होम / इंटरनेशनल / महिला पत्रकार पर भीड़ का हमला, लगा ये आरोप
महिला पत्रकार पर भीड़ का हमला, लगा ये आरोप
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में शनिवार रात एक बांग्लादेशी महिला पत्रकार को भीड़ ने घेर लिया और और कुछ देर तक बंधक बनाकर रखा। पुलिस ने उसे भीड़ के बीच से बचाया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में शनिवार रात एक बांग्लादेशी महिला पत्रकार को भीड़ ने घेर लिया और और कुछ देर तक बंधक बनाकर रखा। पुलिस ने उसे भीड़ के बीच से बचाया।
महिला पत्रकार पर भारत का एजेंट होने का आरोप लगाते हुए कहा गया कि वह "बांग्लादेश को भारत का हिस्सा बनाने की कोशिश कर रही हैं।" इसके साथ ही उन पर अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना का समर्थक होने का आरोप लगाया गया। यह घटना ढाका के करावन बाजार इलाके में हुई, जब टीवी पत्रकार मुन्नी साहा अपने कार्यालय से लौट रही थीं।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि मुन्नी साहा अपनी कार में बैठी हैं और भीड़ उन्हें घेरकर नारेबाजी कर रही है। एक अन्य वीडियो में वह भीड़ के बीच खड़ी दिखाई देती हैं, जहां एक व्यक्ति उन पर चिल्ला रहा है।
भीड़ ने आरोप लगाया कि वह "गलत सूचनाएं फैला रही हैं और बांग्लादेश को भारत का हिस्सा बनाने की कोशिश कर रही हैं।" इस पर वह लगातार इन आरोपों को नकारते हुए कहती रहीं, "यह देश मेरा भी है।"
एक वीडियो में एक व्यक्ति कहता सुना गया, "तुम हर वो काम कर रही हो, जिससे यह देश भारत का हिस्सा बन जाए। छात्रों के खून के लिए तुम जिम्मेदार हो।"
ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुन्नी साहा को पुलिस वाहन में ले लिया। उन्हें पहले तेजगांव पुलिस स्टेशन ले जाया गया और फिर ढाका मेट्रोपॉलिटन डिटेक्टिव ब्रांच कार्यालय भेजा गया, जिससे उनकी गिरफ्तारी को लेकर चिंताएं बढ़ गईं थीं। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि उन्हें हिरासत में नहीं लिया गया और रविवार सुबह रिहा कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि भीड़ ने उन्हें जब घेर रखा था, तो उन्हें पैनिक अटैक आया और वह बीमार पड़ गई थीं।
ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अधिकारी रेज़ाउल करीम मल्लिक ने 'द डेली स्टार' को बताया, "लोगों ने उन्हें पुलिस को सौंप दिया। उन्हें पैनिक अटैक आया। हमने उनके स्वास्थ्य और महिला पत्रकार होने के आधार पर उन्हें रिहा कर दिया।" अधिकारी ने कहा कि मुन्नी साहा चार मामलों में आरोपी हैं। उन्हें जमानत लेने और भविष्य के पुलिस समन का पालन करने के लिए अदालत में पेश होना होगा।
टैग्स पत्रकार बांग्लादेश मुन्नी साहा