होम / मीडिया फोरम / पत्रकार पर लगा गंभीर आरोप, दर्ज हुई FIR
पत्रकार पर लगा गंभीर आरोप, दर्ज हुई FIR
उत्तर प्रदेश के एटा जिले में ‘भारत समाचार’ के पत्रकार संजीव गुप्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
उत्तर प्रदेश के एटा जिले में ‘भारत समाचार’ के पत्रकार संजीव गुप्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। यह एफआईआर जिलाधिकारी के नजारत अनुभाग में कार्यरत नरेश कुमार निगम ने दर्ज कराई है। इस एफआईआर में नरेश कुमार ने संजीव गुप्ता पर धमकी देने और झूठी साजिश रचने के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
पुलिस में दर्ज एफआईआर में नरेश कुमार का कहना है कि वह उपजिलाधिकारी एटा के अर्दली के रूप में संबद्ध है। नरेश के अनुसार, ‘वह 26 सितंबर की दोपहर कहीं जा रहा था, इसी बीच संजीव गुप्ता ने मुझे रोक लिया और अपने फोन में एक वीडियो क्लिप दिखाई, जिसमें मैं कुछ लोगों से पैसे लेते हुए दिखाई दे रहा हूं। इसके बाद संजीव ने मुझसे कहा कि तुम्हें यह कहना पड़ेगा कि ये पैसे उप जिलाधिकारी के कहने पर लिए हैं। ऐसा न करने पर वह यह वीडियो वायरल कर देगा। मैंने संजीव गुप्ता की बात नहीं मानी और झूठा बयान देने से इनकार करते हुए किसी तरह वहां से जान बचाकर आया।’
नरेश ने इस एफआईआर में अन्य तमाम आरोप लगाते हुए संजीव गुप्ता के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बारे में संजीव गुप्ता का कहना है कि इन आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। यहां पर जो सच की आवाज उठाता है, उस पर मुकदमा दर्ज किया जाता है। इस तरह ये अधिकारी कहीं न कहीं मीडिया का गला घोंटने का प्रयास कर रहे हैं।
टैग्स पत्रकार भारत समाचार एफआईआर मुकदमा संजीव कुमार गुप्ता