होम / मीडिया फोरम / न्यूज एंकर ने पति पर लगाए गंभीर आरोप, पुलिस के सामने बयां की आपबीती
न्यूज एंकर ने पति पर लगाए गंभीर आरोप, पुलिस के सामने बयां की आपबीती
फेसबुक पर हुआ था प्यार और तीन माह पहले ही की थी शादी, शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पति को हिरासत में लिया
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में थाना छत्ता निवासी एक न्यूज एंकर ने पति पर दहेज के लिए मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि पति ने पेट में लात मारकर गर्भ गिरा दिया। इसके साथ पीड़ित महिला ने साक्ष्य के तौर पर ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किए जाने की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बांदा जिले की रहने वाली सोनम सिंह वहां के एक स्थानीय न्यूज चैनल में एंकर थीं। कोरोना की पहली लहर में लगे लॉकडाउन के दौरान सोनम फेसबुक पर आगरा के थाना छत्ता निवासी अनुज चौहान को दिल दे बैठीं। इसके बाद दोनों लगातार चैटिंग और कॉल पर बातचीत करते रहे। प्यार परवान चढ़ने पर दोनों ने कई बार एक-दूसरे से मुलाकातें कीं और फिर करीब तीन माह पहले शादी कर ली।
पीड़िता के अनुसार, शादी के करीब दस दिन बाद ही ससुरालियों ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया और दहेज की मांग शुरू कर दी। पति, ननद, देवर और सास मीरा देवी दहेज न मिलने पर उसे प्रताड़ित करने लगे और मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता का आरोप है कि इस बीच वह गर्भवती हो गई, लेकिन पति ने बच्चा न चाहने की बात कहते हुए उसके पेट पर लात मार दी, जिससे गर्भपात हो गया।
सोनम सिंह के मुताबिक रक्षाबंधन से दो दिन पहले जब उसने मायके जाने के लिए पूछा तो अनुज ने उसके सीने पर लात मारी, जिससे उसकी पसलियां टूट गईं। हालत बिगड़ने पर मायके वालों ने बांदा में उसका इलाज करवाया।
पीड़िता के अनुसार, बांदा से इलाज करवाकर जब वह वापस ससुराल लौटी तो पति ने आधी रात में उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद वह परेशान होकर एक ट्रेन में बैठ गई और बिहार पहुंच गई। एक दिन वहीं किसी स्टेशन पर गुजारा। इसके बाद अनुज ने किसी तरह समझाकर उसे घर बुला लिया। इसके बाद भी अनुज उसे प्रताड़ित करता रहा। पीड़िता का यह आरोप भी है कि अनुज दिन भर किसी अन्य महिला से बात करता है।
पुलिस के पास शिकायत लेकर आई पीड़ित न्यूज एंकर के शरीर पर जगह-जगह चोटों के निशान हैं। पति व सास के द्वारा मारपीट के दौरान उसने मोबाइल में ऑडियो रिकार्ड किए थे, जो अब पुलिस को सौंप दिए हैं। पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत पर पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
टैग्स न्यूज एंकर उत्पीड़न प्रताड़ना दहेज उत्पीड़न सोनम सिंह अनुज चौहान