Aero Nomad Airlines ने यात्रियों के लिए वायरलेस इन-फ्लाइट मनोरंजन सेवा शुरू करने के लिए AeroHub और Aeroplay Entertainment के साथ साझेदारी की है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
Aero Nomad Airlines ने यात्रियों के लिए वायरलेस इन-फ्लाइट मनोरंजन सेवा शुरू करने के लिए AeroHub और Aeroplay Entertainment के साथ साझेदारी की है। इस सुविधा के तहत यात्री हवाई सफर के दौरान अपने स्मार्टफोन, टैबलेट या लैपटॉप पर फिल्में, टीवी कार्यक्रम और गेम का आनंद ले सकेंगे। इसके लिए उन्हें अपने डिवाइस का इस्तेमाल करना होगा। विमान में मनोरंजन के लिए अलग से स्क्रीन लगाने की जरूरत नहीं होगी।
अक्टूबर 2026 में शुरू की गई इस सुविधा के तहत AeroHub विमान में वायरलेस मनोरंजन प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएगा, जबकि Aeroplay Entertainment यात्रियों के लिए मनोरंजन से जुड़ी कंटेंट उपलब्ध कराएगा। यात्री विमान में उपलब्ध वाई-फाई नेटवर्क के जरिए अपने निजी डिवाइस पर कंटेंट देख सकेंगे। इस सेवा तक पहुंचने के लिए क्यूआर कोड आधारित व्यवस्था भी दी जाएगी।
इस प्लेटफॉर्म पर हॉलीवुड और दूसरे देशों की फिल्में, टीवी कार्यक्रम और गेम उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही यात्रियों को उनके गंतव्य से जुड़ी जानकारी और उनसे जुड़ाव बढ़ाने वाली दूसरी सुविधाएं भी मिलेंगी।
यात्रियों को अपने डिवाइस पर मिलेगा मनोरंजन
इस सेवा की खास बात यह है कि यात्रियों को मनोरंजन के लिए विमान की सीट के पीछे लगी स्क्रीन पर निर्भर नहीं रहना होगा। वे अपने मोबाइल, टैबलेट या लैपटॉप पर अपनी पसंद की कंटेंट देख सकेंगे। कंपनी के मुताबिक, यह व्यवस्था कम हार्डवेयर के साथ तैयार की गई है, जिससे इसे लागू करना और जरूरत के अनुसार बढ़ाना आसान होगा।
AeroHub के उपाध्यक्ष समीर सिरदेशमुख ने कहा कि Aero Nomad Airlines के साथ साझेदारी करके उन्हें खुशी है। एयरलाइन अब विमान में मनोरंजन की ऐसी व्यवस्था अपना रही है, जिसे जरूरत के अनुसार आसानी से बदला और बढ़ाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय और तेजी से बढ़ रही एयरलाइंस के लिए वायरलेस इन-फ्लाइट एंटरटेनमेंट यात्रियों को बेहतर सुविधा देने का अवसर है। इसके जरिए पारंपरिक मनोरंजन प्रणालियों में इस्तेमाल होने वाले भारी उपकरणों, उनके रखरखाव और उनसे जुड़ी दूसरी जरूरतों से बचा जा सकता है।
समीर सिरदेशमुख के मुताबिक, AeroHub का प्लेटफॉर्म एयरलाइंस को अपने नेटवर्क के विस्तार और यात्रियों की बदलती अपेक्षाओं के हिसाब से मनोरंजन की सुविधाएं बढ़ाने की आजादी देता है।
यात्रियों की पसंद के अनुसार बदलेगा कंटेंट
Aeroplay Entertainment के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुबीर अरोड़ा ने कहा कि विमान में मनोरंजन का भविष्य ऐसी सुविधाओं पर निर्भर करेगा, जिन्हें आसानी से बदला जा सके और जो यात्रियों की पसंद के मुताबिक हों। सामग्री को समय-समय पर अपडेट करना भी जरूरी होगा।
उन्होंने कहा कि Aero Nomad Airlines और AeroHub के साथ यह साझेदारी इन जरूरतों को एक साथ पूरा करने की दिशा में कदम है। इसके तहत अलग-अलग क्षेत्रों के यात्रियों की पसंद और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। मनोरंजन सामग्री की सूची को भी लगातार नया किया जाएगा।
सुबीर अरोड़ा के अनुसार, इससे एयरलाइंस यात्रियों को बेहतर मनोरंजन सुविधा दे सकेंगी और उनकी बदलती पसंद के हिसाब से अपनी सेवाओं में बदलाव कर सकेंगी।
विमानन क्षेत्र में बढ़ रहा है वायरलेस मनोरंजन का चलन
कंपनी के मुताबिक, यह पहल विमानन क्षेत्र में हो रहे उस बदलाव का हिस्सा है, जिसमें खासकर क्षेत्रीय और उभरती हुई एयरलाइंस वायरलेस मनोरंजन प्रणालियों की ओर बढ़ रही हैं। एयरलाइंस यात्रियों को बेहतर अनुभव देने के साथ-साथ परिचालन खर्च और तकनीकी जरूरतों को भी नियंत्रित रखना चाहती हैं।
पारंपरिक इन-फ्लाइट मनोरंजन प्रणालियों में सीटों के पीछे स्क्रीन और उनसे जुड़े उपकरणों की जरूरत होती है। इसके उलट, वायरलेस व्यवस्था में यात्री अपने निजी डिवाइस पर सामग्री देख सकते हैं। इससे विमान में भारी उपकरणों पर निर्भरता और उनके रखरखाव की जरूरत कम हो सकती है।
ऐसी प्रणालियां एयरलाइंस को नई मनोरंजन सुविधा शुरू करने या मौजूदा सुविधा का विस्तार करने में लचीलापन देती हैं। साथ ही, विमान के वजन, सेवा लागू करने में लगने वाले समय और लंबे समय में आने वाली लागत को नियंत्रित करने में भी मदद मिल सकती है।
क्या है AeroHub?
AeroHub विमान में मनोरंजन के लिए नई पीढ़ी की पोर्टेबल वायरलेस सेवाएं उपलब्ध कराता है। कंपनी पारंपरिक सीट के पीछे लगी स्क्रीन वाली व्यवस्था के विकल्प के तौर पर ऐसी तकनीक देती है, जिसे कम लागत में लागू किया जा सकता है।
कंपनी के मुताबिक, इसका उपकरण बैटरी से चलता है और इसे लगाने के लिए विमान में बदलाव करने की जरूरत नहीं होती। इस प्लेटफॉर्म के जरिए यात्री अपने निजी डिवाइस पर वीडियो, ऑडियो, गेम और डिजिटल पत्रिकाएं देख सकते हैं। इसमें विमान की स्थिति दिखाने और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के साथ तालमेल जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं।
क्या करती है Aeroplay Entertainment?
Aeroplay Entertainment विमान में मनोरंजन और यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने से जुड़ी सेवाएं देती है। कंपनी का जोर केवल मनोरंजन सामग्री उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यात्रियों के लिए जुड़ी हुई और उनकी पसंद के अनुसार तैयार की गई सुविधाएं विकसित करने पर भी है।
कंपनी सीट के पीछे लगी स्क्रीन और वाई-फाई आधारित प्लेटफॉर्म, दोनों के जरिए दुनिया भर की मनोरंजन सामग्री उपलब्ध कराती है।
यह जानकारी Maxposure Limited ने 14 अक्टूबर 2026 को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज को दी गई सूचना में साझा की। कंपनी की ओर से यह सूचना कंपनी सचिव और अनुपालन अधिकारी प्रिया केसरी ने जारी की।
आशीष बेहरा बजाज ऑटो में ब्रांड मैनेजर-ईबीयू नियुक्त हुए हैं। इससे पहले वह बर्जर पेंट्स इंडिया में 11 साल से ज्यादा समय तक सीनियर ब्रांड मैनेजर की भूमिका में काम कर चुके हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
आशीष बेहरा (Ashish Behera) बजाज ऑटो लिमिटेड (Bajaj Auto Ltd) से ब्रांड मैनेजर-ईबीयू (Brand Manager-EBU) के तौर पर जुड़े हैं।
बजाज ऑटो में शामिल होने से पहले बेहरा बर्जर पेंट्स इंडिया (Berger Paints India) के साथ 11 साल से ज्यादा समय तक काम कर चुके हैं। उनकी आखिरी जिम्मेदारी सीनियर ब्रांड मैनेजर (Senior Brand Manager) की थी।
अपने करियर की शुरुआत में आशीष बेहरा टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (Tata Consultancy Services) से जुड़े थे, जहां उन्होंने असिस्टेंट सिस्टम्स इंजीनियर (Assistant Systems Engineer) के रूप में काम किया।
हवास क्रिएटिव इंडिया ने मोंटू सांघा को बेंगलुरु प्रमुख नियुक्त किया है। वह दक्षिण भारत में एजेंसी संचालन, कारोबार विस्तार, क्लाइंट पार्टनरशिप, टैलेंट विकास और इंटीग्रेटेड क्रिएटिव पेशकश मजबूत करेंगी।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
हवास क्रिएटिव इंडिया (Havas Creative India) ने मोंटू सांघा (Montu Sangha) को बेंगलुरु प्रमुख (Bengaluru Head) नियुक्त किया है। वह बेंगलुरु से काम करेंगी और दक्षिण भारत में क्रिएटिव एजेंसी के संचालन और विस्तार की जिम्मेदारी संभालेंगी।
मोंटू सांघा सीधे हवास क्रिएटिव इंडिया की मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ क्रिएटिव ऑफिसर अनुपमा रामास्वामी (Anupama Ramaswamy) को रिपोर्ट करेंगी। उनकी जिम्मेदारियों में क्षेत्रीय कारोबार बढ़ाना, क्लाइंट पार्टनरशिप (Client Partnerships) मजबूत करना, टैलेंट विकसित करना और दक्षिण भारत में हवास क्रिएटिव इंडिया की इंटीग्रेटेड क्रिएटिव पेशकश को मजबूत करना शामिल है।
नियुक्ति पर अनुपमा रामास्वामी ने कहा कि कारोबार के बदलते स्वरूप और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए कंपनी ऐसी लीडरशिप टीम तैयार कर रही है, जो चुस्त, सशक्त और प्रभावी तरीके से काम कर सके। उन्होंने कहा कि मोंटू के पास रणनीतिक सोच, कारोबारी समझ, संचालन क्षमता और क्लाइंट लीडरशिप का बेहतर संयोजन है।
अनुपमा रामास्वामी के मुताबिक, कंसल्टिंग, विज्ञापन और ब्रांड निर्माण के क्षेत्र में मोंटू का अनुभव उन्हें बेंगलुरु के संचालन का नेतृत्व करने और कारोबार के अगले चरण की ग्रोथ को गति देने के लिए उपयुक्त बनाता है। उन्होंने हवास परिवार में मोंटू का स्वागत भी किया।
मोंटू सांघा ने अपनी नियुक्ति पर कहा कि हवास ने क्रिएटिविटी, इंटीग्रेशन और मजबूत क्लाइंट पार्टनरशिप के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। उनके मुताबिक, बेंगलुरु इनोवेशन और कारोबारी विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बना हुआ है। वह टीम और क्लाइंट्स के साथ मिलकर प्रभावी समाधान तैयार करने, रिश्ते मजबूत करने और क्षेत्र में हवास क्रिएटिव इंडिया की अगली विकास यात्रा को आगे बढ़ाने पर काम करेंगी।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI के एक कर्मचारी पर कंपनी के कार्यालय में रिकॉर्डिंग डिवाइस छिपाकर लगाने का आरोप लगा है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI के एक एम्प्लॉयी पर कंपनी के कार्यालय में रिकॉर्डिंग डिवाइस छिपाकर लगाने का आरोप लगा है। अधिकारियों के मुताबिक, इसका मकसद कंपनी की तकनीक से जुड़ी गोपनीय बातचीत को रिकॉर्ड करना हो सकता था। इस मामले में 35 वर्षीय सऊदी नागरिक अब्दुलरहमान अलफोजान को गिरफ्तार किया गया है।
अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को की संघीय अदालत में दाखिल आपराधिक शिकायत के अनुसार, OpenAI को 30 सितंबर को अपने एक कॉन्फ्रेंस रूम में छिपा हुआ रिकॉर्डिंग डिवाइस मिला था। इसके बाद कंपनी ने मामले की जानकारी संघीय जांच ब्यूरो (FBI) को दी और संबंधित एम्प्लॉयी को नौकरी से हटा दिया।
कंपनी ने अपने बयान में कहा कि उसे अपने एक कार्यालय में बेहद जटिल तरीके से छिपाया गया रिकॉर्डिंग डिवाइस मिला था। कंपनी ने अपने AI मॉडल की मदद से डिवाइस और उसके स्रोत को समझने की कोशिश की। इसके बाद पता चला कि एक खास एम्प्लॉयी ने इसे कुछ दिन पहले वहां लगाया था। OpenAI ने कहा कि उसने मामले को FBI के हवाले कर दिया और गिरफ्तारी के लिए जांच एजेंसी तथा अभियोजकों का आभार जताया। कंपनी ने यह भी कहा कि वह जांच में सहयोग करती रहेगी।
टीवी के पीछे USB पोर्ट में छिपाया गया था डिवाइस
अदालत में दाखिल शिकायत के मुताबिक, रिकॉर्डिंग डिवाइस को टॉयलेट पेपर में छिपाकर कॉन्फ्रेंस रूम में लगे टीवी के पीछे USB पोर्ट में लगाया गया था। जब यह डिवाइस लगाया गया था, उस समय कमरे में कैमरा नहीं था। हालांकि, कंपनी के कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में अलफोजान को पिछले महीने करीब छह बार कॉन्फ्रेंस रूम के आसपास देखा गया। शिकायत के अनुसार, उसे उस जगह तक पहुंचने की अनुमति नहीं थी।
इसके बाद कंपनी ने उस कमरे में कैमरा लगाया। FBI के मुताबिक, पिछले सप्ताह कैमरे में अलफोजान को कमरे में प्रवेश करते और टीवी के पीछे उस जगह को जांचते हुए देखा गया, जहां रिकॉर्डिंग डिवाइस लगाया गया था।
कंपनी के डेटा तक गलत तरीके से पहुंचने का सबूत नहीं
OpenAI ने कहा कि फिलहाल उसके पास ऐसा कोई संकेत नहीं है कि संबंधित एम्प्लॉयी ने कंपनी के AI मॉडल के मूल डेटा (मॉडल वेट्स), सोर्स कोड या ग्राहकों के डेटा तक अनुचित तरीके से पहुंच बनाई या उन्हें बाहर भेजा हो। कंपनी ने स्पष्ट किया कि एम्प्लॉयी को नौकरी से हटा दिया गया है।
हालांकि, अदालत में दाखिल शिकायत में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि अलफोजान रिकॉर्ड की गई बातचीत का इस्तेमाल किस उद्देश्य से करना चाहता था।
शिकायत के अनुसार, अलफोजान ने कंपनी की इमारतों के पते, बैठक कक्षों, उनकी क्षमता और कैलेंडर से जुड़ी कई जानकारियां हासिल करने के लिए एक उत्पादकता टूल का भी इस्तेमाल किया था। गिरफ्तारी से पहले उसने इमारत के एक दूसरे कमरे में एक बैग भी छोड़ दिया था। उस बैग में उसका बटुआ, पहचान से जुड़े दस्तावेज और एक अन्य रिकॉर्डिंग डिवाइस मिला।
अलफोजान ने मंगलवार को पहली बार अदालत में पेशी दी। उस पर मौखिक बातचीत को रिकॉर्ड या बीच में पकड़ने के लिए इलेक्ट्रॉनिक, यांत्रिक या किसी अन्य डिवाइस का इस्तेमाल करने या ऐसा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है। यह स्पष्ट नहीं हो सका कि अदालत में उसकी ओर से पैरवी करने के लिए कोई वकील उपलब्ध था या नहीं। FBI की जांच जारी है।
एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट ने आर.एस. श्रीनिवास जैन को संयुक्त सीईओ नियुक्त किया है। 13 अक्टूबर से प्रभावी नियुक्ति के साथ उन्हें प्रमुख प्रबंधकीय अधिकारी की जिम्मेदारी भी मिली है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड (SBIFML) ने आर.एस. श्रीनिवास जैन (R.S. Srinivasa Jain) को संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (Joint CEO) और प्रमुख प्रबंधकीय अधिकारी (Key Managerial Personnel) नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति 13 अक्टूबर 2026 से प्रभावी हो गई है।
नियामकीय जानकारी के अनुसार, कंपनी के निदेशक मंडल (Board of Directors) ने 13 अक्टूबर को हुई बैठक में नियुक्ति को मंजूरी दी। यह फैसला नामांकन एवं पारिश्रमिक समिति (Nomination and Remuneration Committee) की सिफारिश के बाद लिया गया।
इससे पहले श्रीनिवास जैन एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट में कार्यकारी अध्यक्ष (Executive President) के पद पर थे। इस भूमिका के साथ वह रणनीति, डिजिटल एवं टेक्नोलॉजी, मार्केटिंग और निवेशक संबंध (Investor Relations) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
उन्होंने 7 मई 2001 को कंपनी के साथ अपना सफर शुरू किया था। लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने रणनीति, सूचना प्रौद्योगिकी, डिजिटल, मार्केटिंग, निवेशक संबंध, उत्पाद, अंतरराष्ट्रीय कारोबार और बिक्री समेत कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में काम किया है।
श्रीनिवास जैन को बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं और बीमा (BFSI) क्षेत्र में 34 साल से ज्यादा का अनुभव है। इसमें करीब 27 साल का अनुभव म्यूचुअल फंड उद्योग का है। संयुक्त सीईओ के रूप में नई जिम्मेदारी के साथ कंपनी के नेतृत्व में उनकी भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है।
बीबीडीओ ग्रुप इंडिया की कंपनी उल्का ने मैथिली मुल्लिक को एग्जीक्यूटिव क्रिएटिव डायरेक्टर नियुक्त किया है। वह चीफ क्रिएटिव एक्सपीरियंस ऑफिसर राकेश मेनन को रिपोर्ट करेंगी और क्रिएटिव काम संभालेंगी।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
बीबीडीओ ग्रुप इंडिया (BBDO Group India) की कंपनी उल्का (Ulka) ने मैथिली मुल्लिक (Maithili Mullick) को एग्जीक्यूटिव क्रिएटिव डायरेक्टर नियुक्त किया है। वह उल्का के चीफ क्रिएटिव एक्सपीरियंस ऑफिसर राकेश मेनन (Rakesh Menon) को रिपोर्ट करेंगी।
मैथिली मुल्लिक ने एफसीबी इंटरफेस (FCB Interface) के साथ करीब 12 वर्षों तक काम किया है। इसके बाद वह ऑस्ट्रेलिया गईं, जहां उन्होंने एएनजेड बैंक (ANZ Bank) की इन-हाउस एजेंसी के साथ काम किया।
अपनी नियुक्ति पर मैथिली ने कहा कि वह उल्का में पहले से कई लोगों को जानती हैं और उनके काम को करीब से देख चुकी हैं। इसी वजह से कंपनी के साथ जुड़ने का फैसला उनके लिए आसान रहा। हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा उत्साहित करने वाली बात उल्का की भविष्य को लेकर महत्वाकांक्षा है।
उन्होंने कहा कि कंपनी में कुछ बड़ा और वास्तव में प्रभावशाली बनाने की मजबूत इच्छा दिखाई देती है। वह इस सफर का हिस्सा बनने और उल्का को आगे बढ़ाने में योगदान देने को लेकर उत्साहित हैं।
उल्का के चीफ क्रिएटिव एक्सपीरियंस ऑफिसर राकेश मेनन ने कहा कि मैथिली रणनीतिक सोच और उस सोच को प्रभावी क्रिएटिव काम में बदलने की क्षमता का बेहतरीन संयोजन लेकर आई हैं। उन्होंने कहा कि मैथिली के साथ कई वर्षों तक काम करने के दौरान उन्होंने यह भी देखा है कि वह टीम के लोगों की क्षमताओं को बेहतर तरीके से सामने लाती हैं।
अपनी इस नई भूमिका में वे IBC24 की वेबसाइट, यूट्यूब चैनल्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स लीड करेंगे। निरंजन दुबे इससे पहले न्यूज18 हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
‘न्यूज18’ हिंदी में सीनियर एसोसिएट एडिटर रहे वरिष्ठ पत्रकार निरंजन दुबे अब IBC24 से जुड़ गए हैं। उन्होंने यहां एग्जिक्यूटिव एडिटर कम डिजिटल हेड के रूप में जॉइन किया है। समाचार4मीडिया से बातचीत में निरंजन दुबे ने बताया कि अपनी इस नई भूमिका में वे IBC24 की वेबसाइट, यूट्यूब चैनल्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स लीड करेंगे।
निरंजन दुबे इससे पहले न्यूज18 हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे थे। वहां उन्होंने ग्रोथ एडिटर के रूप में शुरुआत की थी। इसके बाद वे फीचर्स, वीडियो को-ऑर्डिनेटर और वेब स्टोरी सेक्शन के हेड बने। बाद में उन्होंने ट्रेंडिंग, वायरल और वेब स्टोरी के साथ-साथ मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ (MP-CG) के डिजिटल ऑपरेशंस के प्रमुख की भी जिम्मेदारी संभाली।
मीडिया क्षेत्र में निरंजन दुबे को दो दशक से अधिक का अनुभव है, जिसमें 17 साल का तजुर्बा केवल डिजिटल मीडिया का है। मूल रूप से बिहार के निवासी और मध्य प्रदेश से स्कूली शिक्षा प्राप्त करने वाले निरंजन ने अपने करियर की शुरुआत 'प्रभात खबर' से की थी। इसके बाद वे '365 दिन TV' से जुड़े।
डिजिटल मीडिया में उनकी शुरुआत 'NNI लाइव' से हुई, जिसके बाद वे 'दैनिक भास्कर डॉट कॉम' (dainikbhaskar.com) से जुड़े। दैनिक भास्कर में उनका कार्यकाल साढ़े छह साल का रहा। इसके बाद उन्होंने अलीबाबा ग्रुप के न्यूज एग्रीगेटर 'UC News' और फिर टाइम्स इंटरनेट के 'News Point' में बतौर हिंदी एडिटर काम किया।
निरंजन दुबे के मुताबिक, दैनिक भास्कर में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने 'रिपोर्टिंग फ्रॉम डेस्क' का सिस्टम स्थापित किया और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी कई प्रमुख खबरें ब्रेक कीं। मेनस्ट्रीम डिजिटल मीडिया में पहली बार भोजपुरी सिनेमा और इंडस्ट्री पर अलग से न्यूज सेक्शन भी उन्होंने शुरू किया। इस दौरान उन्होंने लेखक चेतन भगत, अभिनेता राहुल रॉय, दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' और कुणाल सिंह जैसी चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू भी किए।
निरंजन दुबे को दैनिक भास्कर में लगातार 3 साल तक 'डायमंड एक्सीलेंस अवॉर्ड' से नवाजा गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते उन्हें संस्थान में लगातार 3 बार प्रमोशन मिला और प्रबंधन की ओर से 2 बार विदेशी दौरों पर भी भेजा गया।
समाचार4मीडिया की ओर से निरंजन दुबे को उनकी नई पारी के लिए ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।
अभिनव रस्तोगी को रेडिको खेतान में जनरल मैनेजर - मार्केटिंग नियुक्त किया गया है। वह कंपनी के साथ जुलाई 2020 से जुड़े हैं और मार्केटिंग व ब्रांड मैनेजमेंट में 15 वर्षों का अनुभव रखते हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
अभिनव रस्तोगी (Abhinav Rastogi) को रेडिको खेतान लिमिटेड (Radico Khaitan Limited) में जनरल मैनेजर - मार्केटिंग नियुक्त किया गया है। वह जुलाई 2020 से कंपनी के साथ जुड़े हैं और मार्केटिंग व ब्रांड मैनेजमेंट के क्षेत्र में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं।
नई जिम्मेदारी से पहले रस्तोगी अप्रैल 2023 से अप्रैल 2026 तक जॉइंट जनरल मैनेजर - मार्केटिंग के पद पर थे। इस दौरान उन्होंने संगम व्हिस्की, जैसलमेर जिन, 8 पीएम व्हिस्की, कॉन्टेसा रम और कंपनी के कई क्षेत्रीय ब्रांड्स के पोर्टफोलियो की जिम्मेदारी संभाली।
इससे पहले वह अप्रैल 2021 से मार्च 2023 तक डिप्टी जनरल मैनेजर - मार्केटिंग और जुलाई 2020 से मार्च 2021 तक असिस्टेंट जनरल मैनेजर - मार्केटिंग रहे। इन भूमिकाओं में उन्होंने कंपनी के अलग-अलग ब्रांड्स से जुड़े मार्केटिंग कार्यों का नेतृत्व किया। रस्तोगी को ब्रांड स्ट्रैटेजी, ब्रांड पोजिशनिंग, पोर्टफोलियो मैनेजमेंट, प्रॉफिट एंड लॉस (P&L), कंज्यूमर रिसर्च, मीडिया बाइंग, नए प्रोडक्ट डेवलपमेंट और इंटीग्रेटेड एडवरटाइजिंग व प्रमोशनल कैंपेन का अनुभव है।
रेडिको खेतान से पहले उन्होंने एलाइड ब्लेंडर्स एंड डिस्टिलर्स (Allied Blenders & Distillers) में पांच वर्षों से अधिक समय तक काम किया। वहां उन्होंने स्टर्लिंग रिजर्व प्रीमियम व्हिस्की, ऑफिसर्स चॉइस और ऑफिसर्स चॉइस ब्लू सहित ब्रांडी और रम श्रेणी के अलग-अलग ब्रांड पोर्टफोलियो संभाले।
करियर के शुरुआती दौर में रस्तोगी एमामी (Emami) से जुड़े थे। वहां उन्होंने नवरत्न हेयर ऑयल और नवरत्न कूल टैल्कम पाउडर जैसे ब्रांड्स की जिम्मेदारी संभाली।
यह इस फोरम का आठवां संस्करण है और पहली बार इसका आयोजन भारत में हो रहा है। तीन दिवसीय यह कार्यक्रम 13 से 15 अक्टूबर तक नई दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार, 13 अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम (Bloomberg New Economy Forum) 2026 को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने वैश्विक अर्थव्यवस्था, तकनीक, ऊर्जा, व्यापार और बदलते अंतरराष्ट्रीय हालात पर अपनी बात रखी। यह इस फोरम का आठवां संस्करण है और पहली बार इसका आयोजन भारत में किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में दुनिया के 500 से अधिक सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के प्रमुख नेताओं के शामिल होने की योजना है।
इस फोरम की स्थापना ब्लूमबर्ग के संस्थापक माइकल आर. ब्लूमबर्ग (Michael R. Bloomberg) ने 2018 में की थी। वह Bloomberg L.P. और Bloomberg Philanthropies के संस्थापक हैं। इस बार फोरम की थीम ‘A World in Play: Defining the New Levers of Power’ रखी गई है। इसका उद्देश्य वैश्विक अर्थव्यवस्था के सामने मौजूद चुनौतियों पर चर्चा करना और भविष्य की आर्थिक तरक्की के लिए मिलकर काम करने के रास्ते तलाशना है।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने माइकल ब्लूमबर्ग के साथ अपने संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि ब्लूमबर्ग ने अपनी 30 साल की यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्हें अपना मित्र बताया था। मोदी ने भारत के प्रति ब्लूमबर्ग के लगाव की सराहना की और फोरम का पहली बार भारत में आयोजन करने के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह मंच अर्थव्यवस्था, तकनीक, ऊर्जा और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर दुनिया के प्रमुख लोगों को एक साथ लाता है।
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में ‘Power to Empower’ यानी दूसरों को सशक्त बनाने की सोच पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में तकनीक, डेटा, ज्ञान और नवाचार ताकत के बड़े स्रोत बन गए हैं। हालांकि, महत्वपूर्ण यह है कि इस ताकत का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या तकनीक का लाभ कुछ लोगों तक सीमित रहना चाहिए या इससे लाखों लोगों के लिए नए अवसर पैदा होने चाहिए। मोदी ने कहा कि नियंत्रण करने की ताकत से आगे बढ़कर दूसरों को सक्षम बनाने, प्रतिस्पर्धा के बजाय सहयोग करने और अपनी सफलता के साथ दूसरों को भी सफल बनाने पर ध्यान देना चाहिए।
The greatest power is the power to empower! https://t.co/zG16Kh6G4b
— Narendra Modi (@narendramodi) October 13, 2026
भारत की डिजिटल व्यवस्था और ऊर्जा क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में करीब 80,000 प्रकाशन और 1,000 से अधिक टेलीविजन चैनल हैं। उन्होंने YouTube और Instagram पर भारत के करीब 50 करोड़ उपयोगकर्ताओं का भी जिक्र किया। ऊर्जा के क्षेत्र में मोदी ने बताया कि 2014 में भारत की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता करीब 75 गीगावाट थी, जो अब बढ़कर लगभग 300 गीगावाट हो गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर और पीएम-कुसुम जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके जरिए सौर ऊर्जा को घरों और किसानों तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वैश्विक हालात पर बात करते हुए मोदी ने कहा कि दुनिया महामारी, क्षेत्रीय युद्धों और सप्लाई चेन में बाधाओं जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है। उन्होंने चिंता जताई कि सप्लाई चेन, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, तकनीक और भुगतान प्रणालियों का इस्तेमाल कई बार दबाव बनाने के साधन के रूप में किया जा रहा है। ऐसे माहौल में देशों के बीच भरोसा और सहयोग पहले से अधिक जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि दुनिया में इस्तेमाल होने वाली हर पांच में से एक जेनेरिक दवा भारत में बनती है और देश में 2,000 से अधिक ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के मुताबिक, भारत की प्रगति दूसरे देशों के साथ मिलकर आगे बढ़ने और साझा अवसर पैदा करने में है।
प्रधानमंत्री ने भारत में हुए आर्थिक और कारोबारी सुधारों का भी जिक्र किया। उन्होंने वस्तु एवं सेवा कर (GST) के जरिए देश में एक साझा बाजार बनाने, दिवाला कानून लागू करने, 29 श्रम कानूनों को चार श्रम संहिताओं में समेटने और कारोबार से जुड़े सैकड़ों छोटे अपराधों को अपराध की श्रेणी से बाहर करने जैसे कदमों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत में सुधार केवल मजबूरी में नहीं किए जाते, बल्कि यह सरकार का दृढ़ विश्वास है। उन्होंने भारतीय बैंकिंग व्यवस्था की मजबूत स्थिति का भी उल्लेख किया और कहा कि अनिश्चितताओं से भरी दुनिया में भारत भरोसे और स्थिरता का विकल्प पेश करता है।
इस फोरम की आधिकारिक घोषणा के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी और माइकल ब्लूमबर्ग के अलावा कई अंतरराष्ट्रीय कारोबारी, आर्थिक और राजनीतिक हस्तियां भी इसमें शामिल हैं। इनमें इटली के पूर्व प्रधानमंत्री और यूरोपीय सेंट्रल बैंक के पूर्व अध्यक्ष मारियो द्राघी (Mario Draghi), ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक (Rishi Sunak), अमेरिका की पूर्व वाणिज्य मंत्री जीना रायमोंडो (Gina Raimondo), Cisco Systems के चेयरमैन एवं CEO चक रॉबिंस (Chuck Robbins) और Blackstone के प्रेसिडेंट एवं COO जोनाथन ग्रे (Jonathan Gray) शामिल हैं। भारतीय उद्योग जगत से टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन, आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला, महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्रा और Biocon की संस्थापक एवं कार्यकारी चेयरपर्सन किरण मजूमदार-शॉ भी घोषित प्रतिभागियों में हैं। फोरम में वैश्विक अर्थव्यवस्था, भू-राजनीतिक बदलाव, तकनीकी विकास, ऊर्जा परिवर्तन और सप्लाई चेन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।
अमन मेहरा ने बीएनपी पारिबा में डायरेक्टर और हेड, ट्रांजैक्शन बैंकिंग सेल्स के रूप में ज्वाइन किया है। वह नॉर्थ और ईस्ट इंडिया में सेल्स ऑपरेशंस की जिम्मेदारी संभालेंगे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
अमन मेहरा (Aman Mehra) ने बीएनपी पारिबा (BNP Paribas) में डायरेक्टर और हेड, ट्रांजैक्शन बैंकिंग सेल्स - नॉर्थ और ईस्ट इंडिया के रूप में नई जिम्मेदारी संभाली है।
मेहरा इससे पहले डीबीएस बैंक (DBS Bank) के साथ करीब 18 वर्षों तक जुड़े रहे हैं। उनके पास बैंकिंग क्षेत्र में लगभग 25 वर्षों का अनुभव है, जिसमें करीब दो दशक ट्रांजैक्शन बैंकिंग में रहे हैं। उनके अनुभव में कैश मैनेजमेंट, ट्रेड और सप्लाई चेन फाइनेंस के साथ बिजनेस लीडरशिप, क्लाइंट एंगेजमेंट और टीम डेवलपमेंट शामिल हैं।
अपने करियर की शुरुआत में मेहरा ने स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक (Standard Chartered Bank) और सिटीग्रुप (Citigroup) में भी काम किया है।
प्रदर्शन कवर करने के दौरान पत्रकारों को हिरासत में लिए जाने पर पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेन्द्र बच्चन ने दिल्ली पुलिस की आलोचना की और प्रेस की स्वतंत्रता का मुद्दा उठाया।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ और अन्य प्रदर्शनों को कवर करने के दौरान कई पत्रकारों को पुलिस ने हिरासत में लिया। बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया। इस मामले में पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन (PWA) के अध्यक्ष जितेन्द्र बच्चन (Jitendra Bachchan) ने दिल्ली पुलिस की तीखी आलोचना की है।
उन्होंने कहा कि भारत का संविधान अनुच्छेद 19(1)(ए) के तहत अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की गारंटी देता है और प्रेस की स्वतंत्रता को भी इसी अनुच्छेद का हिस्सा माना गया है। उनके मुताबिक, यह कानून पत्रकारों के रिपोर्टिंग करने, सत्ता में बैठे लोगों से सवाल पूछने और जनहित के मुद्दों को सामने लाने के अधिकार की रक्षा करता है।
बच्चन ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि प्रदर्शनों के दौरान मीडियाकर्मियों और वकीलों को उनके पेशेवर दायित्व निभाने से नहीं रोका जाना चाहिए। इसके बावजूद शनिवार और रविवार को प्रदर्शनों के दौरान कई पत्रकारों को हिरासत में लिया गया।
उन्होंने कहा कि कई पत्रकारों के साथ बदसलूकी की खबरें आईं। कुछ के साथ धक्का-मुक्की की गई, जबकि कुछ को अलग-अलग जगहों पर प्रोटेस्ट कवर करने के दौरान हिरासत में लिया गया। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए अच्छी स्थिति नहीं बताया और कहा कि पुलिस की प्रेस के साथ यह ज्यादती है।
जिन प्रमुख पत्रकारों को हिरासत में लिया गया था, उनमें न्यूज़लॉन्ड्री (Newslaundry) के अश्विनी कुमार सिंह (Ashwini Kumar Singh), आस्था सव्यसाची (Aastha Savyasachi) के अनमोल प्रीतम (Anmol Pritam), स्क्रॉल (Scroll) के आयुष तिवारी (Ayush Tiwari) और शोएब दानियाल (Shoaib Daniyal), नवभारत टाइम्स (Navbharat Times) के परंजॉय गुहा ठाकुरता (Paranjoy Guha Thakurta), यूट्यूबर (YouTuber) श्याम मीरा सिंह (Shyam Meera Singh), ध्रुव राठी (Dhruv Rathee), ऑल्ट न्यूज़ (Alt News) की किंजल (Kinjal), स्वतंत्र पत्रकार निधि सुरेश (Nidhi Suresh) और एम. राजशेखर (M. Rajshekhar) समेत कई अन्य पत्रकारों के नाम शामिल हैं।