होम / मीडिया फोरम / महिला पत्रकार को कार सवार शोहदों ने यूं किया परेशान, मुश्किल से छूटा पीछा
महिला पत्रकार को कार सवार शोहदों ने यूं किया परेशान, मुश्किल से छूटा पीछा
देश भर में महिलाओं के खिलाफ अपराध कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। आए दिन महिलाएं छेड़छाड़ और असामाजिक तत्वों द्वारा पीछा करने जैसी घटनाओं से जूझ रही हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
देश भर में महिलाओं के खिलाफ अपराध कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। आए दिन महिलाएं छेड़छाड़ और असामाजिक तत्वों द्वारा पीछा करने जैसी घटनाओं से जूझ रही हैं। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के नोएडा से सामने आया है, जहां पर कुछ शोहदों ने कार से घर लौट रही ‘नवभारत टाइम्स’ की पत्रकार अनु चौहान का न सिर्फ काफी दूर तक पीछा किया, बल्कि अपनी गाड़ी को कभी आगे और कभी पीछे कर उन्हें परेशान भी किया। हालत यह हो गई कि महिला पत्रकार को डर की वजह से एक जगह अपनी गाड़ी रोककर खड़ा होना पड़ा, जिसके बाद पीछा कर रहे शोहदे चले गए।
अनु चौहान ने पुलिस को इस बारे में लिखित शिकायत देकर पीछा करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अनु की शिकायत पर थाना-फेस-तीन पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर अनुभा त्यागी ने समाचार4मीडिया से बातचीत में कहा कि पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है और जल्द ही पीछा करने वालों का पता लगाकर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को दी शिकायत में अनु चौहान का कहना है कि वह ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहती हैं और दिल्ली में आईटीओ स्थित ‘नवभारत टाइम्स’ में बतौर पत्रकार कार्यरत हैं। अनु का कहना है कि वह अपनी कार से ऑफिस आती-जाती हैं। 14 मार्च की रात को भी वह रोजाना की तरह ऑफिस से घर लौट रही थीं। इस बीच नोएडा सेक्टर 62 से कार सवार दो युवकों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। इसके बाद उन लोगों ने अनु की गाड़ी के आगे अपनी गाड़ी लगा दी और तेज आवाज में म्यूजिक बजाते हुए उन्हें आगे नहीं निकलने दिया।
अनु चौहान द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में यह भी कहा गया है कि जब उन्होंने रास्ता बदल दिया तो कार सवार दोनों युवक फिर आगे जाकर मिल गए और कार के पीछे अपनी कार लगा दी। अनु के अनुसार, ‘मैंने मदद के लिए कई बार फोन मिलाने की कोशिश की, पर नेटवर्क न आने के कारण फोन ने काम नहीं किया। इसके बाद मैंने पर्थला चौक पर अपनी गाड़ी रोक दी, ताकि पीछे जाम लगेगा तो लोग रुकेंगे। कुछ देर बाद मैंने कार को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और करीब 20 मिनट खड़ी रही। जब लगा कि अब दोनों लोग आगे नहीं मिलेंगे, तब मैं वहां से निकली।’
अनु चौहान द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत की कॉपी आप यहां देख सकते हैं।
टैग्स महिला पत्रकार छेड़छाड़ एफआईआर एनबीटी अनु चौहान