले थे और प्रभात खबर में रिपोर्टर के पद पर कार्यरत थे।
बताया जाता है कि मोटरसाइकिल सवार पांच हमलावर सुबह से ही गोकुल कुमार (35) के घर के नजदीक रास्ते में घात लगाकर इंतजार कर रहे थे। नाश्ता करने के बाद करीब 11 बजे जैसे ही गोकुल कुमार वहां से गुजरे, बदमाशों ने उन पर नजदीक से गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। बदमाशों ने एक गोली गोकुल कुमार की कनपटी पर, दूसरी सीने में और तीसरी पीठ में मारी।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पत्रकार के परिजन और पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और घायल गोकुल को इलाज के लिए जमुई के सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने गोकुल कुमार को मृत घोषित कर दिया।
गोकुल के पिता नागेन्द्र यादव का कहना है कि पंचायत चुनाव की रंजिश में उनके बेटे की हत्या की गई है। नागेन्द्र यादव के अनुसार, गोकुल कुमार ने इस बार पंचायत चुनाव में अपनी पत्नी को मुखिया पद के लिए प्रत्याशी बनाया था, जो विरोधी खेमे को नागवार गुजरा और उन्होंने इस घटना को अंजाम दे दिया। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है और परिजनों ने जिन लोगों पर आशंका जताई है, उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
टैग्स प्रभात खबर हत्या पत्रकार की हत्या जमुई गोकुल कुमार