होम / मीडिया फोरम / पटना के होटल में बंगाल की एंकर से गैंगरेप, आरोपी फरार
पटना के होटल में बंगाल की एंकर से गैंगरेप, आरोपी फरार
बिहार की राजधानी पटना से एक महिला एंकर के साथ गैंगरेप की वारदात सामने आयी है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
बिहार की राजधानी पटना से एक महिला एंकर के साथ गैंगरेप की वारदात सामने आयी है। बताया जा रहा है कि एंकर कोलकाता की रहने वाली है, जिसे एक प्रोग्राम में बुलाया गया था। फिलहाल इस वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी फरार हैं, जोकि मुजफ्फरपुर के रहने वाले हैं।
उल्लेखनीय है कि ये वारदात राजधानी के एक बड़े होटल में अंजाम दी गई, जहां एक इवेंट एंकर के साथ दो लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। मामला 2 जुलाई की देर रात करीब 1 बजे का है। एक बड़े होटल के कमरा नंबर 512 में इस शर्मनाक घटना को अंजाम दिया गया।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा कि वह अपनी अस्मत बचाने के लिए चीखती-चिल्लाती रही लेकिन होटल में हो रही तीन बड़ी शादियों में बज रही शहनाई और डीजे के शोर में उसकी आवाज दब गई। कोई कुछ भी सुन न सके, इसलिए आरोपित अपने मोबाइल पर जोर-जोर से गाना भी बजा रहे थे। दरिंदगी के बाद आरोपितों ने मुंह खोलने पर जान से मारने की बार-बार धमकी दे रहे थे। किसी से बात तक नहीं करने दिया। होटल से कार में बैठाकर सीधे पटना जंक्शन लाये और ट्रेन में बैठा दिया। ट्रेन खुलने के बाद दोनों आरोपित वहां से चले गए। 3 जुलाई को पीड़िता पटना जंक्शन से हावड़ा पहुंची, इसके बाद उसने अपने पति को सारी बातें बताईं। फिर उसने पति के साथ 4 जुलाई को जाधवपुर थाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज कराया। मामला बड़ा था लिहाजा बंगाल पुलिस ने बिना देरी किए जीरो एफआईआर दर्ज की और इसे पटना के गांधी मैदान थाना को भेजा। इसके बाद गांधी मैदान थाने में एफआईआर कांड संख्या 338/21 दर्ज किया गया और कार्रवाई शुरू कर दी गई।
गैंगरेप का आरोप मुजफ्फरपुर के रहने वाले हर्ष रंजन और उसके साथी विक्रांत केजरीवाल पर है, जोकि पटना में रहकर इंटरटेनमेंट कंपनी चलाती हैं। इन दोनों पर ये आरोप भी है कि इन्होंने दुष्कर्म के अगले दिन 3 जुलाई को होटल से पटना जंक्शन छोड़ने के दौरान पीड़िता को फ्रेजर रोड के आसपास कार में जबरन गर्भ निरोधक गोलियां तक खिलाईं।
गांधी मैदान थाना प्रभारी रणजीत वत्स ने बताया कि दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अब तक तीन बार अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की गई है। गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने फरार दोनों आरोपितों के खिलाफ कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट ले लिया है। दोनों का मोबाइल बंद है। गिरफ्तारी नहीं होने पर कोर्ट से आदेश प्राप्त कर दोनों आरोपितों की संपत्ति की कुर्की जब्ती की जाएगी।
टैग्स बिहार पटना महिला एंकर गैंगरेप