होम / मीडिया फोरम / छह साल पुराने कार्टून को लेकर कार्टूनिस्ट को दोबारा नोटिस, अब कोलकाता पुलिस की आपत्ति
छह साल पुराने कार्टून को लेकर कार्टूनिस्ट को दोबारा नोटिस, अब कोलकाता पुलिस की आपत्ति
प्रसिद्ध राजनीतिक कार्टूनिस्ट मंजुल को रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पूर्व में ट्विटर) की ओर से एक छह साल पुराने कार्टून को लेकर दूसरा नोटिस मिला है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 8 months ago
प्रसिद्ध राजनीतिक कार्टूनिस्ट मंजुल को रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पूर्व में ट्विटर) की ओर से एक छह साल पुराने कार्टून को लेकर दूसरा नोटिस मिला है। इस बार आपत्ति की जानकारी कोलकाता पुलिस के हवाले से दी गई है।
यह नोटिस उस पहले नोटिस के महज चार दिन बाद आया है, जिसमें बंगाल पुलिस ने मंजुल के एक पुराने पोस्ट पर आपत्ति जताई थी और X ने इसकी जानकारी उन्हें दी थी।
विवादित कार्टून मई 2019 का है और लोकसभा चुनावों से पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) से भारतीय जनता पार्टी (BJP) में हो रहे नेताओं के पलायन को लेकर बनाया गया था। यह कार्टून पहले एक ऑनलाइन पोर्टल पर प्रकाशित हुआ था और बाद में मंजुल ने मई 2019 में अपने X अकाउंट @MANJULtoons पर पुनः पोस्ट किया था।
मंजुल ने इस अखबार से बातचीत में कहा, “ऐसा लगता है पुलिस के पास करने को और कोई काम नहीं है। अब कोलकाता पुलिस ने भी X को पत्र भेजा है कि एक पुराने कार्टून को हटाया जाए, जबकि कुछ दिन पहले ही मुझे बंगाल पुलिस के कहने पर इसी पोस्ट को लेकर नोटिस मिला था।”
गौरतलब है कि 18 जून को मंजुल को पहली बार नोटिस मिला था, जिसमें X ने उन्हें सूचित किया था कि बंगाल पुलिस की साइबर क्राइम विंग ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बने दो कार्टूनों पर आपत्ति जताई है।
रविवार को X की ओर से भेजे गए पत्र में लिखा है, “पारदर्शिता के हित में, हम आपको सूचित कर रहे हैं कि X को कोलकाता पुलिस से एक अनुरोध प्राप्त हुआ है, जिसमें कहा गया है कि आपका X अकाउंट @MANJULtoons पर डाला गया कंटेंट भारत के सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 का उल्लंघन करता है।”
पत्र में विवादित पोस्ट का लिंक शामिल है और यह भी उल्लेख किया गया है कि हमने इस समय तक रिपोर्ट किए गए कंटेंट पर कोई कार्रवाई नहीं की है। X अपने यूजर्स की आवाज की रक्षा और सम्मान करने में विश्वास रखता है, और जब भी किसी अधिकृत संस्था से किसी कंटेंट को हटाने का कानूनी अनुरोध आता है, तो हम संबंधित यूजर्स को इसकी जानकारी देते हैं।”
पत्र में आगे लिखा गया, “X कोई कानूनी सलाह देने या किसी संलग्न दस्तावेज का अनुवाद करने में सक्षम नहीं है, लेकिन हम चाहते हैं कि आप इस अनुरोध का मूल्यांकन करें और यदि आवश्यक समझें, तो अपने हितों की रक्षा के लिए उपयुक्त कार्रवाई करें।”
मंजुल ने लगातार दो नोटिस मिलने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह पहला मौका है जब मुझे किसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से एक ही कार्टून को लेकर एक ही राज्य की दो अलग-अलग एजेंसियों की आपत्ति का सामना करना पड़ा है। इससे यह भी साफ होता है कि राज्य की मशीनरी किस तरह से पुलिस का दुरुपयोग कर रही है।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं ज़्यादा कुछ कर भी नहीं सकता। बस अपने काम पर ध्यान दे रहा हूं।”
टैग्स