होम / मीडिया फोरम / दुनिया को अलविदा कह गए ‘आजतक’ के पत्रकार शरद गौतम
दुनिया को अलविदा कह गए ‘आजतक’ के पत्रकार शरद गौतम
हिंदी न्यूज चैनल ‘आजतक’ के मुरादाबाद संवाददाता शरद गौतम का शनिवार की दोपहर निधन हो गया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
हिंदी न्यूज चैनल ‘आजतक’ के मुरादाबाद संवाददाता शरद गौतम का शनिवार की दोपहर निधन हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शरद गौतम को करीब एक सप्ताह पूर्व पेट दर्द होने पर दिल्ली रोड स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आराम न मिलने पर फिर उन्हें कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
यहां उन्हें अटैक आने के बाद वेंटीलेटर पर रखा गया था। 11 फरवरी से शरद गौतम लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे। शनिवार की दोपहर को उन्होंने अंतिम सांस ली। शरद गौतम के परिवार में पत्नी रचना गौतम, बेटी सृष्टि गौतम और बेटा जगत गौतम हैं।
शरद गौतम ने वर्ष 2003 से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। करीब दस साल से वह ‘आजतक’ के लिए मुरादाबाद में संवाददाता के पद पर तैनात थे। इससे पूर्व में वह ‘सिटी न्यूज’, ‘एमएच1’, ‘एस1’, ‘के न्यूज’ और ‘समाचार प्लस’ में अपनी जिम्मेदारी निभा चुके थे। उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार से मान्यता भी प्राप्त थी।
शरद गौतम के निधन का समाचार मिलते ही पत्रकार जगत में शोक की लहर दौड़ गई। शरद गौतम के निधन पर तमाम पत्रकारों समेत बड़ी संख्या में लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
टैग्स आजतक निधन श्रद्धांजलि पत्रकार का निधन शरद गौतम