होम /
मीडिया फोरम /
संदिग्ध परिस्थितियों में पत्रकार की मौत, पंखे से लटका मिला शव
संदिग्ध परिस्थितियों में पत्रकार की मौत, पंखे से लटका मिला शव
घटना के दौरान पत्रकार की पत्नी अपने बेटे को लेकर रिश्तेदार के यहां गई थी, लौटने पर हुई जानकारी
समाचार4मीडिया ब्यूरो
5 years ago
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिला स्थित शास्त्रीनगर इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में सोमवार को एक पत्रकार का शव फंदे से लटका हुआ मिला है। पत्रकार की शिनाख्त राकेश चौहान (40) के रूप में हुई है। राकेश इन दिनों न्यूज वेबसाइट 'न्यूज1 हिंदुस्तान' (News1Hindustan) के लिए काम करते थे। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे राकेश पत्नी बबीता व बेटे को गोविंदपुरम में रहने वाली अपनी साली के घर छोड़कर आए थे। इसके बाद शाम करीब पांच बजे बबीता ने राकेश चौहान के मोबाइल पर वापस ले जाने के लिए फोन किया, लेकिन राकेश का फोन रिसीव नहीं हुआ। इस पर बबीता ने अपने जीजा से उसे घर छोड़कर आने के लिए कहा। इसके बाद वह बबीता व उनके बेटे को लेकर स्कूटी से घर पहुंचे।
डोरबेल बजाने के बाद भी जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर झांका गया। अंदर राकेश चौहान चुन्नी के सहारे पंखे से लटक रहे थे। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बताया कि राकेश चौहान के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शुरुआती जांच के अनुसार आर्थिक तंगी के कारण राकेश ने यह कदम उठाया है।
टैग्स
आत्महत्या
राकेश चौहान
न्यूज1 हिंदुस्तान